Breaking

Wednesday, March 30, 2022

March 30, 2022

तहसीलों में भ्रष्टाचार की जड़ों पर यूं हमला करेगी सरकार, रजिस्ट्री के लिए आनलाइन कर सकेंगे आवदेन, अर्जी नवीस की जरूरत नहीं पड़ेगी

तहसीलों में भ्रष्टाचार की जड़ों पर यूं हमला करेगी सरकार, रजिस्ट्री के लिए आनलाइन कर सकेंगे आवदेन, अर्जी नवीस की जरूरत नहीं पड़ेगी


चंडीगढ़ : जल्द ही हरियाणा में जमीन का सारा रिकार्ड आनलाइन हो जाएगा। इसके बाद जमीन बेचने या खरीदने के लिए आनलाइन ही फार्म भरकर अप्लाई कर सकेंगे। यानि अर्जी नवीस से रजिस्ट्री की फाइल तैयार करवाने की जरूरत नहीं होगी।

तहसीलों में होने वाले भ्रष्टाचार पर अब हरियाणा सरकार सख्त हो गई है। सरकार ने भ्रष्टाचार की जड़ों को खोखला करने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत अर्जी नवीस के स्तर पर होने वाले काम को बंद करने जा रही है। यानि जल्द हरियाणा में कोई भी रजिस्ट्री खरीदते या बेचते समय अर्जी नवीस की जरूरत नहीं पड़ेगी।
अभी तक हरियाणा में यह सिस्टम है कि कोई भी प्रोपर्टी बेचनी हो या खरीदनी हो तो सबसे पहले अर्जी नवीस के पास जाकर फाइल तैयार करवानी होती है। यह फाइल तैयार होने के बाद ही आगे की प्रक्रिया शुरू हो पाती है। फाइल तैयार करने के लिए अर्जी नवीस की फीस मात्र 30 रुपये से लेकर 100 रुपये तक देने होते हैं। लेकिन यह शिकायतें आती रहती हैं कि ज्यादातर तहसीलों में अर्जी नवीस एक हजार रुपये से लेकर ढाई तीन हजार रुपये तक फीस ले लेते हैं। यही नहीं, फर्जी कालोनियों की रजिस्ट्रियां करवाने में भी अर्जी नवीसों की भूमिका मिली है। ये अर्जी नवीस तहसील के अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ मिलकर सभी तरह की गलत फाइल को ओके करवा देते हैं। बीते दिनों करनाल के तहसीलदार राजबख्श को विजिलेंस ने रजिस्ट्रियों में भ्रष्टाचार के नाम पर गिरफ्तार किया था। तब विजिलेंस जांच में यह मामला सामने आया था कि अर्जी नवीस ही तहसीलदार को घूस की रकम देते थे और गलत काम करवाते थे।

*जमीन का सारा रिकार्ड होगा आनलाइन*

अब सरकार ऐसा साफ्टवेयर तैयार करवा रही है, जिससे कि जमीन का सारा रिकार्ड आनलाइन हो जाएगा। यह रिकाार्ड आनलाइन होने के बाद जमीन बेचने या खरीदने के लिए आनलाइन ही फार्म भरकर अप्लाई कर सकेंगे। इस काम में अर्जी नवीस की जरूरत ही नहीं पड़ेगी। आनलाइन अप्लाई करने के बाद तहसीलदार या नायब तहसीलदार को समय सीमा के भीतर या तो रजिस्ट्री करनी होगी या लिखित में आपत्ति लिखकर फाइल को वापस करना होगा। यानि जमीनों का सारा रिकार्ड आनलाइन होने के बाद अर्जी नवीस का काम खत्म हो जाएगा और जमीन खरीदने या बेचने वाला आनलाइन ही फार्म भरकर रजिस्ट्री के लिए अप्लाई कर देगा।

*जल्द ट्रायल शुरू करेगी सरकार*

हरियाणा के राजस्व विभाग के वित्त आयुक्त पीके दास ने अधिकारियों को रिकार्ड को जल्द आनलाइन करने का आदेश दिया था। दास का कहना है कि जल्द ही इसका ट्रायल शुरू कर दिया जाएगा। ट्रायल सफल रहने पर पूरे हरियाणा में अर्जी नवीस से फाइल तैयार करवाने का झंझट खत्म हो जाएगा और आम आदमी भ्रष्टाचार से बचकर रजिस्ट्री के लिए आनलाइन आवेदन कर सकेगा।
March 30, 2022

हरियाणा में एक अप्रैल से सफर होगा महंगा, बढ़ेगा Toll टैक्स, जानें नई दरेें

हरियाणा में एक अप्रैल से सफर होगा महंगा, बढ़ेगा Toll टैक्स, जानें नई दरेें


 चंडीगढ़ : बढ़ती महंगाई  के बीच जनता पर एक और मार पड़ने वाली है। हरियाणा में एक अप्रैल से सफर करना महंगा हो जाएगा। एक अप्रैल से हरियाणा के लगभग सभी टोल प्लाजा ( toll plaza ) पर टोल टैक्स ( toll tax ) की नई दरें लागू हो जाएंगी।

 *कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेस वे  और कुंडली-गाजियाबाद-पलवल हाईवे*  के साथ हरियाणा में सभी टोल रोड़ पर टैक्स में बढ़ोतरी होगी। 


*खटकड़ टोल प्लाजा* जींद में खटकड़ टोल प्लाजा पर एक अप्रैल से 10 रुपये तक टोल रेट बढ़ाए जा रहे हैं। हालांकि इस समय कार सहित लाइट व्हीकल का एक साइड का 100 रुपये टोल कट रहा है तो एक अप्रैल के बाद यह 110 रुपये कटना शुरू हो जाएगा। खटकड़ टोल प्लाजा से हर रोज 10 हजार से ज्यादा वाहन दिल्ली और पंजाब की तरफ को जाते हैं। टोल पर हर रोज 11 से 12 लाख रुपए टोल कलेक्शन होता है।  जींद-नरवाना रोड पर झांझ और खटकड़ के बीच टोल प्लाज बनाया गया है। साल 2020 में यहां टोल वसूली शुरू हुई थी। शुरूआत में लाइट व्हीकल का एक साइड का टोल रेट 95 रुपये निर्धारित किया गया था। बाद में यह पांच प्रतिशत बढ़ा दिया था। जिसके बाद लाइट व्हीकल का सिंगल साइड का टोल 100 रुपए हो गया। जिले के रजिस्टर्ड वाहनों के लिए 275 रुपये मासिक पास की सुविधा है। अब फिर से मासिक पास बढ़ाया जाएगा। खटकड़ टोल प्लाजा के मैनेजर रोबिन सिंह ने बताया कि प्रति वर्ष एक अप्रैल से टोल दरें बढ़ाई जाती हैं। इस बार भी एक अप्रैल से टोल दरों में बढ़ोत्तरी की जा रही है। इस बार 10 से 15 रुपये तक टोल दरें बढ़ाई हैं। खटकड़ टोल पर फिलहाल इतना लिया जा रहा टैक्स 
 *व्हीकल का प्रकार* - सिंगल साइड टोल टैक्स फीस कार, जीप, वैन, लाइट व्हीकल 100 रुपये लाइट कमर्शियल व्हीकल, मिनी बस 160 रुपये ट्रक, बस, (दो एक्सल) 330 रुपये तीन एक्सल कमर्शियल व्हीकल 360 रुपये हेवी कमर्शियल व्हीकल 520 रुपये बड़े व्हीकल, सात या इससे ज्यादा एक्सल 630 रुपये केएमपी पर इतना बढ़ाया जाएगा टाेल टैैक्स ( kmp ) केएमपी पर वाहनों से प्रति किलोमीटर के हिसाब से वसूली की जा रही है। अब तक कार/जीप आदि हल्के वाहनों से 1.46 रुपए प्रति किलोमीटर से टोल लिया जा रहा था, जो अब 1.61 रुपए की दर से वसूला जाएगा। मिनी बस आदि हल्के कमर्शियल वाहनों से 2.36 रुपए प्रति किलोमीटर की बजाय 2.60 की दर से टोल लिया जाएगा। बस-ट्रक आदि टू-एक्सल वाहनों से 4.96 रुपए की जगह 5.45 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टोल लिया जाएगा। थ्री एक्सल कमर्शियल वाहनों से 54 पैसे प्रति किलोमीटर अधिक लिए जाएंगे। चार से छह एक्सल वाहन के लिए 7.77 की जगह 8.56 रुपए प्रति किलोमीटर वसूल किए जाएंगे। जबकि सात एक्सल वाले वाहनों को 9.46 के स्थान पर अब 10.42 रुपए प्रति किलोमीटर की दर से टोल देना होगा। 
*हिसार जिले के टोल* हिसार जिले में रामायण टोल, चौधरीवास टोल, बाडोपट्टी टोल, चिकनवास टोल व बास सहित कुल पांच टोल हैं। चौधरीवास टोल पर 5 से 30 रुपये की वृद्धि की गई है, जबकि बाकी चारों टोल नाकों पर नेशनल हाइवे अथॉरिटी की तरफ से टोल दरें की नई सूची नहीं आई है। बास टोल पर टैक्स बढ़ाया गया है। मय्यड़ टोल पर पांच रूपये की वृद्धि की गई है। रामायण टोल मैनेजर संदीप के अनुसार अभी तक पहले से निर्धारित टोल वसूला लिया जा रहा है। बुधवार को नई टोल रेट लिस्ट आने की उम्मीद है।
March 30, 2022

परिवहन मंत्री के आदेश : हड़ताल में बसें ना चलाने पर कार्रवाई, हरियाणा रोडवेज के पांच जीएम चार्जशीट

परिवहन मंत्री के आदेश : हड़ताल में बसें ना चलाने पर कार्रवाई, हरियाणा रोडवेज के पांच जीएम चार्जशीट

चंडीगढ़ :  हरियाणा में हड़ताल के कारण बसों का चक्का जाम कर दिए जाने से नाराज आला अफसरों ने पांच जीएम पर गाज गिरा दी है। पांचों के विरुद्ध चार्जशीट थमाने की तैयारी है। दो दिनों की हड़ताल को लेकर पहले से तैयार कर रहे कर्मचारी संगठनों को नहीं समझा पाने और बसों को ख़डे कर दिए जाने से नाराज अफसरों ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इस क्रम में पांच जिलों में गाज गिरी है। राज्य के परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने यह जानकारी दी। मंत्री ने बताया है कि जिन जिलों में बसें कम चलीं और कामकाज पर प्रतिकूल प्रभाव हुआ वहां पर कार्रवाई कर रहे हैं। मंत्री ने कहा कि देखने में आया है कि कुछ जिलों में हरियाणा रोडवेज की बसें हड़ताल के कारण कम चली, ऐसे में आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सरकार जनता की परेशानी कतई बर्दाश्त नहीं करेगी और ऐसे महाप्रबंधकों के खिलाफ कार्रवाई करेगी, जिनके जिलों में बसें कम चली हैं। मूलचंद शर्मा ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों पर सहानुभूति पूर्वक विचार कर रही है। रोडवेज के बेड़े को और बढ़ाया जा रहा है। जल्द ही 2 हजार नई बसों को शामिल किया जाएगा। इसके अलावा किलोमीटर स्कीम की बसें भी चल रही हैं। सरकार इलेक्ट्रिक बसों को चलाने पर भी विचार कर रही है। यात्रियों की सुविधा के लिए सरकार तत्पर है और हर संभव प्रयास कर रही है। इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी मंत्री ने यह भी कहा कि आने वाले वक्त में बदलाव और इलेक्ट्रिक बसें चलाने की तैयारी है। पहले चरण में फरीदाबाद और गुरुग्राम में दस से पंद्रह साल पुरानी बसों को बंद करने का फैसला लिया गया है। इतना ही नहीं बसों के बेड़े में एक हजार बसों को बढ़ाने की तैयारी है। बसों का चक्का जाम होने और जीएम द्वारा एक्शन नहीं लेने व साठ फीसदी बसें खड़ी कर दिए जाने से नाराज प्रमुख सचिव ने जीएम को चार्जशीट करने का निर्देश दिया है। खनन विभाग में भर्ती की तैयारी मंत्री मूलचंद शर्मा मानते हैं कि विभाग में स्टाफ की कमी बनी हुई है, उन्होंने बताया कि खनन विभाग हरियाणा में खाली पड़े हुए पदों को जल्द ही भरा जाएगा। कईं पेंशन मामले में बोले मंत्री मंत्री मूलचंद शर्मा का कहना है कि पहले आम आदमी पार्टी अपनी घोषणा को पूरा करने का काम करे, क्योंकि हाल ही में सरकार बनी है, इस पर कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। आप के नेता केजरीवाल की इस बात से मैं सहमत नहीं हूं और हरियाणा में इस पार्टी का कोई वजूद नहीं हैं।
March 30, 2022

डिप्टी सीएम ने दिए पटवारियों को 50 मोटरसाइकिल और किसानों को 30 दिन में मुआवजा दिलवाने का टारगेट

डिप्टी सीएम ने दिए पटवारियों को 50 मोटरसाइकिल और किसानों को 30 दिन में मुआवजा दिलवाने का टारगेट

- दुष्यंत चौटाला ने अगले वित्त वर्ष से नए ग्रेड देने की भी घोषणा

जींद/चंडीगढ़, 29 मार्च। हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला द्वारा कोविड-19 व राजस्व से संबंधित अन्य कार्यों में जिला प्रशासन के साथ मिलकर उत्कृष्ट कार्य-प्रदर्शन करने वाले पटवारियों को आज जींद में सम्मानित किया गया। सराहनीय व अच्छे कार्य करने वाले राज्य के कुल 105 पटवारियों को सम्मानित किया गया। इनमें से 50 पटवारियों को एक-एक मोटरसाइकिल व प्रशंसा-पत्र जबकि शेष 55 पटवारियों को प्रशंसा-पत्र देकर पुरस्कृत किया गया।। इस दौरान डिप्टी सीएम ने पटवारियों से वादा भी लिया कि वे किसानों को 30 दिन में मुआवजा दिलवाने के टारगेट में अपना पूर्ण सहयोग करें। साथ ही उपमुख्यमंत्री ने पटवारियों को अगले वित्त वर्ष से नए ग्रेड के अनुसार वेतन देने की घोषणा की, जिससे पटवारी पूरे खुश नजर आए। हरियाणा के इतिहास में यह पहला अवसर है जब राज्य सरकार ने पटवारियों को उनके बेहतरीन कार्य का मान-सम्मान करते हुए उनको इनाम दिया है
दुष्यंत चौटाला द्वारा जिन पटवारियों को सम्मानित किया गया है उन्होंने पिछले दो साल में कोविड महामारी के दौरान अपनी जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाया। प्राकृतिक आपदा, ओले, बेमौसमी बारिश, जलभराव आदि के लिए सौंपी गई गिरदावरी को भी समयबद्ध ढंग से करके जिला प्रशासन व राज्य सरकार की कार्यप्रणाली को सुचारू बनाए रखने में उत्कृष्ट योगदान दिया है, इसी को देखते हुए पटवारियों का हौसला बढ़ाने के लिए सरकार ने सम्मानित करने का निर्णय लिया और सभी जिलों के उपायुक्तों से सराहनीय कार्य करने वाले पटवारियों के नाम की सिफारिश भेजने के निर्देश दिए गए थे। आज के कार्यक्रम में 50 में से कुल 43 पटवारियों को बाईक दी गई है जोकि एक्स प्लस 200 सीसी और ग्लैमर बाइक्स हैं। बाकी बचे पटवारियों के पास भी जल्द बाईक पहुंचा दी जाएगी।
वहीं डिप्टी सीएम ने यह भी कहा कि अगले छह माह में मोबाइल सॉफ्टवेयर से जीपीएस के माध्यम से फसलों की मौके पर जाकर गिरदावरी की जाएगी। इसकी किसान को तुरंत सूचना मिल जाएगी कि फसल को हुआ नुकसान कितना दर्ज किया गया है। यही नहीं हमारा प्रयास रहेगा कि प्रभावित किसान को 30 दिन में मुआवजा मिल जाए।
March 30, 2022

मैराथन में भाग लेने वाले दिव्यांगों के लिए लगेगा स्पेशल मेडिकल कैंप

मैराथन में भाग लेने वाले दिव्यांगों के लिए लगेगा स्पेशल मेडिकल कैंप 

जींद : स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर डा. जेएस पूनिया मंगलवार को नागरिक अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीएमओ डा. मंजू कादियान, पीएमओ डा. लोकवीर सिंह, एमएस डा. गोपाल गोयल, डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला, डिप्टी सीएमओ डा. रमेश पांचाल, डा. रघुवीर पूनिया सहित अन्य चिकित्सकों के साथ बैठक की और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार को लेकर मंथन किया। बैठक का उद्देश्य केंद्र सरकार के अहम प्रोजेक्ट दिव्यांगों के लिए मैराथन का आयोजन करना रहा।

मैराथन में भाग लेने वाले दिव्यांगों के लिए लगेगा स्पेशल मेडिकल कैंप


बैठक में मैराथन में भाग लेने वाले दिव्यांगों के लिए स्पेशल मेडिकल कैंप लगाने का निर्णय लिया गया। यह कैंप अंकुर स्कूल में आयोजित किया जाएगा। प्रदेशभर में 7200 दिव्यांग हैं जिनमें से जींद जिला की बात की जाए तो 600 से 1200 दिव्यांग है। ऐसे में इनके लिए डेंटल, मानसिक व ऑर्थो चिकित्सकों द्वारा जांच की जाएगी। सबसे अहम जिम्मेवारी दांतों के चिकित्सकों की रहेगी। इन शिविरों में ऐसे दिव्यांगों की जांच कर उन्हें रोजमर्रा की दिनचर्या में छोटे-छोटे कार्यों को सिखाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। अभिभावकों को उनकी डाइट, बेसिक एक्टिविटी करवाने को लेकर भी प्रेरित किया जाएगा। शिविर के लिए स्पेशल 20 चिकित्सक टीमों का गठन किया जाएगा। इसके बाद दिव्यांग मैराथन का आयोजन होगा। बैठक में डा. जेके मान, डा. नवनीत नैन, डा. संदीप सहित अन्य चिकित्सा अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में मौजूद रहे नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग के डायरेक्टर द्वारा जो दिशा-निर्देश दिए गए हैं उनकी पालना की जाएगी। दिव्यांग भी आमजन की तरह अपनी जिंदगी जी सकें, इसके लिए स्पेशल शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर के लिए अंकुर स्कूल का चयन किया गया है। जल्द ही चिकित्सकों की टीम गठित कर दिव्यांगजनों की जांच की जाएगी। इसके साथ अभिभावकों को भी दिव्यांगजनों की दिनचर्या में उपयोग की जाने वाली छोटी-छोटी बातों से अवगत करवाया जाएगा। 

Tuesday, March 29, 2022

March 29, 2022

रोडवेज के कंडक्टर व ड्राइवर को पहना दी जूतों की माला

रोडवेज के कंडक्टर व ड्राइवर को पहना दी जूतों की माला ,पढ़िए

सिरसा : हरियाणा रोडवेज के चक्का जाम के दूसरे दिन मंगलवार को सिरसा जिले में एक शर्मसार करने वाला वाकया सामने आया।

डबवाली में रोडवेज की बस चला रहे ड्राइवर और कंडक्टर को हड़ताली कर्मचारियों ने जूतों की माला पहना दी।
पूरा घटनाक्रम गांव जोगीवाला के पास हुआ। प्रदेश में रोडवेज कर्मचारियों ने सरकार की
नीतियों के विरोध में 28-29 मार्च को दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान कर रखा है।
इस दौरान कर्मचारियों ने दो दिन प्रदेश में जगह-जगह धरने किए हैं।
सरकारी बसें चला रहे कॉन्ट्रैक्ट पर रखे ड्राइवरों को भी कर्मचारी रोक रहे हैं।
मंगलवार को हड़ताली कर्मचारियों ने हरियाणा रोडवेज कर्मचारियों ने गांव जोगीवाला के पास
सरकारी बस चला रहे ड्राइवर राजेंद्र कुमार और साथ मौजूद कंडक्टर को जूतों की माला पहनाई।

दोनों सिरसा डिपो की बस लेकर डबवाली से जिला मुख्यालय लौट रहे थे।
डबवाली के गांव जोगीवाला के पास रोडवेज कर्मियों ने ड्राइवर और कंडक्टर को रोककर उन्हें जूतों की माला पहना दी।
ऑल हरियाणा रोडवेज वर्कर यूनियन के जनरल सेक्रेटरी सरबत सिंह पूनिया ने इस घटना की निंदा की है।

पूनिया ने कहा कि यह घटना उनके नोटिस में नहीं है, अगर ऐसी कोई बात हुई है तो यह गलत है।
किसी रोडवेज कर्मचारी को स्ट्राइक में शामिल नहीं होने की सजा जूतों की माला पहनाना लोकतंत्र के खिलाफ है।

पूनिया ने कहा कि हरियाणा भर से 16 हजार रोडवेज कर्मियों ने दो दिवसीय हड़ताल में
सरकार की नीतियों का विरोध का फैसला लिया था। इन 16 हजार में 15 हजार कर्मचारी हड़ताल में एकजुट हुए
और सरकार की नीतियों को गलत बताकर विरोध दर्ज करवाया।
पूनिया ने कहा कि जिन रोडवेज कर्मियों ने हड़ताल में साथ नहीं दिया, उन्हें भी समझना चाहिए कि हड़ताल सभी रोडवेज कर्मचारियों के लिए है।
March 29, 2022

हरियाणा को मिलेंगे 1252 सरकारी डॉक्टर : भर्ती का शेड्यूल जारी

हरियाणा को मिलेंगे 1252 सरकारी डॉक्टर :भर्ती का शेड्यूल जारी ; 


10 अप्रैल को होगी लिखित परीक्षा; एक-एक अंक के बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे
चंडीगढ़ : हरियाणा स्वास्थ्य विभाग में 1252 डॉक्टरों की भर्ती होने जा रही है। भर्ती के लिए परीक्षा की जिम्मेदारी पंडित बीडी शर्मा हेल्थ साइंस यूनिवर्सिटी रोहतक ने शेडयूल भी जारी कर दिया है। विभिन्न जिलों के सरकारी अस्पतालों में रखे जाने वाले डॉक्टरों की 10 अप्रैल को लिखित परीक्षा होगी और 18 अप्रैल को परिणाम घोषित किया जाएगा। परीक्षा 10 अप्रैल को दोपहर साढ़े 12 बजे से 02 बजे तक आयोजित की जाएगी। इसके बाद 31 मई तक स्थायी पंजीकरण प्रमाण पत्र जमा करवा सकेंगे। जिसमें एक-एक अंक के बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे।
प्रत्येक प्रश्न के चार विकल्प होंगे। प्री-क्लिनिक विषय (एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, बॉयोकेमिस्ट्री) 10 नंबर, पैरा-क्लिनिक विषय (माइक्रोबॉयोलॉजी, पैथोलॉजी, फार्माकोलॉजी, फोरेंसिंक दावा) 10 नंबर, नैदानिक विषय (सामान्य चिकित्सा, सामान्य सर्जरी, प्रसूति और स्त्री रोग, बाल रोग, हड्डी रोग, त्वचा और वीडी, रेडियोडॉग्नोसिस, छाती और टीबी, नेत्र विज्ञान, ईएनटी) 50 नंबर, व्यावहारिक पहलुओं पर जोर देने के साथ सामुदायिक चिकित्सा और राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रम विषय पर 20 नंबर, सामान्य जागरूकता पर 10 नंबर के प्रश्न होंगे।
68 डॉक्टर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के पद पर हुए पदोन्नत
पहले यह भर्ती 981 पदों पर होनी थी। प्रदेश स्वास्थ्य विभाग में सैंक्शन 3741 पदों पर 2557 डॉक्टर काम कर रहे हैं और 1184 पद खाली हैं। मगर हाल ही में 68 चिकित्सा अधिकारियों की वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी के पद पर पदोन्नति हो गई। इसके चलते विभाग में चिकित्सा अधिकारियों के खाली पदों की संख्या 1184 से बढक़र 1252 हो गई। अब विभाग ने इन सभी पदों पर डॉक्टरों की तैनाती का निर्णय लिया है, ताकि प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को पूरा किया जा सके।
March 29, 2022

राजवंशो के 500 सिक्कों के संग्राहलय के मालिक हैं विवेक अरोड़ा

राजवंशो के 500 सिक्कों के संग्राहलय के मालिक हैं विवेक अरोड़ा 

भिवानी : भिवानी के रहने वाले विवेक अरोड़ा को राजवंशों के सिक्के एकत्रित करने  का शोक है। 35 वर्षीय विवेक अरोड़ा एक निजी कम्पनी में मैनेजर की जॉब करते हैं। 
सिक्का संग्रह करना विवेक अरोड़ा का शौक है और पिछले 10 वर्षों से सिक्के एकत्र किए हुए हैं। विवेक के संग्रह में  विभिन्न राजवंशों के 400-500 सिक्के हैं। जैसे मौर्य काल के पंच चिह्न सिक्के, गुप्त साम्राज्य के सिक्के , कुषाण काल के सिक्के, नागा वंश, गजनी वंश, चौहान वंश दिल्ली के शासक, कश्मीर शासक, दिल्ली सल्तनत, भारतीय भारतीय रियासत इंडियन प्रिंसली स्टेट लिखे पटिआला, कपूरथला, जींद, जयपुर,बीकानेर, बांसवाड़ा, अलवर, जोधपुर, मुगल सम्राट, सिंध शासक, बहमनी सुल्तान, गुजरात सल्तनत, मलवा सल्तनत आदि।
इस संग्रह में तांबे के सिक्के, अरब सिक्के (तांबा + चांदी धातु), चांदी के सिक्के और कुछ सोने के सिक्के हैं।
विवेक ने अपने पुराने सिक्कों का संग्रह दिखाने वाले अपने एक परिचित से प्रेरणा लेकर वर्ष 2012-13 में सिक्का संग्रह शुरू किया था।
सिक्के...इस तरह से विवेक अरोड़ा ने सिक्का संग्रह की अपनी यात्रा शुरू की।
इनके  कुछ सिक्कों के सिक्कों के संग्रह की छवियां विवेक के संदर्भ के लिए संलग्न हैं।
March 29, 2022

हुड्डा खाप की पंचायत में फैसला, गांवों में स्मार्ट बिजली मीटर नहीं लगाने देंंगे, चाहे झेलना पड़े मुकदमा

हुड्डा खाप की पंचायत में फैसला, गांवों में स्मार्ट बिजली मीटर नहीं लगाने देंंगे, चाहे झेलना पड़े मुकदमा

 रोहतक : किलोई गांव की पंचायती चौपाल में हुड्डा खाप की मीटिंग हुई। इसकी अध्यक्षता खाप प्रधान ओमप्रकाश हुड्डा ने की। बैठक में निर्णय लिया गया कि हुड्डा खाप के गांव खिडवाली, टिटौली, सांघी, घुसकानी, जिंदरान, मकड़ौली, बसंतपुर, ब्राहम्णवास, सुंदरपुर, टिटौली, लाढ़ौत,भैयापुर, किलोई, रुड़की, मुंगाण समेत सभी 24-25 गांवों में कोई भी व्यक्ति बिजली के स्मार्ट मीटर घरों से बाहर नहीं लगवाएं। पंचायत में बताया गया कि स्मार्ट मीटर दूसरे मीटरों की तुलना में ज्यादा बिजली की खपत दर्ज करते हैं। जिसकी वजह से लोगों को बीतेे सर्दी के मौसम में भी दस-दस हजार रुपये के बिल भेजे गए। खपत से ज्यादा बिल होने की वजह से ही लोगों ने बिलों की अदायगी नहीं की। इसमें कहा गया कि बिजली वितरण निगम की टीम जब स्मार्ट मीटर लगाने के लिए गांवों में आएगी तो उसका हर तरह से विरोध किया जाएगा। इस विरोध कार्य में एक गांव दूसरे पड़ोसी गांव की मदद भी करेगा।  हजपा-कांग्रेस पार्षदों ने मोमबत्तियां जलाकर अरुण को दी श्रद्धांजलि बैठक में बताया गया कि अगर किसी गांव में मीटर बदलने के लिए बिजली वितरण निगम टीम पहुंचती है तो इसकी जानकारी उस गांव के लोग अपने पड़ोसी गांव को देंगे। ताकि साथ वाले गांव के लोग मौके पर पहुंचकर मीटर बदलने वाली टीम को गांव से बाहर कर सकें। पंचायत की अध्यक्षता करते हुए खाप प्रधान एवं खिडवाली गांव के पूर्व सरपंच ओमप्रकाश हुड्डा ने बताया कि गांव स्मार्ट मीटर किसी भी सूरत में नहीं लगने देंगे। बेशक इसको लेकर हुड्डा खाप के लोगों को मुकदमे झेलने पड़े। अध्यक्ष हुड्डा ने कहा कि दो किलोवाट बिजली खपत के बिल सर्दी के मौसम में भी दस-दस हजार रुपये के बिजली बिल निगम ने लोगों को भेजे हुए हैं। उन्होंने कहा कि जिन उपभोक्ताओं को भारी-भरकम बिल भेजे गए हैं, उनकी आर्थिक स्थिति ऐसी नहीं है कि वे इसे अदा कर सके। ऐसे में लोगों के पास एक ही विकल्प है कि बिल न भरे और स्मार्ट मीटर भी न लगने दें। ज्यादा बिल देने का आरोप पंचायत में मौजूद भारतीय किसान यूनियन चढूनी के जिला प्रधान राजू मकड़ौली ने कहा कि हुड्डा खाप के निर्णय पर अमल किया जाएगा। क्योंकि बिजली के स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की जेब काटने के लिए लगाए जा रहे हैं। कम बिजली का उपभोग करने के बाद भी मीटर ज्यादा दर्ज कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कई गांवोंं में कुछ समय पहले स्मार्ट मीटर लगाए गए थे, जब बिल आए तो उपभोक्ता दंग रह गए। एक भी उपभोक्ता ऐसा नहीं था, जिसके यहां बिजली वितरण निगम ने पांच सौ-सात रुपये का बिल भेजा हो। किसी उपभोक्ता को चार हजार रुपये, किसी को आठ और किसी को दस हजार रुपये तक का बिल निगम ने भेजा। मकड़ौली ने कहा कि हुड्डा खाप के किसी भी गांव में अब सामान्य मीटरों के स्थान पर स्मार्ट मीटर नहीं लगने दिए जाएंगे।
March 29, 2022

हरियाणा में हायर एजुकेशन की नीतियों का विरोध:रिसर्च स्कॉलर ने काली पटि्टयां बांध कर पंचकूला में शिक्षा सदन के बाहर निकाला मौन जुलूस

हरियाणा में हायर एजुकेशन की नीतियों का विरोध:रिसर्च स्कॉलर ने काली पटि्टयां बांध कर पंचकूला में शिक्षा सदन के बाहर निकाला मौन जुलूस

चंडीगढ़ : हरियाणा एस्पायरिंग असिस्टेंट प्रोफेसर एसोसिएशन ने हायर एजुकेशन विभाग में नियुक्तियों में धांधली की शिकायत अतिरिक्त मुख्य सचिव को सौंपा। इससे पूर्व डायरेक्टर हायर एजुकेशन को भी सौंपा ज्ञापन। एसोसिएशन ने हरियाणा के विभिन्न राजकीय महाविद्यालयों में नकली डिग्री,गलत चयन व नियुक्तियां, अयोग्य एक्सटेंशन लेक्चरर्स की भर्ती की सीबीआई या हाई पावर इंडिपेंडेंट एजेंसी से जांच करवाने व उन्हें तुरंत हटा कर रेगुलर अपॉइंटमेंट करवाने की मांग की है। इस मौके पर शिक्षा सदन के बाहर 80 सदस्यों ने मौन जुलूस निकाला।

प्रदेश के विभिन्न कॉलेजों में अयोग्य एक्सटेंशन लेक्चरर्स भर्ती घोटाला उजागर करने वाले लोगों ने सोमवार को प्रदेश के सीएम मनोहर लाल के नाम ज्ञापन सौंपकर इस मामले की सीबीआई या हाई पावर इंडिपेंडेंट एजेंसी से जांच करवाने व उन्हें तुरंत हटा कर रेगुलर अपॉइंटमेंट करवाने की मांग की है।

एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि प्रदेश के विभिन्न विद्यालयों में असिस्टेंट प्रोफेसर का वर्क लोड हमेशा रहता है। इसी संदर्भ में उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा द्वारा 5 जून 2013 के जारी पत्र द्वारा प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालय में 200 रुपए प्रति पीरियड के हिसाब से (अधिकतम 18 हजार रुपए प्रति माह) एक्सटेंशन लेक्चरर्स की नियुक्ति के प्राचार्यों को आदेश दिए थे। इसके लिए प्राचार्य व स्टाफ ने मिलीभगत कर अपनी इच्छा से इन भर्तियाें में फर्जीवाडा कर अपने परिचितों व भाई भतीजावाद कर नॉन क्वालिफाइड व नॉन एलिजिबल एक्सटेंशन लेक्चरर्स लगाने शुरू कर दिए। धीरे-धीरे इनकी संख्या बढ़़ती चली गई।
प्राइवेट यूनिवर्सिटीज से प्राप्त नकली पीएचडी डिग्री का प्रचलन बढ़़ता चला गया और गलत ढंग से चयन व नियुक्तियां होनी शुरू हो गई। इन्होंने सड़क पर सरकार के विरुध प्रदर्शन करने शुरू कर दिए और सरकार से धीरे-धीरे अपनी मांगे मनवानी शुरू कर दी। 20 जुलाई 2017 को इनका वेतन 18000 प्रतिमा से बढ़ाकर 25000 कर दिया गया। धीरे धीरे दबाव के चलते इनका मासिक वेतन 57700 रुपए प्रतिमा एलिजिबल व 35400 रुपए मासिक नॉन एलिजिबल कर दिया गया। इसके बाद जो लोग अपनी इच्छा से इधर-उधर नौकरी छोड़ कर चले गए थे, वे सब प्रचार्यों व स्टाफ की मिलीभगत से वापिस आकर कॉलेजों में एडजस्ट होने शुरू हो गए।
उन्होंने प्राइवेट यूनिवर्सिटी से पीएचडी की नकली डिग्री बनवारी शुरू कर दी और 57700 रुपए प्रति माह लेने शुरू कर दिए। इस सब में उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा के कर्मचारी भी शामिल हो गए व बुरी तरह से भ्रष्टाचार का बोलबाला होने लगा। कई बार सरकार ने नॉन एलिजिबल कैंडिडेटस को हटा दिया, परंतु उच्चतर शिक्षा विभाग व कॉलेजों की मिलीभगत व कई बार पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट चंडीगढ़ के आदेश पर इन वन एलिजिबल कैंडिडेट वापस बुला लिए गए। उच्चतर शिक्षा विभाग हरियाणा ने भी उदासीन रवैया अपनाते हुए पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में सही ढंग से पैरवी नहीं की। उपरोक्त सब का खामियाजा वेल क्वालिफाइड नेट पीएचडी यूथ को भुगतना पड़ रहा है।

एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उपरोक्त वर्किंग एक्सटेंशन लेक्चरर्स द्वारा प्राइवेट यूनिवर्सिटी से प्राप्त हुई डिग्री, गलत चयन व नियुक्तियों की जांच कॉलेज के प्राचार्यों से ना करवा कर सीबीआई या हाई पावर इंडिपेंडेंट एजेंसी से करवाई जाए। इनमें डॉ. दीपक, प्रो. सुभाष सपरा, गौरव, रवि, प्रदीप सुशील, आरके जांगड़ा, अनिल अहलावत, बिजेंद्र सिंह, संजीव, अंकित बामल, राकेश कुमार, अमन माण्डरा सहित अन्य साथी मौजूद रहे।
March 29, 2022

IPL के रण में आज उतरेगा जींद का युजवेंद्र चहल:राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलेंगे पहला मैच; इससे पहले था RCB का हिस्सा, जोश में मित्र-मंडली

IPL के रण में आज उतरेगा जींद का युजवेंद्र चहल:राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलेंगे पहला मैच; इससे पहले था RCB का हिस्सा, जोश में मित्र-मंडली
जींद : आईपीएल-15 में सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच सोमवार को पहला मैच शाम 7:30 पर खेला जाएगा। हरियाणा के जींद के रहने वाले युजवेंद्र चहल इस बार राजस्थान रॉयल्स की तरफ से मैदान में उतरेंगे। इस सीजन से पहले युजवेंद्र चहल विराट कोहली की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की तरफ से खेलते थे, लेकिन इस बार रॉयल चैलेंजर्स ने चहल को रिटेन नहीं किया। जिसके चलते राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें खरीद लिया।

चहल 2014 से 2021 तक रॉयल चैलेंजर्स का हिस्सा रहें हैं, इस दौरान उन्होंने टीम के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। चहल की गिनती हाल में सबसे सफल स्पिन गेंदबाजों में की जाती है। चहल अपनी घूमती गेंदों में फंसाकर कई बड़े दिग्गज खिलाड़ियों को आउट करने का हुनर रखते हैं। जिसके चलते आज के मैच में सभी की नजर चहल की गेंदबाजी पर रहने वाली है।

*राजस्थान रॉयल्स ने 6.50 करोड में खरीदा*

पूर्व में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के लिए धमाकेदार प्रदर्शन करने वाले युजवेंद्र चहल इस आईपीएल सीजन में राजस्थान रॉयल्स की जर्सी पहन मैदान में उतरेंगे। इस बार के मेगा ऑक्शन में रॅायल चैलेंजर्स ने चहल को रिटेन नहीं किया, जिसके चलते राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें 6.50 करोड में खरीद लिया। आज के मैच में सभी की नजर चहल की गेंदबाजी पर रहने वाली है।

*आईपीएल में युजवेंद्र चहल का प्रदर्शन*

युजवेंद्र चहल ने आईपीएल में अब तक 114 मैचों में 22.28 की औसत और 7.59 की इकनॉमी रेट से 139 विकेट लिए हैं। वह पीयूष चावला और अमित मिश्रा के बाद लीग में 100 से ज्यादा विकेट लेने वाले तीसरे लेग स्पिनर हैं। पिछले सीजन में उन्होंने 15 मैचों में 20.77 की औसत और 18 विकेट लिए थे। पिछले सीजन में वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर की ओर से दूसरे सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे।
*जींद में जन्में और यहीं पले बढ़े*

युजवेंद्र चहल का जन्म 23 जुलाई 1990 को हरियाणा के जींद में हुआ था। उनका परिवार मूलत: जींद के नजदीकी गांव दरियावाला का रहने वाला है। उनके पिता केके चहल पेशे से वकील हैं। गुरुग्राम कें शिफ्ट होने से पहले वे जींद कोर्ट में ही प्रेक्टिस करते थे।चहल तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा है। वे पहले शतरंग के खिलाड़ी थे। चूंकि उनके पिता क्रिकेट एसोसिएशन के जिला सचिव भी रहे हैं, ऐसे में उनकी रूचि क्रिकेट में भी आरंभ से ही रही है।

*शतरंग के भी चैंपियन रहे*

युजवेंद्र चहल जींद में रहते हुए डीएवी स्कूल में पढ़े हैं। रेलवे रोड पर रामबीर कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहे हैं। स्कूल में पढ़ाई के दौरान उन्हें शतरंज खेलना पसंद था। उन्होंने स्कूल में रहते हुए कई शतरंज टूर्नामेंट पुरस्कार भी जीते। चहल भारतीय अंडर 12 श्रेणी के सतरंज चैंपियन भी रहे है। चहल आईपीएल में पहले मुंबई इंडियंस और फिर बैंगलोर के तरफ से खेलते थे।
*मित्र मंडली की मैच पर खास नजर*

युजवेंद्र चहल का परिवार वर्तमान में गुरुग्राम शिफ्ट हो चुका है। बावजूद उसके जींद में युजवेंद्र की एक मित्र मंडली आज भी है। कई युवा जहां उनके साथ खेले हैं, वहीं जिन गलियों में वे पले बढ़े, वहां के लोगों को भी उन पर नाज है। जींद के लोगों खासकर उनकी मित्र मंडली आज के मैच को लेकर उत्साह में है।

Monday, March 28, 2022

March 28, 2022

जल शक्ति मंत्रालय सदस्य द्वारा सम्मानित किया गया जींद के एडवोकेट शुभम जयहिंद

जल शक्ति मंत्रालय सदस्य द्वारा सम्मानित किया गया जींद के एडवोकेट शुभम जयहिंद 

जींद  : मथुरा मे लाईफ लाइन फाउंडेशन द्वारा आयोजित जल चर्चा कार्यक्रम के दौरान जल शक्ति मंत्रालय के सदस्य राजेश गोयल एवं कोलंबिया यूनिवर्सिटी की कुलपति रश्मी द्वारा युवा समाज सेवी एडवोकेट शुभम जयहिंद को सम्मानित किया गया। शुभम जयहिंद ने बताया की मथुरा मे जल बचाव को लेकर जल वॉरियर अवार्ड का आयोजन किया गया जिसमे पूरे भारत से विभिन्न समाज सेवियों को निमंत्रण दिया गया जो सदस्य समाज मे रहकर सामाजिक कार्य कर रहे है उन सभी सदस्यो को सम्मानित किया गया। शुभम जयहिंद पिछले छः साल से जरूरतमंद बच्चो को निःशुल्क शिक्षा एवं शिक्षा सम्बन्धित  सामग्री उपलब्ध करवा है शुभम जयहिंद द्वारा जातिवाद के विरुध 2016 से बड़ी मजबूती से अभियान चलाए है जिनके कार्यो देखकर एडवोकेट शुभम जयहिंद को मथुरा मे सम्मानित किया गया है। एडवोकेट शुभम जयहिंद जींद शहर मे संस्था चला रहे है जो शिक्षा पर कार्य करती है और अब जरूरतमंद बच्चो के लिए जींद शिक्षा भवन का निर्माण करवाया जा रहा है ।
फ़ोटो :एडवोकेट शुभम जयहिंद
March 28, 2022

राम रहीम की सल्तनत पर हनीप्रीत का 'कब्जा':डेरा प्रमुख का परिवार होगा विदेश में सेटल; प्रबंधन-परिवार में मतभेद,जेल से आई गुरमीत की 9वीं चिट्‌ठी

राम रहीम की सल्तनत पर हनीप्रीत का 'कब्जा':डेरा प्रमुख का परिवार होगा विदेश में सेटल; प्रबंधन-परिवार में मतभेद,जेल से आई गुरमीत की 9वीं चिट्‌ठी
चण्डीगढ़ : सिरसा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम की सल्तनत पर उसकी मुंहबोली बेटी हनीप्रीत ने अधिकार जमाने के लिए तिकड़म लड़ाने शुरू कर दिए हैं। डेरा प्रबंधन और राम रहीम के परिवार में मतभेदों की खबरों के बीच जेल से राम रहीम की चिट्‌ठी सामने आई है।

चिट्‌ठी में मतभेदों पर राम रहीम की सफाई साफ झलक रही है। साथ ही वह अपने परिवार के विदेश में सेटल होने की बात भी कह रहा है। रोहतक की सुनारिया जेल से डेरा प्रेमियों के नाम गुरमीत की यह 9वीं चिट्‌ठी है।
रविवार को डेरा सच्चा सौदा सिरसा स्थित शाह सतनाम धाम में नामचर्चा के दौरान डेरा प्रेमियों के नाम लिखी राम रहीम की चिट्‌टी पढ़कर सुनाई गई। राम रहीम ने एक बार फिर सभी धर्मों का आदर करने और खुद ही 'गुरु' होने की बात दोहराई है।

वहीं, मतभेद की चर्चाओं के बीच पहली बार डेरा प्रमुख ने पारिवारिक सदस्यों और हनीप्रीत का जिक्र किया। इससे उसने पारिवारिक रिश्तों में तल्खियों की बात पर विराम लगाने का प्रयास किया।। साथ ही कहा कि उसका परिवार अब विदेश में सेटल होने जा रहा है। डेरा प्रमुख के तीनों बच्चों और दामाद सहित पूरे परिवार का विदेश जाना तय है। डेरा प्रमुख की मां नसीब कौर और उसकी पत्नी हरजीत कौर भी विदेश में ही रहेंगी।
डेरा सच्चा सौदा प्रमुख राम रहीम और हनीप्रीत।
*डेरा प्रमुख का दावा- सभी एकजुट*

डेरा प्रमुख ने चिट्‌ठी में पहली बार अपने परिवार के सदस्यों के नाम लिए हैं। साथ ही जिक्र किया कि सभी लोग उन्हें लेने आए। पत्र के माध्यम से डेरा प्रेमियों को संदेश देते हुए डेरा प्रमुख ने लिखा कि हमारे सारे सेवादार, एडमिन ब्लॉक सेवादार, जसमीत, चरणप्रीत, हनीप्रीत, अमरप्रीत सब एक हैं और हमारे वचनों पर चलते हैं। चारों हमें रोहतक इकट्ठे छोड़ने आए और वापस भी चारों इकट्‌ठे गए। जसमीत, चरणप्रीत और अमरप्रीत ने हमसे आज्ञा ली है कि 'उच्च शिक्षा' प्राप्ति के लिए वो अपने बच्चों के साथ उन्हें पढ़ाने विदेश जाएंगे। इसलिए प्यारी साध-संगत जी आपने किसी के भी बहकावे में नहीं आना है।
*फरलो के दौरान लिखी गई पूरी पटकथा*

डेरे की अंदरूनी राजनीति और हनीप्रीत से मनमुटाव के कारण ही डेरा प्रमुख का परिवार विदेश जा रहा है। डेरा प्रमुख के परिवार के विदेश जाने की खबर से स्पष्ट है कि डेरे की कमान बैक डोर से हनीप्रीत के पास होगी। डेरे से जुड़े सूत्रों के अनुसार राम रहीम की 21 दिन की फरलो के दौरान ही यह पूरी पटकथा लिखी गई। इस दौरान निवर्तमान चेयरपर्सन डॉ विपासना इंसा की जगह अब डॉ. पीआर नैन को नया चेयरपर्सन बना दिया गया है। डेरा मैनेजमेंट में भी कुछ बदलाव किए हैं। इसमें हनीप्रीत के समर्थकों को नई जिम्मेदारी दी गई है। इसका अंदाजा इस बात से लगा सकते हैं कि गुरुग्राम में डेरे के स्वच्छता अभियान के दौरान पहली बार हनीप्रीत ने अपना वीडियो जारी किया।
*चिट्‌ठी में और भी कई बातें...*

डेरा प्रमुख ने चिट्‌ठी में रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे युद्ध के जल्दी खत्म होने और विश्व में शांति स्थापना की प्रार्थना की और साध-संगत से भी ऐसा करने का आह्वान किया।
डेरा प्रमुख ने लिखा कि कभी किसी धर्म की निंदा, बेअदबी या बुराई करनी तो दूर ऐसी कल्पना भी नहीं की। वह तो सर्वधर्म का 'सत्कार' करते हैं और सबको 'सत्कार' करने की शिक्षा देते हैं।
अप्रैल में डेरा सच्चा सौदा के 'स्थापना दिवस' के अवसर पर भंडारे का आयोजन होता है। पता चला है कि साध-संगत अप्रैल में रोहतक में भी 'सफाई महाअभियान' करना चाहती है इसलिए डेरा सच्चा सौदा के चेयरपर्सन डॉ. पीआर नैन इन्सां और जिम्मेदार प्रशासनिक अनुमति लेकर यह सेवा करें।
डेरा प्रमुख ने 6 मार्च को साध-संगत की ओर से गुरुग्राम में चलाए सफाई महाअभियान की प्रशंसा में लिखा कि हमारे गुरुग्राम से आने के बाद आपने वहां 'सफाई महा अभियान' चलाकर श्रद्धा की बेमिसाल 'मिसाल' कायम की।
डेरा प्रमुख ने लिखा कि साध-संगत हमेशा बढ़-चढ़कर आश्रम में आती रहे। हम आपके गुरु थे, हैं और हमेशा गुरु रूप में वचन देते हैं कि जितनी बार आप आश्रम में आएंगे, हर बार आगे से चौगुनी खुशियां व बरकतें हम परम पिता सतगुरु से दिलवाएंगे।
*सुनारिया जेल में बंद है राम रहीम*

2017 से साधवी यौन शोषण मामले में डेरा प्रमुख सजा काट रहा है। उसे पत्रकार छत्रपति और रणजीत हत्याकांड में भी उसे सजा हो चुकी है। राम रहीम को इसी साल पंजाब चुनाव से ठीक पहले 7 फरवरी को 21 दिन की फरलो मिली थी। गौरतलब है कि पंजाब में AAP सरकार बनने के बाद दो नए केसों में डेरा प्रमुख का नाम जोड़ा गया है। इनमें विवादित पोस्टर लगाने और श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पावन अंग मिलने के मामले शामिल हैं।
March 28, 2022

आम आदमी पार्टी नाम की नहीं,काम की राजनीति करती है : डॉ गणेश कौशिक

आम आदमी पार्टी नाम की नहीं,काम  की राजनीति करती है : डॉ गणेश

जींद : जिला जींद के प्रवक्ता व मीडिया प्रभारी डॉ गणेश कौशिक ने कहा कि आम आदमी पार्टी नाम कि नहीं काम की राजनीति करती है। दिल्ली सरकार की गुड गवर्नेंस तथा पंजाब की प्रचंड जीत में स्पष्ट कर दिया है कि हरियाणा की जनता भी सत्ता परिवर्तन चाहती है। हरियाणा के पार्टी प्रभारी डॉक्टर सुशील गुप्ता का स्पष्ट कहना है कि अरविंद केजरीवाल की कथनी और करनी में कोई अंतर नहीं है। उनकी नीति और नियत में कोई फर्क नहीं है। अब हरियाणा में भी आम आदमी पार्टी की लहर चल चुकी है। हरियाणा में 100000 लोग पार्टी ज्वाइन कर चुके हैं। आप पार्टी सदस्यता को डिजिटल किया जाएगा। आम आदमी पार्टी हरियाणा में नेताओं से ज्यादा कार्यकर्ताओं का मान सम्मान करेगी। जमीनी स्तर पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को पार्टी में तवज्जो दिया जाएगा।

Sunday, March 27, 2022

March 27, 2022

करनाल मेरा दूसरा घर-कुलदीप बिश्नोई

करनाल मेरा दूसरा घर-कुलदीप बिश्नोई


-जन-जागरण कायकर्ता सम्मेलन ने लिया रैली का रूप, सीएम सीटी में भ्रष्टाचार के खिलाफ कुलदीप की हुंकार-
करनाल, 27 मार्च: कांग्रेस केन्द्रीय कार्यकमिति सदस्य एवं विधायक कुलदीप बिश्नोई ने आज स्थानीय सब्जी मंडी में आयोजित जन-जागरण कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि करनाल की इस महान धरती पर जब भी मैं आता हूँ तो एक गहरा लगाव, अपनेपन और आप सबके साथ पारिवारिक जुड़ाव महसूस करता हूं। मेरे पिता युगपुरूष स्व. चौ. भजनलाल जी ने जब 1998 में यहां से लोकसभा चुनाव जीता था तो उस समय मैं उनके चुनाव प्रचार में सबसे पहले करनाल में लोगों से करीब से मिला था और वो दिन है और आज तक मुझे हमेशा करनाल की जनता ने दिल खोलकर आशीर्वाद दिया, प्यार दिया और जब-जब आपसे समर्थन मांगा तो उम्मीद से बढ़कर समर्थन भी मुझे दिया। 2009 में जब हजकां को जिताने की बात आई तो समालखा और अंसध से हमने जीत दर्ज की। चाहे करनाल में मेरी रैलियां सफल करने की बात हो, भव्य के युवा सम्मेलन, रेनुका के महिला सम्मेलन हों, हमेशा करनाल की जनता ने मेरा साथ दिया है। हिसार के बाद अगर मेरा कोई दूसरा घर है तो वह करनाल है। जिला स्तरीय सम्मेलन में उमड़ी भारी भीड़ से सम्मेलन ने बड़ी रैली का रूप धारण कर लिया और कार्यकर्ताओं ने ढोल नगाड़ों, फूलों की वर्षा एवं मालाओं से उनका जबरदस्त स्वागत किया।
कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि कोर्डिनेशन कमेटी की जिला वाईज बैठकों के बाद जब हमारी टीम के साथ मैं चर्चा कर रहा था कि पूरे हरियाणा में कहां से कार्यक्रमों की शुरूआत करनी चाहिए तो हर जगह से एक ही आवाज आई करनाल..करनाल...करनाल...।
        उन्होंने कहा कि मैं आयोजक भाई पवन शाहपुर व करनाल के सभी साथियों का आभार व्यक्त करता चाहता और बधाई भी देना चाहता हैं कि सिर्फ 10 दिनों के नोटिस पर आप सबने करनाल में इस कार्यकर्ता सम्मेलन को एक रैली का रूप देकर दिखा दिया कि हमारी टीम आज भी उतनी ही मजबूत और एकुजट है, जितनी 2014 में थी। जब-जब मुझे राजनीतिक रूप से साथ की जरूरत पड़ी तो करनाल की जनता ने हमेशा मुझे ताकत देने का काम किया और आज फिर से आप लोगों ने इस विशाल जनसमूह के रूप में उपस्थित होकर दर्शा दिया कि कुलदीप बिश्नोई और करनाल एक दूसरे की पहचान हैं।
        कुलदीप ने कहा कि 2013 में 57 दिनों की रथ यात्रा के बाद जब लोकसभा चुनाव का समय आया तो करनाल लोकसभा से चुनाव लडऩे का मेरा बड़ा मन था और लगभग-लगभग मैं यह तय कर चुका था कि करनाल से ही 2014 का लोकसभा चुनाव लडूंगा, परंतु कहते हैं होनी को कुछ और ही मंजूर था और भाजपा ने हमें धोखा दिया और सभी जानते हैं कि उसके बाद हम राजनीतिक रूप से कमजोर हो गए और हमारी वर्षों की मेहनत पर पानी फिर गया। जो वोट बैंक हमने राज्यभर में खड़ा किया था वह भाजपा में शिफ्ट हो गया जो आज तक कांग्रेस में नहीं लौट पाया है। 2005 तक चौ. भजनलाल के साथ कांग्रेस में वह परंपरागत वोट बैंक था और बाद हमें मेरे कारण ही भाजपा में शिफ्ट हुआ। कांग्रेस के उसी परंपरागत वोट बैंक को वापिस कांग्रेस में लाने के लिए मैंने एक बार फिर से करनाल से ही शुरूआत की है और आज आपने हजारों की संख्या में यहां पहुंचकर मुझे एक नई ऊर्जा और ताकत प्रदान की है। आज मैं दावे के साथ कह सकता हूँ कि जिस जीटी रोड़ बैल्ट से भाजपा सत्ता में आई थी उसी जीटी रोड़ बैल्ट से हम भाजपा को उखाडऩे का काम करेंगे और 2024 में राज्य में आपकी सरकार बनाएंगे। भ्रष्टाचार मुक्त शासन, प्रशासन का ढोल पीटने वाली इस सरकार में मुख्यमंत्री के गृह जिले करनाल में ही करोड़ों रूपए का डीटीपी घोटाला सामने आया है। मुख्यमंत्री की नाक के नीचे अवैध कालोनियों के नाम पर लोगों से अफसर करोड़ों रूपए की रिश्वत लेते रहे। भाजपा नेताओं व अफसरों से तंग आकर जब करनाल का एक कालोनाईजर जहर खा रहा था तो उसके बाद भी सरकार की आंख नहीं खुली। भाजपा बताए कि पिछले 8 में करनाल में आखिर क्या किया?  कोई नया स्कूल, इंस्टीट्यूट, कोचिंग सैंटर, मैडिकल कॉलेज तो छोड़ो कोई छोटा अस्पताल तक आज तक करनाल में नहीं बना। स्र्माट सिटी के नाम पर करनाल में बड़ा गड़बड़झाला चल रहा है। मुख्यमंत्री का गृह जिला होने के बावजूद करनाल के युवा रोजगार के लिए भटक रहे हैं। करनाल में भाजपा एक भी कोई नया बड़ा उद्योग, धंधा स्थापित नहीं कर पाई।
        कुलदीप बिश्नोई ने कहा कि करनाल जिले का ही जब इतना बुरा हाल है तो अंदाजा लगाया जा सकता कि बाकी प्रदेश में हालात क्या होंगे। बेटी-बेटी बचाओ का नारा देने वाली सरकार में पिछले 8 साल में दुष्कर्म केस 50 प्रतिशत तक बढ़ गए हैं। महंगाई व बेरोजगारी के मामले में हरियाणा पूरे देश में टॉप पर है। गठबंधन की नकारा नीतियों से प्रदेश पर ढाई लाख करोड़ रूपए का कर्ज चढ़ गया है। डीएपी, यूरिया खाद के लिए किसान दर-दर भटक रहे हैं।
राज्य की जनता को अगर 36 बिरादरी के हितों की रक्षा करने वाली कोई सरकार दे सकता है तो कांग्रेस पार्टी ही केवल एकमात्र विकल्प है। भाजपा ने देश, प्रदेश को धर्म, जातिवाद के नाम पर बांटकर और झूठ फैलाकर सत्ता हथियाई है। जितनी जल्द जनता भाजपा की असलियत को पहचानेगी उतना जल्दी देश का लोकतंत्र बच पाएगा। कांग्रेस ही इस देश की आत्मा को समझ सकती है, अपना सकती है और उसके अनुसार नीतियां बना सकती है।
        इस दौरान पूर्व सांसद धर्मपाल मालिक, पूर्व विधायक कुलबीर बैनीवाल, योगेंद्र नाथ मल्होत्रा, कमल सिंह, विनोद निर्मल, पवन शाहपुर, रणधीर पनिहार, रणजीत कौशिक, संजय गौतम, विक्रांत बिश्नोई, धर्मपाल डाचर, बालकिशन शर्मा, तेजपाल गर्ग, गुलाब सिंह नम्बरदार, राजेश अरोड़ा, मदन लाल शर्मा, संदीप एडवोकेट, राजीव देयोल, अमन शर्मा, स. बूटा सिंह, राजेन्द्र लांबा, माईलाल कश्यप, नरेश चौहान, जोगेन्द्र वाल्मीकि, जगतार सिंह, दीपक छाबड़ा, डॉ. सोहनलाल, राकेश सरोहा, अनिल कौशिक, कर्ण सिंह पसीना, बीजेन्द्र फौजी, अखिलेश गौतम, मंजू गुप्ता, धर्मपाल शर्मा,  राजीव कम्बोज,  रोकी राव, संदीप हुडा, जयभगवान शर्मा, सुरेश शर्मा, बाबा बलदेव, रमन त्यागी, महेश घोड़ारोप, धर्मबीर खत्री, दीप सैनी, सुरेन्द्र परमार, आजाद भडाणा, निहाल मताना,विनोद मेहता, प्रदीप कलतगडिया, राजकुमार बराडा, नीरज त्यागी, संजीव मनी, इम्तियाज खान, डब्बू त्यागी, बूटा सिंह, पालसिंह कम्बोज, साहिल बंसल आदि उपस्थित थे।
March 27, 2022

AAP के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता का ट्वीट:4 दिन में एक लाख से ज्यादा लोग पार्टी से जुड़े; बोले- डिजिटल मेंबरशिप अभियान शुरू होगा इस हफ्ते

AAP के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता का ट्वीट:4 दिन में एक लाख से ज्यादा लोग पार्टी से जुड़े; बोले- डिजिटल मेंबरशिप अभियान शुरू होगा इस हफ्ते

चंडीगढ़ :  पंजाब विधानसभा चुनाव में जीत से उत्साहित आम आदमी पार्टी हरियाणा में तेजी से लोगों को अपनी पार्टी में शामिल कर रही है। पार्टी इस हफ्ते अपना डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू करने जा रही है। हरियाणा प्रभारी सांसद सुशील गुप्ता ने टवीट करते हुए लिखा है कि चार दिन में एक लाख से ज्यादा लोग आम आदमी पार्टी से जुड़े। 40 विधायक- सांसद आम आदमी पार्टी के संपर्क में हैं।

हरियाणा में आज चुनाव हो तो 90 में से 80 सीट आम आदमी पार्टी की आ रही हैं। पार्टी की गतिविधियों ने हरियाणा में भाजपा- जजपा और कांग्रेस की चिंताएं बढ़ा दी हैं। पार्टी पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि 40 पूर्व एमएलए उनके संपर्क में हैं और उनके आवेदनों की जांच के बाद ही उन्हें पार्टी में शामिल किया जाएगा।

आप प्रभारी का टवीट


ऐप से शुरू करेगी सदस्यता अभियान

आप सांसद सुशील गुप्ता का कहना है कि हमनें अभी कोई सदस्यता अभियान नहीं चलाया है। लोग खुद ही जुड़ रहे हैं। पार्टी अभी अपना मेंबरशिप अभियान शुरू करेगी। इसके लिए एक ऐप लॉन्च किया जाएगा। उसमें मेंबर बनने वाले का रिकॉर्ड, बनाने वाले का रिकॉर्ड ऑनलाइन होगा। लोग रात को 2 बजे तक हमारा इंतजार कर रहे हैं। वे लोग खुद ही जुड़ रहे हैं। इस हफ्ते हम अपना ऐप लॉन्च कर देंगे।
*चौटाला- कांग्रेस- खट्‌टर सरकार पर कटाक्ष*

आप प्रभारी ने कुछ दिन पहले टवीट करके तंज कसा था कि चौटाला और कांग्रेसियों को देखा, देख रहे खट्‌टर सरकार। सारे निकले घणे निकम्मे, अब आप ही लगता अपना परिवार। दूसरी ओर सत्तापक्ष भी कह चुका है कि आप का हरियाणा में कोई जनाधार नहीं है। वहीं पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा भी बयान दे चुके हैं कि हरियाणा में आप स्टैंड नहीं हो पाएगी।

*कांग्रेस का भी डिजिटल अभियान जारी*

हरियाणा में कांग्रेस ने भी जनवरी 2022 से अपना डिजिटल सदस्यता अभियान शुरू किया हुआ है, जो 31 मार्च तक चलेगा। पार्टी की ओर से चीफ एनरोलर और अन्य को प्रशिक्षण भी दिया गया था। पार्टी हरियाणा में आप की गतिविधियों को लेकर अब अपना संगठन बनाने की तैयारी में है। पिछले 7 साल से हरियाणा में पार्टी ने संगठन ही नहीं बनाया है।