Breaking

Monday, October 26, 2020

October 26, 2020

असमर्थ महिलाओं को बाटा 100 मन गेहूं

असमर्थ महिलाओं को बाटा 100 मन  गेहूं

जींद : असमर्थ महिला कल्याण समिति ने 25 अक्टूबर को नरवाना रोड पर समिति के कार्यालय में कोरोना वायरस से  रक्षार्थ शारीरिक दूरीया, मास्क व सैनिटाइजेशन जैसे जरूरी नियमों का पालन करते हुए।समिति के 24 वे वर्ष के वार्षिक अन्न वितरण समारोह का आयोजन किया।समारोह की अध्यक्षता समिति के प्रधान व डीएवी स्कूलो के क्षेत्रीय अधिकारी डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने की जबकि मुख्य अतिथि के तौर पर डिप्टी सीएमओ डॉ राजेश भोला जी रहे व विशिष्ट अतिथि  अतुल प्रताप चौहान मौजूद रहे। समारोह में समिति से  पंजीकृत 40 असमर्थ महिला को समिति की और से 100 मन गेहूं  बांटा गया तथा  समिति के कानून मंत्री गगनदीप बैरागी एडवोकेट व अनिल गौतम एडवोकेट ने समिति को कानूनी सहायता निशुल्क दी।समारोह को संबोधित करते हुए समिति के प्रधान डॉ. धर्मदेव विद्यार्थी ने कहा कि संसार में जो कुछ भी होना है उसका खाका तो परमात्मा ने पहले ही बना रखा है। हमें तो उसमें केवल रंग मात्र भरना है। इसलिए आप  परमात्मा के खाके अच्छे से अच्छा रंग भरने का प्रयत्न करो।समारोह के मुख्य अतिथि डिप्टी सीएमओ डॉ. राजेश भोला जी ने कहा मे पिछले कई वर्षों से जींद में कार्यरत हूं। मुझे समिति की यह व्यवस्था बहुत अच्छी लगी कि इस समिति की कार्यकारिणी असमर्थ महिलाओं को दी जाने वाली गेहूं की खरीद के अतिरिक्त समिति के अन्य सभी  काम निशुल्क तथा अपने अपने  व्यक्तिगत पैसों से करती है।  समारोह में रामनिवास शर्मा  तेलू राम शर्मा, सिया राम शास्त्री, राहुल शर्मा,अतुल प्रताप चौहान, कैलाश गर्ग ,पीसी जैन ,सुभाष बैरागी, गगनदीप बैरागी एडवोकेट, अनिल गौतम एडवोकेट , हवा सिंह यादव ,वीरेंद्र यादव  सूबेदार रामसिंह, रमेश रेढू, मोहनलाल अत्री, ऋषि राज शर्मा, आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।

Sunday, October 25, 2020

October 25, 2020

आधुनिकरण की दौड़ में हम भूलते जा रहे हैं पौराणिक परम्पराओं को - गौतम सत्याराज

 सांझी को दिखा आमजन को करवाया लोक संस्कृति से अवगत,आधुनिकरण की दौड़ में हम भूलते जा रहे हैं पौराणिक परम्पराओं को-गौतम सत्यराज

जींद :( संजय तिरँगाधारी ) ग्रामीण अंचल में लोककला और संस्कृति से लोगों को जागरूक करने के लिए चल रहे  साप्ताहिक कार्यक्रम का आज समापन हुआ |  कार्यक्रम के आयोजक व संयोजक गांव ढिगाना निवासी गौतम सत्याराज रहे। इस सांझी कार्यक्रम में पुराने समय की लोक संस्कृति को दिखाने का प्रयास किया जिसमें पुरानी समय के बर्तन, घड़े ताली, आटा चक्की, दही निकालने की रई आदि का प्रदर्शन किया गया।

 कार्यक्रम के आयोजक व संयोजक गौतम सत्याराज ने बताया कि  ग्रामीण आंचल में स्त्रियां अपने घर आंगन की दिवारों पर सांझी के परंपरागत भित्ति चित्रों की रचना करती हैं । सांझी का अर्थ सांझ सांय अथवा अर्चना से है। नवरात्रों के दौरान सांयकाल को भक्ति गीतों के साथ पूजा अर्चना करके भोग लगाया जाता हैं। घर को अनिष्ठ से बचाने के लिए और सौभाग्य अर्जन की मंशा से स्त्रियां इसे एक कृति का रूप देती हैं। मां गौरी देवी की मान्यता भी इस संध्या सांझी से जुड़ी हैं। कुंवारी कन्याओं द्वारा मनाए जाने वाले अनुष्ठानिक व्रत को हरियाणा में ही नही बल्कि समूचे उत्तरी भारत में इनकी मान्यता है, लेकिन हरियाणा प्रांत में इसकी छटा निराली होती है। हरियाणा में अश्विन मास के शुक्ल पक्ष से दसंवी तक सांझी की पूजा होती है। घर के आंगन की दीवार पर सांझी को बनाया जाता हैं। सांझी के सभी अंगों को बनाकर उन्हे दीवार पर उकेरी गई गोबर खडिया मिट्टी से जोड़ दिया जाता है। दस दिन तक कन्याएं इसकी पूजा करती हैं और विजय दशमी यानि दशहरे के दिन इसका समापन उत्सव मनाया जाता है और सांझी को दीवार से उतारकर पानी में विसर्जित किया जाता है । सांझी विसर्जन का दृश्य रोमांचक होता है । बालाएं गीत गाती हुई सांझी को जोहड़ नदी या तालाब पर ले जाती हैं। 

आपको बता दे कि गौतम सत्याराज काफी समय से लोककला संस्कृति को प्रदर्शित करने में लगे हुए और पुरानी कला के अवशेषों को सहेजने का काम करने में लगे हुए हैं । अबकी बार इस कार्यक्रम में दीवार पर कोविड का मंत्र दिया गया जिसमें दो गज की दूरी के साथ मास्क लगाने का संदेश भी दिया जा रहा है। इसके अलावा दीवारों पर हरियाणवी लोककला को दिखाने के लिए पेंटिंग बनाई गई है। यह कार्यक्रम उन्होंने अपने पुराने घर में किया है जहां पर उन्होंने घर को लोककलां का म्यूजिमय बना दिया है। अब हर कोई सांझी कलां के साथ पुरानी लोककलां को देखने के लिए ढिगाना गांव में आ रहे हैं।

 इस अवसर पर आज गांव ढिगाना में ब्लू ओशियन फाउंडेशन द्वारा सांझी पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमे संस्था के फाउंडर नरेश कालीरमन, जिला प्रधान राजीव यादव, मुकेश, राकेश सरीन आदि भी शामिल हुए। 

Saturday, October 24, 2020

October 24, 2020

बॉक्सर सूरज रोहिल्ला ने शुरू की बेटी बचाओ बेटी खिलाओ साइकिल यात्रा

बॉक्सर सूरज रोहिल्ला ने शुरू की बेटी बचाओ बेटी खिलाओ साइकिल यात्रा

जींद : जिले के फतेहगढ़ गांव के बॉक्सिंग खिलाड़ी सूरज रोहिल्ला ने एक "बेटी बचाओ, बेटी खिलाओ" अभियान की शुरुआत की है, सूरज रोहिल्ला ने बताया कि यह यात्रा उसकी 1 सप्ताह की रहेगी जिसमें वह हर दिन अलग-अलग गांव में जाकर "बेटी बचाओ, बेटी खिलाओ" के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे । सूरज रोहिल्ला का मानना है कि उसके इस अभियान से अगर 100 लोग भी जागरूक होंगे तो उसका यह अभियान सफल है । सूरज रोहिल्ला की यह यात्रा 24 अक्टूबर को  "रोहतक रोड राइडर्स क्लब" द्वारा समाप्त कि जाएगी इसकी समाप्ति क्लब के मिलन मलहोत्रा, सीमा नैन और मनीर राणा द्वारा होगी । यात्रा की शुरुआत गांव के लोगों ने राष्ट्रीय ध्वज दिखाकर की, इस मौके पर गांव के सरपंच सतीश कुमार, ब्लॉक समिति मेंबर जगजीत सिंह पांचाल, राजबीर रोहिल्ला, सुभाष रोहिल्ला, राज सिंह रोहिल्ला, राजेश रोहिल्ला, जयभगवान पहलवान, जयभगवान रोहिल्ला, मनफूल सिंह रोहिल्ला, दयानंद रोहिल्ला, आजाद रोहिल्ला आदि उपस्थित रहे ।

October 24, 2020

डिप्टी सीएम के पास पहुंचे 34 गांव के सरपंच एसोसिएशन, तो संबंधित अधिकारियों को किया जवाब-तलब

डिप्टी सीएम के पास पहुंचे 34 गांव के सरपंच एसोसिएशन, तो संबंधित अधिकारियों को किया जवाब-तलब

चंडीगढ़ :  गुरुग्राम शहर से लगते करीबन तीन दर्जन गांव नगर निगम  का हिस्सा नहीं बनना चाहते। इन गांवों के लोग पंचायती राज से जुड़े रहना चाहते हैं। इस मांग को लेकर गुरुग्राम सरपंच एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को चंडीगढ़ में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला से मुलाकात की। दुष्यंत चौटाला ने इस मामले को लेकर संबंधित अधिकारियों को अपने कार्यालय में तलब किया और मामले का हल निकालने के आदेश दिए।
गुरुग्राम से आए सरपंचों व पंचों ने उपमुख्यमंत्री को बताया कि हाल ही में नगर निगम का दायरा बढ़ाने को लेकर एक अधिसूचना जारी की गई है। इस अधिसूचना के तहत गुरुग्राम के आसपास से लगते लगभग 38 गांव निगम से जोड़ने के लिए प्रस्तावित है।

इनमें 34 गांवों के लोग गुरुग्राम नगर निगम से नहीं जुड़ना चाहते हैं। सरपंच एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि इन गांवों के लोगों की मांग है कि उन्हें पंचायती राज व्यवस्था से जोड़ा रखा जाए ताकि पंचायतें अपनी इच्छा के अनुसार गांव में विकास कार्यों को करवा सकें। इनमें से 28 गांवों की पंचायतों ने गुरुग्राम नगर निगम से न जोड़ने को लेकर प्रस्ताव पास भी कर दिए हैं।
इस संबंध में आज एसोसिएशन ने एक ज्ञापन भी डिप्टी सीएम को सौंपा। इस मौके पर जेजेपी जिलाध्यक्ष ऋषि राज राणा, गुरुग्राम सरपंच एसोसिएशन के प्रधान श्याम सुंदर, सतपाल ढांगू, कनैहा दोलताबाद, सरपंच वीर सिंह बजहेड़ा, रामबीर राणा, रामनिवास राणा, लीला सरपंच आदि शामिल रहे।

28 पंचायातों ने पास किया प्रस्ताव

गुरुग्राम सरपंच एसोसिएशन के प्रधान श्याम सुंदर ने बताया कि गुरुग्राम नगर निगम में शामिल न होने को लेकर 28 ग्राम पंचायतों ने प्रस्ताव पास किया है। जिनमें गांव बजछेडा, बाबूपुर, धर्मपुर,दोलताबाद, खेड़की माजरा, धनकोट, गढ़ी, हयातपुर, मोहम्मदहेड़ा काकरोला, सिकंदरपुर बड़ा, नवादा, नाहरपुर,नखडोला, रामपुरा, शिकोहपुर, नोरंगपुर, खो, मानेसर, कासन, पलड़ा, भांगरोला, बास हाटियां,बास कुसला, ढाणा, भोंडसी, उल्लावास और नया गांव शामिल है।
October 24, 2020

ऑनलाइन हनीट्रैप:फतेहाबाद में भाजपा नेता को वीडियो कॉल की, फिर पत्नी और भाई को अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेल किया

ऑनलाइन हनीट्रैप:फतेहाबाद में भाजपा नेता को वीडियो कॉल की, फिर पत्नी और भाई को अश्लील वीडियो भेजकर ब्लैकमेल किया

फतेहाबाद : फतेहाबाद के स्थानीय भाजपा नेता और वार्ड-10 के पार्षद प्रतिनिधि सुनील उर्फ सोनू कक्कड़ को फेसबुक पर फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजकर उसके बाद मैसेंजर के जरिए वीडियो कॉल करके ऑनलाइन हनीट्रैप में फंसाने का मामला सामने आया है। इलाके में चर्चा का विषय बने इस मामले को लेकर एक तरफ जहां कानूनी कार्रवाई पुलिस के द्वारा शुरू कर दी गई है, वहीं दूसरी तरफ सोशल मीडिया के जरिए बीजेपी नेता ने साजिश के तहत बदनाम करने का आरोप लगाया है।
बीजेपी नेता सुनील उर्फ सोनू कुक्कड़ की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने आईपीसी की धारा 384 के तहत अदाया राजपूत नाम की लड़की के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, क्योंकि इसी नाम से फेसबुक फ्रेंड रिक्वेस्ट बीजेपी नेता सुनील उर्फ सोनू कक्कड़ को प्राप्त हुई थी, जिसके बाद मैसेंजर पर वीडियो कॉल करके बीजेपी नेता से बात की गई।

मैसेंजर पर भेजा अश्लील वीडियो

सोनू कुक्कड़ ने दावा किया है कि वीडियो कॉल के बाद उसकी पत्नी और भाई के मैसेंजर पर एक अश्लील वीडियो भेजा गया, जिसमें ऊपर का हिस्सा यानी चेहरे से लेकर कमर तक का हिस्सा मेरा (सोनू कुक्कड़) है जबकि कमर से नीचे का हिस्सा किसी और का है और इस वीडियो का डर दिखाते हुए आरोपी ने पैसे की डिमांड की।
सोनू कक्कड़ ने बताया कि बदनामी को लेकर काफी डर के कारण पेटीएम और गूगल-पे के थ्रू 11-11 हजार रुपए आरोपी को भेजे गए। बीजेपी नेता ने दावा किया कि फतेहाबाद के एसपी की तरफ से अभी तक की पड़ताल में बताया गया है कि जिन नंबरों के जरिए कांटेक्ट किया गया है, यह सभी नंबर यूपी और बिहार के हैं। ऐसे में पुलिस की टीमें साइबर टीम के साथ पूरे केस की गंभीरता से जांच कर रही हैं और पूरे केस का दूध का दूध और पानी का पानी पुलिस कर देगी।

*लड़की के खिलाफ ब्लैकमेलिंग के आरोप में केस दर्ज*

वहीं डीएसपी सुभाष चन्द्र ने कहा है कि स्थानीय नेता सुनील उर्फ सोनू कक्कड़ की शिकायत पर अदाया राजपूत नाम की फेसबुक आईडी वाली लड़की के खिलाफ ब्लैकमेलिंग के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। केस की जांच के लिए साइबर एक्सपर्ट की मदद ली जा रही है और जल्द ही इस पूरे मामले को ट्रेस करके आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
October 24, 2020

एक माह के अंदर दूसरी घटना, अब महिला एएसआई ने निगल लिया जहर

एक माह के अंदर दूसरी घटना, अब महिला एएसआई ने निगल लिया जहर

रोहतक : सदर थाने में तैनात महिला एएसआई ने जहरीला पदार्थ निगलकर आत्महत्या  कर ली। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

मामले के अनुसार, मूलरूप से भिवानी की रहने वाली 37 वर्षीय पपीता काफी समय से सदर थाने में तैनात थी। जो अपने पति के साथ पीडब्ल्यूडी क्वार्टर में रहती थी। शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ निगल लिया। कुछ ही देर में उसकी हालत बिगड़ने लगी।
पता चलने के बाद परिवार के सदस्यों ने उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर शनिवार सुबह एएसआई ने दम तोड़ दिया। बताया जा रहा है कि वह काफी दिनों से बीमार चल रही थी। इस वजह से वह काफी परेशान थी। सदर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर शमशेर सिंह ने बताया कि आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका।
प्राथमिक जांच में बीमारी से परेशान होने की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उधर, एएसआइ की आत्महत्या का पता चलते ही पुलिस के उच्च अधिकारियों ने भी मामले की जानकारी ली।
गौरतलब है कि करीब एक माह पहले पुलिस लाइन में तैनात हेड कांस्टेबल 38 वर्षीय सतेंद्र मलिक ने सुखपुरा चौक के पास स्थित अपने कमरे में कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली थी। सतेंद्र मलिक रोहतक पुलिस की स्वैट टीम में भी बतौर कमांडो तैनात रह चुके थे। मामले में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई थी। एक माह के अंदर पुलिसकर्मी की आत्महत्या का यह दूसरा मामला है।
October 24, 2020

यात्रियों को होगी मुश्किल:रेलवे ने 4 तक पंजाब में रद्द किया यात्री ट्रेनों का संचालन

यात्रियों को होगी मुश्किल:रेलवे ने 4 तक पंजाब में रद्द किया यात्री ट्रेनों का संचालन

अम्बाला : कृषि कानूनाें के खिलाफ पंजाब में किसानों का आंदोलन लंबा चलेगा और इसे भांपते हुए रेलवे ने अब 4 नवंबर तक पंजाब में ट्रेनों का संचालन रद्द कर दिया है। पहले रेलवे दो-दो दिन ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा बीते 1 माह से कर रहा था, मगर अब रेलवे ने सीधे 4 नवंबर तक 18 सामान्य और 32 फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों को रद्द करने की घोषणा कर दी है।
इसके अलावा 41 ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर टर्मिनेट किया जाएगा। रेलवे के इस निर्णय से त्याेहार पर घर जाने वाले लाखों यात्रियों को मायूसी होगी। खासकर पंजाब से यूपी व बिहार जाने वाले यात्रियों को अब सड़क मार्ग से अम्बाला कैंट स्टेशन पर आकर ट्रेनें पकड़नी पड़ेगी। सीनियर डीसीएम हरि मोहन ने बताया कि यात्री यदि ट्रेन से सफर कर रहे हैं तो सफर से पहले वह ट्रेन की वर्तमान स्थिति अवश्य चेक कर लें।

4 नवंबर तक यह ट्रेनें रद्द

ट्रेन नंबर 02425-26 नई दिल्ली-जम्मूतवी राजधानी एक्सप्रेस, 02054-53 हरिद्वार-अमृतसर जनशताब्दी, 22439-40 नई दिल्ली-कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस, 02461-62 नई दिल्ली-कटरा स्पेशल एक्सप्रेस, 02011-12 नई दिल्ली-कालका शताब्दी एक्सप्रेस, 02029-30 नई दिल्ली-अमृतसर स्वर्ण शताब्दी, 04624-23 अमृतसर-सहरसा एक्सप्रेस, 04656-55 फिरोजपुर-पटना एक्सप्रेस और 05251-52 रद्द रहेगी।

फेस्टिवल स्पेशल जो हुई रद्द

02422-21 जम्मू-अजमेर एक्सप्रेस, 02231-32 लखनऊ-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, 04888-87 ऋषिकेश-बाडमेर एक्सप्रेस, 04519-20 दिल्ली-बठिंडा एक्सप्रेस, 02471-72 श्रीगंगानगर-दिल्ली एक्सप्रेस, 04998-97 बठिंडा-वाराणसी एक्सप्रेस, 04612-11 कटरा-वाराणसी एक्सप्रेस, 04401-02 नई दिल्ली-कटरा एक्सप्रेस, 04924-23 चंडीगढ़-गोरखपुर एक्सप्रेस, 02587-88 गोरखपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 05097-98 भागलपुर-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 03255-56 पाटलीपुत्र-चंडीगढ़ एक्सप्रेस, 09027-28 बांद्रा टर्मिनल-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 09611-12 अजमेर-अमृतसर एक्सप्रेस, 09613-14 अमृतसर-अजमेर एक्सप्रेस, 02331-32 हावड़ा-जम्मूतवी एक्सप्रेस रद्द रहेगी।

शार्ट टर्मिनेट होने वाली ट्रेनें

02903-04 अमृतसर-मुंबई सेंट्रल, 02925-26 अमृतसर-बांद्रा एक्सप्रेस, 02715-16 नांदेड-अमृतसर एक्सप्रेस, 03307-08 धनबाद-फिरोजपुर एक्सप्रेस, 04649-50 जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस, 04673-74 जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस, 02057-58 नई दिल्ली ऊना हिमाचल एक्सप्रेस, 04653-54 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर एक्सप्रेस, 02237-38 जम्मूतवी-वाराणसी एक्सप्रेस, 02407-08 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर एक्सप्रेस, 02357-58 कोलकाता-अमृतसर एक्सप्रेस, 05933-34 डिब्रूगढ़-अमृतसर एक्सप्रेस, 04651-52 जयनगर-अमृतसर एक्सप्रेस, 09025-26 बांद्रा टर्मिनल-अमृतसर एक्सप्रेस, 02025-26 न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर एक्सप्रेस, 04131-32 प्रयाग-उद्यमपुर एक्सप्रेस, 02355-56 पटना-जम्मूतवी एक्सप्रेस, 08237-38 अमृतसर-गेवरा रोड एक्सप्रेस, 09717-18 जयपुर-दौलतपुरा चौक, 03255 पाटलीपुत्र-चंडीगढ़ और 08215-16 दुर्ग-जम्मूतवी एक्सप्रेस को अलग-अलग स्टेशनों पर शार्ट टर्मिनेट किया जाएगा।
October 24, 2020

अवैध कब्जा:प्राचीन किले की जमीन पर 270 परिवारों का कब्जा, कमिश्नर ने दिए निशानदेही के आदेश

अवैध कब्जा:प्राचीन किले की जमीन पर 270 परिवारों का कब्जा, कमिश्नर ने दिए निशानदेही के आदेश

जींद : प्राचीन किले की लगभग 61 मरले 1 कनाल जमीन पर सालों से लोगों ने कब्जा किया हुआ है। कई लोगों ने पक्के मकान भी बना लिए हैं। इन कब्जों को हटवाने के लिए एक बार फिर नगर परिषद प्रशासन गंभीरता से विचार कर रहा है। इस मामले में हिसार रेंज के कमिश्नर की तरफ से किले पर कब्जा किए गए जमीन की निशानदेही करवाने के आदेश दिए हैं और जल्द रिपोर्ट करने को कहा है ताकि पीपी एक्ट के तहत दोबारा से केस दायर कर जमीन कब्जे से वापस ली जा सके।
आदेश मिलने के बाद तहसीलदार जींद की तरफ से निशानदेही का काम करवाया जा रहा है। किले की 61 मरले 1 कनाल पर जमीन पर लगभग 270 मकान बने हुए हैं। नगर परिषद का कहना है कि यह जमीन उनके अधीन है जबकि लोग इसे अपनी बताते आ रहे हैं। अब निशानदेही का काम पूरा होने के बाद इस मामले को एसडीएम कोर्ट में पीपी एक्ट के तहत दायर करने की तैयारी की जा रही है ताकि कब्जे को हटाकर जमीन नगर परिषद के अधीन ली जा सके।
यहां बता दे कि यह किले की जमीन पहले नगर सुधार मंडल के अधीन आती थी। नगर सुधार मंडल के भंग होने के बाद मंडल के अधीन आने वाली सभी जमीनों को नगर परिषद के अधीन कर दिया गया। 2016-17 में यह जमीनें नगर परिषद के अधीन आई थी। उसके बाद 2017-18 में नगर परिषद ने इस जगह निशानदेही करवाई थी। निशानदेही के बाद नगर परिषद ने एसडीएम कोर्ट में पीपी एक्ट के तहत केस दायर किए थे, लेकिन सुनवाई के दौरान कई लोगों ने रजिस्ट्री व मलकीयत के सबूत सौंप दिए। इसके बाद एसडीएम ने सभी केस वापस नगर परिषद को भेज दिए थे। इस मामले में अब हिसार कमिश्नर ने दोबारा निशानदेही करवाकर रिपोर्ट के आदेश दिए हुए हैं।

2.5 एकड़ में कब्जा छुड़वा बनाया पार्क

नगर परिषद ने 2017-18 में इस पूरे एरिया की निशानदेही करवाई थी। तब लगभग 2.5 एकड़ में नगर परिषद ने कब्जा हटवाया था। उसके बाद इस एरिया में पार्क निर्माण की घोषणा सीएम ने की थी। यहां पर महात्मा ज्योतिबा फुले पार्क का निर्माण लगभग डेढ़ साल से किया जा रहा है। अधिकतर पार्क का काम हो चुका है और इस समय पौधे लगाने का काम किया जा रहा है।

नगर सुधार मंडल ने भी दिए थे नोटिस

लंबे समय से कब्जाधारियों को नगर सुधार मंडल ने नोटिस जारी कर जमीन खाली करने के निर्देश दिए थे, लेकिन लोगों ने जमीन खाली नहीं की।
*कानूनगों को निर्देश देकर रिपोर्ट मांगी है : मनोज*
किले की जमीन की निशानदेही के निर्देश आए थे। उसके बाद कानूनगो को निर्देश देकर रिपोर्ट मांगी गई है। अब तक कानूनगो की तरफ से रिपोर्ट नहीं मिली है। -मनोज अहलावत, तहसीलदार, जींद

October 24, 2020

अकेले सुरक्षित सफर कर सकेंगी महिलाएं:ट्रेनों में अब महिला सुरक्षा के लिए आरपीएफ ने की ‘मेरी सहेली’ योजना की शुरुआत

अकेले सुरक्षित सफर कर सकेंगी महिलाएं:ट्रेनों में अब महिला सुरक्षा के लिए आरपीएफ ने की 'मेरी सहेली' योजना की शुरुआत

अम्बाला : ट्रेनों में महिला यात्रियों को सुरक्षा देने के लिए देशभर में आरपीएफ ने "मेरी सहेली' योजना की शुरुआत की है। ट्रेन में अकेले सफर कर रही महिला यात्रियों की पहचान कर उन्हें सफर के दौरान सुरक्षा दी जाएगी। साथ ही उनकी निगरानी भी होगी। सीनियर डीसीएम हरि मोहन ने बताया कि अम्बाला कैंट रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ के 3 महिला स्टाफ की टीम गठित की गई है, जिसमें एसआई निशा, कांस्टेबल प्रियंका सहगल व नीलम ढाका शामिल हैं।
यह टीम महिला यात्रियों को जागरूक करेगी और अकेले सफर कर रही महिला यात्रियों की डिटेल हासिल कर उसे रेल मंडल के नियंत्रण कक्ष में देगी। नियंत्रण कक्ष से उक्त सूचना ट्रेन के अगले ठहराव रेलवे स्टेशनों पर आरपीएफ पोस्ट के स्टाफ को दी जाएगी।
इस दौरान ट्रेन आने पर वहां का स्टाफ पहुंचने पर ट्रेन को चेक करेगा और महिला यात्री की सुरक्षा को सुनिश्चित करेगा। रेल मंडल के अंतिम स्टेशन पर पहुंचने के बाद अगले रेल मंडल को महिला यात्री की जानकारी आरपीएफ द्वारा दी जाएगी, ताकि अंतिम स्टेशन तक महिला यात्री सुरक्षित पहुंच सके। डीआरएम गुरिंद्र मोहन सिंह ने महिला सुरक्षा के लिए गठन इस टीम को बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए।

*ऐसे काम करेगी महिलाओं की सुरक्षा में लगी टीम*

आप कहां जा रही हैं? आपका अनुभव कैसा रहा? किसी ने परेशान करने की काेशिश की? पानी, सफाई या ऐसी काेई और समस्या ताे नहीं रही? कुछ ऐसे भी सवाल अब आरपीएफ महिला कर्मचारी महिला रेल यात्रियाें से उनकी सहेली बनकर पूछतीं नजर आएंगी। देशभर के सभी रेलवे मंडलाें में सहेली स्क्वाॅयड के तहत महिला कर्मचारियाें की तैनाती की है। हिसार रेलवे स्टेशन पर टीम की इंचार्ज साेनिया देवी काे बनाया गया। उनकी टीम में ज्याेति, सुनिता शामिल हैं। टीम ने काम शुरू कर दिया है। यह टीम ट्रेनाें में यात्रा कर रहीं महिलाओं से बात करती है। हिसार आरपीएफ थाना प्रभारी बीरबल कुमार ने बताया कि महिला यात्रियाें की सुरक्षा के मद्देनजर जानकारी हासिल की जा रही है।
October 24, 2020

बरोदा उपचुनाव:बरोदा में हुड्‌डा-चाैटाला की इमोशनल राजनीति, विपक्ष ने एमएसपी पर घेरा तो भाजपा ने नौकरियों से रिझाया

बरोदा उपचुनाव:बरोदा में हुड्‌डा-चाैटाला की इमोशनल राजनीति, विपक्ष ने एमएसपी पर घेरा तो भाजपा ने नौकरियों से रिझाया

गोहाना : बरोदा में वोटरों को रिझाने के लिए सत्ता पक्ष और विपक्ष को कोई कसर नहीं छोड़ रहे। शुक्रवार को हलके में अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार करने पहुंचे दो पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा और ओपी चौटाला ने इमोशनल कार्ड खेला तो रोहतक से भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने योग्यता के आधार पर मिली सरकारी नौकरियों की बात रखी।
हुड्‌डा ने भावुक होते हुए उपचुनाव की हार-जीत को जनता की हार-जीत बताया। उन्होंने कहा कि इस चुनाव से मेरी नहीं, बल्कि जनता की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है। बता दें कि सीएम मनोहर लाल ने बरोदा सीट से हुड्डा की प्रतिष्ठा जुड़ी होना कहा था। इसका जवाब देते हुए पूर्व सीएम ने कहा कि उनकी प्रतिष्ठा जनता के साथ जुड़ी है। अब जनता ही भाजपा को इसका जवाब देगी।
वहीं, पूर्व सीएम एवं इनेलो सप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला की जुबां पर लंबे समय से सत्ता से दूर होने का दर्द सामने आया। चौटाला ने कहा कि इनेलो सत्ता से बाहर रहकर 15 वर्ष का बनवास काट चुकी है। इस उपचुनाव में इनेलो जीतती है तो प्रदेश में मध्यावति चुनाव होंगे, जिससे इनेलो सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि इन 15 सालों में जनता का जो नुकसान हुआ है, इनेलो सत्ता में आने पर भरपाई करेगी। वहीं, भाजपा सांसद डॉ. अरविंद शर्मा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि भाजपा सरकार ने 6 सालों में बिना पर्ची व खर्ची के 85 हजार युवाओं को नौकरियां दी है। इनमें से बरोदा हलके के योग्य युवाओं ने 700 से ज्यादा नौकरियां प्राप्त की हैं। सरकार कहती है कि योग्य युवाओं ने सरकारी नौकरियां ली।

*भाजपा आजादी से पहले की व्यवस्था बना रही, तब एमएसपी नहीं था: हुड्‌डा*

हुड्‌डा ने कृषि के तीन बिलों पर कहा कि नए अध्यादेश लाकर भाजपा आजादी से पहले की व्यवस्था कर रही है। तब फसलों का एमएसपी नहीं मिलता था। अब सरकार ने नए कानून लागू करके दो मंडी बना रही है। एक मंडी में सरकार फसल एमएसपी मिलने की बात कह रही है। दूसरी मंडी बाहर होगी, जहां पर बड़ी कंपनियां मनमाफिक रेट पर फसल खरीदेंगी। दोनों ही मंडियों में किसानों को कम रेट में फसल बेचने को मजबूत होना पड़ेगा।
*खिड़की से समस्याओं का समाधान करना ढकोसला था, खिड़की बंद पड़ी : चौटाला*
इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला ने सीएम विंडो को लेकर कहा कि लोगों की समस्या का समाधान करने के लिए जो खिड़की खोली थी, वह बंद पड़ी हुई है। यह केवल ढकोसला था और लोगों को गुमराह करने के लिए किया था। आज गांवों में पेयजल समस्या है। सड़कों की मरम्मत नहीं हो रही। किसानों की फसल एमएसपी पर खरीदी जा रही है। बस में सवार चौटाला ने शामड़ी, मुंडलाना, सिरसाढ़ का दौरा किया।

*उपचुनाव न होता तो विपक्षी नेता करते कृषि कानूनों का समर्थन: अरविंद*

भाजपा सांसद डॉ.अरविंद शर्मा ने कांग्रेस के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा पर बरोदा हलका के साथ भेदभाव और विश्वासघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि हुड्‌डा बरोदा हलके को अपना घर बताता है, लेकिन जब विकास करने की बात आई तो रोहतक ही याद रहा। सांसद डॉ. शर्मा ने कृषि कानूनों का विरोध किसान नहीं, बल्कि विपक्षी पार्टियों के कार्यकर्ता कर रहे हैं। यदि उपचुनाव नहीं होता तो सभी विपक्षी पार्टियों के नेता कानूनों का समर्थन करते। पीएम नरेंद्र मोदी ने तीनों कृषि कानून किसानों की आय बढ़ाने के लागू किए हैं, लेकिन विपक्ष इस पर भी राजनीति कर रहा है। सांसद ने कहा कि भाजपा बरोदा हलके का विकास करा रही है तो विपक्ष इसे चुनावी स्टंट बता रहा है। जब विपक्षी पार्टियां सत्ता में थी, तब हलके का विकास नहीं कराया, अब भाजपा करा रही है तो उसे भी नहीं कराने दे रही। कांग्रेस और इनेलो नेता इन्हें चुनावी घोषणाएं बता रहे हैं।
October 24, 2020

जींद में SP आफिस के बाहर धरना दे रही रेप पीड़िता पर चढ़ाई गाड़ी

जींद में SP आफिस के बाहर धरना दे रही रेप पीड़िता पर चढ़ाई गाड़ी

जींद : ( संजय तिरँगाधारी ) सेवा,सुरक्षा और सहयोग का दावा करने वाली जींद पुलिस की एक बहुत बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां इंसाफ के लिए एसपी आफिस के बाहर धरने पर बैठी रेप पीड़िता को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गई है। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। लोगों ने पुलिस पर आरोप लगाए गए कि ये लड़की काफी समय से इंसाफ के लिए धरने पर बैठी है। उन्होंने कहा पुलिस ही इस लड़की को मरवाना चाहती है।


बता दें ससुरालीजनों के खिलाफ संतोषजनक कार्रवाई न होने के रोष स्वरूप एसएसपी कार्यालय के बाहर धरना दे रही महिला रात को भी बैठी रही और शुक्रवार को भी डटी रही। उसने अपने एक बयान में सुबह ही कह दिया था कि वो आज जींद से पैदल ही गृहमंत्री अनिल विज के दरबार में न्याय की गुहार लगाएगी। लेकिन उससे पहले ही दोपहर को एक कार ने महिला को टक्कर मार घायल कर दिया। यह कार किसी वकील की बताई जा रही है। जिस पर महिला को तुरंत प्रभाव से उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 
घटना से गुस्साए सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी की और हरियाणा पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि  पुलिस ने किसी प्रकार के सुरक्षा के इंतजाम नही किए, जिस कारण ये हादसा हुआ। ये साफ साफ दिख रहा है कि  न्याय देना बहुत दूर की बात है पुलिस महिला की जान से खिलवाड़ कर रही है फिलहाल महिला नागरिक अस्पताल में उपचाराधीन है और न्याय की गुहार लगा रही है।

महिला को न्याय दिलाने के लिए अब सामाजिक संगठनों के लोग भी जुटने लगे हैं। शुक्रवार को संगठन कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्यशैली के खिलाफ नारेबाजी भी की। इनका कहना था कि एक महिला न्याय की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय के बाहर रातभर ठंड में बैठी रही लेकिन किसी पुलिस अधिकारी ने भी उसे न्याय दिलाने का प्रयास नहीं किया बल्कि उसकी आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। ऐसे में अब महिला की आवाज को बुलंद किया जाएगा और उसे न्याय दिलाया जाएगा।
जींद की डीएसपी पुष्पा खत्री ने बताया कि महिला ने ससुरालीजनों के खिलाफ दिल्ली में मारपीट, छेड़छाड़ समेत विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज है। मामले की जांच दिल्ली पुलिस द्वारा की जा रही है। अब पीड़िता 164 के ब्यानों में आपबीती दर्ज करवा सकती है। जींद में दर्ज मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पीडि़ता की हर बात पर पुलिस द्वारा संज्ञान लिया जा रहा है। 

October 24, 2020

पानीपत में दृश्यम जैसी मिस्ट्री:18 महीने से लापता था टेक्नीशियन, घर में निकला नर कंकाल; पत्नी पर हत्या का शक

पानीपत में दृश्यम जैसी मिस्ट्री:18 महीने से लापता था टेक्नीशियन, घर में निकला नर कंकाल; पत्नी पर हत्या का शक

पानीपत : पानीपत में शुक्रवार को दृश्यम फिल्म जैसी मिस्ट्री सामने आई है। यहां विकास नगर में 18 महीने से लापता 31 वर्षीय टेक्नीशियन हरबीर सिंह के घर में खुदाई के दौरान नरकंकाल मिला। आशंका है कि कंकाल टेक्नीशियन का ही है। हत्या का शक पत्नी पर है। *डीएनए टेस्ट से ही मामला साफ हो पाएगा।*
हरबीर के बड़े भाई हरिओम ने आरोप लगाया कि हरबीर की पत्नी और अन्य ने गुपचुप तरीके से कंकाल को घर में ही दूसरी जगह दबा दिया था। मेरे बेटे ने निर्माण कार्य के लिए हो रही खुदाई के दौरान खोपड़ी देखी तो आकर बताया। फिर खुदाई कर कंकाल को निकाला गया। फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉ. नीलम आर्या, थाना प्रभारी राजबीर सिंह मौके पर पहुंचे। ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त कराकर कंकाल को कब्जे में लिया। शनिवार को पोस्टमॉर्टम होगा, जिससे पता चलेगा कि कंकाल पुरुष का है या महिला का।

पत्नी पर शक के 6 कारण

1. मायके का ही राजमिस्त्री क्यों? हरिओम ने बताया कि जिस घर में हरबीर रहता था, उसकी पत्नी ने उसी घर में करीब 3 दिन पहले चिनाई का काम लगाया था। उसकी मां और मौसी का बेटा भी आए थे और मायके का ही राजमिस्त्री लाए थे।
2. पत्नी ने पुलिस को सूचना क्यों नहीं दी? शुक्रवार को बाथरूम के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था। दोपहर करीब 12 बजे हरिओम का 15 वर्षीय बेटा विशेष चाची के साथ काम कराने लगा। 4 फुट खुदाई के बाद नरकंकाल मिला तो विशेष ने खोपड़ी देख ली। पर पत्नी ने पुलिस को जानकारी नहीं दी।
3. कंकाल को शिफ्ट क्यों किया? आरोप है कि पत्नी और अन्य ने कंकाल को गड्‌ढे से करीब 5 फुट दूर फिर से दबा दिया।
4. कुत्ते का कंकाल क्यों कहा? पूछने पर चाची ने बच्चे को बताया कि तेरे चाचा हरबीर ने कुत्ता दबा रखा था। तब विशेष ने घर जाकर पिता हरिओम को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
5. बच्चे की निशानदेही पर खुदाई करने गए परिजन से झगड़ा क्यों? हरिओम बेटे और भाइयों के साथ आकर खुदाई करने लगे। भाई की पत्नी ने कुदाली छीनकर फेंक दी। कहासुनी होने पर वे घर चले गए। मां के आने पर खुदाई में कंकाल बरामद हुआ।
6. पत्नी ने लापता होने के 3 महीने बाद FIR दर्ज कराई थी। लापता होने के 3 महीने बाद 20 जुलाई 2019 को उसकी पत्नी ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई।

*भाई ने कहा- कंकाल की डीएनए जांच हो*

हरिओम ने कहा कि कंकाल हरबीर का भी हो सकता है। पुलिस डीएनए टेस्ट करा मामले की गहराई से जांच करे। इससे पता चल सके कि कंकाल किसका है। कंकाल को दोबारा दबाने के आरोप से शक के दायरे में आई पत्नी को पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हरबीर की दो बेटी 11 वर्षीय तनु और 9 वर्षीय मीनाक्षी और 7 वर्षीय बेटा रितिक है।

Monday, October 19, 2020

October 19, 2020

दलेल कुंडू बने इनेलो के जिला प्रेसपर्वकता

दलेल कुंडू बने इनेलो के जिला प्रेसपर्वकता 

जींद : ( संजय तिरँगाधारी )  इंडियन नेशनल लोकदल पार्टी के सुप्रीमो चौधरी ओमप्रकाश चौटाला, प्रधान महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला व् पार्टी प्रदेश अध्यक्ष चौधरी नफे सिंह राठी जी से विचार विमर्श करके जिला प्रधान रामफल कुंडू जी ने दलेल कुंडू को अपनी जींद कार्यकारिणी में जिला इनेलो  प्रेस पर्वक्ता जींद नियुक्त किया है।  अपनी इस नियुक्ति पर दलेल कुंडू ने कहा कि पार्टी ने जो जिम्मेवारी दी है उस पर वे पार्टी की नीतियों का अनुसरण करेंगे व् पार्टी को और अधिक मजबूत करेंगे। उन्होंने चौधरी ओमप्रकाश चौटाला , प्रधान महासचिव चौधरी अभय सिंह चौटाला व् पार्टी प्रदेश अध्यक्ष व् जिला प्रधान रामफल कुंडू जी का आभार व्यक्त किया।

Sunday, October 18, 2020

October 18, 2020

बरोदा उपचुनाव:नरवाल गोत्र से दो प्रत्याशी मैदान में होने से रोचक हुआ मुकाबला, तीनों मुख्य दलों ने तेज किया प्रचार

बरोदा उपचुनाव:नरवाल गोत्र से दो प्रत्याशी मैदान में होने से रोचक हुआ मुकाबला, तीनों मुख्य दलों ने तेज किया प्रचार

गोहाना : बरोदा उपचुनाव के लिए जमा हुए 24 नामांकन पत्र की जांच की गई। निर्दलीय चुनाव मैदान में उतरने के लिए नामांकन पत्र जमा करने वाले पिता-पुत्र के नामांकन पत्र रद्द कर दिए गए। पुत्र की आयु 25 साल से कम थी तो पिता के नामांकन में सत्यापित मतदाता सूची और नियमानुसार शपथ संग्लन नहीं था। कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल का नामांकन सही मिलने पर कवरिंग के तौर पर पत्नी द्वारा भरा गया नामांकन भी रद्द कर दिया गया है।
अब 17 प्रत्याशी ही चुनाव मैदान में रह गए हैं। कोई भी प्रत्याशी 19 अक्टूबर को दोपहर बाद तीन बजे तक नामांकन पत्र वापस ले सकता है। बरोदा उपचुनाव मैदान में उतरने के लिए 21 प्रत्याशियों ने 24 आवेदन जमा कराएं थे। इनमें से भाजपा प्रत्याशी योगेश्वरदत्त, कांग्रेस प्रत्याशी इंदुराज नरवाल और निर्दलीय प्रत्याशी दीक्षित खत्री ने दो-दो नामांकन पत्र जमा कराए गए थे। बरोदा निर्वाचन अधिकारी आशीष वशिष्ठ ने कहा कि नामांकन पत्र जमा कराने के अंतिम दिन तक 21 प्रत्याशियों ने 24 नामांकन पत्र जमा कराएं थे। जांच करने के बाद सात नामांकन पत्र को रद्द कर दिया गया है। 17 प्रत्याशियों के नामांकन पत्र ठीक मिले हैं। 19 अक्टूबर को दोपहर बाद तीन बजे तक कोई भी प्रत्याशी नामांकन पत्र वापस ले सकता है। इसके बाद चुनाव चिन्ह अलॉट कर दिया जाएगा।

सिर्फ कागजों में घोषणाएं करती थी कांग्रेस: दलाल

कृषि मंत्री जेपी दलाल ने कहा कि भाजपा ने कागजों में घोषणाएं नहीं की हैं, जो की हैं, उनके टेंडर लगाकर कार्य शुरू कराए हैं। युवाओं को रोजगार देने के लिए आईएमटी विकसित की जाएगी। वहीं, कांग्रेस सरकार द्वारा कागजों में घोषणा करके जनता को गुमराह किया जाता था। चाहे फसल खराब होने पर मुआवजा राशि बढ़ाने की बात हो या फिर लाठ-जौली में रेलकोच फैक्ट्री लगाने की।
कृषि मंत्री दलाल शनिवार को भाजपा कार्यालय में प्रत्याशी योगेश्वर दत्त के साथ संवाददाताओं से बातचीत कर रहे थे। योगेश्वर ने कहा कि भाजपा ने बरोदा हलके के विकास के लिए जो कार्य शुरू कराएं हैं, विकास की यह गति अगले चार साल तक निरंतर बनी रहेगी। हम यहां राजनीति करने नहीं आए हैं, क्योंकि एक सीट न तो सरकार पलटने वाली है और न विपक्षी पार्टी की सरकार बनने वाली है। हम यहां विकास के लिए आए हैं।

बरोदा का परिणाम चंडीगढ़ में कुर्सी हिलाएगा: दीपेंद्र

राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस उपचुनाव में भाजपा सरकार की नाकामी, 6 साल बरोदा की अनदेखी, प्रदेश के भविष्य और सरकार के खिलाफ जनमत का मुद्दा लेकर जनता के बीच जाएगी। कांग्रेस ने आम परिवार के बेटे इंदुराज नरवाल को प्रत्याशी बनाया है। बरोदा उपचुनाव का परिणाम सिर्फ हलके तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि चंडीगढ़ की कुर्सी को हिलाने का काम करेगा। इसीलिए भाजपा ने आम परिवार के एक बेटे से मुकाबला करने के लिए करीब 100 स्टार प्रचारकों, दूसरे राज्यों के नेताओं और पूरी सरकार को बरोदा में उतार दिया है। बरोदा की जनता पहले ही भाजपा सरकार को सबक सिखाने का मन बना चुकी है। सरकार को लेकर इतना अधिक रोष है कि सत्ताधारी नेताओं को जनता के बीच में जाने के लिए भी पुलिस बल का सहारा लेना पड़ रहा है।
October 18, 2020

एएनएम की मौत:विवाहिता ने पिता को कॉल किया-ये मुझे मार देंगे,पहुंचे तो मिली लाश; आरोप- फॉर्च्यूनर गाड़ी, प्लॉट मांग रहा था पति

एएनएम की मौत:विवाहिता ने पिता को कॉल किया-ये मुझे मार देंगे,पहुंचे तो मिली लाश; आरोप- फॉर्च्यूनर गाड़ी, प्लॉट मांग रहा था पति

पानीपत / समालखा : गांव किवाना में शादी के 6 महीने के बाद ही एएनएम की शुक्रवार सुबह मौत हो गई। एएनएम ने कुछ देर पहले ही कॉल कर पिता को बताया था कि पति परेशान कर रहा है। तभी कॉल कट गई। 2 घंटे बाद मायका पक्ष के लोग घर पहुंचे तो उसका शव कमरे में फर्श पर पड़ा था। गले पर निशान था। मायका पक्ष का आरोप है कि पति फॉर्च्यूनर गाड़ी और शहर में प्लॉट के लिए प्रताड़ित करता था।
उसने ही गला घोंटकर हत्या कर दी है। पुलिस पति के खिलाफ केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है। बागाेत, महेंद्रगढ़ के रहने वाले धर्मेंद्र ने थाना समालखा में शिकायत दी। बताया कि वह किसान हैं। 20 साल की बेटी आंचल ने मेडिकल से 12 की थी। उसके बाद एएनएम का काेर्स किया था। 2 मार्च 2020 काे उन्हाेंने बेटी आंचल की शादी समालखा के गांव किवाना के रहने वाले दीपक से की थी।
उन्हाेंने शादी में कार आदि सभी सामान बढ़-चढ़कर दिया था। शादी के दाे दिन बाद से ही दीपक ने बेटी का जीना दुश्वार करना शुरू कर दिया। कहता था कि तू अपने पिता से फॉर्च्यूनर लेकर आ। मुझे शहर में एक प्लाॅट भी दिलवा। नहीं ताे मैं तुझे मारकर दूसरी शादी कर लूंगा। वह चुपचाप सहती रही। इससे दीपक के उस पर अत्याचार बढ़ते ही गए। वह मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करने लगा। शराब पीकर मारपीट करता था।

पिता ने कहा- बेटी का शव नहीं देखने दिया, बुलाई पुलिस

पिता ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे बेटी ने उन्हें काॅल किया था। वह राे रही थी। कह रही थी कि ये मुझे मार डालेंगे। जल्दी आ जाओ। उसके बाद अचानक की काॅल कट गया। उन्हाेंने उसे काॅल किए लेकिन नहीं उठा। दाेपहर करीब 1:30 बजे पति ने काॅल कर बताया कि आंचल की तबीयत खराब हाे गई है। वह उसे अस्पताल ले जा रहे हैं। वह तत्काल ही बेटी के घर के लिए निकल गए। दीपक ने उन्हें घर में नहीं घुसने दिया। बाेला कि उसकी हार्ट अटैक से माैत हाे गई है लेकिन शव नहीं देखने दिया। उन्हाेंने काॅल कर समालखा पुलिस काे बुला लिया। पुलिस कमरे में गई ताे शव कमरे में जमीन पर पड़ा था। गले में दुपट्टा लिपटा था। गले पर निशान भी था।

दादा ने पुलिस काे बताया कि इन्हीं लाेगाें ने की हाेगी हत्या

परिजनाें ने बताया कि आराेपी घर से भाग गया। तभी उसके दादा खड़ग सिंह वहां आ गए। उन्हाेंने आराेप लगाते हुए कि इन्हीं लाेगाें ने दादी काे मार डाला था। आंचल की हत्या भी इन्हीं ने की हाेगी। पुलिस ने खड़ग सिंह के बयान दर्ज कर लिए। एसएचओ अंकित ने बताया कि पिता की शिकायत पर दीपक के खिलाफ धारा 304बी के तहत केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर धाराओं में बदलाव किया जा सकता है। आरोपी की तलाश की जा रही है।
October 18, 2020

11 साल के बच्चे का कर लिया अपहरण

11 साल के बच्चे का कर लिया अपहरण

फरीदाबाद : पल्ला थाना क्षेत्र में फिरौती के लिए अपहरण किए गए 11 वर्षीय बच्चे को पुलिस  ने बदमाशों के चंगुल से सकुशल छुड़ा लिया है। बदमाशों ने बच्चे को दिल्ली में गाजीपुर स्थित एक होटल में रखा हुआ था।
दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी पहचान कल्याणपुरी दिल्ली निवासी सिद्धार्थ सद्धिार्थ और गाजीपुर दिल्ली निवासी अमन के रूप में हुई है। अमन एसी मैकेनिक है, वहीं सिद्धार्थ  कुत्तों का ट्रेनर है। डीसीपी सेंट्रल मुकेश मल्होत्रा ने बताया कि दोनों आरोपी बचपन के दोस्त हैं। लाकडाउन में धंधा मंदा होने के कारण उनके मन में आसानी से पैसा कमाने का लालच जाग गया।
सिद्धार्थ ने अमन को बताया क सेक्टर-91 निवासी एक महिला को जानता है, जो कुत्तों की खरीद-फरोख्त का काम करती है। उसके पास काफी रुपया है। महिला का 11 साल का बेटा भी है। दोनों ने उसके बेटे का अपहरण करने की योजना बना डाली। 13 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे दोनों स्कूटी लेकर सेक्टर-91 गए। वहां महिला के 11 वर्षीय बच्चे को अकेले खेलते पाया तो बहला-फुसलाकर उसे अपने साथ ले गए। बच्चे को दोनों दिल्ली में गाजीपुर के एक होटल में ले गए।

उधर, महिला ने बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट पल्ला थाना पुलिस को कर दी। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने टीम बनाकर बच्चे की तलाश शुरू की। पूनम के घर के पास लगा एक सीसीटीवी कैमरा खंगाला।
उसमें पूनम ने सिद्धार्थ को पहचान लिया, क्योंकि वह कुत्तों के सिलसिले में उससे मिलती रहती थी। पुलिस ने उसके परिवार वालों से संपर्क किया तो पता चला कि वह तीन दिन से लापता है। इसके बाद पुलिस उसके एक दोस्त तक पहुंची। दोस्त की मदद से सद्धिार्थ को पुलिस ने दबोच लिया। उसने पूछताछ में बच्चे के गाजीपुर स्थित एक होटल में होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने वहां से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया।

यह कहते है डीसीपी सैन्ट्रल

डीसीपी सैन्ट्रल मुकेश मल्होत्रा का कहना है कि सिद्धार्थ के साथी अमन को भी गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों ने बताया कि वे बच्चे की मां से फिरौती मांगने ही वाले थे, मगर उससे पहले ही पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। जांच में अमन कोरोना पॉजीटिव पाया गया है। वहीं सिद्धार्थ को जेल भेज दिया है। बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया है। आरोपी फिरौती के लिए काल करने ही वाले थे। पल्ला थाना पुलिस की सक्रियता से कामयाबी हासिल हुई।
October 18, 2020

पिता के रिश्ते को किया शर्मसार:पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ किया दुष्कर्म, मुकदमा हुआ दर्ज

पिता के रिश्ते को किया शर्मसार:पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ किया दुष्कर्म, मुकदमा हुआ दर्ज

पलवल : गदपुरी थाना क्षेत्र में एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी के साथ दुष्कर्म किया। साथ ही उसने किसी को कुछ बताने पर जान से मारने की भी धमकी दी। पुलिस ने बेटी की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
जांच अधिकारी इंदू के अनुसार महिला ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह घर से बाहर काम करने जाती है। इसी दौरान उनकी 16 वर्षीय बेटी घर पर अकेली रहती है। बेटी नौवीं कक्षा में पढ़ती है। जब वह घर पर नहीं रहती हैं तो उनका पति बेटी को पढ़ाने के बहाने अपने पास बुला लेता था।
October 18, 2020

सुविधा:हिसार एयरपाेर्ट पर हाे सकेगी नाइट लैंडिंग, सेकंड फेज के काम में 20 कराेड़ की लागत से लगेंगी कैट टू लाइटें

सुविधा:हिसार एयरपाेर्ट पर हाे सकेगी नाइट लैंडिंग, सेकंड फेज के काम में 20 कराेड़ की लागत से लगेंगी कैट टू लाइटें

हिसार : एयरपोर्ट पर नाइट लैंडिंग भी हाे सकेगी। सेकंड फेज का काम शुरू हाेने के साथ ही इस प्रोजेक्ट काे लेकर 20 कराेड़ रुपये की एडमिनिस्ट्रेटिव अप्रूवल मिल गई है। जल्द 20 कराेड़ रुपए की लगात से एयरपाेर्ट के रनवे पर लगाए जाने वाली कैट टू लाइटें लगाने का काम शुरू हाेगा। इसकाे लेकर बीएंडआर जल्द ही टेंडर लगाएगा। डीएनआईटी यानी डिटेल नाेटिस इनवाइट टेंडर तैयार किया जा चुका है। केवल चीफ इंजीनियर व ईआईसी की अप्रूवल बाकी है। दाेनाें उच्च अधिकारियाें की अप्रूवल मिलते ही टेंडर लगा दिया जाएगा।

लगाया जाता है कैट 2 आईएलएस सिस्टम

नाइट लैंडिंग के लिए एयरपोर्ट के रनवे के साथ साथ कैट-2 इंस्ट्रूमेंट लैंडिंग सिस्टम (आईएलएस) लगाया जाता है। इससे रात में विजिबिलिटी बढ़ जाती है। रनवे ग्राउंड पर ये लाइट्स लगाने से रात में हवाई जहाज उतारने में दिक्कत नहीं आती। इसके बाद मिड लाइट में भी ऑपरेशन के लिए एयरपोर्ट खुला रहता है।

दाे साल पहले किया था एस्टीमेट तैयार

एयरपोर्ट ऑथोरिटी के अधिकारियाें ने नाइट लैंंडिंग के लिए पहले भी एस्टीमेट तैयार कराया था। करीब 2 साल पहले एयरपोर्ट ऑथोरिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों के साथ टेक्निकल विंग के अधिकारियाें की मीटिंग दिल्ली में हुई। एयरपोर्ट ऑथोरिटी ने बीएंडआर को रफ एस्टीमेट भेजा गया था। यह एस्टीमेट करीब 15 करोड़ रुपए का था। इसमें नाइट लैंडिंग संबंधित रनवे पर लगने वाली स्पेशल लाइटें लगाने का काम था। बीएंडआर को कहा गया था कि रेट वेरिफाई करवाकर इसकी रिपोर्ट भेजी जाए और फिर टेंडर लगाया जाए।

जल्द लगाएंगे टेंडर

नाइट लैंडिंग काे लेकर रवने के साथ-साथ लगने वाली कैट टू लाइटें लगाने के लिए करीब 20 कराेड़ रुपए की एडमिनिस्ट्रेटिव अप्रूवल मिल चुकी है। डीएनआईटी भेजी हुई है, टेक्निकल अप्रूवल मिलते ही जल्द टेंडर लगाया जाएगा। -सुमेर सिंह, एसडीओ बीएंडआर इलेक्ट्रिक विंग।
October 18, 2020

राफेल के दूसरे बैच लाने की तैयारी:राफेल का दूसरा बैच भी अम्बाला एयरबेस आएगा, नवंबर के पहले सप्ताह में आ सकते हैं 3-4 विमान

राफेल के दूसरे बैच लाने की तैयारी:राफेल का दूसरा बैच भी अम्बाला एयरबेस आएगा, नवंबर के पहले सप्ताह में आ सकते हैं 3-4 विमान

अम्बाला : लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर चीन से तनातनी के बीच राफेल विमानों का दूसरा बैच भी अम्बाला एयरफोर्स स्टेशन में लाने की तैयारियां चल रही हैं। यहां 3-4 विमानों का बैच नवंबर के पहले सप्ताह में पहुंच सकता है। रक्षा सूत्रों के अनुसार, अम्बाला से चीन को बेहतर तरीके से काउंटर किया जा सकता है। यहां से एलएसी तक राफेल महज 15-20 मिनट में पहुंच सकता है।
अम्बाला एयरबेस में राफेल विमानों का पूरा ढांचा तैयार हो चुका है। राफेल विमानों की सबसे पहले गठित की गई 17 गोल्डन एरो स्क्वाड्रन के कुछ पायलट अभी भी फ्रांस में हैं, जिनकी ट्रेनिंग पूरी हो चुकी है। ये पायलट ही राफेल विमानों के दूसरे बैच की अम्बाला एयरफोर्स स्टेशन पर लैंडिंग कराएंगे। अम्बाला में 29 जुलाई को 5 विमान का पहला बैच आ चुका है।

दिन-रात चल रहा अभ्यास

चीन से तनाव के बीच अम्बाला एयरफोर्स स्टेशन से राफेल विमान लगातार उड़ान भर रहे हैं। राफेल​​​​​​​ विमानों के साथ एयरफोर्स द्वारा नाइट फ्लाइंग भी की जा रही है।
October 18, 2020

शर्मनाक:कोरोना से व्यक्ति की मौत, बिल न देने पर निजी अस्पताल ने 10 घंटे तक नहीं दिया शव

शर्मनाक:कोरोना से व्यक्ति की मौत, बिल न देने पर निजी अस्पताल ने 10 घंटे तक नहीं दिया शव

फतेहाबाद / रतिया : शनिवार को जिले में कोरोना संक्रमण से 50वीं मौत हो गई। हिसार के एक प्राइवेट अस्पताल में उपचाराधीन रतिया उपमंडल के गांव महमड़ा के 45 वर्षीय व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। लेकिन परिजनों द्वारा प्राइवेट अस्पताल का भारी भरकंप बिल नहीं दे पाने पर अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को मृतक का शव देने से इनकार कर दिया। मृतक के बेटे अमरजीत सिंह, सुरजीत सिंह, मंजीत सिंह का आरोप है कि वे शुगर की बीमारी का इलाज करवाने के लिए मरीज को लेकर गए थे।
उसे कोरोना पॉजिटिव बताकर अस्पताल प्रशासन ने केवल कोरोना का ही इलाज शुरू कर दिया जिसके चलते उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं आरोप है कि बार-बार छुट्टी देने काे कहने के बाद भी डाक्टरों ने मरीज को डिस्चार्ज नहीं किया तथा 3 लाख 24 हजार बिल बना दिया।
परिजनों के अनुसार जब उन्होंने इतने रुपये देने से असमर्थता जताई तो डॉक्टरों ने 1 लाख रुपये देने की बात कही। इसके बाद वे 70 हजार रुपये लेने पर अड़े रहे तथा शव नहीं दिया। इसके बाद जब परिजनों ने विरोध किया तो हिसार प्रशासन के दखल के बाद अस्पताल प्रशासन ने 10 घंटे बाद फतेहाबाद स्वास्थ्य विभाग को मृतक का शव सौंप दिया। यहां बता दें कि 30 सितंबर को घबराहट होने पर मृतक को हिसार के निजी अस्पताल में एडमिट किया गया था। मृतक शुगर की बीमारी से ग्रस्त था।

अक्टूबर में अब तक 13 लोगों की मौत

जिले में अक्टूबर महीने में अब तक 13 कोरोना संक्रमितों की मौत हो चुकी है। मरने वालों में अधिकतर गंभीर बीमारियों से ग्रस्त थे। इससे पहले जिले में अगस्त व सितंबर महीने में 29 लोगों की मौत हुई थी।

23 पॉजिटिव मिले, 15 को किया डिस्चार्ज

शनिवार को जिले में 23 लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं ठीक होने पर 15 लोगों को डिस्चार्ज किया गया। अब जिले में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 2692 हो गई है। इनमें से 2409 लोग ठीक हो चुके हैं। अब जिले में 233 एक्टिव केस हैं।

शाम 5 बजे दिया था शव : डिप्टी सीएमओ

हमने एंबुलेंस भेजने के आदेश दिए थे। लेकिन बिल नहीं देने की बात के चलते एंबुलेंस देरी से भेजी गई थी। हिसार प्रशासन के लेवल पर मृतक का शव देने का निर्णय हुआ हमें शव शाम 5 बजे मिला। -डॉ. हनुमान, डिप्टी सीमएओ।
October 18, 2020

जींद जेल में कैदी के साथ कुकर्म, जज के सामने दुखड़ा सुनाया

जींद जेल में कैदी के साथ कुकर्म, जज के सामने दुखड़ा सुनाया

 जींद : ( संजय तिरँगाधारी ) जिला कारागार में अपहरण कर दुष्कर्म करने के मामले में उम्रकैद के सजायाफ्ता कैदी के साथ कुकर्म करने का मामला सामने आया है। अदालत के माध्यम से मिली शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने पीडि़त कैदी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ कुकर्म का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जिला कारागार में अपहरण कर दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा भुगत रहे एक कैदी ने अदालत में शिकायत देकर कहा था कि वह पिछले लगभग आठ साल से सजा काट रहा है और उसकी ड्यूटी जेल ओल्ड मैस में लगाई गई है। गत 26 सितम्बर को अल सुबह वह ओल्ड मैस में था। उसी दौरान एक बंदी वहां आया और उसके साथ कुकर्म किया। जिसके बाद आरोपित वहां से चला गया, घटना के बारे में जेल अधिकारियों को अवगत करवाया गया लेकिन उसकी शिकायत पर कोई संज्ञान नहीं लिया।
कैदी ने निरीक्षण पर पहुंचे जज के सामने अपना दुखड़ा सुनाया और साथ ही लिखित में शिकायत भी दी। जिसके आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने कैदी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ कुकर्म का मामला दर्ज किया है।
डीएसपी साधुराम ने बताया कि जज जेल में निरीक्षण के लिए गए हुए थे। जहां पर कैदी ने आरोप लगाते हुए शिकायत दी। जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
October 18, 2020

काेराेना का खाैफ:अस्थियां विसर्जित करने से भी हिचक रहे लाेग, संगठन आ रहे आगे

काेराेना का खाैफ:अस्थियां विसर्जित करने से भी हिचक रहे लाेग, संगठन आ रहे आगे

हिसार : इसे लाेगाें के अंदर काेराेना का खाैफ ही कहा जाएगा कि लाेग अब अपनाें का अंंतिम संस्कार करने से भी हिचक रहे हैं। यही नहीं अंतिम संस्कार करने के बाद अस्थियां विसर्जित करने काे भी आगे नहीं आ रहे हैं। काेराेना संक्रमित कुछ मृतकाें की सामाजिक संगठनाें के लाेगाें ने हरिद्वार जाकर अस्थियां विसर्जित कीं। नगर निगम ओर नगर पालिका के कर्मचारी भी काेराेना संक्रमित का अंतिम संस्कार करने में अहम भूमिका निभा रहे हैं।

ऐसे कई मामले हैं जब अंतिम समय में अपने नहीं आए

केस-1 हिसार में 10 दिन पूर्व ही काेराेना संक्रमित एक वृद्ध की माैत हाे गई। माैत के बाद शव काे हिसार के ऋषि नगर श्मशान घाट मे ले जाया गया। बताया गया कि काेराेना के डर से परिजन अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हुए। परमिशन लेने के बाद नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई हिसार के कर्मचारियाें ने शव का अंतिम संस्कार किया।
केस-2 हिसार के श्मशान घाट में दाे काेराेना संक्रमिताें की अस्थियां पिछले कई दिन से रखीं थीं। परिजनाें ने अस्थियां विसर्जित करना मुनासिब नहीं समझा। जिस पर सामाजिक संगठन से जुड़े लाेगाेंं ने अन्य लाेगाें की अस्थियाें के साथ ही काेराेना संक्रमिताें की अस्थियां भी हरिद्वार में जाकर विसर्जित कीं।

डरें नहीं-मुखाग्नि के बाद संक्रमण का खतरा नहीं

हिसार के रेलवे अस्पताल के प्रभारी डॉ. धीरज कुमार का कहना है कि लोगों को अस्थियां विसर्जित करने से नहीं हिचकना चाहिए। शव को मुखाग्नि के बाद अंदर के कीटाणु पूरी तरह से खत्म हो जाते हैं। वैसे भी कोरोना 50 डिग्री सेंटीग्रेट से नीचे के तापमान वाले शरीर में होने की संभावना होती है। जबकि मुखाग्नि में कही ज्यादा तापमान होता है। शरीर के साथ संक्रमण भी खत्म हो जाता है। जिसके कारण अस्थियां में कोरोना का सवाल ही पैदा नहीं होता है। इस डरें बिना अपनों की अंतिम क्रिया संपन्न कराएं।

Saturday, October 17, 2020

October 17, 2020

चंडीगढ़ में सुसाइड:जीएमसीएच 32 में सातवीं मंजिल से कूदी युवती, रोहतक से पिहोवा जाने के लिए बोलकर निकली थी चंडीगढ़

चंडीगढ़ में सुसाइड:जीएमसीएच 32 में सातवीं मंजिल से कूदी युवती, रोहतक से पिहोवा जाने के लिए बोलकर निकली थी चंडीगढ़

चंडीगढ़ : जीएमसीएच 32 में सातवीं मंजिल से एक युवती कूद गई जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मामले में सेक्टर 34 थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान रोहतक की रहने वाली 27 साल की अनु के रूप में हुई है। पुलिस को अनु के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है हालांकि प्राथमिक जांच में पुलिस इसे सुसाइड मान रही है। मिली जानकारी के मुताबिक अनु रोहतक में परिवार समेत रहती है।वह विदेश जाना चाहती थी जिसके लिए वह पिहोवा में एक इंस्टीट्यूट से आईलेट्स की कोचिंग ले रही थी। उसने कोचिंग लेनी अभी शुरू ही की थी।
ये घटना शनिवार सुबह की है जब अनु 32 अस्पताल में सी ब्लॉक बिल्डिंग में प्राइवेट वार्ड में पहुंची। सातवीं मंजिल पर जाकर उसने पुरानी माॅर्चरी की तरफ खिड़की से छलांग लगा दी। वह अस्पताल की दूसरी मंजिल पर बैठे दो लोगों पर गिरी। हादसे में नरेंद्र के पैर में चोट आई जबकि अशोक की टांग में फ्रैक्चर हो गया। इसके बाद लोग तीनों को उठाकर एमरजेंसी में ले गए जहां डॉक्टरों ने अनु को मृत घोषित कर दिया जबकि बाकी दो को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया। दोनाें घायल अस्पताल में पहले से भर्ती दो मरीजों के अटेंडेंट थे और कुछ देर पहले ही बाहर आकर बैठे थे।

घर बोला पिहोवा जा रही हूं

अनु घर से बोलकर निकली थी कि वह पिहोवा जा रही है। इसके बाद वह 32 अस्पताल पहुंच गई।अनु की मौत के बाद पुलिस ने उसके बैग की जांच की तो उसमें उसका पेन कार्ड, आधार कार्ड और मोबाइल फोन मिला। जिसके आधार पर उसकी पहचान कर घरवालों के साथ संपर्क साधा। इसके बाद घरवाले पहुंचे तो उन्होंने बताया कि अनु रोहतक से पिहोवा के लिए निकली थी लेकिन वह 32 कैसे पहुंच गई इसके बारे में किसी को कुछ नहीं मालूम। घरवालों ने अनु के किसी भी तरह से परेशान होने की बात भी नहीं बताई है। उनके मुताबिक वह ठीक थी उसे कोई परेशानी नहीं थी।

चार दिन पहले दिल्ली से लौटी थी

अनु और उसकी मां दिल्ली में उसकी बड़ी बहन के पास गए थे। उसका ऑपरेशन था। इसके बाद अनु वहां से वापिस आ गई। वह रोहतक रह रही थी।
October 17, 2020

हरियाणा से बड़ी खबर कर्मचारियों की बॉडी पर लगेंगे कैमरे सरकार का बड़ा ऐलान

हरियाणा से बड़ी खबर कर्मचारियों की बॉडी पर लगेंगे कैमरे सरकार का बड़ा ऐलान

चंडीगढ़ : हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जनता को नवरात्रों की बधाई देने के साथ ही कुछ बड़े ऐलान किये जिसमे उन्होंने बताया की परिवहन विभाग के आरटीए दफ्तर में सुधार की योजना बनाई गयी है । जिसमे आरटीए की रेड टीम के अधिकारियों व् कर्मचारियों के शरीर पर अब बॉडी कैमरे लगेंगे ताकि सारी बात की रिकॉर्डिंग की जा सके और किसी तरह का घपलेबाजी न हो सके । 
हरियाणा के परिवहन विभाग में बढ़ते करप्शन पर अंकुश लगाने के लिए मनोहर सरकार ने बड़े कदम उठाते हुए आर टी ए का नाम बदलकर डी टी ओ कर दिया गया है जिसमे अब क्लास वन अधिकारी को जिम्मेवारी दी गयी है जिसके तहत 22 लोगों की नियुक्ति आज हो जाने का ऐलान किया गया है । दूसरी ओर सेक्रेटरी आरटीए के लिए अब जिले का एक अलग से अधिकारी इस पद को संभालेगा किसी को भी अब एडिशनल चार्ज नहीं दिया जाएगा ।
इस फेर बदल के पीछे का मुख्य कारण बिचौलियों को खत्म करना है। जिसपर करवाई करते हुए बिचौलियों की एक सूची तैयार तैयार कर ली गयी है । जो कुछ समय में अधिकारियों को दे दी जाएगी ताकि इनकी अप्रोच दफ्तर में न हो पाए और इनकी सूची अगर दफ्तरों के बाहर भी लगानी पड़े तो अवश्य लगाई जाएगी ।
सूचियों का विवरण देते हुए मुख्यमंत्री ने 250 लोग जो बिचौलियों का काम करते है उनपर डंडा चलने की बात कही है । कई व्हाट्सएप ग्रुपों का भी जिक्र किया जिनमे ट्रांसपोर्टर, बिचौलिए, दफ्तर के कर्मचारी शामिल हैं जो रेड्स की जानकारी साझा कर देते है उनपर भी करवाई करने की बात कही है ।  इसके साथ ही 150 करोड़ रूपये से 6 सेंटर प्रदेश के अलग अलग इलाकों में बनाए जायेंगे जिनके माध्यम से इलेक्ट्रॉनिकली गाड़ियों को फिटनेस सर्टिफिकेट दिया जाएगा ।
भविष्य में ड्राइविंग लाइसेंस प्राप्त करने वालों के लिए बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे जिसमे ऑटोमेटिक ड्राइविंग टेस्ट ट्रेक बनाये जाएंगे ताकि लाइसेंस सही तरीके से मिले। ओवरलोड गाड़ियों के लिए भी नया नियम बनाया जायेगा जैसे पहले कहीं भी धर्मकांटे पर वजन करा लिया जाता था अब ऑटमैटिक पोर्टेबल स्केल सड़क पर रख दिया जाएगा जिससे वाहन का एक्चुअल भार निकल जाया करेगा और इस बात का वाहन चालक को पता भी नहीं चलेगा । हरियाणा में फ़िलहाल 45 स्केल खरीद लिए गए हैं ।
माइनिंग की बड़ी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए माइनिंग का ई रवना सॉफ्टवेयर और वाहन सॉफ्टवेयर का इंटीग्रेशन कर दिया जाएगा ताकि जितना भार वाहन ले के चलेगा वही आंकड़ा आगे मिल सकेगा । वहीँ सरकार की ओर से वाहन धारकों के लिए वाहनों की पार्किंग की जिम्मेदारी अब डीटीओ की होगी । हरियाणा में सवा लाख कमर्शियल वाहन हैं उनकी जिम्मेदारी विभाग की है । उनकी शिकायतों को निपटाने के लिए एक डेडिकेटेड हेल्प लाइन दी जाएगी।
October 17, 2020

छात्र जीवन में बच्चों को हर तरह के मानसिक तनाव से दूर रहना चाहिए: डॉ. राजेश भोला

छात्र जीवन में बच्चों को हर तरह के मानसिक तनाव से दूर रहना चाहिए: डॉ. राजेश भोला

जींद : ( संजय तिरँगधारी )स्वास्थ्य विभाग के सब सेंटर पांडू पिंडारा में शुक्रवार को मेंटल हैल्थ सप्ताह के तहत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यअतिथि के तौर पर नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने शिरकत की। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन को मानसिक बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा। 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने कहा कि किसी भी शारीरिक बीमारी के लक्षण दिखते ही हम तुरंत डॉक्टर से सलाह लेते हैं लेकिन यह भूल जाते हैं कि शरीर की तरह कभी हमारा मन भी बीमार हो सकता है और उसे भी पूरी देखभाल की जरूरत होती है। शरीर की भांति हमारा मन भी अलग-अलग लक्षणों के जरिये इस बात का संकेत दे रहा होता है कि उसे कोई तकलीफ  है। जिसे सही समय पर दूर करना आवश्यक है लेकिन जागरूकता के अभाव में हम इसके लक्षणों को पहचान नहीं पाते हैं। मेंटल हेल्थ को लेकर आज भी कई लोग इसके लक्षणों को जानबूझ कर नजरअंदाज करने की कौशिश करते हैं जो आगे चल कर किसी गंभीर मनोरोग का रूप धारण कर लेते हैं। उन्होंने कहा कि 
मानसिक परेशानियों के संदर्भ में सबसे अहम बात यह है कि इनसे पीडि़त व्यक्ति को स्वयं इसके लक्षणों का आभास नहीं होता है। ऐसी स्थिति में परिवार वालों और दोस्तों की यह जिम्मेदारी बनती है कि अगर उन्हें अपने आसपास किसी व्यक्ति में यहां बताए गए लक्षण दिखाई दें तो वे बिना देर किए उसे क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट के पास ले जाएं। उन्होंने बताया कि कुछ नया पाने और कुछ खो जाने का डर हमें अपने जीवन में तनाव और डिप्रेशन की तरफ  ले जाता है, इसीलिए इसे बचने की कौशिश करनी चाहिए और अपनी इच्छाओं पर कंट्रोल करना चाहिए। इसके अलावा छात्रों को परीक्षा या किसी दूसरे काम को कभी भी मानसिक बोझ नहीं बनने देना चाहिए। छात्र जीवन में बच्चों को हर तरह के मानसिक तनाव से दूर रहना चाहिए। तनाव दूर करने के लिए खेलों और मनोरंजक गतिविधियों में भाग लेना चाहिए। कोई भी परेशानी हो, उसे अपने परिजनों से अवगत करवाना चाहिए। उन्होंने सरकार द्वारा उपलब्ध करवाई जा रही मानसिक स्वास्थ्य संबंधि सुविधाओं के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर 
रवि, दिनेश, सुनील कुमारी, सुमन, मंजू, अंजलि, कविता, शीला, निर्मल
सहित हैल्थ वर्कर्स भी मौजूद रही।
October 17, 2020

हरियाणा मंत्रीसमूह की बैठक, विधवा महिला व अविवाहिता को मिलेगी ऑनलाइन तबादला नीति में छूट

हरियाणा मंत्रीसमूह की बैठक, विधवा महिला व अविवाहिता को मिलेगी ऑनलाइन तबादला नीति में छूट

चंडीगढ़ : शुक्रवार को हरियाणा सचिवालय में देर शाम को मंत्रीसमूह की अहम बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक के बाद में खुद मुख्यमंत्री ने इसमें लिए गए फैसलों की जानकारी दी। राज्य के एकमात्र आनलाइन तबादले वाले विभाग की आनलाइन तबादला नीति में थोड़ा बदलाव कर दिया गया है।
जिसके तहत विधवा महिला और अविवाहित को तरजीह मिलेगी। मंत्री समूह ने अन्य भी कईं विभागों से संबंधित फैसले लिए हैं, जिसमें दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम द्वारा सात सौ करोड़ का ऋण लिया गया है, इसकी गारंटी राज्य सरकार की ओर से दी गई है।
हरियाणा सचिवालय में मंत्रीसमूह की मीटिंग के बाद में सीएम ने ने बताया कि राज्य में वाटर ऑथिरिटी को स्वीकृति प्रदान कर दी गई है, जिसके तहत अलग से स्टेट वाटर अथॉरिटी का गठन किया जाएगा। इसके पहले तक पहले सेंट्रल वाटर अथॉरिटी के फैसले ही माने जाते थे। अब से पहले 8 राज्यों की ओर से अथॉरिर्टी का गठन कर लिया गया है।

मंत्री समूह में यह भी फैसला लिया गया कि यूटी (चंडीगढ़) की ओऱ से जो भी सीटीयू चलेंगी उन पर किसी भी तरह का कोई टैक्स नहीं वसूला जाएगा। इन बसों के संचालन से पंचकूला शहर और आसपास के आम लोगों, बुजुर्गों विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा। मीटिंग के दौरान हरियाणा बिजली वितरण निगम की रिपोर्ट पेश की गई। अहम स्कीम उदय को लेकर कुछ शर्तें लगाई गईं थी, जिसमें बदलाव कर कमी की है।
8 हजार 670 करोड़ की बचत पिछले पांच वर्षों में हुई है। इस दौरान बताया गया कि 4525 गांवों में म्हारा गावं जगमग गांव स्कीम के तहत 24 घंटे बिजली की आपूर्ति की जा रही है। दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम की ओऱ से सात सौ करोड़ का ऋण लिया गया है औऱ राज्य सरकार ने इसके लिए गारंटी दी गई है।

रोहतक में मेगा फूड प्रोजेक्ट को लेकर 55 करोड़ कर्ज को लेकर भी गारंटी दी गई है। राज्य सरकार के एकमात्र शिक्षा विभाग में तबादला नीति लागू हुई है, बाकी विभागों में फिलहाल लागू नहीं हो सकी है। लेकिन आनलाइन तबादला नीति में संशोधन किया गया है। जिसके तहत अविवाहित और विधवा शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

हाउसिंग बोर्ड का काम हुआ व्यापक, अब हाउसिंग फार आल

हाउसिंग बोर्ड के नाम में परिवर्तन कर दिया गया है। पीएम के ड्रीम प्रोजेक्ट को ध्यान में रखते हुए हाउसिंग फार आल नाम देते हुए इसका काम भी व्यापक कर दिया गया है। पूर्व में इसका काम बेहद ही छोटे दायरे तक सीमित था लेकिन अब हाउसिंग से सभी योजनाएं शामिल कर ली जाएंगी। एमएसएमई को ज्यादा मजबूत करने के लिए इस काम को तीन जगह वांट दिया गया है। बरौदा में जनता कॉलेज बुटाना को यूनिवर्सटी बनाए जाने के फैसले को आचार सहिंता लागू होने औऱ उपचुनाव होने के कारण आगे विचार के लिए लंबित रख लिया गया है।

विधानसभा का सत्र दोबारा बुलाने पर भी मुहर

कोविड के कारण विधानसभा सत्र की पिछली बार स्थगित हुई कार्रवाई को दोबारा चलाने को लेकर भी फैसला लिया गया है। इस तरह से नवंबर प्रथम सप्ताह में सत्र को दोबारा से संचालित किया जाएगा। इस संबंध में विधानसभा अध्य़क्ष से एक बार फिर पिछले सत्र को दोबारा से चलाने के लिए सिफारिश की जाएगी। अब एक बार फिर से स्पीकर से चर्चा के बाद सत्र को दोबारा शुरू करने और तारीख निश्चित कर दी जाएगी। बतााया जा रहा है कि 3 नवंबर या 10 नवम्बर के बाद सत्र की कार्रवाई दोबारा शुरू हो सकती है।

75 फीसदी आरक्षण मामला

राज्य में निजी क्षेत्र में हरियाणा के युवा वर्ग को 75 फीसदी आरक्षण मामले में भी अध्यादेश को वापस लेने के लिए राज्यपाल से अपील की गई है। एक बार फिर से इस मुद्दे पर विधानसभा में बिल लाया जाएगा। जिसके लिए तैयारी की जा रही है। यहां पर याद दिला दें कि जजपा द्वारा इस तरह का वायदा युवा वर्ग से किया गया था लेकिन राज्यपाल ने इस पर अपनी मुहर नहीं लगाई साथ ही देश के राष्ट्रपति के पास में भेज दिया था। कुल मिलाकर अभी मामला ठंडे बस्ते में है।
October 17, 2020

पॉवर कट:सेक्टर 14 और ऑटाे मार्केट में आज और कल बिजली बंद रहेगी

पॉवर कट:सेक्टर 14 और ऑटाे मार्केट में आज और कल बिजली बंद रहेगी

हिसार : 32 केवी बीड पावर हाउस में पावर ट्रांसफार्मर पर काम के चलते सेक्टर 14 और ऑटाे मार्केट 33 केवी लाइन शनिवार और रविवार काे सुबह 9 से शाम के 5 बजे तक सब स्टेशन पर बिजली की सप्लाई बंद रहेगी। इन सबस्टेशनाें की सप्लाई दूसरे साेर्स से चलाई जाएगी। काम के चलते सेक्टर 14, सेक्टर 33, ऋषि नगर, सत्या नगर, सिटी थाना, नागाेरी गेट, अनाज मंडी, ऑटाे मार्केट, भक्त सिंह चाैक, सिरसा राेड, आरएस काॅलाेनी, सुंदर नगर, डाेभी गेट, इंद्रप्रस्थ काॅलाेनी, तायल गार्डन, जैन गली, राजगुरु मार्केट में बिजली कट लग सकते हैं।
मेनेटेंस कार्य के चलते आज डीसी कॉलोनी और मॉडल टाउन में पावर बंद
मेंनेटेंस कार्स के कारण शनिवार काे सुबह 9 बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक 11केवी डीसी काॅलाेनी फीडर व माॅडल टाउन 11 केवी फीडर बंद रहेंगे। सैन्ट्राे एन्कलेव, टायर एनक्लेव, राजेंद्र एन्केलव, शांत विहार, सत्या एन्केल्व, डीसी काॅलाेनी, गणेश नगर, डाबड़ा चाैक और अर्बन एस्टेट के कुछ एरिया में बिजली सप्लाई बाधित रहेगी। वही शांति नगर सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे बिजली गुल रहेगी।
October 17, 2020

झज्जर की बैंक में वारदात:रिटायर्ड फौजी के बैग से साढ़े 3 मिनट में 50 हजार रुपए निकाल ले गया बदमाश, घटना सीसीटीवी में कैद

झज्जर की बैंक में वारदात:रिटायर्ड फौजी के बैग से साढ़े 3 मिनट में 50 हजार रुपए निकाल ले गया बदमाश, घटना सीसीटीवी में कैद

झज्जर : झज्जर में शुक्रवार को साढ़े तीन मिनट में बैंक में आए एक पूर्व सैनिक के बैग से 50 हजार रुपए निकाल लिए गए। वारदात को लाइन में पीछे खड़े व्यक्ति ने अंजाम दिया। पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है। हालांकि, इसमें चेहरा स्पष्ट दिखाई नहीं दे रहा, लेकिन पुलिस संदिग्ध व्यक्ति के बैंक में प्रवेश करने और वहां से वापस जाने तक की फुटेज के आधार पर पड़ताल कर रही है।
घटना धौड़ चौक स्थित एसबीआई ब्रांच की है। गांव सुरहेती निवासी पूर्व फौजी संजय ने बताया कि वह शुक्रवार सुबह मां के साथ बैंक आए थे। मां की 60 हजार रुपए पेंशन बैंक से निकलवाई। रुपए अपने पिट्‌ठू बैग में रख लिए और पासबुक अपडेट करवाने के लिए लाइन में लग गए। इसके बाद जब बैग में रखे हुए पैसे संभाले तो 50 हजार रुपए गायब मिले।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज के अनुसार सुबह 11 बजकर 17 मिनट पर जब संजय पासबुक अपडेट करवाने के लिए लाइन में लगा तो अधेड़ उम्र का एक व्यक्ति काला बैग लेकर उसके पीछे खड़ा हो गया। 11 बजकर 20 मिनट 25 सेकंड्स तक उसके पीछे खड़ा रहा। इसी बीच उसने संजय के बैग से पैसे निकाल लिए। जैसे ही पैसे निकले तो वह व्यक्ति लाइन से हटकर दूसरी तरफ चला गया।
सिटी थाना प्रभारी राजेश कुमार का कहना है कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। घटना की जांच के दौरान बैंक की सीसीटीवी फुटेज ली गई है, जिसके आधार पर पैसे निकालने के आरोपी की तलाश की जा रही है। साथ ही सभी लोगों से अपील है कि वो बैंक में किए जाने वाले लेन-देन को लेकर भी अतिरिक्त सावधानी बरतें।
October 17, 2020

एग्जाम अलर्ट:डीएड परीक्षाएं 28 अक्टूबर से, एडमिट कार्ड 19 से बाेर्ड की वेबसाइट पर अपलोड होंगे, कार्ड पर काेराेना से बचाव की जानकारी होगी

एग्जाम अलर्ट:डीएड परीक्षाएं 28 अक्टूबर से, एडमिट कार्ड 19 से बाेर्ड की वेबसाइट पर अपलोड होंगे, कार्ड पर काेराेना से बचाव की जानकारी होगी

भिवानी : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बाेर्ड 28 अक्टूबर से डीएड परीक्षाएं कराएगा। इसके लिए एडमिट कार्ड 19 से बाेर्ड की वेबसाइट पर अपलाेड होंगे। परीक्षा 23 नवंबर तक चलेगी। काेराेना के प्रति जागरूक करने के परीक्षाओं में काेराेना बचाव के नियमाें की पालना करनी हाेगी। बाेर्ड ने परीक्षाओं के एडमिट कार्ड पर काेराेना के पांच नियमाें काे विजुअल समेत अंकित किया है।
*ये नियम लिखे होंगे*
एडमिट कार्ड के सबसे उपर यह लिखा है कि अभी मास्क ही वैक्सीन है। कार्ड के निचले भाग में अवाेइड क्लाेज काॅटेक्ट। क्लीन यूअर हैंडस। खांसी व छींकते समय मुंह काे रूमाल से ढके रखें। वीयर माॅस्क। डीएड प्रथम वर्ष की परीक्षा 28 अक्टूबर से 19 नवंबर तक चलेगी, जबकि डीएड द्वितीय वर्ष की परीक्षा 29 अक्टूबर से 23 नवंबर तक चलेगी। बाेर्ड सचिव राजीव प्रसाद ने बताया कि दाेनाें परीक्षाएं सायंकालीन सत्र दाे बजे से 5 तक करवाई जाएगी।
काेराेना काे देखते हुए परीक्षार्थियों काे सजग करने के लिए उनके एडमिट कार्ड पर काेराेना बचाव की जानकारियां दी गई हैं, जिनकी पालना करना जरूरी है। डीएड परीक्षाओं की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षार्थियों के एडमिट कार्ड साेमवार से बाेर्ड की वेबसाइट पर अपलाेड कर दिए जाएंगे
October 17, 2020

बरोदा उपचुनाव:कांग्रेस में बरोदा के टिकट के लिए रातभर ड्रामा, दिन में बिना घोषणा के ही सीधे कराया नामांकन

बरोदा उपचुनाव:कांग्रेस में बरोदा के टिकट के लिए रातभर ड्रामा, दिन में बिना घोषणा के ही सीधे कराया नामांकन

गोहाना : बरोदा उपचुनाव के लिए भाजपा ने जहां गुरुवार देर रात उम्मीदवार खिलाड़ी योगेश्वर दत्त की घोषणा कर दी थी। वहीं, कांग्रेस में टिकट को लेकर रातभर ड्रामा चलता रहा। रात भर नए-नए नाम सामने आते रहे। पार्टी में गुटबाजी के कारण कोई नाम फाइनल नहीं हो रहा था। भूपेन्द्र हुड्डा शुरू से कपूर नरवाल के नाम को फाइनल करवाने के लिए जोर लगाए रहा थे, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष कुमारी शैलजा अड़ी थी कि पार्टी के बाहर से किसी आदमी को टिकट न दी जाए।
अंत में प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल ने हुड्डा और शैलजा में बीच-बचाव कराया। उन्होंने तय किया कि जिसे टिकट मिलेगी वो पार्टी का ही कार्यकर्ता होगा, लेकिन बरोदा हुड्डा का गढ़ है, इसलिए उनकी पसंद का होगा। ऐसे में रात 2 बजे के बाद भूपेंद्र हुड्डा की नजदीकी इंदुराज नरवाल का नाम फाइनल कर हाईकमान को दिया गया, लेकिन पार्टी की तरफ से कोई घोषणा नहीं की गई। सीधे इंदुराज को कहा गया कि आप नामांकन की तैयारी करें। इसके बाद दिन में सीधे दिल्ली से आकर भूपेन्द्र हुड्डा, दीपेंद्र और कुमारी शैलजा ने उनका आवेदन जमा कराया।
टिकट कटने से नाराज कपूर ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर पर्चा भरा, समर्थन में पहुंचे विधायक कुंडू के खिलाफ नारेबाजी
कृषि कानून के बाद डॉ. कपूर नरवाल भाजपा से दूरी बनाए थे, लेकिन भाजपा को नहीं छोड़ा था। इस बीच हुड्डा के साथ 4 मीटिंग कर चुके थे। उनका नाम तय माना जा रहा था, लेकिन अंतिम क्षणों में कट गया। इससे नाराज डॉ. नरवाल ने निर्दलीय पर्चा भरा है। उनके नामांकन में आए विधायक बलराज कुंडू के खिलाफ कांग्रेस समर्थकों ने नारेबाजी कर दी। उनका आरोप है कि विधायक ने पंचायती उम्मीदवार को लड़ाने की बात कही थी। अब डॉ. नरवाल को लड़वा रहे हैं। विधायक को अपनी बात पर रहना चाहिए था। कूपर ने कहा कि कांग्रेस की गुटबाजी ने उसे बलि का बकरा बनाया है।

हुड्डा ने मेरी मदद की : कपूर

डॉ. कपूर ने कहा कि कृषि बिलों के कारण भाजपा से जाने का मन बना लिया था। मेरी कांग्रेस के पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा के साथ मीटिंगें भी हुईं। उन्होंने मेरी मदद भी की, लेकिन कांग्रेस में ऊपरी स्तर पर गुटबाजी है। मुझे मोहरा बनाया गया है।

पार्टी कार्यकर्ता को उतारा: शैलजा

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुमारी शैलजा ने कहा कि बरोदा उपचुनाव के लिए प्रत्याशी के नाम पर चर्चा देर रात तक होती रही। पार्टी कार्यकर्ता को ही चुनाव मैदान में उतारना चाहती थी, जिसके कारण देरी हुई। कपूर नरवाल के आरोप गलत हैं और वो तो हमारी पार्टी के कार्यकर्ता ही नहीं हैं।
October 17, 2020

रेप के आरोपी पुलिसकर्मी को अदालत ने भेजा जेल

रेप के आरोपी पुलिसकर्मी को अदालत ने भेजा जेल

जींद : फेसबुक पर दोस्ती कर और फिर एक होटल में बुलाकर युवती से रेप करने के आरोपी हांसी में तैनात पुलिस कर्मी अमीर को अदालत ने जेल भेज दिया है।

शहर की एक कालोनी की 28 वर्षीय युवती ने महिला थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी दरियावाला गांव निवासी अमीर पुलिस कर्मचारी के साथ करीब 3 महीने पहले फेसबुक के माध्यम से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे मोबाइल फोन पर बातचीत होने लगी। उसके बाद पुलिसकर्मी ने उससे मिलने को कहा। इस पर कई बार उसने मना भी किया, लेकिन वह फिर लगातार मिलने की कहता रहा। फिर 13 अक्तूबर रात को उसने शहर के अमन पैलेस में बुलाया। जहां पर उसके साथ जबरदस्ती रेप किया। जब उसने विरोध किया तो पुलिसकर्मी ने मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। महिला थाना पुलिस ने इस मामले में पुलिसकर्मी को नामजद कर उसके खिलाफ मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने तथा रेप करने के आरोप में विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था। जांच अधिकारी राजेश कुमारी ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपी अमीर को कोर्ट में पेश किया, जहां कोर्ट के आदेश पर उसे जेल भेज दिया है।
October 17, 2020

गोरखधंधा:युवक से 100 रुपए की 10 नकली नोटों की गड्डी बरामद, केस दर्ज कर 4 दिन के रिमांड पर लिया, आरोपी रात के समय चलाता था नोट

गोरखधंधा:युवक से 100 रुपए की 10 नकली नोटों की गड्डी बरामद, केस दर्ज कर 4 दिन के रिमांड पर लिया, आरोपी रात के समय चलाता था नोट

नारनौल : जलमहल के नजदीक गुरुवार रात एक युवक से 100-100 रुपए की 10 नकली नोटों की गड्डी बरामद की गई। आरोपी संदीप के खिलाफ केस दर्ज कर 4 दिन के रिमांड पर लिया गया है। अब पुलिस नकली नोटों के धंधे से जुड़े अन्य लोगों व कमाए जा चुकी रकम का हिसाब लेगी। आरोपी संदीप ने बताया कि ये नकली नोट रात के समय बाजार में चलाते थे। इनके निशाने पर छोटे दुकानदार व शराब के ठेके होते थे।
एसपी कार्यालय के सुरक्षा एजेंट हेड कांस्टेबल राजबीर द्वारा 10 दिन पहले यह मामला नोटिस में लाया गया। गुरुवार शाम को जानकारी मिली की संदीप नकली नोट की सप्लाई करने नारनौल आ रहा है। पता चला कि संदीप बाइक पर जलमहल की तरफ गया है। पुलिस ने आरोपी को पकड़ लिया। बाइक पर हैंडल में टंगे थैले से एक डिब्बे में 100-100 रुपए की 10 गड्डी नकली नोटों की बरामद की गई।
आरोपी संदीप ने बताया कि उसे एक असली नोट के बदले 5 नकली नोट मिलते थे। संदीप ने बताया कि नकली नोट छापने के पीछे माजरा गांव के राजेश का हाथ है। ये नकली नोट की छपाई कम्प्यूटर पर तैयार करके प्रिंटर से निकालकर करता है। अभी दो सप्लायर राजेश वासी नंगली गोड राजस्थान व यश खोडमा निवासी शामिल है। एक असली नोट के बदले 5 नकली नोट देते हैं।
October 17, 2020

मनोहर कैबिनेट की अहम फैसले:निजी क्षेत्र में 75% स्थानीय को नौकरी का ऑर्डिनेंस वापस होगा, सरकार विधानसभा में लाएगी बिल, स्थानांतरण नीति में संशोधन को भी मंजूरी

मनोहर कैबिनेट की अहम फैसले:निजी क्षेत्र में 75% स्थानीय को नौकरी का ऑर्डिनेंस वापस होगा, सरकार विधानसभा में लाएगी बिल, स्थानांतरण नीति में संशोधन को भी मंजूरी

चंडीगढ़ : हरियाणा सरकार प्राइवेट नौकरियों में स्थानीय को 75% आरक्षण के अपने ऑर्डिनेंस को वापस लेगी। सरकार अब इसके लिए विधानसभा में बिल लेकर आएगी। सत्र 3 नवंबर के बाद कभी भी बुलाया जा सकता है। मनोहर कैबिनेट की जुलाई में हुई मीटिंग में नौकरियों में आरक्षण को लेकर ऑर्डिनेंस लाया गया था। इसे राज्यपाल के पास भी भेजा। लेकिन ऑर्डिनेंस की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पाई।
ऐसे में शुक्रवार को सीएम मनोहर लाल की अध्यक्षता में कैबिनेट मीटिंग में ऑर्डिनेंस वापस लेने का फैसला लिया गया। इसके अलावा शिक्षा विभाग में शिक्षकों की ऑन लाइन ट्रांसफर पॉलिसी में बदलाव किया गया। जिसमें 40 साल से अधिक उम्र की विधवा, तलाकशुदा अविवाहिता, सैनिकों और अर्द्ध सैनिकों की पत्नियों को तबादला नीति में 10 अंक अलग से देने का प्रावधान किया है। इसके अलावा पानी से संबंधित फैसले लेने के लिए वाटर अथॉरिटी बनाने का फैसला लिया गया है।

ट्रांसफर पॉलिसी में ऐसे लागू होगा 10 अंकों का संशोधन

कैबिनेट ने स्कूल शिक्षा विभाग हरियाणा के लिए अध्यापक स्थानांतरण नीति में संशोधन को मंजूरी दी है। ट्रांसफर ड्राइव के बाद, नवविवाहिता, तलाकशुदा महिला कर्मचारियों को अनुरोध पर खाली पदों पर पंसदीदा स्थान दिया जाएगा। हालांकि, उन्हें अगले स्थानांतरण अभियान में भाग लेना होगा और उन्हें उस समय उपलब्ध रिक्त पदों के विरुद्ध उनके तीन विकल्पों में से किसी एक में समायोजित किया जाएगा।
संशोधन के अनुसार 40 वर्ष से अधिक आयु की विधवा, तलाकशुदा, अविवाहित महिला शिक्षक, राज्य के बाहर काम करने वाले सेवारत सैनिक और अर्धसैनिक बलों के शिक्षक पति या पत्नी को मौका मिलेगा। इस कैटेगिरी शिक्षकों को ट्रांसफर में 10 अंक दिए जाएंगे। कैंसर मरीजों और कमजोर करने वाले रोगों के लिए एम्स (हरियाणा में इसकी शाखाओं समेत), पीजीआई रोहतक, पीजीआई खानपुर कलां, कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज करनाल, पीजीआई चंडीगढ़ या विधिवत रूप से गठित मेडिकल बोर्ड द्वारा जारी प्रमाण पत्र ही वैध होगा। मेवात काडर को छोड़कर बाकि हरियाणा के अध्यापक मेवात जिले में भी अपनी पोस्टिंग चुनने के लिए स्वतंत्र होंगे।
October 17, 2020

भाजपा नेता बोले- उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे बरोदा हलके की तस्वीर बदल दूंगा- योगेश्वर दत्त

भाजपा नेता बोले-उपचुनाव में रिकॉर्ड मतों से जीतेंगे,बरोदा हलके की तस्वीर बदल दूंगा- योगेश्वर दत्त 

भाजपा प्रत्याशी योगेश्वर दत्त ने नामांकन पत्र भरा

गोहाना : भारतीय जनता पार्टी के बरोदा विधानसभा उपचुनाव में प्रत्याशी योगेश्वर दत्त ने आज अपना नामांकन पत्र भरा। इससे पूर्व भाजपा के बरोदा रोड स्थित कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भारी जनसमूह ने पार्टी प्रत्याशी योगेश्वर दत्त का स्वागत किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान से लेकर पार्टी प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ताओं के जनसमूह को चार्ज करते हुए आह्वान किया कि हमें इस उपचुनाव में इतिहास रचते हुए रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल करनी है। मंच पर भाजपा के बरोदा प्रत्याशी पहलवान योगेश्वर दत्त,केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान,प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़,करनाल से सांसद संजय भाटिया,कृषि मंत्री जेपी दलाल, जिला अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, रामविलास शर्मा, राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, दादा बलजीत मलिक, सांसद धर्मवीर, कृष्ण लाल पंवार,विधायक कमलेश ढांडा,कैलाशो सैनी पूर्व सांसद कुरुक्षेत्र, पूर्व विधायक कविता जैन,गोहाना नगर परिषद की चेयरमैन रजनी विरमानी, डॉ बनवारी लाल व विधायक डॉ कृष्ण लाल के साथ-साथ भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री बालियान ने दिया योगेश्वर दत्त को आशीर्वाद

केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान ने कहा कि मैं केवल और केवल पहलवान योगेश्वर दत्त को आशीर्वाद देने यहां आया हूं।अगर आलाकमान आज बरोदा के प्रत्याशी के रूप में पहलवान को टिकट नहीं देती,शायद मैं आज यहां नहीं आता। पहलवान योगेश्वर ने हमारे देश का नाम देश के साथ-साथ विदेशों में भी ऊंचा किया है। देश में कुश्ती को अगर किसी ने जिंदा किया है तो वह केवल और केवल योगेश्वर दत्त हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों की झूठी चौधर के चक्कर में बरोदा हल्का विकास से अछूता रहा है। ओलंपिक पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी,युवा और ईमानदार योगेश्वर दत्त को बरोदा की महान जनता ने जाती-पाती के भेद से ऊपर उठकर अपना लिया है। पहलवान की अपनी कोई जाति नहीं होती,36 बिरादरी का घी पी पीकर,योगेश्वर पहलवान बने हैं। मैं बरोदा की जनता से आह्वान करूंगा कि वह कमल के निशान वाला बटन दबाकर पहलवान योगेश्वर दत्त को विजयी बनाएं।

कांग्रेस की राजनीति झूठ के सहारे- ओमप्रकाश धनखड़

नामांकन कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने मंच पर खड़े होकर कहा की एक खिलाड़ी अपने दम पर देश का नाम पूरे विश्व में करवा सकता तो फिर अपने हलके के लिए विकास कार्य भी करवा सकता है।पहलवान ने हल्के की सेवा के लिए डीएसपी के पद से इस्तीफा दे दिया तो आप लोगों ने भी उसको सेवा का एक मौका देना चाहिए। आज कांग्रेस की राजनीति झूठ के सहारे चल रही है। झूठ के सहारे किसानों में भ्रम फैलाकर अपनी राजनीति को वह जिंदा रखे हुए है। लेकिन,सच यह है कि कांग्रेस का झूठ नहीं बिकेगा । आज कांग्रेस में केवल विचार बदलू लोग बचे हुए हैं। कांग्रेस ने अपने ही घोषणापत्र और अपनी ही बनाई रिपोर्टों को दरकिनार कर केवल विरोध के नाम पर विरोध करना शुरू कर दिया है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणापत्र में वादा किया था कि पार्टी सत्ता में आने पर कृषि उपज मंडी समितियों के कानून में संशोधन करेगी। इसके साथ कृषि उपज के निर्यात और दूसरे राज्यों में व्यापार पर लगे सभी प्रतिबंधो को  समाप्त किया जाएगा,पर जब आज ये काम हो रहे हैं तो इनका विरोध कर रही है। कांग्रेस द्वारा एक माहौल बनाया जा रहा है कि मंडियां बंद हो जाएंगी, एमएसपी को खत्म कर देंगे, किसान की जमीन को बड़े बड़े कारपोरेट घरानों को बेच देंगे।जबकि, ऐसा कुछ नहीं होना है। मंडियां पहले की तरह रहेंगी, फसलों का एमएसपी पहले की तरह ही मिलेगा। किसानों को गुमराह होने की जरूरत नहीं, वे कांग्रेस के भ्रम में ना आएं। उन्होंने कहा कि किसानों को पीछे रखना कांग्रेस की फितरत है। कांग्रेस कभी नहीं चाहती कि देश का किसान भी खुशहाल हो समृद्ध हो। और अंत में कहा कि वक्त के हिसाब से बदलाव भी जरूरी है इसलिए बरोदा में बदलाव आप ही ला सकते हैं।

विकास के लिए चुनाव लड़ रहा हूं- योगेश्वर दत्त

नामांकन भर लोगों के बीच आशीर्वाद लेने  पहुंचे योगेश्वर दत्त ने कहा,मैं केवल आप लोगों के विकास के लिए चुनाव लड़ रहा हूं। मेरा केवल एक ही मकसद है कि बरोदा हलके का विकास करवाना। मैं आप लोगों से केवल 4 साल मांगने आया हूं। अगर मैं आपको दिए हुए वादों पर खरा नहीं उतरता हूं तो आप मुझे दोबारा मौका मत देना। मैंने अपना डीएसपी का पद केवल और केवल आप लोगों की सेवा करने के लिए ही त्यागा है। अब अगर आप अपना आशीर्वाद मुझ दोगे तो मैं बरोदा हलके की तस्वीर बदल दूंगा।

राज में हिस्सा करना सीख लो तभी तुम्हारा विकास संभव

डॉ केसी बांगड़ ने मंच से भाजपा और जजपा के गठबंधन को इस उपचुनाव के लिए काफी अहम बताया। बांगड़ ने कहा कि हमारा गठबंधन तो भाजपा से काफी पुराना है। दुष्यंत चौटाला ने तो केवल रीत को आगे बढ़ाया है। दुष्यंत चौटाला से पहले अजय चौटाला,चौधरी ओमप्रकाश चौटाला सभी ने गठबंधन से सरकार बनाई है। इस उपचुनाव को गठबंधन लड़ेगा और भाजपा के चुनाव चिन्ह पर लड़ा जाएगा। डॉक्टर बांगड़ ने कहा कि बिना किसी के बहकावे में आए गठबंधन के उम्मीदवारों को ज्यादा से ज्यादा वोट देकर विजयी बनाएं। जाते-जाते उन्होंने एक काफी महत्वपूर्ण बात कह डाली। उन्होंने छोटूराम की उन पंक्तियों का जिक्र किया जो आज के समय बरोदावासियों के लिए काफी महत्वपूर्ण है। बांगड़ ने कहा कि चौधरी छोटूराम हमेशा से एक बात कहते थे की प्रदेशवासियों "राज में हिस्सा करना सीख लो तभी तुम्हारा विकास संभव है"।

योगेश्वर को आप भी एक मौका दें- रामबिलास शर्मा

पहलवान योगेश्वर दत्त को टिकट मिलने पर आशीर्वाद देने आए रामविलास शर्मा ने कहा कि आज आप लोगों का प्यार देखकर ऐसा लग रहा है,जैसे योगेश्वर कोई मेडल ले आया हो। गठबंधन के प्रत्याशी पहलवान योगेश्वर दत्त को टिकट मिलने पर रामविलास शर्मा ने कहां कि जब योगेश्वर दत्त कुश्ती जीत के आता था तो गांव के और आसपास के जमीदार इनाम में दूध,घी व दही दे देते थे यह उस दूध,घी और दही का ही परिणाम है कि योगेश्वर पहलवान खेल में नाम चमकाने के बाद अब राजनीति में अपना नाम चमकाने जा रहा है। योगेश्वर दत्त ने जनता की सेवा के लिए अपने डीएसपी पद से भी इस्तीफा दे दिया था ताकि वह आप लोगों के बीच में रहकर आप की सेवा कर सके। अब आप का भी फर्ज बनता है कि आप भी उन्हें एक मौका दें ताकि वह बरोदा की तस्वीर बदलने में कामयाब हो।