Breaking

Saturday, March 13, 2021

March 13, 2021

इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय ने कई परीक्षाओं की डेट बदली, देखें

इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय ने कई परीक्षाओं की डेट बदली, देखें


नारनौल : इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय मीरपुर रेवाड़ी में मार्च 2021 में स्नातकोतर स्तर के रेगूलर/रि-अपीयर की परीक्षा की तिथि में पुर्ननिर्धारण करते हुए एम.कॉम आनर्स के सातवें सेमेस्टर का पेपर करेंट अफेयर्स इन कॉमर्स (नया) जो 18 मार्च को होना था, वह अब 24 मार्च को तथा एमबीए तृतीय सेमेस्टर का पेपर इन्टरनेशनल मार्केटिंग (पुराना) व नया जो 29 मार्च को होने थे, वे अब 30 मार्च को और एम.ए अर्थशास्त्र के तृतीय सेमेस्टर का पेपर अर्बन इकोनोमिक्स 30 मार्च को होंगे। परीक्षा के समय तथा परीक्षा केंद्र में कोई बदलाव नही किया गया है। यह जानकारी परीक्षा नियंत्रक द्वारा प्रदान की गई है। उपरोक्त जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।
March 13, 2021

बजट पर अभय चौटाला बोले- आंकड़ों की बाजीगरी करके जनता को भ्रमित किया

बजट पर अभय चौटाला बोले- आंकड़ों की बाजीगरी करके जनता को भ्रमित किया 


 चंडीगढ़ : शुक्रवार को हरियाणा के मुख्यमंत्री ने वर्ष 2021-22 का बजट विधानसभा में पेश किया गया जिसे इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने मात्र आंकड़ों की बाजीगरी बताते हुए कहा कि प्रदेश के आर्थिक हालात को बेहतर दिखाने की तो भरपूर कोशिश की है परंतु हकीकत कुछ और ही है। बजट में प्रदेश की आम जनता को किसी प्रकार की कोई राहत नहीं है बल्कि कर्जा ही कर्जा है। बजट में कर्ज और आमदनी को देख कर यही कहा जा सकता है ''जब तक जीयो सुख से जियो, कर्जा लो और घी पीयो''। इनेलो नेता ने कहा कि यह बजट आम आदमी के मुंह से निवाला छीनने का बजट है। जब प्रदेश मे कोई विकास कार्य नहीं हो रहे है तब भी भाजपा सरकार कर्ज का बोझ बढ़ा रही है। इस बजट में आंकड़ों की बाजीगरी करके प्रदेश की जनता को भ्रमित किया गया है। बुढ़ापा पेंशन मेंं 250 रूपए की बढ़ोतरी दिखाई गई है जबकि असल में यह नौ महीनों के हिसाब से 187 रुपये बनती है।

 
 यह बजट प्रदेश के किसानों और आम जनता के साथ भद्दा मजाक है जो इस बढ़ती महंगाई के दौर में यह आस लगाए बैठे थे कि पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम कर उन्हे राहत देने का काम करेंगे। किसानों की फसल उत्पादन लागत पिछले वर्ष के मुकाबले बढ़ी है और इस बजट में किसानों को किसी प्रकार की राहत नहीं दी गई है। उन्होंने कहा कि यह बजट लोगों की जेब पर एक और आक्रमण है।
March 13, 2021

बीजेपी-जेजेपी विधायकों के विरोध में उतरे लोग, जींद-हांसी मार्ग पर लगाया जाम

बीजेपी-जेजेपी विधायकों के विरोध में उतरे लोग, जींद-हांसी मार्ग पर लगाया जाम



 जींद : नौगामा खाप से जुड़े गांवों के लोगों ने विधानसभा में सरकार का समर्थन करने वाले विधायकों के विरोध में जींद-हांसी मार्ग पर गुलकनी व रामराये गांव के बीच में जाम लगाया। जाम लगाकर सड़क पर धरने पर बैठे लोगों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि किसान हितेषी होने का दावा करने वाले विधायकों ने विधानसभा में सरकार के पक्ष में वोट कर अपना असली चेहरा दिखा दिया है। सरकार का समर्थन करने वाले विधायकों को गांवों में नहीं आने दिया जाएगा। अगर कोई विधायक उनके गांवों में आता है, तो उसका स्वागत लठों से किया जाएगा। किसान नरेश, अमित ने बताया कि नौगामा खाप में ईक्कस, ईंटल, राजपुरा भैण, घिमाना, बहबलपुर, बीबीपुर समेत 22 गांव आते हैं। जब तक तीनों कृषि कानून सरकार वापस नहीं ले लेती, तब तक इन गांवों में बीजेपी, जेजेपी और निर्दलीय विधायकों को नहीं आने देंगे। जाम की सूचना पाकर तहसीलदार अजय सैनी, सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों से बात कर जाम खुलवाया। सदन में उप मुख्यमंत्री ने विपक्ष की बोलती की बंद: राठी

 जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) के जिला प्रधान कृष्ण राठी ने कहा कि विधानसभा में विपक्ष द्वारा हरियाणा सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर गठबंधन सरकार ने करारी चोट मारी है। उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने सदन में सरकार के पक्ष में अपनी बात पूरे आत्मविश्वास से रखकर विपक्ष की बोलती बंद की है।
वीरवार को जारी बयान में जजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण राठी ने कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने सस्ती लोकप्रियता हासिल करने व किसान हितैषी होने का जो ढोंग रचा था, उसकी पोल खुल गई है। पूर्व मुख्यमंत्री ने किसानों के हमदर्द बनने का जो ढोंग रचा था, उसको उजागर करने का काम किया है। राठी ने कहा कि उप मुख्यमंत्री ने जजपा द्वारा व हरियाणा सरकार द्वारा सही मायने में किसानों व राज्य के सभी वर्गों के लिए भविष्य में जो कदम उठाने का निर्णय लिया है। उससे प्रदेश के विकास को गति मिलेगी और किसान अधिक मजबूत होगा। उनके उप मुख्यमंत्री होते हुए किसानों व कमेरे वर्ग के हितों पर कोई कुठाराघात नहीं होने दिया जाएगा।
March 13, 2021

हरियाणा बजट 2021:खट्‌टर की दो बड़ी घोषणाएं

हरियाणा बजट 2021:खट्‌टर की दो बड़ी घोषणाएं- 12वीं तक मुफ्त शिक्षा, 50 हजार युवाओं को नौकरी; हुड्‌डा का कमेंट- खोदा पहाड़, निकली चुहिया


चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्‍यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को बतौर वित्त मंत्री भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार का दूसरा बजट पेश किया। बजट टैब के जरिए ऑनलाइन पेश किया गया। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 12 बजकर 4 मिनट पर गणपति वंदना 'वक्रतुंड महाकाय, सूर्यकोटि समप्रभ:, निर्विघ्नम कुरुमे देव सर्व कार्येसु सर्वदा' से बजट भाषण शुरू किया था। बजट भाषण 2 बजकर 38 मिनट पर खत्म हुआ यानी बजट भाषण 2 घंटे 34 मिनट का रहा।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि वे अपनी सरकार के वर्तमान कार्यकाल के इस दूसरे बजट को आजादी की 75वीं वर्षगांठ और प्रदेश की जनता को समर्पित करते हैं। बजट में 12 वीं तक की शिक्षा को फ्री करने के साथ सरकारी स्कूलों में डिजिटल क्लासें बनवाने का ऐलान किया। वहीं राज्य में 3 नए मेडिकल कॉलेज और एक कैंसर विज्ञान केंद्र खोलने की भी घोषणा की।
मुख्यमंत्री के अनुसार, इस बार का बजट 155645 करोड़ रुपए रहा, जो पिछले वर्ष के बजट से 13 फीसदी अधिक है। बजट का 25 प्रतिशत पूंजीगत खर्च और 75 फीसदी राजस्व व्यय होगा। फरवरी 2021 तक 26038 करोड़ रुपए का राजस्व एकत्र किया, यह पिछले साल से 11.36 प्रतिशत अधिक है। 45066 करोड़ स्टेट डेवलपमेंट गोल से सबंधित योजनाओं के लिए आवंटित किए गए। 2021-22 के लिए राजकोषीय घाटा सकल राज्य घरेलू उत्पाद का 3.83 फीसदी अनुमानित है।






अन्य घोषणाएं

SYL नहर के निर्माण के लिये 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। मेवात को पेयजल उपलब्ध करने को 100 क्यूसिक की मेवात फीडर नहर का निर्माण होगा।

हरियाणा हाउसिंग बोर्ड की जमीन पर लगभग 20,000 मकान बनाने की योजना है। यह प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन के लिए नोडल विभाग भी होगा।

डाटा सेंटर नीति बनाई जा रही है। इको सिस्टम स्थापित किया जाएगा। बोर्ड, निगमों व विश्वविद्यालय में ई-ऑफिस का पूर्ण क्रियान्वयन होगा।

सरकार ने वृद्धावस्‍था पेंशन में 250 रुपए की वृद्धि कर दी है। अब यह पेंशन 2500 रुपए कर दी गई है। यह वृद्धि एक अप्रैल से लागू होगी।

अनुसूचित जाति के लोगों को मिलने वाली कानूनी सहायता योजना की राशि 11 हजार रुपए से बढ़ाकर 22 हजार रुपए करने का भी ऐलान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने अंत्योदय उत्थान अभियान शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत एक लाख निर्धनतम परिवारों की पहचान करक उनकी न्यूनतम आर्थिक सीमा 1.80 लाख तक पहुंचाने

को कदम उठाए जाएंगे। मुख्यमंत्री अंत्योदय उत्थान अभियान 2025 तक चलाया जाएगा।

भिवानी के लोहारु किला, तिगड़ाना हड़प्पा स्थल, फतेहाबाद के कर्णकोट, फरीदाबाद में बल्लभगढ़ स्थित रानी की छतरी, नूंह के पुराने तहसील भवन, मकबरा परिसर तावडू, चुहिमल

की छतरी, जींद के किला जफरगढ़, जिला झज्जर की दुजाना स्थित लाल मस्जिद, बाघवाली कोठी और कैथल किला को सरकार अपने संरक्षण में लेगी।

नगर एवं ग्राम योजना विभाग को 1121, पर्यटन को 113, खनन को 73, पुरातत्व व अभिलेखागार को 143, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को 281 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं।

1.80 लाख रुपए प्रति वर्ष आय और 5 एकड़ प्रति परिवार तक की कुल जोत वाले परिवारों को सालाना 6 हजार रुपए की वित्तीय मदद मिलेगी।

जून 2021 तक राज्य परिवहन में मैनुअल टिकट प्रणाली के स्थान पर ओपन लूप टिकटिंग सिस्टम और GPS सिस्टम शुरू किया जाएगा। 124 इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी।

पिंजौर व गुरुग्राम फिल्म सिटी के तौर पर विकसित किए जाएंगे। हिसार, करनाल, पिंजौर और नारनौल में हवाई अड्डों पर नाइट लैंडिंग हो सकेगी।

श्रम विभाग को 1823 करोड़ आवंटित किए गए हैं। इस बार विभाग के बजट में 40 फीसदी की वृद्धि की गई है। पटौदी बाईपास सहित गुरुग्राम-पटौदी-रेवाड़ी सड़क का निर्माण कार्य

इस साल शुरू किया जाएगा। कैथल जींद हांसी सड़क को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करके 4 मार्गीय बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।

परिवहन विभाग के लिए 2408, वन विभाग के लिए 443 ओर पर्यावरण विभाग के लिए 14 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। 2025 तक ऊष्मायन केंद्र से 50 प्रतिशत छात्रों को

व्यावसायिक शिक्षा देने का लक्ष्य है, इसके लिए 10 करोड़ आवंटित होंगे।

परिवहन वाहनों की फिटनेस को लेकर 6 केंद्र स्थापित किए जाएंगे। इनमें अम्बाला, करनाल, हिसार, रेवाड़ी, फरीदाबाद और गुरुग्राम शामिल हैं। फिलहाल केवल रोहतक में एक केंद्र है।

राजस्व विभाग के लिए 1302 और आबकारी कराधान विभाग के लिए 285 करोड़ देने का प्रस्ताव पेश किया गया है।

सर्वसमावेशी बीमा योजना शुरू की जाएगी। बीमा योजना के लिए 2021-22 में 10798 करोड़ का प्रावधान किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 5080 गांवों में 24 छंटे बिजली उपलब्ध कराई गई है। अब अन्य गांवों को भी इस योजना में शामिल करेंगे। 125 नई मृदा जांच प्रयोगशाला स्थापित की जाएंगी।

पूर्व सीएम के कमेंट पर लगे ठहाके


जैसे ही बजट भाषण खत्म हुआ पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने कमेंट किया- खोदा पहाड़, निकली चुहिया। इसे सुनकर सदन में मौजूद विपक्ष के सभी सदस्य ठहाका लगाकर हंस पड़े। वहीं, भाषण शुरू करते ही मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट राज्‍य के सांसदों, विधायकाें व विभिन्‍न लोगों के सुझावों के आधार पर तैयार किया गया है। प्रदेश को विकास की दिशा में आगे बढ़ाना इस बजट का मुख्‍य उद्देश्‍य है। कोरोना काल और लॉकडाउन की चुनौतियों से निपटते हुए भी बजट तैयार किया गया है।
कोरोना काल में सरकार को हजारों करोड़ का नुकसान हुआ
कोरोना महामारी फैलने के कारण लगे लॉकडाउन में हरियाणा सरकार को करीब 12 हजार करोड़ रुपए, के राजस्व का नुकसान हुआ, जिससे अब कम करते हुए 8000 करोड़ तक सरकार ले आई है। इस नुकसान की भरपाई के लिए सरकार ने 5000 करोड़ से ज्यादा का कर्ज लिया है।
1,42,34,378 करोड़ रुपए था 2020-21 का बजट
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने 28 फरवरी 2020 को विधानसभा में वित्त वर्ष 2020-21 के लिए 1,42,34,378 करोड़ रुपए का बजट पेश किया था। उन्होंने पूरा बजट भाषण पढ़ने में 2 घंटे 32 मिनट लगाए थे। सूटकेस की जगह टैब से बजट प्रस्तुत करने की उन्होंने शुरूआत की थी।
March 13, 2021

शिवरात्रि पर जींद के व्यापारी की रोहतक में दिनदहाड़े मर्डर, हाथ से गायब मिला चार तोले का सोना कड़ा

शिवरात्रि पर जींद के व्यापारी की रोहतक में दिनदहाड़े मर्डर, हाथ से गायब मिला चार तोले का सोना कड़ा



 रोहतक : शिवरात्रि के दिन दिहाड़े रोहतक में दहलाने वाली घटना सामने आई है। दिल्ली-रोहतक हाईवे पर खरावड़ गांव के नजदीक स्कूटी सवार आढ़ती की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्या की जानकारी मिलने पर रोहतक पुलिस और सीआइए की टीम मौके पर पहुंच गई।


वहीं आढ़ती के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भिजवाकर कार्रवाई में जुट गई है। आढ़ती आज खरावड़ स्थित सांई मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहा था।

जींद के जुलाना का रहने वाला 45 वर्षीय अजय अपने परिवार के साथ रोहतक की संत नगर कालोनी में रहता था। जो जुलाना मंडी में आढ़त की दुकान करता है। वीरवार की सुबह वह अपनी स्कूटी पर सवार होकर सांई मंदिर में जा रहा था। जब वह खरावड़ गांव के नजदीक पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद हमलावरों ने उसकी छाती में दो गोली दाग दी।

गोली लगते ही वह सड़क पर गिर गया और वहीं पर ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार हमलावर बाइक पर आए थे। वहीं हाईवे पर गुजर रहे लोगों ने हत्याकांड की जानकारी पुलिस को दी और आस-पास हत्या का सुनकर हड़कंप मच गया। वहीं आस पास के लोगों से घटनास्थल पर भीड़ जमा हो गई। जब आइएमटी और सांपला थाना पुलिस को इसकी सूचना मिली तो वह मौके पर पहुंची।

वहीं हत्या की जानकारी पाकर सीआइए रोहतक की टीम भी मौके पर पहुंची और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी। वहीं आपको बतां दें कि अभी तक हमलावरों के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। आढ़ती की हत्या की जानकारी पाकर स्वजन भी मौके पर पहुंच गए थे। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि लूटपाट के इरादे हत्याकांड को अंजाम दिया गया होगा।
क्योंकि आढ़ती अपने हाथ में करीब चार तोले सोने का कड़ा पहनता था, जो मौके से गायब मिला। स्वजनों ने अभी तक पुलिस को बयान दर्ज नहीं कराए हैं। रोहतक पुलिस और सीआइए की टीम पूरे मामले की छानबीन में जुट गई है।

गौरतलब है कि दो माह में हाईवे पर हुई यह तीसरी हत्या है। इससे पहले आइएमटी के पास स्कूटी सवार महिला की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इसके अलावा रोहतक-जींद हाईवे पर ऑटो में सवार युवक की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
March 13, 2021

सावधान क्योंकि फिर पैर पसार रहा है कोरोना,10 नए केस आए

जींद वालों हो जाओ सावधान क्योंकि  फिर पैर पसार रहा है कोरोना,10 नए केस आए


जींद :  जींद में बार फिर से कोरोना बम फट चुका है लेकिन इस भयानक खतरे को लोग नजरअंदाज कर रहे हैं। न तो वे कोरोना नियमों का पालन कर रहे हैं और न ही मास्क लगाए हुए दिखाई दे रहे हैं। 
जिले में कोरोना की रफ्तार के बार तेजी पकड़ रही है।  257 की रिपोर्ट में 10 नए केस आने के साथ मार्च के 11 दिनों में कोरोना ने अर्धशतक पार कर दिया। मार्च में अबतक 56 केस आ चुके हैं। इसके साथ ही एक्टिव मरीजों की संख्या 55 पहुंच चुकी है। जिले में संक्रमितों का आंकड़ा 5262 तक पहुंच गया है। 3 मरीज कोरोना से ठीक भी हुए हैं। फिलहाल 348 सैंपलों की रिपोर्ट आना बाकी है।
आज केवल 50 लोगों के ही सैंपल लिए गए। मार्च की शुरुआत में आंकड़ा इकाई में चल रहा था, लेकिन यह दहाई के अंकों में पहुंच चुका है। इससे पहले 6 मार्च को भी एक साथ 12 केस कोरोना के सामने आए थे। इसके बाद 7 मार्च को 9 केस मिले थे। फरवरी में कोरोना के केवल 34 केस आए थे, लेकिन मार्च में 11 दिन में ही 56 केस आ चुके हैं। विदित हाे कि 6 अप्रैल 2020 को जींद में कोरोना का पहला मामला आया था। उधर स्वास्थ्य विभाग द्वारा सैंपलिंग भी कम की जा रही है पहले जहां 100 तक सैंपलिंग होती थी और 300 तक पहुंच गई है।

Thursday, March 11, 2021

March 11, 2021

शिव जयंती के उपलक्ष्य में हुआ भव्य कार्यक्रमप्राकृतिक शक्ति बांध रही जीवन को डोर में : डॉ. भोला

शिव जयंती के उपलक्ष्य में हुआ भव्य कार्यक्रम

प्राकृतिक शक्ति बांध रही जीवन को डोर में : डॉ. भोला

जींद : प्रजापिता ब्रह्मïकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय जींद शाखा की तरफ से पंजाबी धर्मशाला में शिव जयंती के उपलक्ष्य में एक सुंदर आयोजन किया गया। इसमें मुख्यातिथि के तौर पर डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. राजेश भोला ने शिरकत की। इसमें ब्रह्मïकुमारीज जींद मु य शाखा की इंचार्ज बीके विजय बहन, बीके विजय भाई तथा अन्य बहनें बीके रेणु, सोनिया, वंदना, मंजू मौजूद रही। सबसे पहले दीप प्रज्ज्वलित किया गया। इसमें समाज के स मानित व्यक्तियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसमें मु य रूप से नंदलाल मिगलानी, संतलाल चुघ, परमजीत गुबर, मास्टर हरबंस, राजू लखीना मौजूद रहे। इसमें बीके सोनिया ने अपने विचार प्रकट करते हुए कहा कि हम सब ज्योतिबिंदू स्वरूप आत्मा हैं और हम सब आत्माओं के पिता परमपिता शिव हैं। शिव पिता धरती पर अवतरित होकर अपना दिव्य कत्र्तव्य कर रहे हैं। उन्होंने राजयोग के महत्व के बारे में बताया। राज योग के द्वारा जीवन को सुखमय बनाया जा सकता है।
वंदना और मंजू ने बताया कि शिव को परमपिता परमात्मा का स्वरूप माना गया है। हमारे 2 पिता हैं, जिसमें शरीर का पिता हमारे माता-पिता हैं और दूसरे आत्मा का पिता जोकि परमपिता परमात्मा हैं। हमें अपने सभी सुख-दुख उस परमपिता परमात्मा को सौंप देने चाहिएं ताकि उसकी चिंता हमारी चिंता नहीं होकर कर परमपिता परमात्मा की चिंता हो जाए और वह ही इसका निवारण करें। बीके गौरव भाई ने बताया कि हम सबकी समस्या यह है कि हम सभी लोग वर्तमान में नहीं जी कर भूत और भविष्य में ज्यादा जीते हैं। इसकी वजह से सारी समस्याएं उत्पन्न होती हैं, इसलिए हम सभी को भूत और भविष्य को छोड़कर वर्तमान में जीना चाहिए और वर्तमान को खुलकर जीना चाहिए। प्रत्येक क्षण को खूब आनंद लेना चाहिए। सभी लोगों के साथ द्वेष और लड़ाई झगड़े को भूलकर प्रेम, प्यार और आपसी भाईचारे के साथ सभी के साथ मिल-जुलकर रहना चाहिए।
डॉ. राजेश भोला ने बताया कि साइंस और आध्यात्म का मार्ग भले ही अलग-अलग हो, लेकिन इसके बावजूद हम सभी यह जरूर मानते हैं कि कोई न कोई प्राकृतिक शक्ति ऐसी हैं, जो हम सभी को इस जीवन की डोर में बांधे हुए है और कोई भी परेशानी या मुसीबत आने पर हम सभी उसी को याद करते हैं। अपनी तकलीफ का निवारण भी उसी पर छोड़ देते हैं। हम सभी एक हैं, इसलिए हम सभी को जाति-पाति और सभी धर्मों से ऊपर उठकर आपसी प्यार, प्रेम और भाईचारे के साथ रहना चाहिए। इस मौके पर मुख्य रूप से सत्यप्रकाश, बीके गुलशन, वेद भाई, शिव कुमार भाई मौजूद रहे।

Monday, March 8, 2021

March 08, 2021

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश स्तरीय अवार्डों की घोषणा

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर प्रदेश स्तरीय अवार्डों की घोषणा

*महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने दी जानकारी*

*विभिन्न श्रेणियों में 29 महिलाओं को अवार्ड तथा 9 महिलाओं को राज्य स्तरीय समारोह में दिए जाएंगे प्रशंसा पत्र*

*8 मार्च को राज्य स्तरीय समारोह चंडीगढ़ मुख्यमंत्री निवास पर होगा, जिला स्तरीय आयोजन होगा जिलों में, तैयारियां पूरी*

*मुख्यमंत्री मनोहर लाल रहेंगे राज्य स्तरीय कार्यक्रम के मुख्यमंत्री*

*खेल क्षेत्र श्रेणी में 9 खिलाडियों को मिलेगा अवार्ड* (प्रत्येक को 21 हजार रूपए की राशि) तथा एक को मिलेगा प्रशंसा पत्र 
 1.जींद निवासी विकास राणा,
2.चरखी दादरी निवासी सोनू कुमारी, 
3.पानीपत निवासी तनुजा देवी, 
4.झज्जर निवासी प्रीति,
 5.भिवानी निवासी ऐश्वर्या,
6.हिसार निवासी सोनिका, 
7.हिसार निवासी पूनम, 
8.रोहतक निवासी रामरती, 
9.रोहतक निवासी स्वीटी को मिलेगा अवार्ड 
गौर तलब है की जींद जिले की शान विकास राणा स्कीइंग की अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी है जो जापान में भी भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी पिछले विंटर सीजन गेम्स में भी विकास राणा ने दिल्ली की ओर से खेलते हुए दो दो मैडल पर अपना कब्जा किया था यही नही विकास राणा एकमात्र ऐसे खिलाड़ी है जो दक्षिण अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो को फतह कर स्कीइंग करते हुए बेस कैम्प तक आई और विश्व रिकॉर्ड बनाया। विकास राणा का चयन अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मान के लिए चयन होने पर मेरा स्वर्णिम हिन्द के राष्ट्रीय अध्यक्ष राममेहर सांगवान और संस्था के सभी सदस्यों ने इस उपलब्धि के लिए विकास राणा को हार्दिक बधाई दी ,विकास राणा सामाजिक संस्था मेरा स्वर्णिम हिन्द की बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान की ब्रांड अम्बेसडर भी है
March 08, 2021

सुप्रीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित हुई छात्रवृत्ति परीक्षा

सुप्रीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित हुई छात्रवृत्ति परीक्षा

प्रथम चरण में आये 562 छात्र
जींद : ( संजय तिरँगाधारी ) उत्कर्ष मेधावी एवं होनहार  छात्रों के लिए सुप्रीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल में छात्रवृत्ति परीक्षा का आयोजन किया गया। जिसमें विभिन्न स्कूलों से आये 562 प्रतिभागी बच्चों ने परीक्षा दी विद्यालय प्रशासन के अध्यक्ष सरत अत्री ने बताया कि हम बालकों को उच्च कोटि की शिक्षा देने के लिए कटिबद्ध है। विद्यालय अपने स्तर पर ऐसे होनहार विद्यार्थियों को निशुल्क शिक्षा प्रदान करेगा जो इस परीक्षा में अपनी प्रतिभा का कौशल दिखाएंगे। विद्यालय के प्राचार्य सतेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि सुप्रीम सीनियर सेकेंडरी स्कूल बालकों के बौद्धिक,शैक्षणिक, रचनात्मक विकास के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है ताकि हर बालक उच्च कोटि की शिक्षा ग्रहण कर सके। छात्रवृत्ति परीक्षा के प्रथम चरण का आयोजन सफल रहा व इसी क्रम में दूसरे चरण का आयोजन 21मार्च को होगा परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रबंधन समिति के सदस्य विकास शर्मा , बलवान कौशिक, सुरेंद्र शर्मा ने आए हुए सभी परीक्षार्थी एवं अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।

Sunday, March 7, 2021

March 07, 2021

फर्जीवाड़ा:सेना भर्ती के लिए युवाओं को दी जा रही थी फर्जी कोरोना जांच रिपोर्ट, SMO को शक हुआ तो बड़ा सच आया सामने

फतेहाबाद में चल रहा था फर्जीवाड़ा:सेना भर्ती के लिए युवाओं को दी जा रही थी फर्जी कोरोना जांच रिपोर्ट, SMO को शक हुआ तो बड़ा सच आया सामने

फ़तेहाबाद : हरियाणा के फतेहाबाद जिले में एक फर्जीवाड़ा सामने आया है। यहां सेना भर्ती के लिए युवाओं को फर्जी कोरोना जांच रिपोर्ट उपलब्ध कराई जा रही थी। मामले की खुलासा तब हुआ, जब रिपोर्ट देखकर SMO को शक हुआ। रतिया निवासी दो युवक SMO डॉ. भरत के पास रिपोर्ट साइन कराने पहुंचे थे तो उन्हें रिपोर्ट की बनावट और उस पर हुए काउंटर सिग्नेचर देखकर शक हुआ।
इसी शक के आधार पर जब उन्होंने युवकों से सख्ती से बातचीत की तो उन्होंने एक फोटोस्टेट वाले के बारे में बताया। फिर SMO ने पुलिस और स्वास्थ्य विभाग को मामले की जानकारी दी। इस जानकारी के आधार पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस टीम ने उक्त फोटोस्टेट की दुकान पर छापा मारा। इस छापामारी में कोरोना रिपोर्ट बनाने संबंधी दस्तावेज मिले।
पुलिस टीम ने तुरंत उन दस्तावेजों समेत लैपटॉप और प्रिंटर जब्त कर लिया। SMO की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज करके आरोपी फोटोस्टेट दुकान मालिक को हिरासत में ले लिया। साथ ही आरोपी की दुकान को भी सील कर दिया गया है। अब उससे पूछताछ जारी है। उसके बाद ही मामले में बनती आगे की कार्रवाई की जाएगी।
March 07, 2021

आंधी से कोहराम - राहत नही, मचाई तबाही, लाखों का हुआ नुकसान

आंधी से कोहराम - राहत नही, मचाई तबाही, 

लाखों का हुआ नुकसान 

शनिवार देर रात आई आंधी ने कहर बरपाते हुए सफीदों के क्षेत्र में काफी तबाही मचाई। जिससे लाखों रुपये का नुकसान हो गया। तूफान से अंटा गाँव मे बने मेटीस स्कुल की दिवार गिर गई , पानीपत स्टेट हाईवे पर सफेदे व अन्य पेड़ गिर गए। जिससे वाहनों के आवागमन में बाधा पहुंची। पेड़ो के साथ साथ बिजली के खम्बे घिरने से  इलाकों की बिजली सारी रात बाधित रही। 

मिली जानकारी के अनुसार देर रात आई आंधी से मेटीस स्कुल की दिवार गिर गई , जिससे लाखों के नुकसान का अनुमान है | गनीमत रही कि दिवार के आस पास कोई व्यक्ति मोजूद नही था जिससे किसी तरह के जान माल का नुकसान नही हुआ | अंटा गाँव के सरपंच सोमबीर ने हरियाणा बुलेटिन न्यूज़ के प्रतिनिधि को बताया कि देर रात आई आंधी से स्कुल की दिवार व कई पेड़ व बिजली के खम्बे टूट गये जिस कारण सारी रात बिजली भी बाधित रही | वही तेज आंधी से खेतों मे किसानों की  गेहू की फसल गिर गई जिससे किसानो को लाखो का नुकसान हुआ है | सोमबीर ने जिला प्रसाशन से गाँव व  आस पास की स्पेशल गिरदावरी करवाकर नुकसान की भरपाई करने की अपील की |

तेज आंधी किसानो के लिए राहत नही तबाही मचा गई ,  जिससे खेतों मे खड़ी गेहू की फसल गिर गई जिससे लाखों के नुकसान का अनुमान है | सफीदों व पिल्लूखेड़ा के बड़े क्षेत्र में इस आंधी व हल्की बरसात ने गेहूं की बालियों को जमीन से सटा दिया है। इसके चलते अब गेहूं फसल की कटाई में व्यापक प्रभाव पड़ेगा। एक अनुमान के अनुसार बीते दिनों समय से पहले हुई अत्यधिक गर्मी व तेज आंधी के चलते फसलों में 10 से 15 प्रतिशत उत्पादन गिरने की संभावना है।
किसान अजमेर सिंह व विजय ने बताया कि तेज आंधी व हल्की बरसात ने गेहूं की बालियों को जमीन से सटा दिया है तथा जो बालियां कच्ची रह गई थी, वे अब हवा व धूप न लगने के कारण मोटा दाना नहीं दे पाएंगी। उन्होंने बताया कि फसल गिरने के कारण मशीन या हाथ से कटाई में दिक्कत आएगी, जिससे उनकी फसल कटाई की लागत बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि आज डीजल, खाद-बीज महंगा हो गया है। ऊपर से प्रकृति की मार उनके खेतों में पड़ी है, इससे उन्हें खासा नुकसान हुआ है। किसानों ने मांग की कि तेज गर्मी व आंधी से बर्बाद हुई फसलों की स्पेशल गिरदावरी करवाकर उनके लिए मुआवजे की व्यवस्था करवाई जाए।

गेहूं की फसल अप्रैल के पहले सप्ताह में लगभग कटाई की स्थिति में आने को थी। जो बालियां अभी हरी थी, किसान उनके पकने व बालियों में गेहूं मोटा होने का इंतजार कर रहे थे। लेकिन प्रकृति की मार ने लगभग तैयार हो चुकी फसल को नुकसान पहुंचाने का काम किया।

Saturday, March 6, 2021

March 06, 2021

इस्तीफा देकर सभी बहरूपियों को बेनकाब कर दिया: अभय सिंह चौटाला

इस्तीफा देकर सभी बहरूपियों को बेनकाब कर दिया: अभय सिंह चौटाला

हिसार / नारनौंद : नारनौंद के गांव राखी में बारह खाप के निर्माणाधीन चबूतरे पर बारह खाप द्वारा किसान मजदूर महापंचायत का आयोजन किया गया। वहाँ मौजूद किसान नेताओं ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि चौधरी अभय चौटाला ने विधायक पद से इस्तीफा देकर ताऊ देवीलाल की बलिदानी परंपरा को आगे बढ़ाया है ।
महापंचायत में आए किसानों को सम्बोधित करते हुए इनेलो के प्रधान महासचिव अभय सिंह चौटाला ने कहा कि हरियाणा सरकार ने इस कोरोना काल में एक राजनीतिक कमेटी बनाई थी जिसका सदस्य उन्हें भी बनाया गया था और उन्होंने सरकार को सुझाव दिया था कि हरियाणा के किसान की फसल का एक-एक दाना बिना किसान को परेशान किए खरीदा जाए लेकिन हरियाणा सरकार ने कोरोना की आड़ में 9 बड़े घोटाले किए और केंद्र सरकार ने 3 काले कृषि कानून बनाए। 26 जनवरी 2021 को किसान अपने ट्रैक्टरों पर सवार होकर 3 कृषि कानूनों को वापिस कराने के लिए गए थे लेकिन केंद्र सरकार ने उसको भी बदनाम करने का काम किया।
इनेलो नेता ने कहा कि 1965 से पहले मंडी व्यवस्था नहीं थी। लाल बहादुर शास्त्री जी ने मण्डी व्यवस्था और एमएसपी लागू करवाकर किसानों को राहत दी थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री बनने से पहले वायदे किए थे की प्रधानमंत्री बनते ही पहली कलम से किसानों के ऋण माफ किए जाएंगे, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करेंगे, कृषि लागत से 1.5 गुणा मूल्य दिया जाएगा लेकिन प्रधानमंत्री बनते ही अपने किए वायदों से मुकर गए और किसानों को मारने के लिए 3 काले कृषि कानून लागू कर दिए । हरियाणा विधानसभा में जब 3 कृषि कानून लागू करने के लिए लाए गए तो कांग्रेस पार्टी के विधायक इसका विरोध करने की बजाय विधानसभा से वॉकआउट कर गए । मैंने उसी दिन यह फैसला कर लिया था कि मैं ऐसी विधानसभा का हिस्सा नहीं रहूंगा जहां किसानों का अपमान किया गया हो। कुछ लोग कटाक्ष कर रहे थे की उंगली कटाकर शहीद होने का ड्रामा कर रहे हैं लेकिन मैंने इस्तीफा देकर सभी बहरूपियों को बेनकाब कर दिया है।
इनेलो नेता ने लोगों से आग्रह करते हुए कहा की इस आंदोलन को मजबूती देने के लिए यदि एक घर से 2 लोगों को जाना पड़े तो हिचकिचाहट नहीं होनी चाहिए। किसान किसी के साथ कभी छेडख़ानी नहीं करता लेकिन सरकार ने किसानों के साथ छेडख़ानी की है। मैं भगवान से आशा करता हूं कि सरकार को सद्बुद्धि दे जिससे सरकार तीनों कृषि कानूनों को रद्द कर किसानों को राहत दे। उन्होंने कहा की जो 25 लाख रुपए बारह खाप चबूतरे के निर्माण के लिए देने की पहले घोषणा की थी, वे एक महीने के अंदर अंदर मिल जायेंगे। स्थानीय पत्रकारों ने प्रश्न करते हुए पूछा की दिल्ली के बॉर्डरों पर कुछ लोग किसानों के आंदोलन से परेशान हैं और कृषि कानूनों को सही बता रहे हैं के जवाब में कहा की वो आरएसएस के लोग हैं ।
इस महापंचायत में मुख्य रूप से रवि आजाद युवा प्रदेश अध्यक्ष भारतीय किसान यूनियन, कुमारी पूनम पंडित, कुमारी राकेश श्योराण (गायक कलाकार लोहारू से),  श्री राज सिंह मोर, श्री रणबीर लोहान प्रदेश प्रवक्ता इनेलो, अजय हुड्डा, विकास सीसर, सुरेश कोथ, मंजीत करोड़ा, सतबीर सिसाय, राजीव राजा हसनगढ़, रामफल जांगड़ा प्रधान बारह खाप, मास्टर राजकुमार राखी, रमेश श्योराण जिला पार्षद सहित हजारों किसान नेता व पार्टी कार्यकर्ता मौजूद थे।
March 06, 2021

8 मार्च को संयुक्त किसान मोर्चा महिला किसान दिवस के रूप में मनाएगा

100 वाँ दिन, 2 मार्च 2021 संयुक्त किसान मोर्चा ने आज सिंघू बॉर्डर पर एक आम बैठक आयोजित की।  आगामी दिनों की कार्रवाई के कार्यक्रम के रूप में निम्नलिखित निर्णय लिए गए:

 नई दिल्ली - 6 मार्च 2021 को, दिल्ली बोर्डर्स पर विरोध प्रदर्शन शुरू होने के 100 दिन हो जाएंगे।  उस दिन दिल्ली व दिल्ली बोर्डर्स के विभिन्न विरोध स्थलों को जोड़ने वाले केएमपी एक्सप्रेसवे पर 5 घंटे की नाकाबंदी होगी।  यह सुबह 11 से शाम 4 बजे के बीच जाम किया जाएगा।  यहां टोल प्लाजा को टोल फीस जमा करने से भी मुक्त किया जाएगा।  शेष भारत में, आंदोलन को समर्थन के लिए, और सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए, घरों और कार्यालयों पर काले झंडे लहराए जाएंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने प्रदर्शनकारियों को उस दिन काली पट्टी बांधने के लिए भी आह्वान किया है।
- 8 मार्च को संयुक्त किसान मोर्चा महिला किसान दिवस के रूप में मनाएगा।  देश भर के सभी सयुंक्त किसान मोर्चे के धरना स्थल पर 8 मार्च को महिलाओ द्वारा संचालित होंगे। इस दिन महिलाएं ही मंच प्रबंधन करेंगी और वक्ता होंगी।  एसकेएम ने उस दिन महिला संगठनों और अन्य लोगों को आमंत्रित किया कि वे किसान आंदोलन के समर्थन में इस तरह के कार्यक्रम करें और देश में महिला किसानों के योगदान को उजागर करें।

 - केंद्रीय ट्रेड यूनियनों के आह्वान पर 15 मार्च 2021 को 'निजीकरण विरोधी दिवस' का समर्थन करते हुए सयुंक्त किसान मोर्चा द्वारा विरोध प्रदर्शन किए जाएंगे। एसकेएम इस दिन को 'कॉरपोरेट विरोधी' दिवस के रूप में देखते हुए ट्रेड यूनियनों के इस आह्वान का समर्थन करेगा, और एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
- जिन राज्यों में अभी चुनाव होने वाले है, उन राज्यो में SKM भारतीय जनता पार्टी (BJP) की किसान-विरोधी, गरीब-विरोधी नीतियों को दंडित करने के लिए जनता को एक अपील करेगा।  एसकेएम के प्रतिनिधि भी इस उद्देश्य के लिए इन राज्यों का दौरा करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

- SKM पूरे भारत में एक "MSP दिलाओ अभियान" शुरू करेगा।  अभियान के तहत, विभिन्न बाजारों में किसानों की फसलों की कीमत की वास्तविकता को दिखाया जाएगा, जो मोदी सरकार व एमएसपी के झूठे दावों और वादों को उजागर करेगा।  यह अभियान दक्षिण भारतीय राज्यों कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में शुरू किया जाएगा।  पूरे देश में किसानों भी इस अभियान में शामिल किए जाएंगे
- डॉ दर्शन पाल
*सयुंक्त किसान मोर्चा*
March 06, 2021

कलयुगी माँ ने गूगल पर सर्च किया मर्डर करने का तरीका, फिर अपने ही बेटे को उतारा मौत के घाट

कलयुगी माँ ने गूगल पर सर्च किया मर्डर करने का तरीका, फिर अपने ही बेटे को उतारा मौत के घाट

फरीदाबाद :  सनसनीखेज मामला सामने आया है। बता दें कि एक माँ ने अपने ही बेटे का क़त्ल करने के लिए पहले गूगल पर तरीका धूणा उसके बाद अपने ही बच्चे को मौत के घाट उतर दिया। दरअसल ये पूरा खौफनाक मामला फरीदाबाद का बताया जा रहा है। बता दें कि गांव भैंसरावली में 10 वर्षीय बच्चे यक्ष की हत्या के आरोप में गिरफ्तार मां को क्राइम ब्रांच डीएलएफ ने रिमांड पूरी होने पर अदालत में पेश किया। अदालत ने उसे जेल भेज दिया है।
क्राइम ब्रांच का दावा है कि रंजन देवी ने हत्या से दो दिन पहले गूगल पर सर्च किया था कि चुन्नी से गला कसकर हत्या कैसे करें। इस बेहद पेचिदा मामले में क्राइम ब्रांच के हाथ कोई सबूत नहीं लग रहे थे। रंजन देवी और उसके परिवार वाले यह मानने को तैयार नहीं हैं कि हत्या उसने की है। ऐसे में क्राइम ब्रांच बुरी तरह उलझ गई थी। क्राइम ब्रांच को उस रात रंजन देवी के कमरे में किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश के निशान नहीं मिले। ऐसे में शक की सुई हर बार रंजन देवी पर जाकर टिकती।
आखिर क्राइम ब्रांच ने रंजन देवी की गूगल सर्च हिस्ट्री खंगाली। उससे ही क्लू मिला और यही रंजन देवी की गिरफ्तारी का आधार बना। सर्च हिस्ट्री के आधार पर ही पहले मंगलवार को एक दिन की रिमांड ली। इसके बाद बुधवार को अदालत से एक दिन की रिमांड बढ़वाई। इस मामले में हत्या के कारण पर पुलिस अभी स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कह पा रही। सूत्रों के अनुसार रंजन देवी के किन्हीं वजहों से अवसाद में होने की बात सामने आई है। रंजन देवी उच्च शिक्षित है। उसने एमए और जेबीटी की हुई है।
20 फरवरी को रंजन देवी के ससुर लच्छी राम की शिकायत पर तिगांव थाने में यक्ष की हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। दर्ज मुकदमे के अनुसार रंजन देवी का पति बाहर गया हुआ था। रात में वह बड़े बेटे यक्ष और आठ वर्षीय छोटे बेटे के साथ कमरे में सोई हुई थी। उसने बताया कि रात में दो नकाबपोश बदमाश आए। उन्होंने यक्ष की चुन्नी से गला कसकर हत्या कर दी। बदमाशों द्वारा रंजन देवी के कुंडल और चुटकी लूटकर ले जाने की बात भी मुकदमे में कही गई थी। क्राइम ब्रांच ने रंजन देवी की निशानदेही पर कुंडल और चुटकी उसके कमरे में बेड के पीछे से बरामद कर लिए हैं।
March 06, 2021

फरीदाबाद में 50 करोड़ का घोटाला:विजिलेंस ने शुरू की जांच

फरीदाबाद में 50 करोड़ का घोटाला:विजिलेंस ने शुरू की जांच; शिकायकर्ता पार्षदों को बुलाकर ली मामले की जानकारी, नगर निगम से तलब किए कागजात

फरीदाबाद : हरियाणा के फरीदाबाद जिले के नगर निगम के 40 वार्डों में से 10 वार्ड में बगैर काम के ठेकेदार को की गई 50 करोड़ रुपए की अदायगी की जांच अब विजिलेंस के पास पहुंच गई है। विजिलेंस ने मामले की जांच शुरू भी कर दी है। गुरुवार को विजिलेंस के अधिकारियों ने शिकायतकर्ता निगम पार्षदाें को बुलाकर घोटाले से संंबंधित जानकारी ली। माना जा रहा है कि विभाग जल्द ही ठेकेदार को हुए भुगतान से संबंधित कागजात तलब करेगा।
साथ ही इस भुगतान में जो तत्कालीन नगर निगम अधिकारी शामिल थे, उन्हें भी नोटिस भेजकर पूछताछ की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री के आदेश पर ये जांच विजिलेंस ने शुरू की है। बता दें कि करीब 7 महीने पहले निगम पार्षदों ने इस घोटाले को उजागर किया था। जब निगम स्तर पर इसकी जांच शुरू हुई तो अकाउंट विभाग में रहस्यमय तरीके से आग लग गई। निगम और स्थानीय पुलिस की जांच में बात सामने आई कि आग जानबूझकर लगाई गई थी।
*घोटाले का ये है पूरा मामला*
निगम पार्षद दीपक चौधरी ने अकाउंट ब्रांच से 2017 से 2019 तक हुए विकास कार्यों का ब्योरा मांगा था। उन्होंने पूछा था कि किस फंड से किस ठेकेदार को कितनी पेमेंट हुई। दीपक चौधरी ने बताया कि उनके वॉर्ड में 27 ऐसे कार्य हुए हैं, जिनमें 1 करोड़ रुपये से ज्यादा की पेमेंट दिखाई गई है। कामों में नालियों की रिपेयरिंग, इंटरलॉकिंग टाइलें लगाना और स्लैब लगाने को दिखाया गया। वहां कोई काम ही नहीं हुआ है। जब उन्होंने दूसरे वॉर्डों के पार्षदों के कार्यों के बारे में पूछा तो वहां भी यही बात सामने आई। ऐसे 10 वार्ड सामने आए, जहां काम नहीं हुआ और ठेकेदार को भुगतान कर दिया गया। पार्षद का कहना है कि कुल 10 वार्डों में करीब 50 करोड़ का विकास दिखाकर ठेकेदार ने गबन किया है।
*जनरल फंड से की गई थी पेमेंट*
बता दें कि नगर निगम की आर्थिक हालत बेहद खराब है। जनरल फंड का इस्तेमाल छोटे-मोटे खर्चे और कर्मचारियों की सैलरी देने के लिए किया जाता है। विकास कार्यों के लिए तो जनरल फंड में पैसा ही नहीं बचता है तो विकास कार्य कैसे होंगे। लेकिन साल 2017 से 2019 के बीच में 40 से 50 करोड़ रुपए की पेमेंट जनरल फंड से हुई है।
*सदन ने जांच का प्रस्ताव पास करके भेजा था*
नवंबर 2020 में हुई नगर निगम की बैठक में मुद्दा उठा था। तब सभी निगम पार्षदों ने सर्व सम्मति से प्रस्ताव पास करके सरकार के पास मामले की विजिलेंस जांच कराने के लिए भेजा था। उस वक्त निगम अधिकारियों ने 10 दिन में जांच रिपोर्ट सदन के सामने पेश करने का भरोसा दिया था, लेकिन रिपोर्ट का आज तक खुलासा नहीं हुआ। पिछले दिनों मेयर सुमन बाला ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत सरकार से आए पैसों की विजिलेंस जांच कराने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल को पत्र भेजा था। माना जा रहा है कि लगातार निगम मेें भ्रष्टाचार की शिकायतों को देखते हुए सरकर ने इसकी जांच विजिलेंस से कराने का निर्णय लिया।
*शिकायतकर्ता पार्षद ने विजिलेंस को दी जानकारी*
गुरुवार को नगर निगम पार्षद एवं शिकायतकर्ता दीपक चौधरी, महेंद्र सरपंच, दीपक यादव और सुरेंद्र अग्रवाल को विजिलेंस के DSP कैलाश ने सेक्टर 17 स्थित अपने कार्यालय में बुलाया और घोटाले से संबंधित जानकारी ली। जल्द ही निगम से ठेकेदार को हुई पेमेंट के संबंध में रिकॉर्ड तलब किया जाएगा। इसके बाद वर्ष 2017 से 2019 तक नगर निगम में तैनात अधिकारियों को नोटिस भेजकर उनसे पूछताछ की जाएगी। माना जा रहा है कि इस मामले में कई बड़े निगम अधिकारियों तक जांच की आंच पहुंच सकती है।
March 06, 2021

आशा वर्कर्स के नारों से गूंजा पानीपत का सिविल अस्पताल, मांगों को लेकर CMO को सौंपा ज्ञापन

आशा वर्कर्स ने मांगा हक:आशा वर्कर्स के नारों से गूंजा पानीपत का सिविल अस्पताल, मांगों को लेकर CMO को सौंपा ज्ञापन

पानीपत : आशा वर्कर्स ने गुरुवार को अपनी मांगों को लेकर प्रदेशभर में प्रदर्शन किया। पानीपत में आशा वर्कर यूनियन की जिलाध्यक्ष सुमन, जिला सचिव सुशीला व पिंकी और सीटू पदाधिकारी सुनील दत्त के नेतृत्व में आशा वर्कर्स इक्ट्‌ठा हुईं। उन्होंने सिविल अस्पताल की OPD के सामने मांगों को लेकर नारेबाजी की। इसके बाद CMO के माध्यम से निदेशक, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन को मांगपत्र भेजा।
ये हैं प्रमुख मांगें
रिकॉर्ड चेक करने के नाम पर आशा वर्कर्स लीडर्स को प्रताड़ित और दंडित न किया जाए

कोरोना वैक्सीन लगने के बाद मृतक आशा कविता के परिवार को 50 लाख का बीमा दिया जाए

आठ एक्टिविटी का काटा गया 50% तुरंत लागू हो

4000 रुपए जोखिम भत्ता देने के साथ, कोविड-19 के लिए प्रोत्साहन राशि का 50% दिया जाए

गंभीर रूप से बीमार व दुर्घटनाग्रस्त आशा को पैनल पर अस्पतालों में इलाज की सुविधा दें

आशाओं को ग्राम स्तरीय कर्मचारी बनाकर पक्का होने तक सरकार का न्यूनतम वेतन दिया जाए

आशा को हेल्थ वर्कर का दर्जा मिले

2018 के नोटिफिकेशन को तत्काल लागू करें

आशा के रिटायरमेंट की उम्र 65 साल हो
March 06, 2021

हरियाणा सरकार ने स्कूल में विद्यार्थियों के मोबाइल लाने पर लगाई रोक, कहा- घर से करें ऑनलाइन पढ़ाई

हरियाणा सरकार ने स्कूल में विद्यार्थियों के मोबाइल लाने पर लगाई रोक, कहा- घर से करें ऑनलाइन पढ़ाई
चंडीगढ़ : हरियाणा के सरकारी स्कूलों में विद्यार्थी मोबाइल फोन नहीं ला सकेंगे। सरकार ने मोबाइल लाने पर रोक लगा दी है। जिन विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई करनी है, वे घर से ही करेंगे। शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने विभाग को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि स्कूल में कोई भी विद्यार्थी मोबाइल नहीं ला सकेगा। उन्होंने बुधवार को विभाग की कई योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट ली। उन्होंने विभाग में लंबित पड़े भर्ती के मामलों में तेजी लाने को कहा है। शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने बताया कि भर्तियों में जो भी कानूनी पेचीदगियां आड़े आ रही हैं, उनका निराकरण जल्द किया जाएगा। विभाग में रिक्त पड़े ग्रुप डी के पदों पर भर्ती करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए हैं। शिक्षकों के तबादलों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा।
136 मॉडल संस्कृति स्कूलों में से 122 स्कूलों के लिए सीबीएसई से मान्यता ली जा चुकी है। कोविड के कारण निजी स्कूलों के दो लाख से अधिक विद्यार्थियों ने सरकारी स्कूलों में दाखिला लिया है। इनमें नौवीं कक्षा के विद्यार्थियो की संख्या अधिक है। नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति पर भी बैठक में चर्चा की गई। मंत्री ने नई शिक्षा नीति को प्रदेश में लागू करने के लिए बनाई गई कमेटियों की रिपोर्ट जल्द प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि नीति को मंजूर कराया जा सके।

शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने बैठक के बाद कहा कि जेबीटी की संख्या पूरी है। पीजीटी की भर्ती के लिए एचएसएससी को लिखा है। टीजीटी की कमी को पूरा करने का प्रयास कर रहे हैं। वहीं स्कूल आने वाले बच्चों का तापमान स्कूल के बाहर जांच रहे हैं। जिनका तापमान ज्यादा आता है, उन बच्चों को स्कूलों में नहीं जाने दिया जा रहा है। बाहर से ही घरों को भेज दिया गया। 2154 बच्चे ऐसे थे, जिनका तापमान अधिक निकला। शिक्षा मंत्री ने कहा अभी विभाग में स्वीपर, माली, चपरासी के 6822 पद खाली हैं।
March 06, 2021

बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां; एक छात्र की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा

दिनदहाड़े दो छात्रों की हत्या:गोहाना में ड्रेन नंबर 8 के पास बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां; एक छात्र की मौके पर मौत, दूसरे ने अस्पताल में दम तोड़ा

गोहाना : हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना कस्बे में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े दो छात्रों की हत्या कर दी गई। दोनों छात्रों को गोलियां मारी गईं। एक की मौत मौके पर ही हो गई गई थी, वहीं दूसरे ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे है।
बताया जा रहा हे कि वारदात रंजिश के तहत अंजाम दी गई। मृतकों की पहचान गांव रभड़ा निवासी रोहित और SP माजरा के रहने वाले साहिल के रूप में हुई है। दोनों गोहाना में बहुतकनीकी संस्थान के छात्र थे। गुरुवार सुबह जब वे संस्थान जाने के लिए गोहाना पहुंचे तो ड्रेन नंबर 8 के बाद हमलावरों ने उन पर फायरिंग की।
इस गोलीबारी में रोहतक को करीब 5 गोलियां लगीं और वह मौके पर ही ढेर हो गया। साहिल को करीब तीन गोलियां लगीं, जिसे पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया। लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। वारदात अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी और पुलिस ने मृतकों के परिजनों को बताया।
ASP निकिता खट्‌टर ने बताया कि घटनास्थल पर लगे CCTV कैमरे खंगाले जा रहे हैं। हमलावर बाइक पर सवार थे और यह पूरी घटना CCTV में कैद हुई है। पुलिस की कार्रवाई जारी है, जल्दी ही आरोपी सलाखों के पीछे होंगे। परिजनोें से बात करके रंजिश के पीछे की वजह जानने का प्रयास किया जा रहा है।
March 06, 2021

ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी ने बाइक सवार परिवार को कुचला, 2 महिलाओं की मौत; कर्मचारी बंधक बनाए

नूंह में हादसे पर बवाल:ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी ने बाइक सवार परिवार को कुचला, 2 महिलाओं की मौत; कर्मचारी बंधक बनाए

नूंह में हादसे के बाद घटनास्थल पर पड़ी मोटरसाइकल और आसपास जमा ग्रामीणों की भीड़।
मेवात : हरियाणा के नूंह जिले में पुलिस की इंटरसेप्टर गाड़ी ने एक बाइक पर सवार लोगों को रौंद दिया। इस घटना में दो महिलाओं की मौत हो गई, वहीं बच्ची की हालत गंभीर है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की और जाम लगा दिया। साथ ही पुलिस कर्मियों को कमरे में बंद कर दिया। कई घंटे बाद छोड़ा गया।

घटनास्थल पर पलटी ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी, जिसकी चपेट में आकर बाइक सवार परिवार हादसे का शिकार हुआ है।

घटना जिले के दोहा तोड़िया इलाके की है। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम मोहम्मद बास गांव की रजनी पुत्री खेमचन्द, हंसवती पत्नी कन्हैया लाल अपने परिजन के साथ बाइक पर अपनी रिश्तेदारी में नोगांवां जा रही थी। जब उनकी बाइक दिल्ली-अलवर मार्ग पर दोहा मोड़ पर पहुंची तो उनको ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी ने कुचल दिया, इसमें दोनों महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहे युवक और बच्ची गम्भीर रूप से घायल हो गए।
सड़क दुर्घटना से गुस्साए मौजूद ग्रामीणों ने ट्रैफिक पुलिस कर्मियों के साथ मारपीट की और जाम लगा दिया। भीड़ के गुस्से को देखते हुए कुछ ग्रामीणों ने ट्रैफिक पुलिस कर्मचारियों को भीड़ से ले जाकर एक कमरे में बंद कर दिया। ढाई-तीन घंटे बाद काफी पुलिस पहुंचने के बाद पुलिसकर्मियों को सुरक्षित निकालने के बाद ग्रामीणों ने जाम खोल दिया।
March 06, 2021

हरियाणा में चलेंगी तेज हवाएं, 7 मार्च से हो सकती है बारिश

हरियाणा में चलेंगी तेज हवाएं, 7 मार्च से हो सकती है बारिश 

हिसार। हरियाणा में मौसम लगातार बदल रहा है। दिन में कड़ी धूप तो रात के समय उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण ठंडक हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार 6 मार्च तक दिन के तापमान में आमतौर पर हल्की बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, लेकिन उत्तर-पश्चिमी हवाओं के चलते रात्रि तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है। ऐसे में लगातार बदलता मौसम बीमार भी कर सकता है। 

बता दें हरियाणा में एक तरफ जहां दिन का पारा बढ़ रहा है, वहीं तीन दिन से रात का तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक घटा है। बुधवार को नारनौल में यह 8.5 डिग्री था। जो 27 फरवरी को 18.2 डिग्री तक पहुंचा था।  दिन का तापमान नारनौल में फिर से 34.5 डिग्री पहुंच गया है, जो सामान्य से 7 डिग्री अधिक है। 

मौसम विभाग का कहना है कि 7 मार्च को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज के साथ हल्की बारिश और ओले पड़ सकते हैं। इसके साथ ही अलग-अलग स्थानों पर बिजली चमकने के साथ आंधी आने का भी पूर्वानुमान है. 6-7 मार्च को पंजाब में भी हल्की बारिश की संभावना है। 
मौसम विभाग के अनुसार अभी दो दिन अधिकतम पारा कुछ बढ़ सकता है, लेकिन रात के तापमान में स्थिरता रह सकती है।  दो दिन बाद पारा दो से तीन डिग्री कम हो सकता है। 7 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के असर से पहाड़ों पर बर्फबारी होगी। हरियाणा में बारिश हो सकती है। 

कृषि विशेषज्ञों की मानें तो मौसम की मेहरबानी पर ही गेहूं का उत्पादन निर्भर होगा। रात का तापमान घटने से गेहूं की फसल को दिक्कत नहीं होगी। पिछले दिनों तापमान बढ़ने से दाने का साइज प्रभावित हो सकता था। यदि 10 दिन मौसम साथ दे तो गेहूं का बंपर उत्पादन हो सकता है। देश में 109.24 मिलियन टन उत्पादन संभव है।