Breaking

Tuesday, July 5, 2022

July 05, 2022

आमजन 20 रूपये शुल्क देकर करवा सकता है खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता का आंकलन: डॉ. भवर सिंह

लोगों की सेहत को सुधारने के लिए फूड एंड ड्रग्ज विभाग ने शुरू की कवायाद

आमजन 20 रूपये शुल्क देकर करवा सकता है खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता का आंकलन: डॉ. भवर सिंह

जींद ( संजय कुमार ) -राज्य सरकार द्वारा खाद्य पदार्थों में मिलावट को रोकने के लिए जिला स्तर पर फूड टेस्टिंग प्रयोगशाला मोबाईल वैन चलाई गई है। यह वैन जिला के लोगों की सेहत सुधारने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा उपलब्ध करवायी गई। यह जानकारी जिला खाद्य सुरक्षा एवं औषधी अधिकारी डॉ०भवर सिंह ने दी।
फूड सेफ्टी अधिकारी डॉ भवर सिंह ने बताया कि वैन के माध्यम से खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए 29 जुलाई तक कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से लोगों के घर द्वार पर जांच करवाने को लेकर गत एक जुलाई से जिला में चल रही मोबाईल प्रयोगशालाओं वैन का शैडयूल जारी किया गया है। यह मोबाईल वैन 5 जुलाई को जुलाना क्षेत्र में, 6 जुलाई को पिल्लूखेडा, 7 व 8 जुलाई को सफीदों, 11 व 12 जुलाई को नरवाना, 13 जुलाई को उचाना,14 जुलाई को नगूरां,15 जुलाई को अलेवा, 18 जुलाई को जींद के नए बस अड्डा तथा पुलिस लाईन कैम्पस,19 जुलाई को जिला कोर्ट कैम्पस,20 जुलाई को देवीलाल चौक, 21 को रोहतक रोड तथा 22 जुलाई को भिवानी रोड, 25 जुलाई को जींद की पुरानी अनाजमंडी व घंटाघर , 26 जुलाई को सब्जी मंडी जींद, 27 जुलाई को पटियाला चौक जींद, 28 जुलाई को रेलवे स्टेशन जींद तथा इसी प्रकार 29 जुलाई को पॉलिक्लीनिक जींद में यह वैन पंहुचेगी। इस दौरान कोई भी व्यक्ति 20 रुपये निर्धारित शुल्क देकर खाद्य पदार्थो की गुणवत्ता की जांच करवा सकता है। उन्होंने बताया कि फूड सेफ्टी वैन के माध्यम से दूध, घी,मावा, मसाले, मिठाईयां, तेल पनीर, लाल मिर्च, हल्दी पावडर समेत खाद्य पदार्थो की जांच करवा सकते है। उन्होंने बताया कि मोबाईल वैन प्रयोगशालाओं का मुख्य उद्देश्य सर्विलांस के आधार पर मौके पर ही खाद्य पदार्थों के नमूनों की जांच कर उपभोक्ताओं या विक्रेता को खाद्य पदार्थ के सुरक्षित या असुरक्षित होने की जानकारी देना है। इन पदार्थों की जांच रिपोर्ट ऑन स्पाट 25 से 30 मिनट में उपलब्ध हो सकेगी। उन्होंने बताया कि जांचें सर्विलांस के अधीन होती हैं और उनके अनसेफ, मिस ब्रांड और सब स्टैंडर्ड होने पर एक्ट के अनुसार कार्रवाही की जा सकती है। उन्होंने बताया कि इन मोबाइल वैन प्रयोगशालाओं से खाद्य पदार्थों में मिलावट पर नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

Monday, July 4, 2022

July 04, 2022

इंडिगो के कर्मचारी एअर इंडिया की भर्ती में गए:क्रू मेंबर्स के छुट्टी लेने की वजह से 55% फ्लाइट्स डिले, DGCA ने कंपनी से मांगा जवाब

इंडिगो के कर्मचारी एअर इंडिया की भर्ती में गए:क्रू मेंबर्स के छुट्टी लेने की वजह से 55% फ्लाइट्स डिले, DGCA ने कंपनी से मांगा जवाब

नई दिल्ली : इंडिगो एयरलाइंस के कई क्रू मेंबर्स ने शनिवार को मेडिकल लीव ले ली थी। इसकी वजह से देश के कई शहरों में इंडिगो की 55% फ्लाइट देरी से उड़ान भरीं थीं। इस मामले में डॉयरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA ) ने इंडिगो से जवाब मांगा था। हालांकि इंडिगो की तरफ से अभी तक कोई जवाब नहीं दिया गया है। अब सामने आया है कि कर्मचारी एयर इंडिया की भर्ती में शामिल होने गए थे।
*एअर इंडिया की भर्ती में गए थे क्रू मेंबर्स*

शनिवार को एअर इंडिया की भर्ती आयोजित की गई थी। सूत्रों के मुताबिक, इंडिगो से छुट्टी लेकर अधिकतर लोग एअर इंडिया की भर्ती में शामिल हुए थे। इससे लगभग 900 फ्लाइट प्रभावित हुई थीं। बता दें कि भारत की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो है। इसके पास 279 प्लेन हैं। रोजाना लगभग 1600 उड़ानें भरी जाती हैं। इनमें नेशनल और इंटरनेशनल दोनों तरह की उड़ानें होती हैं।
एअर इंडिया ने नए क्रू मेंबर्स के लिए भर्ती अभियान शुरू किया है।

इंडिगो की 45.2% उड़ानें सही समय पर रहीं

मिनिस्ट्री ऑफ सिविल एविएशन की वेबसाइट के मुताबिक, शनिवार को इंडिगो की 45.2% घरेलू उड़ानें ही सही समय पर संचालित हुईं। एअर इंडिया की 77.1%, स्पाइसजेट की 80.4%, विस्तारा की 86.3%, गो फर्स्ट की 88% और एअरएशिया इंडिया की 92.3 उड़ानों का परिचालन समय पर हुआ।
*इंडिगो से कई कर्मचारियों को निकाला गया था*

इंडिगो के सीईओ रोंजॉय दत्ता ने 8 अप्रैल को कर्मचारियों को ईमेल किया था, जिसमें सैलरी बढ़ाने के मुद्दे को कठिन बताया गया था। इसके साथ ही कंपनी ने 4 अप्रैल को कुछ पायलटों को निलंबित कर दिया था। निलंबित किए गए पायलट कोरोना के समय काटी गई सैलरी को लेकर हड़ताल कर रहे थे। इंडिगो ने महामारी के दौरान अपने पायलटों के वेतन में 30% तक की कटौती की थी।

इंडिगो ने आर्थिक संकट का हवाला देते हुए महामारी के दौरान कर्मचारियों के वेतन कटौती की थी।
*टाटा की है एअर इंडिया*

सरकारी कंपनी एअर इंडिया 27 जनवरी 2022 से प्राइवेट हो गई थी। टाटा संस ने आधिकारिक तौर पर एअर इंडिया को टेकओवर कर लिया था। इसके बाद टाटा देश की दूसरी बड़ी एयरलाइन बन गई थी।

एअर इंडिया ने नए क्रू मेंबर्स के लिए भर्ती अभियान शुरू किया है, क्योंकि कंपनी और प्लेन खरीदने की योजना बना रही है। इसके साथ ही सेवाओं में सुधार के लिए कई योजनाएं भी बनाई जा रही हैं।
July 04, 2022

सरकार जन-भावनाओं का संज्ञान ले, प्रभावित लोगों से बात कर माँगो का समाधान करे - दीपेन्द्र हुड्डा

सरकार जन-भावनाओं का संज्ञान ले, प्रभावित लोगों से बात कर माँगो का समाधान करे - दीपेन्द्र हुड्डा

गुरुग्राम :  सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने आज आईएमटी चौक, मानेसर में जमीन बचाओ किसान बचाओ संघर्ष कमेटी द्वारा कासन, सहरावन, कुकडौला गांव की 1810 एकड़ भूमि के अधिग्रहण को रद्द करने के लिये चल रहे अनिश्चितकालीन धरने पर पहुँच कर उनकी मांगों का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार जन-भावनाओं का संज्ञान लेते हुए प्रभावित लोगों से बात कर जायज़ माँगो का समाधान करे।

सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बातचीत में साढ़ौरा विधायक रेनू बाला को जान से मारने की धमकी देकर 25 लाख की फिरौती माँगने की घटना पर गहरी नाराजगी जताते हुए कहा कि ये हरियाणा की ध्वस्त कानून-व्यवस्था का प्रतीक है। जब विधायक ही इस सरकार में सुरक्षित नहीं हैं तो आमजन खुद को कैसे सुरक्षित महसूस करेगा। उन्होंने सरकार से तुरंत पूरे मामले की गहराई से जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के साथ ही विधायक रेनू बाला की पूर्ण सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। 
उन्होंने हरियाणा में बढ़ते अपराध पर चिंता जताते हुए कहा कि सरकार में बैठे लोगों ने अपनी सुरक्षा को ही कानून-व्यवस्था मान लिया है। जबकि, हत्या, रेप, चोरी, फिरौती, लूट, डकैती आम हरियाणवी की दिनचर्या का हिस्सा बन गए हैं। एनसीआरबी के आंकड़े बताते हैं कि भाजपा-जजपा राज में कानून-व्यवस्था का दिवाला निकल गया है। 

सांसद दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि हुड्डा सरकार के समय अपराधियों में क़ानून का खौफ था, आज लोग अपराध और अपराधियों से खौफजदा हैं। मुख्यमंत्री ने खुद ही लट्ठ उठाने और जेल जाने से न डरने की बात कहकर अपराधियों के अन्दर से सलाखों के पीछे जाने का डर निकाल दिया। दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि जब जेल जाने का डर ही नहीं रहेगा तो क़ानून-व्यवस्था ठीक कैसे रहेगी।
दीपेन्द्र हुड्डा ने कहा कि बढ़़ते अपराध का कारण प्रदेश सरकार का कुशासन और बढ़ती बेरोजगारी है। पिछले कई वर्षों से हरियाणा बेरोजगारी के मामले में लगातार पूरे देश में टॉप पर बना हुआ है। हरियाणा में पिछले महीने के मुकाबले बेरोज़गारी दर 6 प्रतिशत बढ़कर 30.6 प्रतिशत पर पहुँच गई जो राष्ट्रीय औसत का करीब 4 गुना अधिक है। दिल्ली के तीन तरफ़ जो हरियाणा बसता हो, वहाँ देश में में सर्वाधिक ‘रोज़गार दर’ होना चाहिए न कि ‘बेरोज़गारी दर’। सामान्यतः देखा जाता है कि रोजगारशुदा व्यक्ति अपराध करने से डरता है। उसे इस बात का डर रहता है कि ऐसा करने से कहीं उसका रोज़गार न चला जाए।
July 04, 2022

अगर अभय चौटाला के आरोप सत्य तो अभय चौटाला ज्यादा बड़े गुनहगार - दिग्विजय चौटाला

अगर अभय चौटाला के आरोप सत्य तो अभय चौटाला ज्यादा बड़े गुनहगार - दिग्विजय चौटाला

राज्यसभा चुनाव को लेकर अभय चौटाला के बयान पर जेजेपी प्रधान महासचिव ने दी तीखी प्रतिक्रिया और आरोप साबित करने की खुली चुनौती
अभय चौटाला के बयान से खिसकी राजनीतिक जमीन की बौखलाहट - दिग्विजय
चंडीगढ़ - राज्यसभा चुनाव को लेकर अभय चौटाला द्वारा लगाए गए हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों पर जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अभय चौटाला राज्यसभा चुनाव में जिस प्रत्याशी पर हॉर्स ट्रेडिंग का आरोप लगा रहे हैं, वो खुद उसी को वोट डालकर आए हैं। दिग्विजय ने कहा कि जिनके खुद के घर शीशे के हों वो दूसरों पर पत्थर नहीं उछाला करते और एक बार को अगर अभय चौटाला के आरोपों को सही मान भी लिया जाए तो चुनाव में अभय चौटाला ने हॉर्स ट्रेडिंग करने वाले प्रत्याशी का ही साथ दिया है। दिग्विजय ने कहा कि गलत व्यक्ति जितना ही दोषी वह भी होता है जो गलत व्यक्ति का साथ देता है, ऐसे में अभय चौटाला को अपने गिरेबां में झांक कर देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभय चौटाला की हालत खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे जैसी है और उनके लगाए आरोप उनकी खिसक चुकी राजनीतिक जमीन की बौखलाहट है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अभय चौटाला की राजनीतिक अपरिपक्वता से पूरा प्रदेश परिचित है और प्रदेशवासी उनके बयानों को मनोरंजन के उद्देश्य से लेते हैं। उन्होंने कहा कि जेजेपी को अभय चौटाला जैसे व्यक्ति से ईमानदारी के सर्टिफिकेट की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी का प्रदेश में एक विधायक हो, उसके विधायक को चर्चा में बने रहने के लिए इस प्रकार के बयान देना राजनीतिक मजबूरी है। उन्होंने कहा कि अगर अभय चौटाला के आरोप सही होते तो वह लोकतंत्र की हत्या के लिए ज्यादा बड़े गुनहगार हैं क्योंकि उन्होंने यह सब जानते हुए निर्दलीय प्रत्याशी को वोट डाली है। 
               दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अभय चौटाला से कार्तिकेय शर्मा की जीत में जेजेपी की अग्रणी भूमिका भी बर्दाश्त नहीं हो रही, इसलिए ऐसी बयानबाजी कर अपनी भूमिका बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं और वह अभय चौटाला को अपने आरोपों को साबित करने की खुली चुनौती देते हैं।
July 04, 2022

जेल में बाहर आया राम रहीम नकली?:हाईकोर्ट पहुंचे श्रद्धालु बोले- हाव-भाव पहले जैसे नहीं; असली राजस्थान से किडनैप हो चुके, आज सुनवाई

जेल में बाहर आया राम रहीम नकली?:हाईकोर्ट पहुंचे श्रद्धालु बोले- हाव-भाव पहले जैसे नहीं; असली राजस्थान से किडनैप हो चुके, आज सुनवाई

चंडीगढ़ : जेल में बंद डेरा सच्चा सौदा का चीफ राम रहीम नकली है। असली का तो राजस्थान के उदयपुर से किडनैप हो चुका है, यह दावा चंडीगढ़ में रहने वाले डेरे के श्रद्धालु अशोक कुमार और कुछ अन्य ने किया है। उन्होंने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में पिटीशन दायर की है। जिसमें जेल से बाहर आकर उत्तर प्रदेश के बागपत आश्रम में रह रहे राम रहीम की जांच की मांग की है।

उनका कहना है कि इस राम रहीम के हाव-भाव पहले की तरह नहीं हैं। पिटीशन दायर करने वाले चंडीगढ़ के अलावा पंचकूला और अंबाला के रहने वाले हैं। उन्होंने हरियाणा सरकार, हनीप्रीत और सिरसा डेरा के एडमिनिस्ट्रेटर पीआर नैन को पार्टी बनाया है।
*यह किया दावा*

डेरे के इन श्रद्धालुओं ने कहा कि उन्हें सूत्रों से पता चला कि असली डेरा चीफ को किडनैप करने के बाद नकली को जेल में बिठा दिया गया। इस नकली को अब असली बनाकर डेरे की गद्दी हड़पने की कोशिश की जा रही है। डेरे की गद्दी के लिए असली डेरा प्रमुख को मारा जा चुका है या फिर मार दिया जाएगा। जेल में बंद नकली राम रहीम की जांच होनी चाहिए।

*नकली राम रहीम होने के गिनाए कारण*

पिटीशन में कहा गया कि उन्होंने जेल से बाहर आए डेरा प्रमुख में काफी बदलाव देखे हैं। उन्होंने हाल ही में कथित डेरा प्रमुख ने वीडियो जारी की, उन्हें गौर से देखा है।
डेरा प्रमुख का कद एक इंच बढ़ गया है।

अंगुलियों की लंबाई और पैरों का साइज भी बढ़ा हुआ है।

वीडियो में दिख रहा कि उसके चेहरे और हाथों में मास्किंग थी, जो बदल गई।
पुराने दोस्तों को नहीं पहचान पाया
पिटीशन दायर करने वालों ने कहा कि कथित डेरा प्रमुख से कुछ दिन पहले उनके कुछ पुराने दोस्त मिले थे। जिन्हें वह पहचान नहीं पाए। इससे साफ है कि वह नकली डेरा प्रमुख है। असली को लेकर उन्होंने गंभीर चिंता जताई है।
*राम रहीम ने जेल से पैरोल पर आने के बाद यूपी के बागपत आश्रम से वीडियो जारी किया था।*

कई दिनों से सोशल मीडिया पर थी बहस

राम रहीम के असली-नकली होने को लेकर काफी समय से सोशल मीडिया पर भी बहस चल रही थी। डेरा सच्चा सौदा के समर्थकों का एक ग्रुप इस बात को लेकर दावा कर रहा है कि जेल में बंद डेरा चीफ नकली है। इसकी जांच होने चाहिए।
*डेरा प्रवक्ता बोले- शरारती तत्व डेरा फॉलोअर नहीं*

डेरे के प्रवक्ता जितेंद्र कुमार ने कहा कि जिन शरारती लोगों ने यह पिटीशन डाली, वह डेरे के फॉलोअर नहीं हो सकते। डेरे के श्रद्धालु तो गुरूजी पर पूरा भरोसा करते हैं। शरारती तत्वों की तरफ से गहरी साजिश की जा रही है। प्रशासन को इसकी जांच करनी चाहिए। वह किसके हाथ की कठपुतली बने हैं, हमें इसका पता नहीं। डेरा सच्चा सौदा के मुखी राम रहीम के नकली होने के आरोप निराधार हैं। वह उत्तर प्रदेश के आश्रम में हैं।

*पंजाब पुलिस SIT का खुलासा*:बेअदबी का मास्टरमाइंड डेरा सच्चा सौदा चीफ राम रहीम; MSG मूवी रिलीज न होने का बदला लिया
July 04, 2022

YouTube ने अपने प्लेटफॉर्म से हटाया रामकेश जीवनपुरिया का SYL सॉन्ग

YouTube ने अपने प्लेटफॉर्म से हटाया रामकेश जीवनपुरिया का SYL सॉन्ग

पत्रकार रुद्रा राजेश कुण्डू की शिकायत पर बैन हुआ SYL गाने का विवादित हरियाणवी वर्जन*

हिसार - दिवंगत सिद्धू मूसे वाला ने हरियाणा और पंजाब के दशकों से विवादित रहे सतलुज यमुना लिंक नहर पर एक गीत रिकॉर्ड किया था लेकिन वो जारी उनकी असमय मौत के बाद हुआ। मात्र कुछ ही घण्टो में यह गीत लाखों से करोड़ो लोगों ने देखा। इस गीत के रिलीज होते ही एक विवाद छिड़ गया कि कुछ विवादित बोल है जो उसमे बोले गए हैं। कुछ लोगों ने हरियाणा के लिए एक बूंद भी पानी ना देने बारे इस गीत में जिक्र करना बताया तो कुछ लोग इस गाने के माध्यम से खालिस्तान की स्थापना करने के जिक्र का भी अंदेशा लगा रहे थे। 

इस गीत के रिलीज के बाद खासकर हरियाणा के एक वर्ग की प्रतिक्रिया में बहुत तेजी आई और पंजाब पर उनके हक को मारने के आरोप बढ़ने लगे। राजनैतिक बयानबाजी भी बहुत तेजी से बढ़ने लगी जिसे मीडिया ने और बढ़ा चढ़ा कर दिखाना शुरू कर दिया। कुल मिलाकर हालात तनावपूर्व होने के आसार बनने लगे थे तभी हरियाणा के कुछ कलाकारों ने उस धधकती हुई आग में घी डालने का काम किया। 
प्रदेश के लोक कलाकारों में एक तरीके की होड़ सी लग गई ताकि सिद्धू मुसेवाला के नाम पर चल रही टीआरपी को भुनाया जा सके। रातों रात SYL के हरियाणवी वर्जन पर गीत लिख कर उन्हें गाते हुए फिल्माया गया और फिर उसकी पब्लिसिटी प्रदेश हित मे बताते हुए की गई। इस सारे प्रकरण में राजनैतिक शह से भी इनकार नहीं किया जा सकता क्योंकि इसके बगैर इतनी जल्दी ऐसा कुछ सम्भव नहीं था। 

रामकेश जीवनपुरिया नाम के एक हरियाणवी कलाकार ने भी  SYL गीत का हरियाणवी वर्जन निकाला जिस पर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया। रामकेश ने इस गीत में हरियाणा और पंजाब के किसान आंदोलन में भाईचारे पर कटाक्ष करते हुए उनकी मदद के रूप में सुबह-शाम हरियाणा के किसानों द्वारा पहुंचाई गई दूध और लस्सी तक का हवाला देते हुए उनके उलाहने दिए गए। साथ ही एक टकराव वाली भाषा का प्रयोग करते हुए उत्तेजित और उग्र शब्दो का प्रयोग किया जिसकी सरहाना से ज्यादा हरियाणा प्रदेश के लोगों ने निंदा की.
रामकेश जीवनपुरिया का विवाद यही नहीं थमा बल्कि उन पर कंटेंट चोरी के भी आरोप लगे, साथ ही एक कानूनी नोटिस भी भेजा गया। हरियाणा प्रदेश के जाने-माने पत्रकार रुद्रा राजेश सिंह कुण्डू ने रामकेश जीवनपुरिया पर उनके चैनल The Ink और The Agro द्वारा किसान आंदोलन के दौरान कवर किए गए कंटेंट को चोरी कर अपने गीत में शामिल किए के आरोप लगाए। रुद्रा राजेश सिंह कुण्डू ने रामकेश जीवनपुरिया को अपने वकील विक्रम मित्तल के माध्यम से एक लीगल नोटिस भेजा जिसमे उन पर कंटेंट चोरी के साथ हर्जाने के रूप में एक करोड़ रुपए देने बाबत भी कहा गया। 

रुद्रा राजेश सिंह कुण्डू ने साथ ही इस कंटेंट चोरी को लेकर YouTube को भी लिखा जिस पर कार्यवाही करते हुए यूट्यूब द्वारा दावा सच पाया गया और रामकेश जीवनपुरिया के द्वारा गया गया SYL गाना अपने प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। 
इस से पूर्व भारत सरकार की शिकायत पर यूट्यूब सिद्धू मुसेवाला का गीत डिलीट कर चुकी है और अब सिद्धू के गीत की काट के रूप में गाए गए इस गाने को पत्रकार राजेश कुण्डू की शिकायत पर डिलीट किया जाना एक बड़ी घटना के रूप में नजर आता है।
July 04, 2022

8 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार:जींद के पटवार भवन में कैरखेड़ी के किसान से लिए पैसे तो विजिलेंस ने रंगे हाथों पकड़ा

8 हजार की रिश्वत लेते पटवारी गिरफ्तार:जींद के पटवार भवन में कैरखेड़ी के किसान से लिए पैसे तो विजिलेंस ने रंगे हाथों पकड़ा

जींद : हरियाणा के जींद में विजिलेंस ने शुक्रवार को विजिलेंस ने एक पटवारी को 8 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पटवार भवन में मौजूद पटवारी ने जमीन का खाता अलग करने के लिए किसान से 10 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। दो हजार रुपए वह पहले ही ले चुका था। विजिलेंस ने भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत केस दर्ज कर राजस्व पटवारी से पूछताछ शुरू कर दी है।

बताया गया है कि जींद जिले के गांव कैरखेड़ी निवासी जयपाल ने विजिलेंस ब्यूरो को शिकायत में बताया कि उसने अपनी जमीन का खाता अलग करवाना है। इसे लेकर उसने पटवारी सुनील दलाल से मुलाकात की। सुनील ने इसके लिए 10 हजार रुपए रिश्वत राशि मांगी। 2 हजार रुपए रिश्वत राशि उसे पहले दे दी गई थी और अब 8 हजार रुपए और मांग रहा था।
*500 के 16 नोट दिए*

किसान की शिकायत के बाद विजिलेंस ने छापामार टीम का गठन किया गया। जिसमें पंचायती राज विभाग के एक्सईएन प्रेम सिंह डयूटी मजिस्ट्रेट रहे। जबकि निरीक्षक मनीष कुमार के नेतृत्व में टीम ने छापेमारी की। टीम ने शिकायतकर्ता जयपाल को 8 हजार रुपए दे दिए। 500-500 के 16 नोटों पर पर डयूटी मजिस्ट्रेट ने हस्ताक्षर किए थे। जयपाल ने रिश्वत राशि को देने के लिए पटवारी सुनील से बात की तो उसने उसे पटवार भवन में बुला लिया।
*पटवारी के कब्जे से नोट बरामद*

जयपाल ने पटवारी को 8 हजार रुपए राशि दी और विजिलेंस को इशारा कर दिया। तो तभी विजिलेंस टीम ने पटवारी सुनील को काबू कर लिया। उसके कब्जे से रिश्वत के तौर पर लिए गए 8 हजार रुपए भी बरामद हो गए। विजिलेंस ब्यूरो ने पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

*विजिलेंस जांच शुरू*

विजिलेंस के इंस्पेक्टर मनीष कुमार ने बताया कि जमीन का खाता अलग करने की एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत राशि मांगी गई थी। दो हजार रुपए शिकायतकर्ता ने पहले दे दिए थे। शुक्रवार को जैसे ही बकाया 8 हजार रुपए की राशि शिकायतकर्ता ने पटवारी सुनील को दी तो उसे काबू कर लिया गया। पटवारी से पूछताछ की जा रही है।

Friday, July 1, 2022

July 01, 2022

चोरी:बंद पड़े पोल्ट्री फार्म से इन्वर्टर, बैटरी चोरी

चोरी:बंद पड़े पोल्ट्री फार्म से इन्वर्टर, बैटरी चोरी

जींद : उचाना खुर्द के पास बंद पड़े पोल्ट्री फार्म से अज्ञात लोग इन्वर्टर-बैटरी ओर सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सुरबरा गांव निवासी जयभगवान ने पुलिस में शिकायत दी है कि उनका उचाना खुर्द के पास पोल्ट्री फार्म है, जहां करीब 6 महीने से न मुर्गे हैं और न ही चूजे। 27 जून की रात को अज्ञात लोग उनके पोल्ट्री फार्म से इन्वर्टर-बैटरी और कुछ कंबल चोरी कर ले गए। अगले दिन जब वह अपने फार्म पर पहुंचे तो चोरी की घटना के बारे में पता चला। खेत में बने कोठे का ताला तोड़कर सामान चोरी कालवा के खेत में बने कोठे का ताला तोड़कर स्टार्टर, केबल व सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कालवा निवासी धर्मबीर ने पुलिस में शिकायत दी है कि उसने अपने खेत में सबमर्सिबल लगाया है। 28 जून की शाम तक को उसके खेत में सब कुछ ठीक था। जब अगले दिन वह खेत में पहुंचा तो स्टार्टर और केबल गायब मिली।
July 01, 2022

राम रहीम ने बताया वजन घटाने का राज:वीडियो जारी कर बोला- जेल में प्रतिदिन 10 किलोमीटर सैर करता था; 600 भजन लिखे

राम रहीम ने बताया वजन घटाने का राज:वीडियो जारी कर बोला- जेल में प्रतिदिन 10 किलोमीटर सैर करता था; 600 भजन लिखे

हिसार : 30 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आए राम रहीम ने अपना 9वां रिकॉर्डिड वीडियो सोशल मीडिया पर अपलोड किया है। इस वीडियो में राम रहीम जेल में रहते हुए अपने वजन कम करने और फिटनेस का राज बता रहा है।

हालांकि राम रहीम यह नहीं बता रहा कि उसने कितना वजन कम किया, परंतु यह जरूर कह रहा है कि जब 1990 में उसे गद्दी मिली, तब जितना वजन था, अब उसके आसपास वजन है। राम रहीम सुबह 3 बजे उठने और जेल में रहते हुए 600 भजन लिखने का दावा कर रहा है। साथ ही अपने भक्तों को डाइट प्लान भी बता रहा है।
राम रहीम ने कहा कि जेल में मेरा रुटीन वैसा ही है, जैसा पहले था। जेल में घूमकर, भागकर वजन कम किया। 1990 में जितना वजन था, अब उतना ही है। सुबह के समय 6, 7 किलोमीटर भागता हूं। पहले 12 से 15 किलोमीटर भागता था, परंतु पेट में परेशानी होने की वजह से कम कर दिया। उसके बाद 10 किलोमीटर तक कर दिया।

गेम खेलता हूं, योगा करता हूं, उससे यह वजन कम किया। पहले की तरह फिटनेस आ गई। शाह सतनाम के आशीर्वाद से शरीर फिट है। 3 बजे उठकर परम पिता से जुड़ता हूं। आपकी परेशानियों पर चर्चा करता रहता हूं। बैरक से बाहर आकर खेती बाड़ी करता हूं। अब भी वही शौक है।
*600 भजन लिखे*

राम रहीम ने दावा किया कि मैंने जेल में 600 से 700 भजन लिख दिए। जब भी मौका मिलता है, लिखता रहता हूं। हमारे पास समय बहुत है। भागते हुए भी सांस के साथ शाह सतनाम का नाम लेता हूं। यह बहुत दुखी करता है कि हम अपने 6 करोड़ बच्चों से बहुत दूर बैठे हैं, परंतु यह भी ध्यान में रहता है कि सतगुरु दाता हमेशा साथ है और रहेंगे।
*शाह सतनाम के जन्मदिन पर 25 किलोमीटर की दौड़*

राम रहीम ने बताया कि सुबह का खाना खाता हूं। दाल या सब्जी ज्यादा मात्रा में लेता हूं। कभी फ्रूट, टमाटर, खीरा मिलता है, वह ले लेता हूं। फैट वाली चीजें बहुत कम लेता हूं। आप भी पतला होना चाहते हैं तो जॉगिंग करें। शाह सतनाम जी के जन्मदिन वाले दिन 25 किलोमीटर दौड़ लगाई। हमने कदमों से जगह नाप रखी है। हमने अपना वजन कंट्रोल में किया है। मोटापा बहुत रोगों का कारण है। एक्सरसाइज करें, तेज चलें। 5 मिनट आराम से चलें। खाने से पहले सलाद लें और चबा-चबा कर खाएं। डाइट बैलेंस बनाएं। खाना छोड़कर वजन कम न करें।
*बागपत आश्रम से दे रहा प्रवचन*

सुनारिया जेल में साध्वी यौन शोषण, रंजीत हत्याकांड, पत्रकार छत्रपति हत्याकांड की सजा काट रहा डेरा प्रमुख पिछले 5 सालों में पहली बार पैरोल पर आकर प्रवचन कर रहा है। यह प्रवचन यूपी के बागपत आश्रम से किए जा रहे हैं, परंतु डेरा प्रमुख को अब देखने का क्रेज कम होता जा रहा है। प्रेमियों और अन्य लोगों ने उन्हें पहली बार 17 जून को देखा। इसमें डेरा प्रमुख की दाढ़ी काली दिखाई दे रही है। राम रहीम का वजन भी पहले से कम हुआ प्रतीत हो रहा है। डेरा प्रमुख 25 अगस्त 2017 को जेल गया था।
July 01, 2022

गोहाना में डेढ़ साल की बच्ची का अपहरण:मां ने जन्मी तीसरी बेटी; अस्पताल से दूसरी किडनैप; नानी के पास बैठी थी टीना

गोहाना में डेढ़ साल की बच्ची का अपहरण:मां ने जन्मी तीसरी बेटी; अस्पताल से दूसरी किडनैप; नानी के पास बैठी थी टीना

सोनीपत : हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना के नागरिक अस्पताल से गुरुवार शाम को डेढ़ वर्षीय बच्ची का अपहरण कर लिया गया। नानी के साथ खेल रही टीना को एक महिला खाने की चीज दिलाने के बहाने अपने साथ ले गई और इसके बाद बाहर खड़े युवक के साथ बाइक पर बैठ कर फरार हो गई। बच्ची के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। अस्पताल के CCTV में महिला बच्ची को ले जाते हुए साफ तौर पर कैद हुई है। फिलहाल देर रात तक बच्ची और महिला का पुलिस कोई सुराग नहीं लगा पाई थी। अपहरण के कुछ घंटे पहले ही टीना की मां ने तीसरी बेटी को जन्म दिया था।
*अस्पताल से बच्ची को लेकर जाती महिला।*

नानी के साथ खेल रही थी

बताया गया है कि गोहाना में पानीपत चुंगी स्थित मिगलानी कॉलोनी में रहने वाली रेशमा डिलीवरी के लिए आई थी। उसकी देखभाल के लिए रिश्ते में मामी लगने वाली सीमा भी उसके साथ थी। गुरुवार को सरकारी अस्पताल में उसने तीसरी बेटी को जन्म दिया। इस बीच रेशमा की बेटी टीना (डेढ़ वर्ष) अस्पताल में अपनी नानी सीमा के साथ खेल रही थी। गुरुवार सायं 6 बजे के बाद अस्पताल में लाल कपड़े एक अन्य महिला पहुंची। उसने मुंह पर मास्क लगाया था। वह बातचीत के बहाने से सीमा के पास बैठी और इस बीच टीना के साथ खेलने लगी। उसने बताया कि उसके दो बेटे हैं, घर में बेटी नहीं है। कुछ देर बाद टीना रोने लगी तो महिला ने कहा कि उसे भूख लगी है, वह उसे कुछ खिलाने का सामान दिलाकर लाती है।
*बच्ची के अपहरण के बाद अस्पताल में पूछताछ करती पुलिस।*

बाइक लिए खड़ा था युवक

आरोप है कि इसके बाद महिला बच्ची को उठाकर अस्पताल से बाहर आ गई। वहां पहले से ही एक युवक बाइक लिए खड़ा था। महिला बच्ची के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गई। पीछे पीछे बच्ची की नानी सीमा भी अस्पताल से बाहर आई, लेकिन इस बीच महिला बच्ची को लेकर लापता हो गई।
*बच्ची के अपहरण के बाद इस व्यक्ति के साथ बाइक पर फरार हुई महिला।*

अस्पताल से मुंह ढ़क कर निकली

बच्ची के अपहरण की सूचना मिलते ही थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी ली और अस्पताल में लगे CCTV की फुटेज देखी। इसके बाद अस्पताल के आसपास की दुकानों और उस रास्ते पर लगे सीसीटीवी भी जांचे गए, जिस तरफ महिला बच्ची को लेकर फरार हुई थी। अस्पताल में लगे सीसीटीवी में महिला बिल्कुल साफ तौर से कैमरे में दिखाई दी है। हालांकि बच्ची को लेकर अस्पताल से बाहर जाते समय उसने अपना मुंह ढ़क लिया था।
*बच्ची के अपहरण को लेकर जानकारी देती नानी सीमा।*

दूसरे नंबर की बेटी थी टीना

अस्पताल के लेबर रूम में भर्ती मिगलानी कॉलोनी की रेशमा ने गुरुवार को तीसरी बेटी को जन्म दिया। डिलीवरी के बाद उसने ठीक से होश भी नहीं संभाला था कि उसकी डेढ़ साल की बेटी टीना का अपहरण हो गया। टीना दूसरे नंबर की बेटी थी। इसके बाद रेशमा का रो रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे मुश्किल से संभाला।
*बच्ची के अपहरण के बाद अस्पताल में सीसीटीवी फुटेज देखती पुलिस।*

पुलिस जांच में लगी

गोहाना के सिटी थाना प्रभारी बदन सिंह ने बताया कि नागरिक अस्पताल से बच्ची के अपहरण की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके का मुआयना किया। वहां लगे सीसीटीवी फुटेज देखे हैं। एक महिला बच्ची को लेकर जाते हुए दिख रही है। पुलिस उसका सुराग लगाने में जुटी है। जल्द ही उस तक पहुंच जाएगी।

Thursday, June 30, 2022

June 30, 2022

उदयपुर हत्याकांड पर भड़कीं बबीता फौगाट:इंटरनेशनल पहलवान के 3 ट्वीट्र

उदयपुर हत्याकांड पर भड़कीं बबीता फौगाट:इंटरनेशनल पहलवान के 3 ट्वीट्र, कहा- यह आतंकी वारदात गहलोत-कांग्रेस के मुस्लिम प्रेम का परिणाम

हिसार : राजस्थान के उदयपुर में भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नुपूर शर्मा के समर्थन में पोस्ट करने वाले टेलर कन्हैयालाल तेली की निर्मम हत्या से इंटरनेशनल महिला पहलवान और भाजपा नेता बबीता फौगाट भड़क उठी हैं। एक के बाद एक, तीन ट्वीट कर बबीता ने कहा कि उदयपुर में हुई घटना से उनका मन बहुत दुखी है।

बबीता ने लिखा कि वह कन्हैयालाल की हत्या का वीडियो देखकर स्तब्ध रह गईं। यह घटना एक आतंकी वारदात है, जो राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस के मुस्लिम प्रेम और तुष्टिकरण का परिणाम है। कल जो लिब्रांडू जमात जुबैर के समर्थन में अपनी छाती पीट रही थी, आज वह कहां है।
बबीता ने दूसरे ट्वीट में कहा कि और कितनी कुर्बानियां देनी होंगी। भाईचारा निभाने के लिए? तुम भाईचारा निभाते रहना और वह तुम्हें चारा बनाते रहेंगे। कुछ कहानियां ऐसी हैं, तुम सहते रहना, वह जुल्म करते रहेंगे। जागो हिंदुओं जागो, अब नहीं तो फिर कब जागोगे।
बबीता ने तीसरे ट्वीट में लिखा कि यह मेरा हिंदुस्तान है। यहां हिंदुओं की जान मायने रखती है।

बता दें कि इससे पहले हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने ट्वीट करके कहा था कि 17 जून को सिर काटने की धमकी देने के बाद राजस्थान के उदयपर में सरे बाजार युवक का गला काटकर वीडियो बनाकर वायरल करना राजस्थान की कांग्रेस सरकार की पूर्ण असफलता है।

Wednesday, June 29, 2022

June 29, 2022

राज्यसभा सांसद व आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी बोले::प्रदेश में मंत्री से लेकर संतरी तक भ्रष्टाचार में संलिप्त, भ्रष्टाचारियों की गिरफ्तारी के मुद्दे पर आप लड़ेगी निगम चुनाव

राज्यसभा सांसद व आम आदमी पार्टी के हरियाणा प्रभारी बोले::प्रदेश में मंत्री से लेकर संतरी तक भ्रष्टाचार में संलिप्त, भ्रष्टाचारियों की गिरफ्तारी के मुद्दे पर आप लड़ेगी निगम चुनाव

फरीदाबाद : आदमी पार्टी प्रदेश सरकार से मांग करती है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त मंत्रियों और विधायकों के नाम सामने लाए।
निगम में भ्रष्टाचार का बोलबाला है। अधिकारियों से लेकर स्थानीय विधायक और मंत्रियों तक निगम के भ्रष्टाचार में रंगे हुए हैं। टेंडर मंजूर होने से पहले ही 30 प्रतिशत पैसा अधिकारियों और स्थानीय विधायक की जेब में चला जाता है। यह कथित आरोप बुधवार को आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता ने प्रेसवार्ता लगाया। उन्होंने कहा निगम में भ्रष्टाचार के चर्चे पूरे शहर में हैं। आम आदमी पार्टी प्रदेश सरकार से मांग करती है कि भ्रष्टाचार में संलिप्त मंत्रियों और विधायकों के नाम सामने लाए।
उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी आने वाला निगम चुनाव भ्रष्टाचारियों की गिरफ्तारी और उन पर कठोर कार्रवाई करने के मुद्दे पर लड़ेगी। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी की मांग है कि निगम का पैसा जनता की सुविधाओं के लिए खर्च हो। साफ सफाई 24 घंटे बिजली-पानी की व्यवस्था और शहर के विकास पर खर्च किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा हम चाहते हैं कि हरियाणा भी भ्रष्टाचार मुक्त हो। उन्होंने मांग की अगर जल्द भ्रष्टाचारियों के नाम उजागर नहीं हुए तो आम आदमी पार्टी धरना और प्रदर्शन करेगी। आने वाले निगम चुनाव में जनता ऐसी भ्रष्टाचार करने वाली पार्टियों को सबक सिखाने का काम करेगी। उन्होंने कहा सीएम ईमानदारी का मुखौटा पहने हुए हैं। जबकि प्रदेश में उनकी नाक के नीचे भ्रष्टाचार का धंधा चल रहा है। डॉ. गुप्ता ने कहा कि निगम के पैसे डकारने वाले मंत्री और विधायक पर सीएम कार्रवाई क्यों नहीं करते। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस भी सीएम और सरकार के दबाव में काम कर रही है। गिरफ्तार इंजीनियर से भ्रष्टाचार में संलिप्त अधिकारियों और मंत्रियों के नाम क्यों नहीं पूछे जा रहे। डॉ. गुप्ता ने कहा कि निगम का पैसा आम जनता के टैक्स का पैसा अधिकारी, मंत्री और विधायक अपनी जेब में भरने का काम कर रहे हैं। इनसे आने वाले निगम चुनाव में जनता पाई-पाई का हिसाब लेगी। उन्होंने कहा आम आदमी पार्टी की नीति भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस की है। आने वाला चुनाव भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के मुद्दे पर लड़ा जाएगा। डॉ. गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में वर्ल्ड क्लास स्कूल, हॉस्पिटल और जनता के लिए 24 घंटे फ्री बिजली-पानी की सुविधा है। यह सब भ्रष्टाचार पर जीरो टोलरेंस का नतीजा है। महिलाओं और श्रमिक वर्ग के लिए मुफ्त बस यात्रा है। इस मौके पर साउथ जोन के अध्यक्ष वीर सिंह सरपंच, साउथ जोन की महिला अध्यक्ष मंजू गुप्ता, जावेद खान, शिखा गर्ग, बृजेश नागर, जिलाध्यक्ष धर्मवीर भड़ाना आदि मौजूद थे।
June 29, 2022

समर वैकेशन के बाद पहली जुलाई से खुलेंगे स्कूल, टाइमिंग सुबह 8 बजे से दोपहर ढाई बजे तक

हरियाणा में स्कूलों का समय बदला:समर वैकेशन के बाद पहली जुलाई से खुलेंगे स्कूल, टाइमिंग सुबह 8 बजे से दोपहर ढाई बजे तक

चंडीगढ़ : हरियाणा में समर वैकेशन के बाद पहली जुलाई से स्कूल खुल रहे हैं। परंतु हरियाणा सरकार ने स्कूलों के समय में बदलाव कर दिया है। अब 1 जुलाई से स्कूल सुबह 8 बजे से दोपहर ढाई बजे तक रहेगा। यही समय विद्यार्थियों और अभिभावकों के लिए होगा। जबकि ग्रीष्मकालीन अवकाश से पहले समय सुबह 7 बजे से 12 बजे तक था। परंतु अब समय में बदलाव कर दिया है। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय ने प्रदेश के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया है।
*1 जुलाई से शुरू होंगे स्कूल*

प्रदेश में अभी ग्रीष्मअवकाश चल रहे हैं। जो कि 30 जून को खत्म होंगे। स्कूल 1 जुलाई से शुरू होंगे। प्रदेश में इन दिनों भयंकर गर्मी पड़ रही है। हालांकि पहले अध्यापकों के लिए 12 बजे तक ही समय रहता था। अब उन्हें भी ढाई बजे ही जाना होगा।
June 29, 2022

कल से शुरू होंगे गुप्त नवरात्र, जानिए पूजन विधि और महत्व

कल से शुरू होंगे गुप्त नवरात्र, जानिए पूजन विधि और महत्व

 कुरुक्षेत्र : मां दुर्गा को शक्ति का प्रतीक माना जाता है। इनकी आराधना के लिए वर्ष में दो बार विशाल नवरात्रि पर्व मनाया जाता है। इसमें मां जगजननी भगवती दुर्गा के अलग-अलग नौ रूपों की उपासना की जाती है। इस नवरात्र को चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि के नाम से जाना जाता है लेकिन साल में दो बार नवरात्र ऐसे भी आते हैं जब मां दुर्गा की दस महाविद्याओं की पूजा की जाती है। इन्हें गुप्त नवरात्र कहा जाता है। गुरुवार 30 जून को, पुनर्वसु नक्षत्र, सर्वार्थ योग और ध्रुव योग से आषाढ़ गुप्त नवरात्र शुरू होंगे और इसका समापन नवमी तिथि शुक्रवार 8 जुलाई चित्रा नक्षत्र और शिव योग में होगा। दस महाविद्या की विशेष पूजा अर्चना  श्रीदुर्गा देवी मन्दिर पिपली के अध्यक्ष व कॉस्मिक एस्ट्रो पिपली के डायरेक्टर ज्योतिष व वास्तु विशेषज्ञ डॉ.सुरेश मिश्रा ने बताया कि गुप्त नवरात्रि में दस महाविद्याओं की साधना की जाती है। गुप्त नवरात्रि के समय साधक मां काली, तारा देवी, त्रिपुर सुंदरी, भुवनेश्वरी, माता छिन्नमस्ता, त्रिपुर भैरवी, मां ध्रूमावती, मां बगलामुखी, मातंगी और कमला देवी की पूजा करते हैं। गुप्त नवरात्रि विशेषकर तांत्रिक क्रियाएं, शक्ति साधना, महाकाल आदि से जुड़े भक्त जनों के लिए विशेष महत्त्व रखती है। इस समय मां दुर्गा के साधक कठोर नियम के साथ व्रत और साधना करते हैं। इसीलिए गुप्त नवरात्र में विशेष पूजा किसी सात्त्विक विद्वान ब्राह्मण के मार्गदर्शन में ही करनी चाहिए। ब्राह्मण अर्थात ब्रह्म को जानने वाला और जिसको कीलक, निष्कीलन और शापोद्धार विधान किसी सद्गुरु द्वारा प्राप्त हो। माघ नवरात्री उत्तरी भारत में अधिक प्रसिद्ध है और आषाढ़ नवरात्रि मुख्य रूप से दक्षिणी भारत में लोकप्रिय है। गुप्त नवरात्रि में विशेष नियम का ध्यान रखें नौ दिनों तक ब्रह्मचर्य नियम का जरूर पालन करें। तामसिक भोजन का त्याग करें। किसी का बुरा मत सोचो और वाद विवाद से बचें। निर्जला अथवा फलाहार उपवास रखें। मां दुर्गा की पूजा, उपासना, जप और आरती आदि करें। लहसुन-प्याज का उपयोग न करें। अपने माता-पिता की सेवा और कंजकों का आदर सत्कार करें। गौ सेवा और जीव जन्तुओं और पक्षियों की सेवा करें। क्रोध पर नियंत्रण और वाणी का संयम रखें। सभी का मंगल हो और विश्व का कल्याण हो यह मंगल प्रार्थना भी करें।
June 29, 2022

कैथल में चेयरमैन बनी जीन्द की बेटी सुरभि गर्ग को भी किया गया सम्मानित

कैथल में चेयरमैन बनी जीन्द की बेटी सुरभि गर्ग को भी किया गया सम्मानित

जीन्द : अग्रवाल समाज द्वारा आज जीन्द के उत्सव होटल में एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में जीन्द जिले से संबध रखने वाली नेहा जैन को आईएएस बनने पर विशेष अग्र सम्मान से सम्मानित किया गया वही जीन्द के तीनों नगर पार्षदों को भी सम्मानित किया गया। नगर परिषद कैथल की चेयरमैन बनी जीन्द की बेटी सुरभि गर्ग को भी इस समारोह में विशेष सम्मान समारोह से नवाजा गया।
अखिल भारतीय अग्रवाल समाज हरियाणा के अध्यक्ष एवं प्रमुख समाजसेवी राजकुमार गोयल ने यह जानकारी देते हुए बताया कि जीन्द जिले के कापडो गांव से संबध रखने वाली नेहा जैन इस बार की आईएएस की परीक्षा में 152 वां रैक प्राप्त कर आईएएस बनी है। उनके आईएएस बनने पर पूरे जीन्द जिले को गर्व है। नेहा जैन ने पहले सीए की पढाई पूरी की फिर बैगलूरू में नौकरी शुरू की और उसके बाद आईएएस की परीक्षा की तैयारी शुरू की। लगातार मेहनत का नतीजा रहा कि नेहा जैन को सफलता हाथ लगी। इस सफलता पर समस्त अग्रवाल समाज द्वारा नेहा जैन को विशेष अग्र सम्मान से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर नेहा जैन ने कहा कि आईएएस की परीक्षा कोई मुश्किल परीक्षा नही होती है जो भी बच्चे आईएएस बनना चाहते है तो उन्हे आईएएस की परीक्षा को एक लक्ष्य बनाना होगा। पुरी कोशिश करंेगे तो आईएएस जरूर बनंेगे। उन्होंने आहवान किया है कि जो भी बच्चे आईएएस की परीक्षा के लिए उनका मार्ग दर्शन चाहंेगे तो वे हर प्रकार का मार्ग दर्शन देने को तैयार रहंेगी। नेहा जैन ने स्नातक तक की पढाई कामर्स से की लेकिन आईएएस की  परीक्षा की तैयारी के लिए उन्होंने समाज शास्त्र के विषय को चुना। नेहा जैन का मानना है कि विषय का चयन रूचि के अनुसार किया जाना चाहिए। विषय में रूचि है तो पढाई में मन लगता है और सफल होना आसान हो जाता है।
इस अवसर पर नवनिवार्चित नगर पार्षद जय भगवान सिंगला, सिया राम गोयल व संजय गोयल को भी समस्त अग्रवाल समाज द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर इन नगर पार्षदों ने कहा कि समाज ने उन्हे यह सम्मान दिया है उस सम्मान की वे लाज रखेगे। उनकी पूरी कोशिश रहेगी कि जो भी व्यक्ति वार्ड से संबंधित समस्याओं को लेकर उनके दरवाजे पर आयंेगे वे उन समस्याओं को दूर करने का पूरा प्रयास करेंगे।
नगर परिषद कैथल में चेयरमैन बनी जीन्द की बेटी सुरभि गर्ग को भी इस समारोह में विशेष सम्मान से नवाजा गया। सुरभि गर्ग महाबीर गुप्ता की बेटी व स्वर्गीय मांगे राम की पोती है। सुरभि गर्ग की अनुपस्थिति में यह सम्मान उनके पिता महाबीर गुप्ता ने प्राप्त किया। आज के इस सम्मान समारोह में जीन्द की लगभग सभी सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजकुमार गोयल, श्रीचंद जैन, अनिल बंसल, अशोक गोयल, डा. अनिल जैन, महावीर गुप्ता, ईश्वर बंसल, राधेश्याम, सुरेश गर्ग, महाबीर कम्प्यूटर, सतीश जैन, अनिल बंसल, मनीष गर्ग, पवन बंसल, रामधन जैन, सावर गर्ग, गौरव सिंगला, रोशन गोयल, रमेश सिंगला, पीसी जैन, पुष्पा अग्रवाल, कुसुम तायल, बबीता गर्ग, रजनीश जैन, डीपी जैन, बलराज गर्ग, सुभाष घी चीनी वाले, सुरेश जिंदल, सुशील गुप्ता, प्रवीन जिंदल, प्रमोद बंसल, डा. बनीश गर्ग, धनराज गोयल, अनिल बंसल, सुशील सिंगला, तरसेम गोयल, ईश्वर गोयल, डा. सुरेश जैन, मुकेश जैन, भोला राम गुप्ता, महेन्द्र गर्ग, राजकुमार बंसल, शिवजी अग्रवाल, बबलू गोयल, सुरेश गर्ग, सुरेश मास्टर, पवन सिंगला, प्रहलाद राय गर्ग, पवन गर्ग, सुरेश जैन, सुरेश गोयल, सोनू जैन इत्यादि प्रमुख रूप से उपस्थित थे।
June 29, 2022

हरियाणा में 3 जुलाई तक बारिश के आसार:मॉनसूनी हवाएं आगे बढ़ने से बदला मौसम, 30 को 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हरियाणा में 3 जुलाई तक बारिश के आसार:मॉनसूनी हवाएं आगे बढ़ने से बदला मौसम, 30 को 11 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हिसार : भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे हरियाणा में मॉनसून किसी भी समय पहुंच सकता है। बुधवार रात से प्रदेश में मौसम करवट बदल लेगा। उसके बाद 3 जुलाई तक लगातार बारिश की संभावना है। इसकी वजह से दिन और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी।
मौसम विभाग ने 30 जून को हरियाणा के 11 जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार वाली हवाएं चलने और तेज बरसात का अलर्ट जारी किया है। इन 11 जिलों में पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत शामिल है। राज्य के बाकी 11 जिलों में अंधड़ और गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है।

इस बीच राज्य के कई जिलों में मंगलवार रात से ही मौसम बदलना शुरू हो गया। पूरे राज्य में अगले 24 घंटे के अंदर मॉनसून का असर दिखाई देगा। एक जुलाई को 9 जिलो में भारी बरसात का अलर्ट जारी किया गया है। इन 9 जिलों में हिसार, भिवानी, चरखी-दादरी, महेन्द्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात, पलवल और फरीदाबाद शामिल है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाओं के साथ तेज बरसात हो सकती है।
हिसार स्थित चौधरी चरणसिंह कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में 22 जून के बाद से लगातार पश्चिमी हवाएं चलने के कारण मौसम खुश्क और गर्म रहा। इसकी वजह से दिन के तापमान के साथ-साथ रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई। कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री तो न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इस दौरान वातावरण में आद्रता की मात्रा भी अधिक दर्ज की गई।
*साइक्लोनिक सरकुलेशन से हवा बदली*

अब राजस्थान के ऊपर एक साइक्लोनिक सरकुलेशन बनने से हवाएं बदलकर पश्चिमी से पूर्वी हो गई हैं। इसकी वजह से वातावरण में नमी अधिक होने से मौसम में बदलाव की संभावना बन रही है। बंगाल की खाड़ी की तरफ से मानसूनी हवाएं आगे बढ़ने की संभावना है। इसके चलते हरियाणा में 29 जून की रात से बारिश शुरू हो जाने की पूरी संभावना है।
*2 जुलाई तक तेज बारिश*

मौसम विभाग के अनुसार, राज्य में 30 जून से 2 जुलाई के बीच हवाओं के साथ ज्यादातर क्षेत्रों में बारिश होने की संभावना है। इस दौरान कुछ एक स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है।
*कई जिलों में बूंदाबांदी, बादल छाए*

हरियाणा के कई जिलों में मंगलवार रात से ही मौसम बदल गया। रेवाड़ी में 30 मिनट तक तेज बारिश तो आसपास के जिलों में बूंदाबांदी हुई। अंबाला और आसपास के क्षेत्र में बादल छाए रहे। मौसम बदलने की वजह से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई।

Tuesday, June 28, 2022

June 28, 2022

राकेश टिकैत ने युवक की आत्महत्या को अग्निपथ योजना से जोड़ा, यूजर्स बोले- अब आप ही हमारे तारनतार...

राकेश टिकैत ने युवक की आत्महत्या को अग्निपथ योजना से जोड़ा, यूजर्स बोले- अब आप ही हमारे तारनतार...

नई दिल्ली : भारतीय किसान यूनियन (Bharatiya Kisan Union) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत (Rakesh Tikait) ने केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना (Agneepath Scheme) पर कड़ा प्रहार किया है। उन्होंने फतेहपुर (Fatehpur) में एक युवक की आत्महत्या (Suicide) को अग्निपथ योजना से जोड़ दिया है। राकेश टिकैत ने इस आत्महत्या के पीछे की वजह को मोदी सरकार (Modi Government) की संवादहीनता को जिम्मेदार ठहराया है। खास बात है कि फतेहपुर पुलिस (Fatehpur Police) ने भी राकेश टिकैत की ट्वीट पर रिप्लाई किया है और स्थिति स्पष्ट की है कि इस आत्महत्या का तालुक्क अग्निपथ योजना से नहीं है। यही नहीं, यूजर्स भी लगातार रिप्लाई कर राकेश टिकैत पर निशाना साध रहे हैं।  मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने अपने ट्वीट में लिखा, 'सरकार की योजनाओं को लागू करने से पहले संवादहीनता की वजह से किसान आंदोलन में 750 किसानों ने अपनी जान गवाई और अब अग्निपथ योजना का संवाद ना होने की वजह से पहले रोहतक में सचिन और अब फतेहपुर में विकास ने अपनी जान दे दी। ये बेहद दुःखद खबर है।' पुलिस ने किया रिप्लाई फतेहपुर पुलिस ने इस घटना के बाद पक्ष सामने रखा था। इसके बावजूद राकेश टिकैत ने इस आत्महत्या को सीधे अग्निपथ योजना से जोड़ दिया। राकेश टिकैत का ट्वीट वायरल हुआ तो फतेहपुर पुलिस ने रिप्लाई करते हुए दोबार से स्पष्ट किया गया कि इस युवक की आत्महत्या का अग्निपथ योजना से कोई संबंध नहीं है। फतेहपुर पुलिस ने थाना कल्यानपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम हरदौलपुर में घटित घटना के सम्बंध में क्षेत्राधिकारी बिंदकी द्वारा दी गई बाइट को भी शेयर किया है। थाना कल्यानपुर क्षेत्रान्तर्गत ग्राम हरदौलपुर में घटित घटना के सम्बंध में क्षेत्राधिकारी बिंदकी द्वारा दी गयी बाइट।#UPPolice pic.twitter.com/vktRMR0y1o — FATEHPUR POLICE (@fatehpurpolice) June 25, 2022 यूजर्स भी भड़के ट्विटर यूजर्स को जब इस आत्महत्या की सच्चाई पता चली तो उन्होंने राकेश टिकैत पर निशाने साधने शुरू कर दिए। आलोक नामक यूजर ने लिखा, 'किसानों को उनके घर वालों ने जिन्दा भेजा था, आपके बुलावे पे। उनकी मौत के जिम्मेदार आप है। अब उनके घर के भरण पोषण की जिम्मेदारी आपकी है। भागिये मत जवाबदेही से। नेतागीरी सिर्फ उकसाने का नाम नही, जवाबदेही भी होनी चाहिये।' गौरव सिंह ने लिखा, 'अब तो आप ही हम सबका तारनहार बन सकते हो।' सरकार पर भी साधा निशाना बता दें कि ज्यादातर यूजर्स ऐसे भी हैं, जो सरकार पर भी प्रहार कर रहे हैं। इन यूजर्स का कहना है कि चाहे अग्निपथ योजना को लेकर आत्महत्या नहीं की, लेकिन आत्महत्या के पीछे की वजह तो नौकरी न मिलना ही था। राकेश धानीवाला ने लिखा, 'समय बदला है, सरकारें बदली हैं, नियम भी बदले हैं, तो लोगों को भी बदलने की जरूरत है ! आत्म हत्या किसी भी समस्या का अंतिम समाधान नहीं है। युवाओं को समझना होगा!!' इसी प्रकार अन्य यूजर्स ने भी लिखा कि युवाओं के लिए सबसे बड़ी परेशानी बेरोजगारी होती है। सरकार को इस बारे में सोचना चाहिए।