Breaking

Sunday, February 7, 2021

February 07, 2021

युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग समाज को एक नई दिशा देने में निर्णायक है : मनोहर लाल

युवाओं की ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग समाज को एक नई दिशा देने में निर्णायक है : मनोहर लाल

करनाल, 7 फरवरी- हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल ने कहा कि दैनिक जीवन में सामान्य नीरसता के चलते सप्ताह में एक दिन मनोरंजन का भी होना चाहिए। जिसमें विविधता और आनंद हो तथा तनाव की कोई जगह ना हो। इस उद्देश्य के लिए कुछ समय पहले करनाल से राहगिरी कार्यक्रम शुरू किया गया था, जो दूसरे जिलों में भी लगातार चलता रहा।
श्री मनोहर लाल आज करनाल शहर के प्रेम नगर में करनाल स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से आयोजित स्ट्रीट पेंटिंग चैलेंज में उपस्थित बच्चों व नागरिकों को सम्बोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि गत वर्ष कोविड-19 के चलते राहगिरी कार्यक्रम को स्थगित करना पड़ा, लेकिन अब इस महामारी से थोड़ी राहत के चलते इसे दोबारा शुरू कर दिया है। शहर में जिस जगह पर राहगिरी कार्यक्रम का आयोजन होगा, वहां पूरा महीना यानी सभी रविवार को अलग-अलग थीम से कार्यक्रम आयोजित होते रहेंगे। उसके बाद अगला महीना शहर में दूसरी जगह के लिए रहेगा। कार्यक्रम के आयोजन के लिए उन्होंने आयोजकों व स्मार्ट सिटी की टीम को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने राहगिरी कार्यक्रम में सडक़ सुरक्षा थीम को लेकर कहा कि सडक़ सुरक्षा एक ऐसा विषय है, जिसके लिए जागरूक होना जरूरी है। इसके महत्व को देखते हुए पहले इसे मासिक और अब इसे साप्ताहिक रूप से मनाया जा रहा है। उन्होंने उपस्थित बच्चों व नागरिकों को शपथ दिलाई कि वे सडक़ पर वाहन चलाते समय सभी सुरक्षा संबंधी बातों का ध्यान रखेंगे, यातायात नियमों का पालन करेंगे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करेंगे। सडक़ पर किसी दुर्घटना पीडि़त व्यक्ति की मदद के लिए अग्रसर रहेंगे।
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में शामिल आउटडोर गतिविधियों का अवलोकन किया और प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन किया। पेंटिंग कम्पीटीशन में शामिल बच्चों के साथ बैठकर उन्होंने ब्रश व पेंट से रामनगर मंडल शुभकामनाएं लिखा।
मुख्यमंत्री ने परिवार पहचान पत्र को लेकर लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया और उसमें आवश्यक दस्तावेजों की सूची को देखा।
कार्यक्रम को रूचिकर बनाने के लिए इसमें पारम्परिक रस्सा कस्सी व लड़कियों का रस्सा टप जैसे खेल शामिल किए गए थे। सांस्कृतिक मंच से बच्चों ने हरियाणवीं व पंजाबी कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। सडक़ सुरक्षा पर एक लघु नाटिका भी प्रस्तुत की।
इस अवसर पर मेयर श्रीमती रेनू बाला गुप्ता, करनाल के उपायुक्त श्री निशांत कुमार यादव, पुलिस अधीक्षक श्री गंगाराम पुनिया, एडीसी श्रीमती वीना हुड्डा सहित कईं गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।    
February 07, 2021

दोस्त को डूबता देख नहर में कूदा युवक, दोनाें बहे

यमुनानगर : दोस्त को डूबता देख नहर में कूदा युवक, दोनाें बहे

यमुनानगर : शहर के हमीदा हेड के पास घूमने के लिए गए दो दोस्त आवर्धन नहर में डूब गए। अभी तक नहर में डूबे युवकों का कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से युवकों की तलाश शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार हमीदा निवासी अभिषेक 21 अपने दोस्तों गांव पिरथीपुर निवासी 22 वर्षीय गौरव, सागर व संदीप के साथ दोपहर डेढ़ बजे हमीदा हेड की तरफ घूमने गए थे। इस दौरान अभिषेक आवर्धन नहर में मुंह धोने के लिए गया तो उसका अचानक पैर फिसल गया और वह नहर के तेज बहाव में बह गया। उसे पानी में डूबते देख उसका दोस्त गौरव उसे बचाने के लिए पानी में कूदा तो वह भी पानी के तेज बहाव में बह गया। उसके दोस्तों ने घटना की सूचना उनके परिजनों और पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की सहायता से उन्हें ढूंढने का प्रयास किया लेकिन अभी तक उनका कुछ भी पता नहीं चला। खबर लिखे जाने तक गोताखोर युवकों की तलाश में जुटे थे।
उधर, पुलिस अधिकारी दौलत राम ने बताया कि नहर में युवकों की तलाश जारी है। युवकों के बरामद होने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Saturday, February 6, 2021

February 06, 2021

सरकारी आवास ना मिलने से फिर छलका आईएएस रानी नागर का दर्द

सरकारी आवास ना मिलने से फिर छलका आईएएस रानी नागर का दर्द

कैथल : गुर्जर समाज की इकलौती आईएएस रानी नागर ने एक बार फिर अपने फेसबुक पेज पर अपना दुख प्रकट किया है। उन्होंने 11 नवंबर 2020 से हरियाणा सरकार में कार्यभार ग्रहण कर लिया है। वर्तमान में वे अतिरिक्त सचिव, हरियाणा सरकार, नागरिक संसाधन सूचना विभाग के पद पर हरियाणा सिविल सचिवालय चंडीगढ़ में कार्यरत हैं। उन्होंने अपने फेसबुक पेज पर लिखा कि अभी सरकारी आवास उपलब्ध नहीं होने के कारण मैं अपने गुर्जर समाज के गुर्जर भवन, सेक्टर-28 डी, चंडीगढ़ में निवास कर रही हूं।  उन्होंने इसका ट‍्वीट भी किया है।
बता दें कि रानी नागर हरियाणा कैडर की आइएएस हैं। पिछले साल लाॅकडाउन के दौरान एक विवाद के चलते उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इस्तीफा देने से पहले वह चंडीगढ़ स्थित यूटी गेस्ट हाउस में अपनी बहन के साथ रहती थीं। उस समय भी उनका आवास को लेकर ही विवाद था। रानी नागर चंडीगढ़ में इस्तीफा देने के बाद गाजियाबाद चली गई थीं।

वहीं इस विषय को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने प्रदेश खट्टर सरकार पर हमला बोला। सुरजेवाला ने कहा कि मुख्यमंत्री साहब आपके शासन में गुज्जर समाज की इकलौती आईएएस रानी नागर को प्रताड़ित किया गया, उन्हें इस्तीफा तक देने को मजबूर किया गया और इतना ही नही अब उन्हें दोबारा कार्यभार ग्रहण करने पर भी सरकारी निवास तक नही दिया जा रहा है। वह चंडीगढ़ के गुर्जर भवन में रहने को मजबूर हैं। क्या भाजपा का बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ नारा का यही सत्य है। क्या प्रदेश सरकार गुर्जर समाज की बेटी आईएएस रीना नागर को इसी तरह से प्रताड़ित करती रहेगी।
वहीं गुर्जर समाज से अनिल नंबरदार बलवंती, रणबीर क्योड़क,जयपाल, नाजर गोरसी ने प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि बड़े शर्म की बात है कि आज भाजपा सरकार में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा निर्रथक साबित हो रहा है।
February 06, 2021

पिस्तौल उपलब्ध कराने का आरोपी जेल भेजा

पिस्तौल उपलब्ध कराने का आरोपी जेल भेजा

जींद : धनखड़ी गांव के एक युवक को अवैध पिस्तौल देने के आरोपी राजपुरा भैण गांव के ऋषि को सदर थाना पुलिस ने कोर्ट में पेश कर जिला जेल भेज दिया है। आरोपी ऋषि हत्या करने, हत्या के प्रयास, लूट समेत अन्य मामलों में वांछित था। जिला पुलिस ने ऋषि पर 25 हजार रुपए इनाम भी रखा गया था। पिछले दिनों जिला पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। 
गौरतलब है कि सदर पुलिस को सूचना मिली थी कि भिवानी बाईपास पर एक युवक अवैध पिस्तौल लिए खड़ा है। 
पुलिस ने तुरंत मौके पर जाकर छापेमारी की तो वहां एक संदिग्ध युवक दिखाई दिया। पुलिस ने युवक को पकड़ लिया और उसकी तलाशी ली तो उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध पिस्तौल और एक कारतूस बरामद हुआ। पुलिस पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान धनखड़ी गांव के विशाल उर्फ विशु के तौर पर बताई। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर अवैध पिस्तौल और कारतूस अपने कब्जे में  ले लिया था। सदर पुलिस ने युवक को नामजद कर उसके खिलाफ आम्र्ज एक्ट अधिनियम के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी थी। जांच अधिकारी एचसी राजेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी ऋषि को कोर्ट में पेश कर कोर्ट के आदेश पर जिला जेल भेज दिया है। आरोपी ऋषि ने धनखड़ी गांव के विशाल उर्फ विशु को ही अवैध पिस्तौल सप्लाई किया था। इसी मामले में आरोपी को पिछले दिनों गिरफ्तार कर लिया था।
February 06, 2021

खौफनाक मंजर:गर्लफ्रेंड को लेकर होटल में आया युवक, फिर फंदे पर लटका मिला; भाई बोला-हत्या की गई

खौफनाक मंजर:गर्लफ्रेंड को लेकर होटल में आया युवक, फिर फंदे पर लटका मिला; भाई बोला-हत्या की गई

फरीदाबाद : फरीदाबाद में शनिवार को एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पता चला है कि वह कुछ देर पहले यहां अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर पहुंचा था। कमरा बुक कराने के बाद अंदर पहुंचा और फिर कुछ ही देर बाद उसकी मौत की खबर आई। युवक ने गर्लफ्रेंड की चुन्नी को ही फंदा बना लिया। पुलिस इस बात की जांच में जुटी है कि युवक ने यह खौफनाक कदम क्यों उठाया। हालांकि मृतक के भाई का दावा है कि उसकी हत्या की गई है। बहरहाल, तमाम पहलुओं पर जांच का क्रम जारी है।

मृतक युवक की पहचान नंगला एंक्लेव पार्ट दो निवासी 25 वर्षीय विशाल के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार विशाल दिल्ली के मोलड़बंद की रहने वाली अपनी गर्लफ्रेंड के साथ ओल्ड फरीदाबाद के मूनवैली स्थित OYO होटल में आया था। उसने कमरा बुक कराया। दोपहर बाद उसने संदिग्ध परिस्थितियों में गर्लफ्रेंड की चुन्नी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

*गर्लफ्रेंड का दावा-वॉशरूम गई थी तो पीछे से लगाया फंदा*
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। उसकी गर्लफ्रेंड से भी पूछताछ की जा रही है। सूत्रों की मानें तो विशाल की गर्लफ्रेंड ने पुलिस को बताया कि वह अपनी चुन्नी कमरे में छोड़कर वॉशरूम में चली गई थी। जब बाहर निकली तो देखा कि विशाल फांसी पर लटका हुआ है।
*भाई के हैं ये आरोप, होटल प्रबंधन और पुलिस पर भी उठाए सवाल*
उधर, मृतक के भाई अनिल झा का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है, क्योंकि उसके शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। अनिल झा का कहना है कि विशाल इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था। मूल रूप से मेरठ की रहने वाली बताई जा रही लड़की करीब एक-दो साल पहले ही उसके संपर्क में आई थी। उसका आरोप है कि लड़की सुबह सवा 8 बजे होटल में आई है, जबकि विशाल सवा 10 बजे वहां पहुंचा। ऐसे में साफ है कि उसके उसके भाई की पूरी प्लानिंग के तहत हत्या की गई है। इसके बाद उसे फांसी पर लटका दिया गया। पुलिस और होटल प्रबंधन पर घटना को छिपाने का भी आरोप लगाया है।
February 06, 2021

स्वच्छता सर्वेक्षण:सफाई कर्मचारियों के पास नहीं संसाधन, कमिश्नर को बताई समस्या

स्वच्छता सर्वेक्षण:सफाई कर्मचारियों के पास नहीं संसाधन, कमिश्नर को बताई समस्या

फरीदाबाद : शहर में मार्च के शुरू में स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू होगा। लेकिन अभी तक निगम के सफाई कर्मचारियों को सामान नहीं मिल पाया। इस समस्या को लेकर शुक्रवार को सफाई कर्मचारी यूनियन ने निगम कमिश्नर यशपाल यादव से मिल उन्हें अपनी समस्या बताई। कमिश्नर ने जल्द संसाधन उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। मार्च के पहले सप्ताह से स्वच्छता सर्वेक्षण शुरू होगा।
लेकिन निगम के सफाई कर्मचारियों के पास संसाधन नहीं हैं। इससे शहर में सफाई नहीं हो पा रही। यही हाल रहा तो इस बार भी निगम की रैंकिंग अच्छी नहीं होगी। इस बारे में सफाई कर्मचारी यूनियन कई बार निगम प्रशासन को पत्र लिख झाडू, रिक्शा आदि की मांग कर चुकी है लेकिन अभी तक सामान उपलब्ध नहीं हुआ।
यूनियन का कहना है यदि रैंकिंग गिरती है तो उसका ठीकरा सफाई कर्मचारियों पर फोड़ा जाता है। जबकि सामान देने में लापरवाही निगम प्रशासन द्वारा बरती जा रही है।

Friday, February 5, 2021

February 05, 2021

झकझोर देने वाली कहानी:ट्रेन की चपेट में आई महिला, बचाने की कोशिश में दो जवान बेटियों की भी गई जान; रह रही थी अलग-अलग

झकझोर देने वाली कहानी:ट्रेन की चपेट में आई महिला, बचाने की कोशिश में दो जवान बेटियों की भी गई जान; रह रही थी अलग-अलग

फरीदाबाद : फरीदाबाद में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां एक महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। इतना ही नहीं महिला को बचाने की कोशिश में उसकी दो बेटियां की भी मौत हो गई। रेलवे पुलिस ने तीनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में बहुत बड़ा झोल यह है कि एक तो दोनों लड़कियां जीते जी मां से अलग रहती थी, दूसरा GRP की तरफ से इनके शौच आदि के लिए ट्रैक पर जाने की बात किसी के गले नहीं उतर रही है। कारण उनके कमरे में टॉयलेट आदि की व्यवस्था है।
मूल रूप से यूपी के एटा जिला के गांव अल्लाहपुर निवासी राजीव पाठक बचपन से ही फरीदाबाद के लक्कड़पुर गांव में किराए पर रहते हैं। गुरुवार दोपहर 12 बजे वह किसी काम से आगरा चले गए। घर पर पत्नी सुनीता (37) और बेटियां थी। साम पांच बजे राजीव की मां उनके कमरे पर पहुंची। सभी ने चाय बनाकर पी। रात करीब साढ़े 7 बजे अचानक पत्नी सुनीता लक्कड़पुर फाटक के पास रेलवे लाइन की ओर चल दी। उनके पीछे दो बड़ी बेटियां सब्बी पाठक(18) और इंदू पाठक(16) भी उनके पीछे पहुंच गई। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से तीनों की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गयी। कॉलोनी के लोगों ने पति राजीव को घटना की जानकारी दी।

*दोनों की हुई थी लव मैरिज, इनसे सात बेटियां थी*

मृतका सुनीता के पति राजीव पाठक ने बताया कि सुनीता के परिजन पहले लक्कड़पुर गांव में ही रहते थे। यहीं पर दोनों की मुलाकात हुई थी। बाद में दोनों ने लव मैरिज कर ली थी। सुनीता से सात बेटियां हुई। बड़ी बेटी सब्बी पाठक(18), इंदू पाठक(16), रानी (14), कंचन (12), कामना (10), दीपा (06) और टोटो (03) है।

मरने वाली दोनों बेटियां मां से रहती थी अलग

राजीव ने बताया कि मरने वाली बेटियां सब्बी और इंदू अपनी मां सुनीता से अलग कमरा किराए पर लेकर पास में ही रहती थी। बेटियों का मां से कुछ मन-मुटाव रहता था। उन्होंने बताया कि शाम करीब पांच बजे उनकी पत्नी सुनीता से बात भी हुई थी। सबकुछ ठीक था। अचानक क्या हुआ और तीनों कैसे रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई, कुछ पता नहीं। उन्होंने माना कि घर में थोड़ा बहुत विवाद होता रहता है, लेकिन पत्नी और बेटियां ऐसा कदम उठा लेंगी, सोचा भी नहीं था। उधर GRP के सब इंस्पेक्टर राजपाल का कहना है कि तीनों शौच करने के ट्रैक के पास गई थी। ट्रैक पार करते वक्त ट्रेन की चपेट में आ गई, लेकिन GRP की ये कहानी किसी के गले नहीं उतर रही है। परिजनों के मुताबिक उनके कमरे में टॉयलेट आदि की व्यवस्था है। ऐसे में तीनों की ट्रेन में आना संदेह पैदा करता है।
February 05, 2021

हॉस्टल में 16 साल की छात्रा ने लगाई फांसी:4 दिन पहले ही अपने घर से आई थी बिहार की छात्रा, पिता बोले- सपने पूरे करने को भेजा था मैंने

हॉस्टल में 16 साल की छात्रा ने लगाई फांसी:4 दिन पहले ही अपने घर से आई थी बिहार की छात्रा, पिता बोले- सपने पूरे करने को भेजा था मैंने

अम्बाला : 4 दिन पहले ही हॉस्टल आई 16 वर्षीय छात्रा ने फंदा लगाकर खुदकूशी कर ली। हरियाणा के अंबाला जिले में यह मामला सामने आया। मृतका कल्पना चावला पॉलिटेक्निक कॉलेज में फर्स्ट इयर की छात्रा थी। लॉकडाउन के बाद कॉलेज खुले तो वह चार दिन पहले ही हॉस्टल आई थी।
मृतका की पहचान बिहार के नवादा निवासी नेहा कुमारी के रूप में हुई है। उसके पिता ईंट भट्‌ठे पर मजदूरी करते हैं। बेटी के सुसाइड करने की खबर जब उन तक पहुंची तो वे रोते हुए बोले कि मजदूरी करता हूं। बेटी को सपने पूरे के लिए अंबाला शहर भेजा था, लेकिन वो तो दुनिया से ही चली गई।
SHO हमीर सिंह ने बताया कि उन्हें देर रात हॉस्टल रूम में सुसाइड की खबर मिली थी। मौके पर पहुंचकर शव को और मृतका के मोबाइल को कब्जे में ले लिया गया है, ताकि सुसाइड के कारणों का पता लगाया जा सके। उसकी रूम मेट जब सोने के लिए आई, तब घटना का पता चला।
रूम मेट ने बताया कि नेहा खाना खाने के बाद उससे कमरे की चाबी लेने आई थी। क्योंकि उसे कुछ देर सहेलियों के साथ बैठना था, इसलिए वह नेहा के साथ नहीं गई। कुछ देर बात जब वह सोने गई तो काफी देर खटखटाने के बाद भी नेहा ने दरवाजा नहीं खोला। उसने हॉस्टल वार्डन को बताया।
हॉस्टल वार्डन मौके पर पहुंची और सिक्योरिटी गार्ड को कमरा खुलवाने के लिए कहा। किसी तरह कमरा खोला गया तो देखा कि नेहा फंदे पर लटकी हुई थी। रूम मेट ने बताया कि नेहा जब से घर से आई थी, चुपचाप रहती थी। वह इले‍क्ट्रॉनिक ट्रेड से डिप्‍लोमा कर रही थी।
February 05, 2021

किसानों का चक्काजाम कल:किसान नेता बोले- दिल्ली, यूपी में रोड जाम नहीं करेंगे; CRPF ने जवानों से कहा- बसों पर लोहे का जाल लगा लो

किसानों का चक्काजाम कल:किसान नेता बोले- दिल्ली, यूपी में रोड जाम नहीं करेंगे; CRPF ने जवानों से कहा- बसों पर लोहे का जाल लगा लो

नई दिल्ली : गाजीपुर बॉर्डर पर किसान आंदोलन से जुड़ी गतिविधियां पिछले एक हफ्ते से बढ़ गई हैं। ऐसे में सरकार ने सुरक्षाबलों की संख्या भी बढ़ा दी है। 

कृषि कानूनों के विरोध में आंदोलन कर रहे किसान शनिवार को देशभर में चक्काजाम करेंगे। संयुक्त किसान मोर्चा ने बताया कि शनिवार दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक ये चक्काजाम होगा। हालांकि, भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि हम उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली में रोड जाम नहीं करेंगे। यहां के जिलों में अधिकारियों को केवल ज्ञापन सौंपा जाएगा।
किसानों के चक्काजाम के मद्देनजर दिल्ली-NCR में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बलों (CRPF) की 31 कंपनियों की तैनाती 2 हफ्ते के लिए और बढ़ा दी गई है। दिल्ली में तैनात CRPF की सभी यूनिट्स से कहा गया है कि वे अपनी बसों पर लोहे का जाल लगा लें। हरियाणा के डीजीपी मनोज यादव ने बताया कि SP जिलों में किसानों से बात कर रहे हैं, ताकि कहीं कोई दिक्कत नहीं हो। पुलिस की ओर से ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की जाएगी।
*UP, राजस्थान में आज से किसान पंचायत*
आंदोलन को मजबूती देने के लिए आज से उत्तर प्रदेश और राजस्थान में किसान पंचायतों की सीरीज शुरू की गई, जो फरवरी के आखिर तक चलेगी। इनका आयोजन राष्ट्रीय लोक दल (RLD) की तरफ से किया जा रहा है। RLD ने पिछले हफ्ते किसान आंदोलन को समर्थन देने का ऐलान किया था।
RLD के उपाध्यक्ष जयंत चौधरी ने गुरुवार को कहा कि किसान पंचायतों का मकसद सरकार को यह बताना है कि यह एक बड़ा आंदोलन है। इसमें राजनीतिक दलों की जिम्मेदारी बनती है कि वे किसानों तक पहुंचें और दूसरे लोगों को भी इस मुद्दे की संवेदनशीलता बताएं।
लोकसभा दो बार स्थगित करनी पड़ी
लोकसभा में विपक्षी दलों ने शुक्रवार को नए कृषि कानून वापस लेने के लिए नारेबाजी की। हंगामे के चलते दिनभर में दो बार सदन की कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। गुरुवार को भी 9 विपक्षी दलों के 12 सांसदों ने गुरुवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला को चिट्ठी लिखकर कृषि कानूनों पर सदन में अलग से चर्चा की मांग रखी थी। गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों के जमावड़े और पुलिस की तैयारियों को देखते हुए विपक्षी नेताओं ने चिट्ठी में यह भी लिखा कि दिल्ली का गाजीपुर बॉर्डर भारत-पाकिस्तान बॉर्डर जैसा नजर आ रहा है।
विपक्ष के एक डेलिगेशन ने लोकसभा स्पीकर से इस बात की शिकायत भी की कि उन्हें गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों से मिलने से पुलिस ने रोक दिया।

कृषि मंत्री बोले- दुनिया जानती है कि पानी से खेती होती है, खून से खेती सिर्फ कांग्रेस ही कर सकती है
February 05, 2021

किसानों को उकसाने वाला गिरफ्तार, लाल किले हिंसा का रचा था षडयंत्र

किसानों को उकसाने वाला गिरफ्तार, लाल किले हिंसा का रचा था षडयंत्र

नई दिल्ली : किसान आंदोलन के 71वें दिन दिल्ली पुलिस ने लाल किले पर हिंसा भड़काने के एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच ने वीरवार को बताया कि गिरफ्तार किया गया धर्मेंद्र सिंह हरमन 26 जनवरी को ट्रैक्टर परेड के दौरान अपनी कार में बैठकर किसानों को उकसा रहा था। वो दिल्ली के अर्जुन नगर का रहने वाला है और शाहीन बाग के प्रदर्शन के वक्त भी काफी सक्रिय था।
किसान आंदोलन को लेकर पुलिस के साथ केंद्र सरकार भी सक्रिय है। गृह मंत्री अमित शाह ने हालात पर चर्चा के लिए राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजित डोभाल और दिल्ली पुलिस कमिश्नर एसएन श्रीवास्तव को संसद बुलाया। वीरवार देर शाम तक तीनों के बीच हाईलेवल मीटिंग हुई। ये बैठक गाजीपुर बॉर्डर पर हलचल बढऩे के बाद बुलाई गई थी। गाजीपुर बॉर्डर पर शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल समेत 10 विपक्षी दलों के 15 नेता किसानों से मिलने पहुंचे थे। पुलिस ने इन्हें रोक दिया।
*पुलिस ने सड़क से कीलें हटाईं, फिर सफाई दी*
पुलिस ने गाजीपुर बॉर्डर पर किसानों को रोकने के लिए कुछ दिन पहले कई लेयर की बैरिकेडिंग करने के साथ ही सड़कों पर कीलें भी लगा दी थीं। इस पर किसान नेताओं और विपक्ष ने सरकार पर निशाना साधा था। लेकिन, गुरुवार को इन कीलों को हटाने के फोटो और वीडियो सामने आए। इसके बाद पुलिस ने सफाई दी कि कीलों को एक जगह से हटाकर दूसरी जगह लगाया जाएगा। साथ ही कहा कि बॉर्डर पर सुरक्षा व्यवस्था में कोई बदलाव नहीं होगा।

सोनीपत व झज्जर जिलों को छोड़ सभी में इंटरनेट चालू

हरियाणा सरकार ने दो जिलों सोनीपत और झज्जर में वॉयस कॉल को छोड?र इंटरनेट सेवाओं (2जी/3जी/4जी/ सीडीएमए/ जीपीआरएस), एसएमएस सेवाओं (केवल ब्लक एसएमएस) और मोबाइल नेटवर्क पर दी जाने वाली सभी डोंगल सेवाओं को पांच फरवरी शाम पांच बजे तक रोक बढ़ा दी है। सरकारी प्रवक्त ने वीरवार की शाम बताया कि दूरसंचार अस्थायी सेवा निलंबन (लोक आपात या लोक सुरक्षा) नियम, 2017 के नियम 2 के तहत इंटरनेट सेवाएं बंद करने के आदेश दिए गए हैं।
बीएसएनएल (हरियाणा अधिकार क्षेत्र) सहित हरियाणा की सभी टेलिकॉम सेवाएं देने वाली कंपनियों को इस आदेश का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। क्षेत्र में शांति बनाए रखने और सार्वजनिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए यह आदेश जारी किए गए हैं। कोई भी व्यक्ति इन आदेशों के उल्लंघन का दोषी पाया गया तो वह संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई के लिए उत्तरदायी होगा। प्रवक्ता ने बताया कि राज्य सरकार ने एसएमएस, व्हाट्सएप, फेसबुक ट्विटर आदि विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों के माध्यम से दुष्प्रचार और अफवाहों के प्रसार को रोकने के लिए इंटरनेट सेवाओं को बंद करने का निर्णय लिया है।

किसान आंदोलन में विदेशी दखल से राकेश टिकैत को दिक्कत नहीं

भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने वीरवार को इन विदेशी हस्तियों के बारे में एक बेहद हैरान करने वाला बयान दिया है। मीडिया कर्मियों ने जब राकेश टिकैत को यह बताया कि कई विदेशी कलाकारों जैसे रिहाना, ग्रेटा थनबर्ग, मिया खलिफा द्वारा किसान आंदोलन का समर्थन किया है तो टिकैत ने कहा कि मुझे क्या पता, समर्थन किया होगा, मैं क्या उन्हें जानता हूं।

किसान आन्दोल : टिकैत ने कहा कि हॉलीवुड कलाकारों द्वारा किसानों के आंदोलन का समर्थन करने में कोई बुराई नहीं है, मैं उन्हें व्यक्तिगत रूप से तो नहीं जानता, लेकिन वे बिना किसी स्वार्थ के समर्थन कर रहे हैं। अगर संयुक्त किसान मोर्चा ने उन्हें धन्यवाद दिया है, तो किसान यूनियन वहीं करेगा। टिकैत ने गाजीपुर बॉर्डर पर सांसदों के प्रतिनिधिमंडल को रोकने पर कहा कि यह गलत है। सांसद लोकतंत्र की आवाज हैं। टिकैत का कहना है कि सरकार इस आंदोलन को लंबा चलाना चाहती है। उन्होंने गुरुवार को मंच से कहा कि हर गांव से एक ट्रैक्टर, 15 आदमी और 10 दिन के फॉर्मूले पर काम करो, फिर आंदोलन चाहें 70 साल चले, कोई दिक्कत नहीं है।

*मेरे मंच से मोदी को कोई नहीं दे सकता गाली: टिकैत*

भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनके मंच से कोई भी गाली नहीं दे सकता। उन्होंने कहा कि ये शिकायत आ रही है कि लोग मोदी जी को गाली दे रहे हैं, वे हमारे लोग नहीं हो सकते। कोई भी आदमी जो प्रधानमंत्री के बारे में गाली-गलौज का इस्तेमाल करेगा, वह यहां से मंच छोड़कर चला जाए।
वह उसका व्यक्तिगत निर्णय होगा। इस स्टेज का इस्तेमाल नहीं करने दिया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि अगर यहां भी कोई लोग है जो अनाप-शनाप बात करते हैं तो भई उनका हमकों बता दो। उनको छोडऩा पड़ेगा। उनका व्यक्तिगत बयान होगा। माहौल को खराब न करें।
February 05, 2021

दिल्ली हिंसा:किसी का घर चलाने वाला तो किसी का जवान बेटा जेल में, कई को पता भी नहीं, अब जमानत के लिए काट रहे चक्कर

दिल्ली हिंसा:किसी का घर चलाने वाला तो किसी का जवान बेटा जेल में, कई को पता भी नहीं, अब जमानत के लिए काट रहे चक्कर

नई दिल्ली : 26 जनवरी को दिल्ली हिंसा मामले में जो लोग गिरफ्तार किए गए हैं, उनमें हरियाणा से भी 30 लोग हैं। इनमें सबसे ज्यादा रोहतक से 12, झज्जर और जींद से 5-5, सोनीपत, कैथल और फतेहाबाद से 2-2 और यमुनानगर व हिसार से 1-1 की गिरफ्तारी हुई है। इनमें सबसे ज्यादा 18 से 24 साल के युवा हैं, जिनमें से कोई पढ़ाई कर रहा था तो कोई नौकरी की तैयारी कर रहा था। कई परिवारों के तो कमाने वाले मुखिया ही जेल चले गए हैं। परिवारों को उनके जेल में होने का पता भी कई दिन बाद चला। अब घर वाले जमानत के लिए चक्कर काट रहे हैं। पढि़ए गिरफ्तार लोगों के घरों की ग्राउंड रिपोर्ट-:
*कैथल*: दो युवक गिरफ्तार, दोनों के परिवार पर आढ़ती और बैंक का 5-5 लाख का कर्ज

कैथल के गांव कसान के दो दोस्त दीपक (19) और सुनील (24)

किसानों की आवाज बुलंद करने दिल्ली गए थे। 26 जनवरी को हिंसा के बाद इन्हें नांगलोई से इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। ऐसे में बेटों से संपर्क टूटा तो परिजन बेचैन हो उठे। तमाम आशंकाओं के बीच 24 घंटे बाद गिरफ्तारी की सूचना मिली। इसने पहले से ही तंगी में चल रही जिंदगी की गाड़ी को और ही परेशानी में डाल दिया। तब से परिजन न तो ढंग से सो पाए और न खाना खा रहे हैं। दोनों के पिता जमानत के लिए कभी दिल्ली तो कभी पड़ोसियों के साथ किसान नेताओं के चक्कर काट रहे हैं।
दीपक के पिता तीन एकड़ जमीन के मालिक हैं। घर में बड़ा भाई और बहन भी है। तीनों कुंवारे हैं। दीपक 12वीं पास करने के बाद घर पर ही आगे की तैयारी कर रहा था। उसके पिता रमेश ने बताया कि परिवार पर आढ़ती और बैंक का पांच लाख से ज्यादा का कर्ज है। किसी तरह ठेके पर जमीन लेकर गुजारा कर रहे थे।
वहीं, सुनील परिवार में अकेला लड़का है। उसकी चार बड़ी बहने हैं। बड़ी बहन सरिता ने बताया कि कर्ज लेकर ही पिता ने चारों बहनों की शादियां की थी। अब ये मुसीबत आ गई। जब से सुनील के कैद में हाेने का पता चला है कि माता-पिता सो नहीं पाए हैं। दोनों युवकों के पिता के साथ दिल्ली जमानत के लिए गए सरपंच दिलबाग सिंह व परिवार से ही रणधीर सिंह ने बताया कि पूरा गांव परिजनों के साथ है और जमानत समेत कोर्ट केस पर आने वाला पूरा खर्चा सबने मिलकर उठाने का फैसला किया है।

*जींद*: मुखिया जेल चले गए तो परिवार चलाना हुआ मुश्किल

जींद के जिले के 5 लोग दिल्ली हिंसा में जेल में हैं। इनमें से ज्यादातर अपने घरों के मुखिया हैं, जिनके जेल जाने से परिवारों को न केवल जमानत बल्कि घर खर्च चलाने की भी परेशानी पेश आ रही है।
मनोहरपुर गांव के अनिल की मां संतोष देवी बेटे के कैद में होने से हैरान-परेशान हैं। वह कहती हैं कि 26 जनवरी की सुबह बेटा व उसका पड़ोसी दोस्त किसान परेड में जाने की बात कह रहे थे। मुझे यकीन नहीं था कि वे सच में जाएंगे। कई दिन बाद गांव के लोगों ने ही बताया कि अनिल व गांव के दो और युवकों को दिल्ली पुलिस ने पकड़ लिया है। अब वे जेल में हैं। दिल्ली में वह कहां मिलेगा, यह भी पता नहीं है। हमारे पास आधा एकड़ ही खेती है। बेटा दूध का काम करता है। वही घर संभालता है। हमारे पास तो जमानत कराने के भी पैसे नहीं हैं।
वहीं, खोखरी गांव का किसान नवनीत 24 जनवरी को टिकरी बॉर्डर पर गया था। उसके 7 व 8 साल के बच्चों को पिता के आने का इंतजार हैं। नवनीत की पत्नी सीमा देवी कहती हैं कि दुखों का पहाड़ इस कदर टूट पड़ा है कि समझ में नहीं आ रहा है कि घर का कामकाज करें कि खेती देखें या पति के जेल से छूटकर आने का इंतजार करें।
खोखरी गांव के ही शमशेर की पत्नी वेदवंती की पीड़ा भी कम नहीं है। उनका कहना है कि उनके पास पैसे भी नहीं हैं कि वकील करके जमानत करा लें। अब तो किसान नेताओं व गांव वालों का ही सहारा है। ऐसे ही मनोहरपुर गांव का जसबीर भी 26 को ही बाइक से दिल्ली गया था। जसबीर के दो छोटे बच्चे हैं। उसके पिता रघुबीर सिंह बताते हुए रो पड़ते हैं कि बेटा सब कुछ चला रहा था। आधा एकड़ खेती के साथ वह दूध बेचकर परिवार पाल रहा था। अब गुजारा मुश्किल है।

*रोहतक*: घर में चूल्हा तक नहीं जल पा रहा, चिंता में कुनबा, किसान संगठनों पर भरोसा

रोहतक जिले से सबसे ज्यादा गिरफ्तारियां हुई हैं। पकड़े गए सभी लोगों के परिवार की माली हालात कमजोर है। गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद से कई घर में चूल्हा तक नहीं जला है। किसी के पिता तो किसी के चाचा और ताऊ दिल्ली में बच्चों की रिहाई के लिए जेलों व कोर्ट के चक्कर काट रहे हैं। रिठाल के ही 4 व्यक्ति जेल में बंद हैं।
चारों परिवारों की नींद उड़ी हुई है। अब परिवार वालों को किसान नेताओं पर भरोसा है और उनसे आश्वासन मिला है कि बेटों की रिहाई जल्द करवाई जाएगी। गांव रिठाल नरवाल निवासी अशोक के चाचा राजेंद्र ने बताया कि घर की जिम्मेदारी उसी के कंधों पर है। अशोक ने गांव में ही परचून की दुकान की है। वहीं, गांव का जगबीर भी जेल में बंद है। उसके ताऊ के लड़के सतबीर बताते हैं कि जगबीर 26 जनवरी को दिल्ली गया था। जगबीर के परिवार में अब दो बेटियां ही बची हैं।
10 महीने पहले ही जगबीर के बेटे की बीमारी से मौत हो चुकी है। अब जगबीर की पत्नी भी बीमार है। जैसे ही उसे पता चला है कि जगबीर को जेल भेज दिया गया है, तब से वह सदमे में है। ऐसे में अब परिवार संभालने वाला कोई नहीं बचा है। खेत में गोभी की फसल तैयार खड़ी है, लेकिन उसे कोई संभालने वाला नहीं है। रिठाल के सतपाल की पत्नी रानी का कहना है कि 26 जनवरी को वह दिल्ली के लिए गया था। रात को वापस नहीं लौटा।
रात भर फोन मिलाने का प्रयास करते रहे, लेकिन फोन नहीं मिला। अगले दिन गिरफ्तार करने की सूचना मिली। सतपाल की पत्नी और दो बेटियां और एक बेटा काफी चिंता में हैं। उनकी पढ़ाई भी नहीं हो पा रही है। गांव रिठाल निवासी अजमेर की मां फूलपति ने बताया कि अजमेर ने दो कार लोन पर ली हुई है। दोनों बुकिंग पर चलाकर ही घर का गुजारा चलता था। अब कार के साथ ही घर का भी पहिया रुक गया है।

*यमुनानगर*: परमजीत के पास जमीन नहीं, पाठी की कमाई से चलता है घर

यमुनानगर| गांव पिलखनवाला के परमजीत 20 जनवरी को घर से चार जोड़ी कपड़े लेकर आंदोलन में गए थे। दो सप्ताह से ज्यादा का समय बीत जाने पर भी वह घर नहीं लौटे। जब से परिवार को पता चला कि दिल्ली पुलिस ने उन्हें उपद्रव के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है तब से सभी चिंचित हैं। परमजीत के बेटे हरप्रीत सिंह बताते हैं कि हमारे पास खेती की कोई जमीन नहीं है। हम सभी एक कमरे के मकान में रहते हैं।
पिता बतौर पाठी काम करते हैं। इसकी कमाई से ही घर चलता है। सास भी उनके साथ रहती हैं। उनको मिलने वाली पेंशन से भी घर खर्च में सहयोग मिलता है। परमजीत सिंह की पत्नी लखविंद्र कौर बताती हैं कि पति की दिमागी हालत ठीक नहीं है। उनके पास मोबाइल नहीं, जिससे कि उनसे संपर्क भी नहीं हो पाया। उन्होंने बातचीत में कभी किसान आंदोलन की चर्चा तक नहीं की। वह दिल्ली कैसे पहुंच गए और किन हालात में उनकी गिरफ्तारी हुई, इसका हमें कोई अंदाजा नहीं है।

*टोहाना*: मिलने के लिए चक्कर काट रहे परिजन, नहीं हो रही मुलाकात

दिल्ली में किसान आंदोलन में लंगर की सेवा के लिए गांव हिम्मतपुरा के दो किसान भी जेल में हैं। इनमें एक किसान मलकीत सिंह हैं। बातचीत में उनके भाई कुलदीप सिंह बताते हैं कि भाई की दो लड़कियां और एक लड़का है। उनके पास मात्र आधा एकड़ जमीन है। कमाई के लिए वे कंबाइन चलाते हैं। हम सभी केवल जत्थेबंदियों से आस लगाए बैठे हैं कि भाई को किस तरह से जेल से बाहर निकलवाते हैं।
वहीं, गांव से गुरमीत सिंह भी जेले में हैं। उनके भाई संत सिंह बताते हैं कि भाई खेती बाड़ी करते हैं। उनके दो बच्चे हैं। जब से गिरफ्तार की सूचना मिली है, परिवार व्याकुल है। बच्चे हर वक्त पूछते हैं कि पापा कब आएंगे। हम परिवार के कुछ सदस्य दिल्ली जेल में भाई से मिलने के लिए भी गए थे। उनसे मिलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने सहयोग नहीं किया और मिलाने से मना कर दिया। कहीं कोई जानकारी नहीं दे रहा है कि आगे क्या होगा?
*हिसार*: बैल वाली बुग्गी के अलावा अमरजीत के घर साइकिल तक नहीं
नारनौंद के गांव बास खुर्द का रहने वाले अमरजीत को गिरफ्तार किया गया है। उनके पिता जयबीर मोर बताते हैं कि हमारे पास दो एकड़ जमीन है और एक बैल बुग्गी के अलावा घर में साइकिल तक नहीं है। 4 भाई बहन में अमरजीत सबसे छोटा है। दो बहन व भाई ही विवाहित हैं। अमरजीत अविवाहित है।
आईटीआई करने के बाद भिवानी रोडवेज की वर्कशॉप में काम करता था। कोरोना काल के चलते घर पर आ गया। पिता का दावा है कि अमरजीत पहली बार ही दिल्ली गया था। कह रहा था कि दिल्ली में 26 जनवरी की परेड देखने की तमन्ना है। इसलिए किराया और खर्चा बचाने के लिए वह किसानों के साथ चला गया। सतरोल खाप के प्रधान इंद्रसिंह मोर ने बताया कि जेल में उससे मिलने गए तो वापस भेज दिया गया।

*झज्जर: जमानत करने के लिए घूम रहे परिवार, गिरफ्तारी से ग्रामीणों में रोष*

बहादुरगढ़ के लोवाखुर्द निवासी 30 वर्षीय रवि एमआई एरिया में अपने भाई के साथ कूड़ा लिफ्टिंग का काम करता है। रवि के पिता का निधन हो चुका है। परिजनों के अनुसार रवि कुछ दिन पहले अपने ट्रैक्टर व अन्य सामान की खरीदारी के लिए बाइक पर दिल्ली गया था। वहां पर दिल्ली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
गांव के सरपंच जयप्रकाश ने बताया कि गिरफ्तारी पर गांव में रोष है। अब दिल्ली पुलिस से खबर आने के बाद परिवार के लोग उसकी जमानत के लिए दिल्ली में चक्कर लगा रहे हैं। वहीं, दया किशन पुत्र दलीप सिंह के परिजनों के अनुसार वो गांव से ही किसी के ट्रैक्टर पर सवार होकर बॉर्डर पर गया था। वहां पहुंचने के बाद से परिवार का कोई संपर्क नहीं हुआ। साथ गए ग्रामीणों ने भी बताया कि वह बॉर्डर पर ही उनसे बिछुड़ गया था। अब गिरफ्तारी का पता चला तो जमानत के लिए चक्कर काट रहे हैं। अब किसान संगठनों से आस है।
February 05, 2021

ये सर‘हद है:किलबंदी व कई लेयर में बैरिकेडिंग से एंबुलेंस तक को रास्ता नहीं, बरसात के बाद लोकल रास्ते कीचड़ से अटे

ये सर'हद है:किलबंदी व कई लेयर में बैरिकेडिंग से एंबुलेंस तक को रास्ता नहीं, बरसात के बाद लोकल रास्ते कीचड़ से अटे

बहादुरगढ़ : टिकरी बॉर्डर इलाके में दिल्ली से पहुंचने वाले कामकाजी लोगों की मुश्किलें बढ़ती जा रही है। पुलिस प्रशासन की बैरिकेडिंग की वजह से आम लोगों के साथ दिल्ली से आने वाले लोगों को भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचने में मुश्किलें हो रही हैं। पहले चार बैरिकेडिंग पार करने के बाद धरना स्थल पर पहुंचा जा सकता था, लेकिन अब ऐसा नहीं है।
अब यहां आठ लेयर की सुरक्षा है व गलियों में निकलना खतरे से खाली नहीं है। क्योंकि गुरुवार को सुबह हल्की बरसात के बाद गलियों में खोदे गए गड्ढ़े व बिखरी मिट्टी से भी लोगों के गिरने का खतरा बढ़ गया है। गलियों में खोदे गए गड्ढे व भूल भलैया गलियों में कौन की गली से व्यक्ति कहां निकल जाता है यह पहली बार आने वाले व्यक्ति को पता नहीं चल पाता है। सबसे अधिक टिकरी बॉर्डर के पास इंडस्ट्रियल इलाके में काम करने वालों को हो रही है। दिल्ली से यहां आने में उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है।
मुंडका से जहां उनको बस उतारती है वहां से एमआई इंडस्ट्रियल एरिया में जाने के लिए मेट्रो में व बाॅर्डर पार करके ई रिक्शा के लिए 40 रुपए देने पड़ रहे हैं। 26 जनवरी की घटना के बाद पुलिस ने सख्ती इस तरह से कर दी है हमारे घरों को जाने वाले रास्ते को भी बंद कर दिया है। यहां केवल पुलिस की गाड़ियां व जवान टहलते दिखाई देते हैं।
*किसानों ने सुबह मिलकर अरदास की कामना: शांति बनी रहे व बरसात न हो*
गौरतलब है कि नए कृषि कानूनों पर जारी गतिरोध के चलते टिकरी बाॅर्डर पर किसानों का आंदोलन आज 72वें दिन भी जारी है। कानूनों को रद्द कराने पर अड़े किसान इस मुद्दे पर सरकार के साथ आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर चुके हैं। 26 जनवरी को हुई ट्रैक्टर परेड में हिंसा के बाद आंदोलन कर रहे किसानों की संख्या में पिछले दिनों कमी आई थी, लेकिन भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत के भावुक होने के बाद एक बार फिर से आंदोलन को बड़ी संख्या में किसानों का समर्थन मिलने लगा।
*गाजीपुर में कील उखाड़ने की खबर से बहादुरगढ़ में भी हलचल, एंबुलेंस के लिए भी नहीं खुला रास्ता*
गणतंत्र दिवस के दिन ट्रैक्टर परेड के दौरान लाल किले पर हुई हिंसा से सीख लेते हुए दिल्ली पुलिस ने दिल्ली से लगने वाली सीमाओं पर सुरक्षा बढ़ा दी है। गाजीपुर, सिंघु और टिकरी बॉर्डर पर कई लेयरों की तगड़ी बेरिकेटिंग की गई है। ट्रैक्टर रैलियों में जिस तरह ट्रैक्टर की मदद से बेरिकेड्स हटाए गए थे, वैसी घटना को रोकने के लिए कीलें भी लगाई गई थीं।
टिकरी बाॅर्डर पर सुबह बरसात के बाद सफाई का काम चल रहा था तो खबर आयी कि गाजी बाॅर्डर पर कीलों को हटाया जा रहा है तब एक बार आशा बनी कि यहां भी जमीनों में लगी कीलों को हटाकर कम से कम एबुलेंस व एमरजेंसी में लोगों के दिल्ली में जाने के लिए रास्ता खोला जाएगा पर एक घंटे के बाद ही खबर आई कि गाजीपुर में भी कीलों को दूसरे स्थान पर लगाया जा रहा है इस कारण हटाया जा रहा था।
February 05, 2021

बारिश में बढ़ रहा आंदोलन:किसानों ने ट्राॅलियों को बनाया वाटर प्रूफ, खाली फ्लैटों पर लगे होटल के बोर्ड, किराए पर दे रहे रूम

बारिश में बढ़ रहा आंदोलन:किसानों ने ट्राॅलियों को बनाया वाटर प्रूफ, खाली फ्लैटों पर लगे होटल के बोर्ड, किराए पर दे रहे रूम

नई दिल्ली : ठंड और बारिश कृषि कानूनों के विरोध में बैठे किसानों का हौसला ठंडा नहीं कर पा रही है। गुरुवार को दिनभर बूंदाबांदी हुई लेकिन किसानों का आना लगा रहा। बाहर से आ रहे किसानों के परिवार बारिश में होटलों में ठहर रहे हैं। इसे देखते हुए आसापास के खाली फ्लैटों में होटल के बोर्ड लग गए हैं।

गुरुवार को दहिया खाप से 125 के करीब ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में किसान पहुंचे। बारिश को देखते हुए ट्राॅलियों को प्लास्टिक तिरपाल से वाटर प्रूफ बना लिया है। स्थाई तौर पर लगाए गए टेंट पर भी प्लास्टिक कवर से ढांप दिया गया है। सड़क पर पानी को किसान इधर-उधर निकाल रहे हैं। कई दिन से धूप निकल रही थी। इससे ट्राॅलियों को थोड़ा खुला छोड़ा गया था। बारिश से लंगर सेवा भी प्रभावित हुई। सुबह से आठ बजे से ही चाय-पकौड़े और खाना शुरू हो जाता था। बारिश की वजह से 11 बजे के बाद ही लंगर सेवा शुरू हो गई।
*ये हुई व्यवस्था* : बारिश से बचने के लिए टेंटों और ट्राॅलियों को प्लास्टिक की चादरों से ढका, लंगर सेवा प्रभावित

*पहले की बारिश से सबक, ऊंची जगह पर लगाए तंबू*

जनवरी में भी बारिश का दौर आया था तो किसानों को पेरशानी झेलनी पड़ी थी। पंडालों में भी नीचे पानी भरा था। अब उससे सबक लेकर किसानों ने ट्राॅलियों या फिर सड़क पर ऊंचाई की जगह पर पंडाल लगाए हैं ताकि बारिश से दिक्कत न हो। किसान झाड़ू उठाकर या बाल्टी से पानी निकालते हुए भी नजर आए। कई जगह किसानों के लिए विभिन्न संगठनों ने वाटर प्रूफ पंडाल भी लगाए हैं।

*खेतों से सब्जी और घर से लस्सी इकट्ठी कर ला रहे* :

 प्रदेश के गांव-गांव से किसानों की भागीदारी अब आंदोलन में बढ़ रही है। सोनीपत जिले के आसपास के गांवों ने तो अब आंदोलन में लंगर सेवा के लिए अहम भागीदारी निभानी शुरू कर दी है। खेतों से ताजी सब्जी, घरों से ड्रम में लस्सी इकट्ठी करके किसान ला रहे हैं। महारा गांव के बिंटू ने बताया कि ट्रैक्टर से दो ट्राॅली जोड़कर हर दिन लाते हैं। एक ट्राॅली में सब्जियां व लस्सी ताे दूसरी में किसान बैठकर आते हैं।
खाली फ्लैटों की बढ़ गई कमाई
ठंड और बारिश में किसान भले ही सड़कों पर हैं, लेकिन आंदोलन में बाहर से कुछ दिन की भागीदारी देने के लिए गाड़ियों में भी लोग विभिन्न राज्यों से पहुंच रहे हैं। पार्कर मॉल के आसपास खाली फ्लैट का इस्तेमाल अब रूम किराए पर देने में भी किया जा रहा है। कई जगह होटल या रूम एवलेबल के बोर्ड यहां लग गए हैं।
125 ट्रैक्टरों के साथ पहुंचे सिसाना गांव के किसान
*खरखौदा* : आंदोलन को समर्थन देने के लिए भारतीय किसान यूनियन की अध्यक्षता में दहिया खाप के चबूतरे पर हुई पंचायत में फैसले के आधार पर सिसाना गांव में सभी ठोलो व पान्नों से दो-दो व्यक्तियों को शामिल करते हुए कुल 23 सदस्यों की एक कमेटी बनाई गई। इसी कमेटी के नेतृत्व में किसानों के आंदोलन को समर्थन देने व आंदोलन को मजबूत करने के लिए गुरुवार को सिसाना से करीब 125 ट्रैक्टरों के काफिले के साथ किसान सिंधु बॉर्डर के लिए रवाना हुए। कमेटी सदस्य जिंदर, पूर्व सरपंच कृष्ण, पूर्व जिला पार्षद चांद पहलवान ने कहा कि इसी तरह से बारी-बारी आंदोलन में किसान हिस्सा लेंगे। इससे पहले किसानों ने खरखौदा शहर के अंदरूनी हिस्से से अपनी यात्रा निकाली।
February 05, 2021

किसान महापंचायत:चरखी में 7 को किसान महापंचायत में टिकैत व चढ़ूनी पहुंचेंगे

किसान महापंचायत:चरखी में 7 को किसान महापंचायत में टिकैत व चढ़ूनी पहुंचेंगे

चरखी दादरी : सांगवान खाप ने गुरुवार को क्षेत्र के मौजिज लोगों के साथ बैठक कर किसान महापंचायत में पूरे राज्य से अधिक से अधिक किसानों और नागरिकों की सहभागिता करवाने का निर्णय लिया। सांगवान खाप चालीस प्रधान व निर्दलीय विधायक सोमबीर सांगवान ने बताया कि यह महापंचायत 7 को गांव चरखी स्थित एससीआर स्कूल परिसर में आयोजित की जाएगी।
इसका समय सुबह 11 बजे का रहेगा। इसमें पूरे प्रदेश से आए किसानों, सांगवान खाप के ग्रामीणों, मौजिज नागरिकों को बतौर मुख्य वक्ता सर्व खाप पंचायत प्रवक्ता तथा गाजीपुर बार्डर पर किसान आंदोलन की अगुवाई कर रहे राकेश टिकैत शिरकत करेंगे। इसके साथ ही हरियाणा किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष गुरुनाम सिंह चंढूनी सहित किसान मोर्चा के अन्य नेता तथा विभिन्न खापों के प्रधानों तथा मौजिज पदाधिकारियों की उपस्थिति रहेंगे।
February 05, 2021

तबादले:2021 में बड़ा फेरबदल, 24 आईएएस बदले, पब्लिक रिलेशन सीएमओ के अफसरों के पास, दास को फिर मिला बिजली विभाग


तबादले:2021 में बड़ा फेरबदल, 24 आईएएस बदले, पब्लिक रिलेशन सीएमओ के अफसरों के पास, दास को फिर मिला बिजली विभाग


*जानिए...किस अधिकारी का कहां हुआ तबादला*



चंडीगढ़ : राज्य सरकार ने नए साल में ब्यूरोक्रेट्स में बड़ा फेरबदल किया है। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग अब पूरी तरह सीएमओ के अफसरों के पास आ गया है। सीएम के प्रिंसिपल सेक्रेटरी वी उमाशंकर डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल सेक्रेटरी तो एडिशनल पीएस टू सीएम अमित अग्रवाल को निदेशक की जिम्मेदारी दी गई है।
पीसी मीना को हटाकर डीजी स्किल डेवलपमेंट और सेक्रेटरी फाइनेंस के पद पर लगाया है। वीएस कुंडु मेट्रोपॉलिटिन डेवलपमेंट अथॉरिटी गुड़गांव व फरीदाबाद से हटाकर उन्हें लेबर डिपार्टमेंट में लगाया है। उन्हें सैनिक एवं अर्द्ध सैनिक कल्याण विभाग और प्रिंटिंग एंड स्टेशन डिपार्टमेंट भी दिया है। पीके दास को फिर बिजली विभाग को सौंपा है। टीसी गुप्ता को नया हाउसिंग फॉर ऑल डिपार्टमेंट के साथ माइनिंग भी दिया गया है। सीएम अनाउंसमेंट का काम भी वही देखेंगे।
February 05, 2021

गैस एजेंसी कर्मचारी से मारपीट कर 47800 रुपये लूटे

गैस एजेंसी कर्मचारी से मारपीट कर 47800 रुपये लूटे

 महेंद्रगढ़ : खेड़ी और बवाना की नहर की बीच गुरुवार शाम बाइक सवार तीन अज्ञात लोगों ने इंडियन गैस एजेंसी के कारिंदे से मारपीट की है। इस कारिंदे से 47 हजार 800 रुपए भी छीनकर ले गए। इसके बाद बदमाश कनीना की ओर भाग खड़े हुए। पीड़ित व्यक्ति फिलहाल महेंद्रगढ़ अस्पताल में उपचाराधीन है।
गांव खुड़ाना वासी लालचंद ने बताया कि वह वीएस गैस एजेंसी में छह साल से कार्यरत है। गुरुवार वह अपनी गाड़ी में 60 सिलेंडर लेकर सप्लाई के लिए सेहलंग, पोता खेड़ी व धनौंदा रूट पर निकला था। सेहलंग व पोता सप्लाई करने के बाद खेड़ी-बवाना की नहर के पास पहुंचा। अचानक गाड़ी के आगे एक व्यक्ति बाइक से आगे आ गया और गाड़ी को रुकवा दिया। जैसे ही गाड़ी रुकी उसके दो साथी ओर आ गए। इन तीनों ने उसके साथ मारपीट की। वह अपनी जान बचाकर नजदीक सरसों के खेत में गया तो यह बदमाश भी पीछे-पीछे खेत में आ गए। उन्होंने वहां भी मारपीट की। पीडि़त लालचंद ने आरोप लगाया कि उनके हाथ में हथोड़ा व लोहे की राड थी। उसकी जेब में 10 हजार व 52 सिलेंडरों के करीब 37800 रुपए थे। इन बदमाशों से यह राशि लूट ली और कनीना की ओर भाग खड़े हुए। घटना के दौरान वह बचाओ-बचाओ की आवाज लगाई तो वहां बवाना का एक व्यक्ति पूर्ण चंद खुद के खेत में से आया और उसने उसे उठाकर महेंद्रगढ़ अस्पताल में पहुंचाया है। घटना की सूचना पाकर गैस एजेंसी प्रबंधक सतीश यादव अस्पताल में पहुंचा और घायल का उपचार करवाया।
February 05, 2021

राम रहीम को नहीं मिली राहत, HC में याचिका खारिज

राम रहीम को नहीं मिली राहत, HC में याचिका खारिज

चंडीगढ़ : रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहे डेरा सच्चा सौदा के प्रमुख गुरमीत राम रहीम काे फिर राहत नहीं मिली है। पंजाब एवं हरियाणा हाई कार्ट ने रंजीत हत्‍याकांड में राहत नहीं दी है। हाई कोर्ट ने उनकी सीबीआइ कोर्ट में रंजीत सिंह की हत्या के मामले की सुनवाई टालने की याचिका को वापस लेने की छूट देते हुए खारिज कर दिया।
हाई कोर्ट बार द्वारा काम निलंबन रखने के चलते इस मामले में हाई कोर्ट बार का कोई वकील पेश नहीं हुआ। जिस कारण दिल्ली के एक वकील ने राम रहीम की पैरवी करते हुए याचिका वापस लेने का आग्रह किया। इस  पर हाई कोर्ट बेंच ने याचिका वापस लेने की छूट देते हुए इसे खारिज कर दिया । हालांकि कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट को कहा कि अगर सुविधाजनक हो तो वह पहले अन्य सह आरोपियों के वकील की दलील सुन सकती है।
डेरा सच्‍चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम ने याचिका दायर कर सीबीआइ कोर्ट में पूर्व डेरा प्रबंधक रंजीत सिंह की हत्या के मामले की सुनवाई चार सप्ताह तक टालने का निर्देश देने का आग्रह किया था। इस मामले में पंचकूला की सीबीआइ कोर्ट में फाइनल बहस होनी है। गुरमीत राम रहीम द्वारा दायर याचिका में कहा गया कि उसका वकील गंभीर बीमारी से ग्रस्त है और उसकी कोरोना रिपोर्ट भी पाजीटिव है। इसलिए उसके मामले की सुनवाई चार सप्ताह तक टाली जाए। इस बाबत उसने सीबीआइ कोर्ट में भी अर्जी दायर की यह मांग की थी लेकिन उस पर कोई विचार नहीं किया गया।
February 05, 2021

किसानों के नाम पर पीएम को गाली देने वाले आंदोलन से दूर रहें : राकेश टिकैत

किसानों के नाम पर पीएम को गाली देने वाले आंदोलन से दूर रहें : राकेश टिकैत

नई दिल्ली: किसान आंदोलन के मंच से प्रधानमंत्री मोदी को गाली देने वालों को किसान नेता राकेश टिकैत ने कड़ा संदेश दिया है। राकेश टिकैत ने गुरुवार को कहा कि किसानों के नाम पर पीएम को गाली देने वाले आंदोलन से दूर रहें। राकेश टिकैत ने कहा कि ऐसी शिकायतें आ रही हैं कि लोग पीएम मोदी जी को गाली दे रहें हैं। राकेश टिकैत ने कहा कि जो लोग मोदी जी को गाली दे रहे है वो हमारे लोग नही हो सकते और वो मंच छोड़कर चले जाएं। राकेश टिकैत ने कहा कि इस मंच को इस तरके के काम के लिए इस्तेमान करने नही दिया जाएगा। टिकैत ने कहा कि अगर कोई यहां आदोलन में है जो प्रधानमंत्री को गाली देते है तो हमें बता दो उसको यहां से जाना पड़ेगा। माहौल को खराब ना करें। टिकैत ने कहा कि गाली हमें भी अच्छी नही लगती तो ऐसे में प्रधानमंत्री को गाली देना अच्छी बात नही है। राकेश टिकैत यह भी कहा कि 6 फरवरी को देशभर में 3 घंटे के लिए चक्का जाम होगा। हालांकि राकेश टिकैत ने यह भी कहा कि 6 फरवरी को दिल्ली-एनसीआर में चक्का जाम नहीं किया जाएगा।
February 05, 2021

विद्यार्थियों को एक और माैका : 15 फरवरी तक हो सकेंगे नौंवी व 11वीं में दाखिले

विद्यार्थियों को एक और माैका : 15 फरवरी तक हो सकेंगे नौंवी व 11वीं में दाखिले

भिवानी : बच्चों की संख्या कम होने पर शिक्षा विभाग ने नौंवी व 11 वीं कक्षा में दाखिले की अंतिम तिथि 15 फरवरी तक बढा दी है,जबकि बीते माह तक ही थी। विभाग ने यह फैसला पोर्टल पर इन क्लासों में बच्चों की संख्या कम होने के बाद लिया है। फिलहाल स्कूलों में बच्चों की संख्या बढाने के लिए शिक्षकों ने भी कमर कस ली है। बच्चों की संख्या बढाने के लिए शिक्षकों ने घर.घर दस्तक देना शुरू कर दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार शिक्षा विभाग ने नौंवी व 11 वीं कक्षा में बच्चों की संख्या बढाने की तैयारी की है। शिक्षा विभाग ने इन दोनों कक्षाओं में बच्चों के दाखिले के लिए 15 फरवरी अंतिम तिथि तय की है।

*पंजीकृत छात्रों की सूची का मिलान करें*

भेजे निर्देशों में कहा गया है कि शिक्षक आठवीं कक्षा में पंजीकृत छात्रों की सूची उठाए और मिलान करें कि नौंवी कक्षा में कौन.कौन से बच्चे सरकारी स्कूल में दाखिल नहीं है। उस बारे में जानकारी जुटाए। अगर अन्य किसी स्कूल में दाखिल है तो उनको सरकारी स्कूल में दाखिला लेने के लिए प्रेरित करें। चूंकि इस बार इन दोनों कक्षाओं में बच्चों की संख्या कम है।

*छठी से आठवीं तक 60 प्रतिशत बच्चों की हाजिरी*

पहली फरवरी से सरकारी स्कूलों में छठी से लेकर आठवीं कक्षा तक के बच्चों को स्कूलों में बुलाने का फैसला सही होता नजर आ रहा है। निर्देशों के बाद सरकारी स्कूलों में छठी से लेकर आठवीं कक्षा तक करीब 60 फीसदी से ज्यादा विद्यार्थी स्कूलों में पहुंच रहे है। शिक्षकों ने बताया कि सरकारी आदेशों के बाद स्कूलों में रोजाना बच्चों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
February 05, 2021

सेना में खुली भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें किस जिले के युवाओं को मिलेगा मौका

सेना में खुली भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू, जानें किस जिले के युवाओं को मिलेगा मौका

 रेवाड़ी : ( पंकज कुमार ) रेवाड़ी, महेन्द्रगढ़, भिवानी और चरखी दादरी जिलों के उम्मीदवारों के लिए सेना में सिपाही फार्मा की खुली भर्ती के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके है। बुधवार को एआरओ चरखी दादरी ने बताया कि सेना मेें सिपाही फार्मा की खुली भर्ती 18 से 25 मार्च 2021 तक इंदिरा गांधी र्स्पोटस स्टेडियम, उना हिमाचल प्रदेश में आयोजित होने वाली भर्ती जो रेवाड़ी, महेन्द्रगढ, भिवानी और चरखी दादरी जिलों के उम्मीदवारों के रजिस्ट्रेशन शुरू हो चुके हैं।
उन्होंने बताया कि रजिस्ट्रेशन का कार्य 2 मार्च 2021 तक किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि उक्त जिला के युवाओं के लिए सेना में जाने का सुनहरा मौका है। उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी र्स्पोटस स्टेडियम, उना हिमाचल प्रदेश में 18 मार्च से 25 मार्च 2021 तक भर्ती होगी। इसमें सेना भर्ती कार्यालय चरखी दादरी द्वारा युवाओं के लिए सिपाही फार्मा के लिए भर्ती करवाई जाएगी। एआरओ चरखी दादरी ने बताया कि उम्मीदवार को एडमिट कार्ड उनकी ईमेल आईडी पर जारी किया जाएगा। रैली में प्रवेश से पूर्व सभी उम्मीदवार अपने दांत, कान की सफाई, बाल कटवा कर तथा शरीर को साफ सुथरा करके आए जिससे पहचान एवं डाक्टरी जांच में असुविधा न हो। भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने से पहले सभी उम्मीदवार को कोरोना जांच करवाना तथा कोरोना वाइरस मुक्त प्रमाण पत्र लाना आवश्यक है। विशेष जानकारी के लिए वेबसाइट पर भर्ती कार्यालय द्वारा जारी किया गया नोटिफिकेशन देखें।

उन्होंने बताया कि प्रवेश पत्र र्निगत होने की जानकारी के लिए कृप्या आप अपना पंजीकृत ईमल और प्रोफाईल लगातार देखते रहें। जिन उम्मीदवारों के पास जरूरी दस्तावेजों की मूल प्रति नहीं होगी उनको रैली में भाग लेने नहीं दिया जाएगा और दस्तावेज के अभाव में उनका नाम रैली से रद्द कर दिया जाएगा। सेना भर्ती कार्यालय ने भर्ती के लिए आवेदन करने वाले युवाओं से अपील की है कि वे दलालों व जालसाजों के चंगुल से दूर रहें, क्योंकि सेना की भर्ती में पूर्ण पारदर्शिता बरती जाएगी। केवल अपने योग्यता एवं कठिन परिश्रम पर विश्वास करें। रिश्वत लेना या देना, फर्जी प्रमाण पत्र का इस्तेमाल और अनुचित साधनों के इस्तेमाल में शामिल होना एक दंडनीय अपराध है और ऐसा करने वाले उम्मीदवार कानून के तहत दंड के लिए उत्तरदायी होंगे।
February 05, 2021

10 हजार लेकर बनाते थे नकली आयुष्मान कार्ड, दो केंद्र संचालक गिरफ्तार

10 हजार लेकर बनाते थे नकली आयुष्मान कार्ड, दो केंद्र संचालक गिरफ्तार

 करनाल : मेरठ रोड स्थित अटल सेवा केंद्र पर 8 से 10 हजार रुपए लेकर नकली आयुष्मान कार्ड-नकली राशन कार्ड बनाने के आरोप में पुलिस ने केंद्र संचालक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों को गुरुवार सुबह कोर्ट में पेश कर रिमांड हासिल किया जाएगा।
रिमांड के दौरान पता लगाया जाएगा कि गिरफ्तार आरोपियों के साथ-साथ इस गोरखधंधे में कौन लोग शामिल है। अब तक कितने लोगों को फर्जी आयुष्मान कार्ड-राशन कार्ड बनाकर ठगा जा चुका हैं। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभन्नि गंंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि 3 माह से फर्जी राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनाने का काम कर रहे थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है कि ओर कौन लोग इस गोरखधंधे में जुड़े हुए है। अब तक कितने फर्जी राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके है। क्या ये खेल करनाल जिला में किस कदर से चल रहा है। 

*एक जगह से फर्जी कार्ड किए जा रहे थे अपलोड*

जांच अधिकारी जसवद्रिं तुली ने बताया कि आयुष्मान की साइट पर एक ही जगह से फर्जी आयुष्मान कार्ड अपलोड हो रहे थे। कार्ड साइट पर कैसे अपलोड हो रहे है, मामला सामने आते ही आयुष्मान भारत सरकार के विभाग ने निगरानी शुरू कर दी। निगरानी करने पर बहुत ही चौकाने वाले तथ्य सामने आए। जिसके आधार पर जांच आगे बड़ी। जांच अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि जो फर्जी आयुष्मान कार्ड बनाए है, उनमें से कई को योजना का लाभ भी मिल चुका हैं। रिमांड में काफी जानकारी हासिल होने की संभावना है।
February 05, 2021

गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे विपक्ष के कई सांसद

गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे विपक्ष के कई सांसद

दिल्ली: कृषि कानून को लेकर चल रहा आंदोलन अब बढ़ता ही जा रहा है। देश - विदेश में भी कृषि कानून को लेकर सोशल मीडिया पर जंग छिड़ी हुई है। तो वहीं दूसरी तरफ किसान नेता राकेश टिकैत ने किसानों में एक बार फिर से जोश भर दिया है। गौरतलब है कि कृषि कानूनों के मसले पर किसानों का आंदोलन जारी है और अब इसे अलग-अलग जगहों से समर्थन मिल रहा है। बीते दिन हरियाणा के जींद में महापंचायत हुई जिसमें तीनों कृषि कानूनों का वापस लेने का प्रस्ताव पारित किया गया।
अब किसान संगठनों की ओर से 6 फरवरी को होने वाले चक्का जाम की तैयारियां की जा रही हैं। साथ ही संसद के दोनों सदनों में इस मसले पर संग्राम जारी है। एनसीपी नेता सुप्रिया सुले समेत विपक्ष के कई सांसद आज गाजीपुर बॉर्डर पहुंचे हैं, हालांकि उन्हें पुलिस ने रोक लिया है। बीते कुछ वक्त में लगातार विपक्षी नेताओं का गाजीपुर बॉर्डर पर जमावड़ा लगा है। यहां राकेश टिकैत की अगुवाई में किसानों का आंदोलन चल रहा है। और ये आंदोलन क्या मोड़ लेगा इसके बारे में अभी कुछ भी कहना गलत होगा। 
February 05, 2021

वर्ल्ड कैंसर डे:पानीपत में स्वास्थ्य विभाग नहीं, रोडवेज निगम से पता लगती है कैंसर रोगियों की संख्या

वर्ल्ड कैंसर डे:पानीपत में स्वास्थ्य विभाग नहीं, रोडवेज निगम से पता लगती है कैंसर रोगियों की संख्या


पानीपत : आज वर्ल्ड कैंसर डे है। किसी भी बीमारी और उसके मरीजों का आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग के पास होता हैं, लेकिन पानीपत के कैंसर मरीजों का आंकड़ा स्वास्थ्य विभाग नहीं, रोडवेज निगम के पास होता है। दरअसल पानीपत में कैंसर के मरीजों की प्रारंभिक जांच की सुविधा नहीं है। कैंसर की प्रारंभिक जांच के लिए जिले के लोगों को रोहतक PGI जाना पड़ता है। इसके साथ हरियाणा में कैंसर मरीजों को फ्री बस पास जारी किए जाते हैं। पानीपत में भी फ्री बस पास की संख्या को ही कैंसर रोगियों की संख्या का आधार माना जाता है। 2020 में पानीपत में कैंसर रोगियों को 71 फ्री बस पास जारी किए गए।

*बीते तीन साल में 400, इस बार 71 नए मामले*

2020 वैसे तो लोगों के लिए दुखदायी रहा, लेकिन कैंसर के मामले में 2020 में कमी आई है। पानीपत में 2017 से 2019 तक कैंसर के 400 मरीज सामने आए थे। 2020 में 71 लोग ही कैंसर पीड़ित मिले। स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि उद्योग नगरी पानीपत में दूसरे प्रदेशों के लोगों की संख्या अधिक है। प्रवासी लोग तंबाकू पदार्थों का सेवन अधिक करते हैं। जिससे मुंह के कैंसर के मामले सर्वाधिक हैं। इसके बाद महिलाओं में यूट्रस कैंसर और स्तन कैंसर के मामले आते हैं।

इस बार की थीम 'मैं हूं और मैं रहूंगा'

कैंसर के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से समय-समय पर कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने इस बार कैंसर से लड़ने के लिए 'मैं हूं और मैं रहूंगा' थीम रखी है। इसी थीम पर आज सिविल अस्पताल, CHC और PHC में जागरूकता कार्यक्रम किए जाएंगे।
*ये हैं कैंसर के प्रमुख लक्षण*

*कब्ज होना, सामान्य से अधिक दस्त*

*स्तन या शरीर में गांठ होना, जिसमें दर्द न हो*

*घाव या छाला न भरना*

*कहीं से भी असामान्य रक्त बहना*

*मसा में अचानक बढ़ोत्तरी*

*लगातार खांसी, गले में खराश के साथ खून आना*
February 05, 2021

17 बाल बंदियों के फरार होने का मामला:ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर हिसार के दो कांस्टेबल बर्खास्त

17 बाल बंदियों के फरार होने का मामला:ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर हिसार के दो कांस्टेबल बर्खास्त


हिसार : बरवाला रोड स्थित ऑब्जर्वेशन होम से 17 बाल बंदियों के फरार होने के मामले में जांच के बाद 4 पुलिसकर्मियों पर गाज गिरी है। घटना के समय गारद इंचार्ज सहित तीन कर्मचारी बिना सूचना ड्यूटी से गायब थे। एक मौजूद था, लेकिन फरार होते बंदियों को काबू करने में असफल रहा था। यही नहीं, ड्यूटी गेट के बाहर थी, लेकिन वह अंदर था। इसकी जांच डीएसपी रैंक के अधिकारियाें को सौंपी थी।
जांच के आधार पर एसपी बलवान सिंह राणा ने गारद इंचार्ज ईएएसआई जगराज सिंह के खिलाफ कंपलसरी रिटायरमेंट, कांस्टेबल विनोद और रघुविंद्र को बर्खास्त करने और कांस्टेबल विजेंद्र की छह वेतन वृद्धि रोकने की कार्रवाई की है। बता दें, ऑब्जर्वेशन होम से 12 अक्टूबर 2020 की शाम सुरक्षाकर्मियों पर हमला कर 17 बंदी फरार हुए थे। 12 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।

*एसपी ने 2 डीएसपी की जांच के आधार पर आदेश दिए*

डीएसपी नारायण चंद व डीएसपी राजबीर सिंह ने वारदात की सीसीटीवी फुटेज देखी थी। मेन गेट पर गारद इंचार्ज ईएएसआई जगराज सिंह, कांस्टेबल विनोद व कांस्टेबल रघुविंद्र तैनात नहीं थे। कांस्टेबल विजेंद्र था, लेकिन सिविल ड्रेस में था और गार्ड रूम में अपना शस्त्र भी छोड़ रखा था। अब इस पर कार्रवाई हुई है।
February 05, 2021

पुलिस अब ऐसे मनमानी करेगी...:नशे संबंधी जानकारी दी तो सोशल मीडिया अकाउंट कर दिया ब्लॉक


पुलिस अब ऐसे मनमानी करेगी...:नशे संबंधी जानकारी दी तो सोशल मीडिया अकाउंट कर दिया ब्लॉक, मुख्यमंत्री और गृहमंत्री को दी शिकायत


फतेहाबाद : एक शख्स ने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट डालकर पुलिस को नशे के बढ़ते मामलों संबंधी जानकारी दी तो उसका सोशल मीडिया अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया। इससे गुस्साए शख्स ने मुख्यमंत्री, गृहमंत्री और DGP को शिकायत देकर जवाब मांगा है। यह पूरी कारस्तानी फतेहाबाद पुलिस ने की है।
वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय ने शख्स की शिकायत पर संज्ञान लिया और DGP को शिकायत का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। पीड़ित की पहचान गांव चांदपुरा निवासी रामचंद्र के रूप में हुई है। उसने अपनी शिकायत मुख्यमंत्री और गृहमंत्री के सोशल मीडिया अकाउंट पर भी पोस्ट की है।
अपनी शिकायत में रामचंद्र ने बताया कि उसने जिला पुलिस के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट डालकर गांव में मेडिकल नशा बढ़ने की बात कही थी, लेकिन फतेहाबाद पुलिस ने उसे ब्लॉक कर दिया। यही नहीं मुझे सरकारी नंबर भी ब्लॉक कर दिया गया। *आखिर क्यों मुझे ब्लॉक किया गया?*

क्या पुलिस से संबधित सोशल मीडिया अकाउंट पर कोई जानकारी देने की सजा ब्लॉक करना है? मुझे इसका जवाब दिया जाए और जब मुख्यमंत्री कार्यालय में मामला पहुंचा तो पुलिस विभाग के अधिकारियों को मामले को सुलझाने के आदेश दिए गए। इन आदेशों के बाद SP कार्यालय में हड़कंप में मच गया।
February 05, 2021

कार्ड पर छपने लगे हल-ट्रैक्टर:अब शादी के कार्डों तक पहुंचा आई लव खेती और नो फार्मर-नो फूड जैसे स्टीकर्स का ट्रेंड

कार्ड पर छपने लगे हल-ट्रैक्टर:अब शादी के कार्डों तक पहुंचा आई लव खेती और नो फार्मर-नो फूड जैसे स्टीकर्स का ट्रेंड


कैथल : तीन कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन ने 70 दिन में ट्रेंड बदल दिया है। अब लग्जरी गाड़ियाें पर आई लव खेती, नो फार्मर-नो फूड जैसे स्लोगन लिखवा रहे हैं। यह ट्रेंड गाड़ियाें व ट्रैक्टरों से शादी के कार्डों तक पहुंच गया है।
14 फरवरी को शादी का शुभ मुहूर्त है। प्रिंटिंग प्रैस वालों का कहना है कि शादी के हर दूसरे कार्ड पर किसानों के समर्थन में स्लोगन छपवाए जा रहे हैं। स्लोगन छपवाने वालों में किसानों के अलावा शहरी, पढ़े लिखे युवा व नौकरी-पेशा वाले व्यक्ति भी शामिल हैं।

*बॉर्डर पर नहीं गए, इसलिए कार्ड से दिया संदेश*

कैथल निवासी प्रवीन ढुल ने बताया कि 14 फरवरी को उसकी शादी है। उसने एमकॉम, बीएड की है। अब शहर में रहते हैं। पिता, दादा, परदादा सब खेती से जुड़े थे। पिता दिल्ली में बॉर्डर पर बैठे हैं, लेकिन वे दिल्ली नहीं जा सकते, इसलिए कार्ड से समर्थन कर रहे हैं। जब लोग कार्ड पढ़ेंगे तो संदेश मिलेगा कि किसान कितने जरूरी हैं।
गांव धुंधरेहड़ी के संजीव गोयत ने बताया कि 14 को भाई की शादी है। खुद किसान हैं, लेकिन दिल्ली बॉर्डर पर नहीं जा पाए, लेकिन शादी के कार्ड पर नो फार्मर-नो फूड लिखवाया है। यह स्लोगन देख सामने वाले को अच्छा लगने के साथ ही संदेश भी मिलेगा।
फतेहाबाद के गांव गाजूवाला निवासी रमेश बोलान ने बताया कि 14 फरवरी को बेटी की शादी है। खुद को किसान होने पर गर्व है। शादी के कार्ड पर बैलों से खेत जोत रहे किसान के साथ नो फार्मर-नो फूड का स्लोगन छपवाया है।

*पहली बार छोटूराम, भगत सिंह के चित्र छपवा रहे*

शहर के एक प्रिंटिंग प्रैस संचालक दिनेश शर्मा ने बताया कि पहली बार लोग शादी के कार्डों पर किसानों का समर्थन करते हुए स्लोगन लिखवा रहे हैं। इसके अलावा भगत सिंह, सर छोटूराम जैसे महापुरुषों के चित्र कार्डों पर छपवाने का ट्रेंड बढ़ा है।
हर दूसरा ग्राहक शादी के कार्ड पर किसानों के समर्थन में स्लोगन लिखवा रहा है। स्टीकर लगाने वाले राज सिंह ने बताया कि पहले ग्राहक अपने वाहन पर पुलिस, प्रैस, आर्मी, खुद की जाति, गौत्र आदि लिखवाते थे, लेकिन अब ट्रेंड बदल गया।
February 05, 2021

जीएसटी क्षतिपूर्ति : प्रदेश को मिले 236.93 करोड़

जीएसटी क्षतिपूर्ति : प्रदेश को मिले 236.93 करोड़


चण्डीगढ़ : हरियाणा को जीएसटी राजस्व की क्षतिपूर्ति के लिए केंद्र सरकार ने 14वीं किश्त के रूप में 236.93 करोड़ की धनराशि मिली है। हरियाणा को अब तक क्षतिपूर्ति के लिए 3646.77 करोड़ की धनराशि जारी की जा चुकी है जो जीडीपी के 0.50 प्रतिशत अतिरिक्त ऋण के रूप में 4293 करोड़ की अनुमति के अलावा होगी।। केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने बुधवार को जीएसटी मुआवजे को पूरा करने के लिए राज्यों को 6000 करोड़ रुपये की 14वीं किश्त जारी की है।
जीएसटी राजस्व के राज्यों को हुए नुकसान की भारपाई करने के लिए वित्त मंत्रालय इस क्षतिपूर्ति के लिए अब तक 23 राज्यों को 84 हजार करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर चुका है। यह धनराशि राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों को उधारी के रूप में 106830 करोड़ रुपये की राशि की अनुमति अलग होगी। इसमें हरियाणा राज्य को चौदहवीं किश्त में मिले 236.93 करोड रुपये के साथ ही अब तक जीएसटी राजस्व की क्षतिपूर्ति के लिए 3646.77 करोड रुपये की जारी हो चुकी यह राशि राज्य को जीएसडीपी की 0.50 प्रतिशत की अतिरिक्त ऋण की अनुमति के अलावा रहेगी।

इसी प्रकार जीएसटी राजस्व की क्षतिपूर्ति के लिए छत्तीसगढ़ राज्य को इस किश्त में 169.26 करोड़ जारी किये गये जिसके साथ इस राज्य को 1523.34 करोड़ रुपये जारी किये जा चुके हैं जबकि छत्तीसगढ़ को जीडीपी के बराबर 0.50 फीसदी रकम को उधार के रूप में जुटाने के लिए 1792 करोड़ रुपये की अनुमति है।
वहीं मध्य प्रदेश को जीएसटी राजस्व के नुकसान की भरपाई के लिए 14वीं किश्त के रूप में जारी 247.33 करोड़ के साथ अब तक 3806.03 करोड़ रुपये की राशि जारी की गई। केंद्र सरकार की तरफ से मध्य प्रदेश को जीएसटी के आधार पर 4746 करोड़ रुपये की उधारी लेने की अनुमति दी जा चुकी है।
गौरतलब है कि केंद्र सरकार विशेष उधारी खिड़की के तहत अब तक जारी 84 हजार करोड़ रुपये की रकम पर केंद्र सरकार को औसतन 4.7395 फीसदी का ब्याज चुकाना होगा। केंद्र सरकार जीएसटी लागू करने में आई राजस्व की कमी को पूरा करने के लिए यह कर्ज लेने के अलावा राज्यों को अपने सकल घरेलू उत्पाद का 0.50 फीसदी अतिरिक्त राशि के रूप में उधार लेने का भी विकल्प दे रही है। इसके लिए राज्य विकल्प-1 का चयन कर रहे हैं। इसके तहत 28 राज्यों को 106830 करोड़ (राज्यों के सकल घरेलू उत्पाद का 0.50 फीसदी) की अतिरिक्त उधारी का भी प्रावधान किया गया है।
February 05, 2021

आज से फिर शुरू होगी गंगानगर स्पेशल ट्रेन, देखिए समयसारिणी

आज से फिर शुरू होगी गंगानगर स्पेशल ट्रेन, देखिए समयसारिणी

हिसार : जो भी रेल यात्री श्रीगंगानगर-रेवाड़ी स्पेशल गाड़ी के चलने का इंतजार कर रहे थे उनका इंतजार आज खत्म हो जाएगा। यह ट्रेन आज से फिर शुरू हो रही है। हालांकि यह पूरी तरह से रिजर्वेशन आधारित होगी और लोगों को ट्रेन में सफर करने के लिए ऑनलाइन ही टिकट बुक करनी होगी । इस ट्रेन के चलने से हिसार, हांसी, भिवानी के लोगों के अलावा अन्य लोगों को भी फायदा पहुंचेगा।

*क्या होगा समय?*

ये स्पेशल ट्रेन श्रीगंगानगर से 1.45 बजे रवाना हुआ करेगी और 12 बजे तक यात्रियों को रेवाड़ी पहुंचा देगी। वहीं हर रोज चलने वाली इस ट्रेन को 12.50 बजे रेवाड़ी से रवाना किया जाएगा और रात 11.45 बजे श्रीगंगानगर में पहुंचा करेगी।
*किस स्टेशन पर रुकेगी गाड़ी ?*

श्रीगंगानगर-रेवाड़ी स्पेशल ट्रेन अपनी तय स्टेशनों पर रूकेगी। जिसमें फतोही, हिंदुमलकोट, पंचकोसी, अबोहर, पक्की, मलोट गिदड़बाहा, बल्लुआना, बठिंडा, घाड़ीबागी, शेरगढ़, मनवाला, कोटभक्तू, बानगी, निहालसिंह, रामा, रतनगढ़, कनकवाल, कानावाली, सुखचैन, बारागुडा, सिरसा, बाजेकन, सुचानकोटली, जोधका, डींग, महुवाला, भट्टू, खाबरा कलां, मंडीआदमपुर, जेखोड खेड़ा, न्यूलिकलां, हिसार, सातरोड, मयार, हांसी, औरंगनगर, जीताखेड़ी, बवानी खेड़ा, सुई, भिवानी, मानहेरू, चरखी, दादरी, पातुवास, महराणा, झाड़ली, सुधराना, कोसली, नांगल, पठानी, जाटूसाना व किशनगढ़ बालावास शामिल हैं। यात्रियों को निर्धारित समय पर स्टेशनों पर आना होगा और इसके लिए स्टेशन काउंटर पर टिकट नहीं मिलेगी।

रेल यात्रियों की लगातार चली आ रही मांग को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने हिसार से भिवानी व रेवाड़ी जाने वाले यात्रियों के लिए गंगानगर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। आपको बता दें कि यह रेल मार्च माह से बंद चल रही थी।

हिसार रेलवे स्टेशन के अधीक्षक केएल चौधरी व टिकट सुपरवाइजर पुरुषोत्तम मीणा ने बताया कि ट्रेन 5 फरवरी से प्रतिदिन सुबह 7:35 बजे हिसार रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। यहां से 8:20 बजे रवाना होगी। इसके बाद यह ट्रेन 9:50 बजे भिवानी रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी। यहां से 9:55 बजे रवाना होगी। 12.10 बजे ट्रेन रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर पहुंचेगी।

इसी तरह डाउन फेरे में रेवाड़ी से ट्रेन 12:50 बजे चलेगी। यह ट्रेन 2:35 बजे भिवानी पहुंचेगी। हिसार शाम 4:05 बजे पहुंचेगी। यहां से 16:15 बजे रवाना होगी। स्टेशन अधीक्षक का कहना है कि ट्रेन को चलाने की सभी तैयारी पूरी कर ली गई है।
February 05, 2021

गुरुग्राम एलिवेटेड रोड हादसा:NHAI ने कंस्ट्रक्शन कंपनी को 3 करोड़ का जुर्माना लगाया; जांच कमेटी की रिपोर्ट में सामने आई थी लापरवाही

गुरुग्राम एलिवेटेड रोड हादसा:NHAI ने कंस्ट्रक्शन कंपनी को 3 करोड़ का जुर्माना लगाया; जांच कमेटी की रिपोर्ट में सामने आई थी लापरवाही

गुरुग्राम : गुरुग्राम में करीब 5 महीने पहले हुए एलिवेटेड रोड हादसे को लेकर इसका निर्माण कर रही कंपनी की तरफ से लापरवाही की बात सामने आई है। जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई करते हुए भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने ओरियंटल स्ट्रक्चरल इंजीनियर्स प्राइवेट लिमिटेड को तीन करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। परियोजना निदेशक का कहना है कि पॉलिसी के मुताबिक निर्माण कंपनी पर प्रतिबंध लगाने का मामला नहीं बनता था। जुर्माना लगा दिया गया है। आगे किसी भी स्तर पर कमी न रहे, इसके लिए नजर रखी जा रही है।
बता दें कि 22 अगस्त 2020 की रात को गुरुग्राम-सोहना-अलवर हाईवे पर निर्माणाधीन एलिवेटेड रोड के पिलर नंबर 10 से 11 के बीच का स्लेब सीधे नीचे गिर गया था। इस हादसे में दो मजदूर घायल भी हो गए थे, वहीं अगले दिन तक यातायात बाधित रहा था। हादसे के बाद NHAI के तत्कालीन परियोजना निदेशक एके शर्मा ने सख्ती दिखाते हुए कंपनी द्वारा सुरक्षा के इंतजाम पूरे किए जाने तक आगे काम करने पर रोक लगा दी थी। उन्होंने यह भी कहा था कि कंपनी जब तक बेहतर तरीके से कार्य करने का भरोसा नहीं दिलाती, तब तक वह NHAI के दूसरे प्रोजेक्ट की टेंडर प्रक्रिया में शामिल नहीं हो सकती। साथ ही तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया था।


कमेटी ने अपनी जांच रिपोर्ट NHAI के मुख्यालय को सौंप दी है। इसमें कई स्तर पर लापरवाही बरतने जाने को लेकर संदेह जताया गया है। इनमें से एक आवश्यकता अनुसार कॉन्क्रीट का इस्तेमाल नहीं करना है, वहीं डिजाइन में भी गड़बड़ी की आशंका है। रिपोर्ट के आधार पर निर्माण कंपनी पर तीन करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया गया है। इसके अलावा NHAI के अधिकारी जांच कमेटी की तरफ से चिह्नित किए गए पहलुओं पर विचार कर रहे हैं।
इस बारे में परियोजना निदेशक शशिभूषण का कहना है कि पॉलिसी के मुताबिक निर्माण कंपनी पर कुछ समय तक प्रतिबंध लगाने का मामला नहीं बनता था। जुर्माना लगाने का ही मामला बनता था। जुर्माना लगा दिया गया है। आगे किसी भी स्तर पर कमी न रहे, इसके लिए विशेष रूप से पूरे प्रोजेक्ट पर नजर रखी जा रही है। प्रोजेक्ट जल्द पूरा हो, इसके लिए हर स्तर पर काम तेज कर दिया गया है।
दूसरी ओर NHAI के पूर्व तकनीकी सलाहकार JS सुहाग का कहना है कि निर्माण कंपनियों को टीम लीडर का चयन अनुभव के आधार पर करना चाहिए। कुछ समय से इस विषय पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जाता। IIT या NIT से डिग्री हासिल कर चुके इंजीनियर को या फिर PWD से सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता या मुख्य अभियंता को टीम लीडर बनाना चाहिए। NHAI से सेवानिवृत्त इंजीनियर को भी यह जिम्मेदारी दी जा सकती है।
February 05, 2021

अभ्यर्थियों का आरोप:आयोग ने मृतक काे भी राेल नंबर दिया; कानूनी नोटिस भेजा, जांच की मांग

अभ्यर्थियों का आरोप:आयोग ने मृतक काे भी राेल नंबर दिया; कानूनी नोटिस भेजा, जांच की मांग

अम्बाला/ नारायणगढ़ : हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) की 31 जनवरी को हुई आर्ट एंड क्राफ्ट परीक्षा में गड़बड़ी काे लेकर अभ्यर्थियों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। इतना ही नहीं कुछ अभ्यर्थियों ने आयोग को कानूनी नोटिस दिया है। अभ्यर्थियों ने आरोप लगाते दावा किया है कि आयोग ने मृतक काे भी राेल नंबर जारी किए। साथ ही और भी गड़बडिय़ां गिनवाईं।
अभ्यर्थियों ने मांग की है कि परीक्षा का रिजल्ट घोषित न किया जाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो। आरोप है कि आयोग ने 250 अभ्यर्थियों को आसान प्रश्नपत्र दिया। ऐसे लोगों को भी रोल नंबर जारी किए गए, जिनकी उम्र 58 साल से ज्यादा हो चुकी है।
यमुनानगर के टोपरां कलां के तेजिंद्र कुमार, छछरौली के जितेंद्र कुमार, गुंदियाना के दविंद्र सिंह, विरेंदर सिंह, कपिल देव, जागधौली के जगदीप सिंह की ओर से दिए गए नोटिस में कहा कि पूरे हरियाणा में कुल 40 परीक्षा केंद्रों में से 39 में पेपर के चार सेट 1121-ए, 1121-बी, 1121-सी और 1121-डी कोड के थे। लेकिन, एक परीक्षा केंद्र पर 0121-ए, 0121-बी, 0121-सी और 0121-डी कोड के पेपर भी दिए गए। दोनों तरह के कोड वाले प्रश्नपत्रों में अंतर था। ज्यादातर परीक्षा केंद्रों पर जो कोड वाले पेपर दिए गए वे एक-दो परीक्षा केंद्र पर दिए गए प्रश्नपत्रों के मुकाबले मुश्किल थे।
*अभ्यर्थियों ने नोटिस में आयोग को बताईं ये गड़बड़ियां*
आयोग ने एक मृतक को भी रोल नंबर जारी कर दिया। प्रश्न पत्र में थी नाम छापा।
आयोग ने 58 साल या इससे ज्यादा आयु वालों को भी रोल नंबर दिए।
वेकेंसी भरते समय 17 साल आयु वालों को भी रोल नंबर जारी।
*आरोप*: आसान प्रश्नपत्र वाले सेंटर के छात्र एक ही कोचिंग सेंटर के थे: नोटिस में कहा कि जिन एक-दो परीक्षा केंद्रों पर आसान प्रश्नपत्र दिए गए, उनमें दिल्ली के एक ही कोचिंग सेंटर के छात्र थे। वहीं, अभ्यर्थी अंकित सैनी, प्रदीप कुमार, विशाल, सुरेंद्र कुमार, संतोष सैनी, बीना रानी, ममता ने कहा कि खास लोगों को लाभ पहुंचाने के लिए आनन फानन में परीक्षा करवाई गई। इस परीक्षा में 10,390 अभ्यर्थियों की आर्थिक व समय की हानि हुई है। सीबीआई से जांच करवाई जानी चाहिए। 2006 में भर्ती निकली थी, उस समय भी विवाद के चलते परीक्षा 11 साल बाद 2017 में हुईं, प्रश्न पत्र अंग्रेजी में होने के कारण परीक्षा रद्द कर दी गईं। अब दोबारा विवाद खड़ा हो गया है।
February 05, 2021

पानीपत में अधूरी नेट बहाली:25 और 26 जनवरी को किसान आंदोलन में शामिल अधिकतर लोगों की नेट सेवा बंद

पानीपत में अधूरी नेट बहाली:25 और 26 जनवरी को किसान आंदोलन में शामिल अधिकतर लोगों की नेट सेवा बंद

पानीपत : पानीपत में इंटरनेट बहाली से सभी को राहत नहीं मिली है। 25 और 26 जनवरी को सिंघु बॉर्डर पहुंचने वालों के फोन नंबर ट्रेस करके इन नंबरों का गुरुवार शाम को इंटरनेट बंद कर दिया गया है। संबंधित टेलीकॉम कंपनी के कस्टमर केयर पर बताया जा रहा है कि सरकार की गाइड लाइन के अनुसार 8 फरवरी तक कुछ नंबर पर इंटरनेट की सेवा को बंद किया गया है।
26 जनवरी को दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के बाद सरकार की किसानों पर सख्ती के वीडियो वायरल हुए। इसके बाद किसान नेता राकेश टिकैत का एक भावुक वीडियो लोगों तक पहुंचा। इसके बाद टूटता किसान आंदोलन फिर से खड़ा हो गया। पहले से भी अधिक संख्या में हरियाणा के लोग बॉर्डर पर पहुंच गए। किसानों की अपील को रोकने के लिए 30 जनवरी की शाम 5 बजे प्रदेश में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई। पानीपत में साढ़े 97 घंटे बाद बुधवार शाम 6:30 बजे इंटरनेट सेवा बहाल हुई।
इसके बाद गुरुवार दोपहर 12 बजे से कुछ लोगों का इंटरनेट फिर से बंद हो गया। इनमें अधिकतर वो लोग हैं, जो 25 और 26 जनवरी को किसान आंदोलन में शामिल हुए थे। संबंधित टेलीकॉम कंपनी के कस्टमर केयर पर फोन कर रहे हैं तो उनका प्रतिनिधि कह रहा है कि सरकार की गाइड लाइन के अनुसार कुछ नंबर ट्रेस करके उनपर 8 फरवरी की शाम तक इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है। नेट बहाली के बाद भी अनेक लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
February 05, 2021

सिंघू बॉर्डर पर किसानों का 'बिजली-पानी-टॉयलेट' बंद, फिर...

सिंघू बॉर्डर पर किसानों का 'बिजली-पानी-टॉयलेट' बंद, फिर... 

नई दिल्ली। अदालत ने सिंघु  बॉर्डर पर पुलिस के साथ बदसलूकी करने के आरोप में गिरफ्तार स्वतंत्र पत्रकार मनदीप पुनिया को जमानत दे दी है। अदालत  ने उन्हें 25 हजार रुपये के निजी मुचलके पर यह जमानत दी है। अब वह आज शाम या कल तक रिहा हो सकते हैं। मनदीप ने स्वयं को फर्जी मामले में फंसाने का आरोप लगाया था। बता दें पुलिस ने उस पर लोगों को भड़काने व कामकाज में बाधा पंहुचाने का आरोप लगाते हुए जमानत आवेदन पर विरोध जताया था। रोहिणी अदालत के मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट सतवीर सिंह लांबा ने दोनों पक्षों के तर्क सुनने के बाद फैसला मंगलवार को सुनने का निर्णय किया था, जिस पर फैसला सुनाते हुए उन्होंने मनदीप को जमानत दे दी।

वहीं दिल्ली के सिंघू बॉर्डर पर तीन नए कृषि कानूनों के विरोध में जारी आंदोलन के दौरान बिजली कटौती, पानी, और साफ-सफाई के अभाव  जैसी समस्याओं से किसानाें को दो- चार होना पड़ रहा है। संयुक्त किसान मोर्चा  का कहना है कि सुरक्षा बढ़ाना और लोगों एवं गाड़ियों की आवाजाही पर रोक लगाने का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि किसानों को खाना, पानी और बिजली, टॉयलेट जैसी बुनियादी जरूरत की चीज़ें भी न मिलें। इसी के विरोध में छह फ़रवरी को देशभर में दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक, तीन घंटे का चक्का जाम किया जाएगा। 

ऐसे में स्थानीय लोग किसानों की मदद के लिए आगे आए हैं।  स्थानीय लोगों ने किसानों को बिजली से लेकर अपने घरों के शौचालयों तक के इस्तेमाल की इजाजत दे रहे हैं। किसान सिंघू बॉर्डर के दिल्ली-हरियाणा राजमार्ग पर प्रदर्शन कर रहे हैं। पंजाब के पटिलाया जिले के रहने वाले धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि हम 27 जनवरी से रात में बिजली कटौती का सामना कर रहे हैं। अगर स्थानीय लोग नहीं होते तो हमें पूरी रात बिना बिजली के रहना पड़ता। वे बिजली देकर और अन्य चीजें देकर हमारी मदद कर रहे हैं और हमसे शुल्क भी नहीं ले रहे हैं।

धर्मेंद्र सिंह ने कहा कि शुरुआत में तो चिंता हो रही थी कि कहीं रात के अंधेरे का फायदा शरारती तत्व न उठा लें। ईश्वर का शुक्र है कि स्थानीय लोगों की मदद और स्वयंसेवकों की एक टीम 24 घंटे निगरानी करती है ताकि कोई अप्रिय घटना न हो। एक अन्य किसान कहते हैं कि स्थानीय लोग "अधिकारों की लड़ाई" में उनके साथ खड़े हैं। आसपास के लोग  महिलाओं की हर संभव तरीके से मदद कर रहे हैं। वे उन्हें अपने शौचालय इस्तेमाल करने दे रहे हैं। वे जानते हैं कि सरकार हमारे आंदोलन को कुचलना चाहती है और वे हमारी दिल से मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा उनकी मांगे न माने जाने तक वे एक इंच नहीं हिलेंगे। 

एक अन्य किसान ने कहा कि स्थानीय लोगों ने हमेशा से काफी अच्छा बर्ताव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ दिन पहले प्रदर्शन स्थल पर हुआ हमला स्थानीय लोगों ने नहीं किया था, बल्कि एक राजनीतिक पार्टी द्वारा भेजे गए गुंडों ने किया था। बता दें कि तीन जनवरी को सिंघू बॉर्डर पर राजमार्ग के एक हिस्से में किसानों और कुछ लोगों के बीच संघर्ष हुआ था। इन लोगों का दावा था कि वे स्थानीय हैं। कई किसानों ने कहा कि गणतंत्र दिवस की घटना के बाद स्थिति और खराब हुई है।  प्रशासन ने उन्हे परेशान करने के लिए  बॉर्डर पर बिजली, पानी, टॉयलेट और इंटरनेट सेवाओं को बंद दी है।