Breaking

Monday, February 22, 2021

February 22, 2021

जिले को एनीमिया मुक्त करने के लिए राष्टीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत 5 लाख बच्चो को दी जाएगी एल्बेंडाजोल टेबलेट, मिलेगी पेट मे होने वाले कीड़ो से निजात

जिले को एनीमिया मुक्त करने के लिए राष्टीय कृमि मुक्ति दिवस के तहत लांच किया अभियान

- 5 लाख बच्चो को दी जाएगी एल्बेंडाजोल टेबलेट, पेट मे होने वाले कीड़ो से मिलेगी निजात 
-22 फरवरी से 3 मार्च तक जिले भर में चलेगा कार्यक्रम 
-एक साल से लेकर 19 साल तक के बच्चो को खिलाई जाएगी एल्बेंडाजोल टेबलेट 

जींद :( संजय तिरँगाधारी ) सोमवार को स्वास्थ्य विभाग ने जिले को एनीमिया मुक्त करने के लिए साप्ताहिक कार्यक्रम को हरी झंडी दी। इस कार्यक्रम के तहत जिले में 4, 99, 388 बच्चों को एल्बेंडाजोल की गोली फ्री में खिलाई जाएगी। इसके अलावा जो लडकिया 20 साल से 24 साल के बीच की उम्र में है और गर्भवती नही है और बच्चो को दूध नही पिलाती है उनको भी ये एल्बेंडाजोल टेबलेट दी जाएगी। ऐसी महिलाओं की जिले में 36,838 संख्या है। 

स्वास्थ्य विभाग में  डिप्टी सिविल सर्जन डॉक्टर रमेश पांचाल ने बताया की इस टेबलेट को कोई साइड इफ़ेक्ट भी नही है और पूरी तरह से सुरक्षित है। 
डॉक्टर पांचाल ने बताया की सिविल सर्जन मंजीत सिंह की अगुवाई में आज इस अभियान को हरी झंडी दी गई है, जो 3 मॉर्च तक चलेगा। 22 फरवरी से लेकर 28 फरवरी तक जिले में इस अभियान को घर घर चलाया जाएगा। इसके बाद 3 मॉर्च तक ये घर घर जाकर ये सुनिश्चित किया जाएगा की कोई बच्चा छूट न गया हो। इस अभियान की सफलता के लिए जिले में 12 मोबाइल टीम लगाई गई है जो अलग अलग खंडों में तैनात रहेगी। साथ ही 12 आपातकालीन टीम भी लगाई गई है ताकि किसी बच्चे को उल्टी या कोई अन्य शिकायत होती है तो उसका इलाज किया जा सके। इस कार्यक्रम को आंगनवाड़ी, एएनएम और आशा वर्कर घर घर चलाएगी। 19 साल तक की उम्र के बच्चों के पेट में होने वाले खून चूसने वाले कीड़ों को मारने के लिए 28 फरवरी तक चलने वाले एनडीडी अभियान का सोमवार को डा. साधना और सिविल सर्जन डा. मंजीत सिंह ने शुभारंभ किया है। शहर की बुढ़ा बाबा बस्ती के आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में दोनों अधिकारियों ने बच्चों को अपने हाथों से एलबैंडाजोल की गोलियां खिलाई। 
आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यालय से एनडीडी, एमएचएस, डब्ल्यूआईएफएस की स्टेट कन्सलटैंट डा. साधना खासतौर पर पहुंची। सिविल सर्जन डा.मंजीत सिंह, डिप्टी सिविल सर्जन डा.आरएस पूनिया, स्कूल हैल्थ के डिप्टी सिविल सर्जन डा.रमेश पांचाल, आरकेएसके की डीएएचओ डा.पुष्पा जागलान, एएमओ डा.भव्या खासतौर पर मौजूद रहे। डा.साधना और सिविल सर्जन डा.मंजीत सिंह ने बच्चों को एलबैंडाजोल की गोलियां खिलाते हुए कहा कि एनएचएम के तहत यह कार्यक्रम 19 साल तक की उम्र के बच्चों को स्वस्थ रखने के लिए चलाया जा रहा है। इस उम्र के बच्चों के पेट में खून चूसने वाले कीड़े पैदा हो जाते हैं। एलबैंडाजोल की गोलियां खाने से इस तरह के कीड़े मर जाते हैं और बच्चे स्वस्थ रहते हैं। साल में 2 बार एनडीडी अभियान के तहत बच्चों को एलबैंडाजोल की गोलियां खिलाई जाती हैं। आशा वर्कर, एएनएम और आंगनबाड़ी वर्करों को घर-घर जाकर बच्चों को गोलियां खिलाने का काम सौंपा गया है। यह गोलियां पूरी तरह से सुरक्षित हैं। सावधानी केवल यह बरतनी होती है कि यह गोलियां बच्चों को खाली पेट नहीं खिलाई जाएं। फिर भी गोलियां खाने से किसी बच्चे को दिक्कत होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता और एम्बुलैंस आदि के सभी इंतजाम जिले में किए गए हैं। 

*-कैसे लें गोली-*

डॉक्टर पांचाल ने बताया की इस गोली को पीसकर या चबाकर खाना होता है। जो चबाकर नही खा सकते वो इसको पीसकर खा सकते है। एक साल से दो साल के बच्चो को आधी गोली दी जाएगी। एक गोली 400 मिलीग्राम की होती है और 2 साल से लेकर 19 साल के बच्चो को एक टेबलेट दी जाएगी। 

*-इसके लक्षण और फायदे -*

जिन बच्चो में खून की कमी होती है, पढ़ाई में मन नही लगता है, मरोड़ी लगती है, शरीर में कमजोरी, शरीर विकसित नही होना, दिमाग केंद्रित नही होना आदि सब प्रकार के लक्षणों में इसका फायदा होता है। उन्होंने बताया की ग्रामीण इलाके के बच्चो को सबसे ज्यादा समस्या पाई जाती है। जो बच्चे हाथ नही धोते, मिट्टी में ज्यादा खेलते है और सफाई नही करते उनमें ज्यादा कमी पाई जाती है। इस टेबलेट को बच्चो को हर हाल में लेना चाहिए ताकि बच्चो का सम्पूर्ण विकास हो सके।
February 22, 2021

साली से करना चाहता था शादी, पत्नी ने रोका तो बाजू तोड़ी, पत्नी ने पुलिस में दी शिकायत

कैथल का मामला:बच्चे न हुए तो साली से करना चाहता था शादी, पत्नी ने रोका तो बाजू तोड़ी, पत्नी ने पुलिस में दी शिकायत

कैथल : गुहला थाने में एक महिला ने अपने ही पति के खिलाफ केस दर्ज कराया है। अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि 12 साल पहले उसकी शादी हुई थी। उसे अब तक कोई संतान नहीं हुई। पति अक्सर दबाव डालता कि मेरी दूसरी शादी करवा दे, नहीं तो तेरी खैर नहीं है।
महिला का आरोप है कि 19 फरवरी को सुबह 9:30 बजे वह काम कर रही थी। पति शराब पीकर आया और कहने लगा कि तूं अपनी छोटी बहन की शादी मेरी साथ करवा दे। क्योंकि, तेरे को कोई बच्चा नहीं हाे रहा। आरोप है कि उसने बहन की शादी पति से करवाने को मना कर दिया।
इस पर पति ने लकड़ी का बिंडा उठाकर उसकी दाईं बाजू व कंधे पर मार दिया। इससे उसकी बाजू टूट गई। शोर मचाने पड़ोसी इकट्ठा हो गए। गांव वाले ही उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर आए। जहां माता-पिता भी पहुंच गए और इलाज करवाया। थाना के हेड कांस्टेबल कुलदीप सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया है।
February 22, 2021

रेलवे:मेल व एक्सप्रेस का किराया लगेगा, अम्बाला से लुधियाना तक पैसेंजर ट्रेनें आज से चलेगी

रेलवे:मेल व एक्सप्रेस का किराया लगेगा, अम्बाला से लुधियाना तक पैसेंजर ट्रेनें आज से चलेगी

अम्बाला : रेलवे सोमवार से 35 पैसेंजर ट्रेनें फिर से शुरू कर रहा है। इन्हें मेल व एक्सप्रेस में तब्दील किया गया है। किराया भी उसी हिसाब से लगेगा। इनमें एक ट्रेन सुबह 5:35 बजे कुरुक्षेत्र से चलकर 9:45 बजे दिल्ली के निजामुद्दीन पहुंचेगी। शाम 6:10 बजे निजामुद्दीन से चलकर रात 10:30 बजे कुरुक्षेत्र पहुंचेगी।
एक ट्रेन सुबह 5:40 बजे अम्बाला कैंट से चलकर सुबह 8:10 बजे लुधियाना पहुंचेगी। वापसी में शाम 4:10 बजे लुधियाना से चलकर शाम 6:45 बजे अम्बाला कैंट पहुंचेगी। एक ट्रेन सहारनपुर से प्रात: 6:30 बजे चलेगी। यह सुबह 8:00 बजे अम्बाला कैंट व दोपहर 12:15 बजे ऊना हिमाचल पहुंचेगी।
वापसी में दोपहर 1:30 बजे ऊना से चलकर शाम 5:35 बजे अम्बाला कैंट और शाम 7:10 बजे सहारनपुर पहुंचेगी। यात्री बिना रिजर्वेशन यात्रा कर सकेंगे। काउंटर से टिकट ले सकेंगे। उधर, हिसार से जयपुर के बीच 2 ट्रेनें शुरू करने के लिए प्रस्ताव भेजा गया है।
February 22, 2021

कार्यकाल पूरा:प्रदेश को जल्द ही मिल सकता है नया डीजीपी, पीके अग्रवाल, मो. अकील, आरसी मिश्रा दौड़ में

कार्यकाल पूरा:प्रदेश को जल्द ही मिल सकता है नया डीजीपी, पीके अग्रवाल, मो. अकील, आरसी मिश्रा दौड़ में

चंडीगढ़ : पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मनोज यादव का दो वर्ष का कार्यकाल रविवार को पूरा होने के बाद अब हरियाणा को जल्द नया डीजीपी मिल सकता है। 1988 बैच के आईपीएस पीके अग्रवाल, 1989 बैच के मोहम्मद अकील और उनके साथ के बैच के आरसी मिश्रा नए डीजीपी बन सकते हैं।
सूत्रों की मानें तो गृह विभाग ने नए डीजीपी की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू कर दी है। गृह मंत्री अनिल विज ने एसीएस होम राजीव अरोड़ा को प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, सरकार ने पिछले माह ही आगामी आदेशों तक उनका समय बढ़ा दिया था। इसलिए उनके बाद कानूनन अब अग्रवाल, अकील व मिश्रा में कोई एक डीजीपी बन सकता है।

शत्रुजीत व देशराज जल्द प्रमोट हुए तो आ जाएंगे दौड़ में

1990 बैच के आईपीएस शत्रुजीत कपूर और देशराज सिंह कभी भी प्रमोशन के बाद डीजी रैंक मिल सकती है। यदि राज्य सरकार की ओर से पैनल भेजने से पहले इनका प्रमोशन किया जाता है तो ये भी डीजीपी की दौड़ में शामिल हो जाएंगे। पिछली बार भी तीन-चार आईपीएस की वरिष्ठता को दरकिनार कर सरकार ने मनोज यादव पर भरोसा जताया था।
February 22, 2021

तेल के बढ़ते दाम पर सीएम मनोहर लाल ने कही यह बात

तेल के बढ़ते दाम पर सीएम मनोहर लाल ने कही यह बात 

करनाल : मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पेट्रोल - डीजल के बढ़ते दामों पर कहा है कि पेट्रोल डीजल इम्पोर्ट होता है उसके बाद उस पर एक्ससाइज ड्यूटी और वैट लगता है, इस एक्साइज ड्यूटी और वैट के पैसे को जनता की भलाई के लिए ही इस्तेमाल किया जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा का पेट्रोल - डीजल पर वैट और राज्यो से कम है। बिजली निगम में एसडीओ के पदो पर बाहर के युवाओं के चयन पर सीएम नें कहा कि उन लोगों का असली चेहरा सामने आ गया जो भर्ती पर सवाल उठा रहे हैं ! ये सभी सेलेक्ट हुए बच्चे आल इंडिया टेस्ट से लिए जाते हैं, जो योग्य हैं वो आगे आए हैं, हमने कभी नहीं कहा कि हरियाणा के कम आएं और दूसरे राज्यो के ज़्यादा जो लोग सवाल उठा रहे हैं क्या वो रिजर्व कैटेगिरी के परीक्षार्थियों को अपना नहीं मानते। उन्होंने कहा कि रिजर्व कैटेगिरी के चयनित हुए परीक्षार्थी हरियाणा से हैं। कृषि कानूनों पर सीएम ने कहा कि किसान आंदोलन को राजनीतिक रूप दिया गया। लोकतंत्र पर इन लोगों ने बड़ा प्रश्न चिन्ह लगा दिया है। लोकतंत्र को मजबूत बनाना सबका कर्तव्य होता है।
February 22, 2021

एक ही दिन में 3 ठगी:वेटरनिटी चिकित्सक समेत तीन उपभोक्ताओं के खाते से ठग ने निकाले सवा 2 लाख रुपए

एक ही दिन में 3 ठगी:वेटरनिटी चिकित्सक समेत तीन उपभोक्ताओं के खाते से ठग ने निकाले सवा 2 लाख रुपए

कुरुक्षेत्र : साइबर ठग पुलिस व आमजन के लिए परेशानी का सबब बने हैं। भले की करीब 20 दिन पहले जिला पुलिस में साइबर ठगी पर रोक लगाने के लिए साइटर इन्वेस्टिगेशन यूनिट बनाई है। इसके बावजूद जिले में साइबर ठग रोजाना लोगों को नए-नए तरीकों से ठग रहे हैं।
ठगों ने जिले में एक वेटरनिटी चिकित्सक सहित तीन उपभोक्ताओं को बातों में उलझाकर सवा दो लाख रुपए की चपत लगा दी। शिकायत पर पुलिस ने धोखाधड़ी का केस दर्ज कर ठगों की तलाश शुरू की है। उधर बैंक अधिकारियों व पुलिस अधिकारियों का कहना है, जबतक आमजन खुद जागरूक नहीं होगा। तब तक ऐसी ठगी रोकना संभव नहीं।
जानकारी के अभाव में हो रहे लोग ठगी का शिकार-एलडीएम लीड बैंक मैनेजर राजीव रंजन का कहना है,जागरुकता के अभाव में लोग रोजाना ठगी का शिकार हो रहे हैं । कभी भी अनजान व्यक्ति के कहने या भेजे गए किसी लिंक पर क्लिक न करें।
इसके अलावा पब्लिक टर्मिनल और पब्लिक वाईफाई के प्रयोग से मोबाइल ट्रांजक्शन करने से बचना चाहिए। अनसेफ सर्फिंग के कारण ठग डाटा चोरी कर सकते हैं। ठग नेट पर एक जैसे दिखने वाले लोगो व डोमेन ने के साथ फर्जी साइट बना लेते हैं। जो दिखने में असली लगती है।
साइबर इन्वेस्टिगेशन यूनिट के इंचार्ज सब इंस्पेक्टर सुभाष चंद का कहना है, उन्होंने कुछ रोज पहले ही चार्ज संभाला है। उन्होंने कहा आमजन की जागरुकता बेहद जरूरी है। किसी तरह की लॉटरी या अन्य लालच में न आएं।
पब्लिक वाईफाई के प्रयोग से मोबाइल ट्रांजक्शन करने से बचें,सैलरी डालने के बहाने निकाले खाते से पैसे
दुर्गा कॉलोनी निवासी एक वेटरनिटी चिकित्सक के बेटे के मोबाइल नंबर पर अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने अपना नाम गगनदीप बताया। साथ ही बातों में उलझाकर कहा आपके पिता के खाते में इस माह कम सैलरी आई होगी। कॉल करने वाला कहने लगा, सैलरी सेटल करनी है, अपके पिता जी के खाते में सैलरी डालनी है। उनके खाते के साथ ही मोबाइल नंबर अटैच है।
आप फोन पे एप खोलकर उसपर पे ऑप्शन ओके कर दो। जैसे ही कॉल करने वाले व्यक्ति द्वारा बताए अनुसार किया, तो शिकायतकर्ता के वेटरनिटी चिकित्सक पिता के खाते से 7650 रुपए कट गए। कॉल करने वाले ने एक बार और पे ऑफ फोन ऑप्शन ओके करने को कहा, इस तरीके से दूसरे खाते से भी 89999 रुपए यानी कुल 97 हजार 649 रुपए कट गए। बाद में ठगी का एहसास होने पर बैंक को सूचित किया। साथ ही पुलिस को सूचित किया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर इल्म सिंह का कहना है, शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
*कस्टमर केयर पर किया फोन, कट गए खाते से पैसे*
इसी तरह सेक्टर-सात निवासी यमन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। उसने पीएनबी कस्टमर केयर नंबर-180042123530 पर कॉल कर कॉल कर अपने खाते की लिमिट बढ़ाने के लिए फोन किया था। शिकायतकर्ता का कहना है, कॉल उठाने वाले अधिकारी द्वारा डेबिट कार्ड का पूछा गया नंबर उसने उसे बता दिया। शाम के चार बजे के करीब मोबाइल पर खाते से एक लाख चार हजार रुपए निकले का मैसेज आया। यह देख बैंक में संपर्क किया। यह पैसा पेटीएम के जरिए खाते से निकाला गया है।
*जानकार बता पैसे भेजने को कहकर लिंक पर कराया क्लिक*
भिवानी के गांव सांगवान निवासी संजय कुमार ने शाहाबाद थाने में शिकायत दर्ज करवाई है। वह मोहड़ी केसरी रोड पर एक कंपनी में काम करता है। उसके मोबाइल नंबर पर एक अनजान नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने बातों में उलझा लिया। बोला कि आपके पास रणजीत नाम के व्यक्ति का फोन आएगा। जो आपके मोबाइल पर पैसे ट्रांसफर करेगा। कुछ देर बाद एक और नंबर से कॉल आई। फोन करने वाले ने एक लिंक भेजकर उसे खोलने बारे कहा। जैसे ही शिकायतकर्ता ने उस लिंक पर क्लिक किया, उलटा उसके ही खाते से साढ़े 12 हजार रुपए कट गए।
February 22, 2021

खटकड़ टोल पर किसानों के धरने पर पहुंचे गुरनाम सिंह चढूनी

गेहूं के फसल को देखते हुए शिफ्टों में धरने पर पहुंचे किसान-खटकड़ टोल पर किसानों के धरने पर पहुंचे गुरनाम सिंह चढूनी

-गांव-गांव टीमें बना कर किया जा रहा है प्रचार
जींद/उचाना : किसान आंदोलन को लंबा चला किसानों ने रणनीति बना ली है। आगामी गेहूं की फसल के सीजन को देखते हुए अब खटकड़ टोल पर दिए जा रहे धरने पर शिफ्टों में गांवों से किसान धरने पर आएंगे। हर रोज 15 गांवों के किसानों के धरने पर आने की रणनीति तय की हुई है। रविवार को शिफ्टों
बड़ौदा, बरसोला, खटकड़, मोहनगढ़ छापड़ा, धनखड़ी, कालता, भौंसला, कसुहन, कुचराना कलां, कुचराना खुर्द, छातर, मांडी, घोघडिय़ा, रोज खेड़ा से महिला, पुरूष, युवाओं ने हिस्सा लिया। शहीद हुए बधाना गांव के कैप्टन पवन कुमार 5वें शहादत दिवस पर दो मिनट का मौन रख कर श्रद्धाजंलि दी गई। धरने पर भाकियू अध्यक्ष गुरनाम सिंह चढूनी पहुंचे।
गुरनाम सिंह चढूनी ने कहा कि तीनों कानूनों को रद्द करना ही होगा क्योंकि ये कानून किसान के हक में नहीं है। किसान मन बना चुके है कि घर वापिसी तब ही होगी जब ये कानून रद्द होंगे। जन आंदोलन किसान आंदोलन बन चुका हूूॅं। केंद्र सरकार को चाहिए कि वो हठ छोड़ते हुए तीनों कानूनों को रद्द करेंं। आंदोलन को तोडऩे के लिए तरह-तरह के षडय़ंत्र रचे गए लेकिन कोई भी षडय़ंत्र कामयाब नहीं हुआ है। भविष्य में भी षडय़ंत्र रचे जाएंगे लेकिन हमें किसी भी षडय़ंत्र को कामयाब नहीं होने देना है। किसान की कोई जाति नहीं होती है। किसान के साथ-साथ हर वर्ग के लोगों को नुकसान इन कानूनों के लागू होने पर होगा।  
भाकियू जिलाध्यक्ष आजाद पालवां ने बताया कि धरने पर अधिक से अधिक गांवों से भागीदारी के लिए अलग-अलग टीमों बनाई गई है। महिलाओं की टीम भी बनाई गई है जो भाकियू महिला सेल जिलाध्यक्ष सिक्किम सफा खेड़ी की अगुवाई में जा रही है। इस मौके पर सतबीर बरसोला, बिजेंद्र सिंधु, कैप्टन वेदप्रकाश, जयप्रकाश फौजी, फिरोज खान सफा खेड़ी, मा. राजबीर, सतबीर शर्मा कसुहन, राम सिंह चहल, अनुराग खटकड़, नफे सिंह, गुलाबा, प्रदीप गर्ग, नानूदीन, डॉ. सलीम, उदयवीर बरसोला, चरण सिंह डोहाला, रोहताश, भरत सिंह मौजूद रहे। किसानों के धरने पर मुस्लिम समुदाय की तरफ से 21 हजार रुपए धरने पर, शहीद पवन कुमार के पिता हैडमास्टर राजबीर बधाना, कसुहन गांव की तरफ से, अनुराग खटकड़ ने 11-11 हजार रुपए की राशि दी।

-नरवाना, उचाना के मुस्लिम समुदाय के लोग पहुंचे-

किसानों के धरने को समर्थन देने मुस्लिम समुदाय के लोग यहां पहुंचे। यहां पर नमाज भी अदा मुस्लिम समुदाय के लोगों ने की। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने कहा कि टोल पर धरने के पास नमाज पढऩे का उद्ेश्य था कि नमाज अदा कर पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह के दिल को बदले ओर जो तीनों कृषि कानून है जो किसानों के लिए काले है वो वापिस ले ले। इंसान का दिल अल्लाह, ईश्वर के हाथ में है जब दिल बदलेगा तो सब काम बन जाते है। आज हर किसी को नुकसान हो रहा है। पहले की तरह आगे भी देश मे अमन, चैन, शांति बनी रहे।
February 22, 2021

समझदार लोग नाटक का किया मंचन-सामाजिक बुराइयों को लेकर ऑन थियेटर ग्रुप के कलाकारों की प्रस्तुति

समझदार लोग नाटक का किया मंचन -सामाजिक बुराइयों को लेकर ऑन थियेटर ग्रुप के कलाकारों की प्रस्तुति

जींद : ( संजय तिरँगाधारी )ऑन थिएटर ग्रुप जींद हरियाणा द्वारा स्थानीय रंगशाला में समझदार लोग नाटक का मंचन किया गया। नाटक का निर्देशन सुनीता तोमर द्वारा किया गया। नाटक की प्रस्तुति ऑन थिएटर ग्रुप के रंगमंडल के कलाकारों द्वारा दी गई। इस मौके पर मुख्यअतिथि के तौर पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के युवा एवं सांस्कृतिक विभाग से हरविंदर राणा ने शिरकत की। नाटक में कलाकारों ने अपनी कला का लोहा मनवाते हुए अमिट छाप छोड़ी। नाटक में मुख्य भूमिका में रेनू दूहन, रिषी नागर पति-पत्नी की भूमिका अदा कर रहे थे। नाटक में सामाजिक बुराइयों को उजागर किया गया। वहीं रंगमंच के प्रयोग भी प्रस्तुति में देखने को मिली। नाटक में हरियाणा के लोक संगीत की छटा भी देखने को मिली। नाटक में रिष नागर एक ऐसा व्यक्ति है जो सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में काम करता है। वह लगातार सामाजिक कार्यों में भाग लेकर समाज सुधारने की कोशिश करता है परंतु लोग उसकी सुनते ही नहीं हैं। नाटक में उसकी पत्नी उसका साथ देती है। वह घर-घर जाकर सामाजिक भेदों का संदेश देते हैं। नाटक में बलवान सिंह की लोक गायकी तथा इकतारे की तार पर चलती उनकी उंगली नाटक में चार चांद लगा रही थी। नाटक में आधुनिक रंगमंच तथा लोक रंगमंच को दिखाया गया। कलाकारों ने संदेश दिया कि अगर हम शिद्दत से कोशिश करें तो बड़े से बड़ा बदलाव कर सकते हैं। पॉप गायक हरविंदर राणा ने कहा कि पृथ्वी एक रंगमंच है और उस पर रहने वाला प्रत्येक जीव रंगकर्मी है। कलाकार ही हैं जो सामाजिक बदलाव ला सकते हैं। कलाकारों द्वारा किया गया कार्य सराहनीय है।
February 22, 2021

ब्लाइंड मर्डर केस में खुलासा:दुष्कर्म के आरोपी कोच ने ही की थी भोपाल की महिला वेटलिफ्टर की गला रेतकर हत्या

ब्लाइंड मर्डर केस में खुलासा:दुष्कर्म के आरोपी कोच ने ही की थी भोपाल की महिला वेटलिफ्टर की गला रेतकर हत्या

रोहतक : भोपाल की महिला वेटलिफ्टर की हत्या के मामले में पुलिस ने 44 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आराेपी कोच भगत सिंह को हरिद्वार से गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि *आरोपी के साथ महिला के पिछले चार साल से संबंध थे।*
महिला ने कोच भगत सिंह पर वर्ष 2018 में रोहतक के अर्बन एस्टेट थाने में दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपी काेच ने कबूल किया है महिला खिलाड़ी अब उस पर शादी करने का दबाव बना रही थी, जबकि वाे पहले से ही शादीशुदा है।
पुलिस के अनुसार 16 फरवरी को आरोपी कोच भगत सिंह भोपाल की जिला अदालत के जेएमआईसी आशीष परसाई की कोर्ट में पेश होने के लिए गया था। मामला महिला खिलाड़ी की शिकायत पर दुष्कर्म केस का है। वहां महिला खिलाड़ी के साथ आरोपी की बातचीत हुई।
इसके बाद आरोपी महिला खिलाड़ी को बहलाकर उसी दिन अपने साथ ट्रेन में भोपाल से रोहतक ले आया। 17 फरवरी की सुबह वो रोहतक पहुंचे। यहां आरोपी महिला खिलाड़ी को बाइक पर बैठा गहरी धुंध में धामड़ गांव की नहर पर ले गया। पुलिस के अनुसार आरोपी कोच ने महिला खिलाड़ी के बैग में रखे फल काटने के चाकू से उसका गला रेत दिया। बाद में उसका फोन व अन्य सामान लेकर वहां से फरार हो गया।
महिला खिलाड़ी के शव की जेब से मिली भोपाल रेलवे स्टेशन स्थित बाइक पार्किंग की पर्ची व होटल के खाने के बिल से हुई थी पहचान
रोहतक पुलिस को धामड़ गांव के पास नहर की पटरी पर महिला खिलाड़ी का शव मिला था। मामला ब्लाइंड मर्डर से जुड़ा था। लाश की तलाशी पर पुलिस को खिलाड़ी की पैंट की जेब से भोपाल के हबीबगंज रेलवे स्टेशन की पार्किंग स्लिप और एक भोपाल के होटल में खाने का बिल भी बरामद हुआ।
पार्किंग की पर्ची पर महिला खिलाड़ी की बाइक का नंबर दर्ज मिला। जांच में बाइक युवती के नाम से रजिस्टर्ड मिली। इसके आधार पर युवती की पहचान भोपाल के साकेत नगर निवासी एक वेटलिफ्टर खिलाड़ी के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने हत्या केस की कड़ियां जोड़नी शुरू की और वह आरोपी कोच तक पहुंच ही गई। रोहतक पुलिस ने इस मामले में भोपाल पुलिस की भी मदद ली।
महिला खिलाड़ी के फोन से पकड़ में आया आरोपी कोचयुवती ने 2018 रोहतक में वेट लिफ्टर कोच भगत सिंह के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज करवाया रखा है। थाना सदर पुलिस ने जांच के दौरान आरोपी कोच भगत सिंह की तलाश पहले दिन से ही शुरू की। इसके बाद रोहतक के बसंत विहार में कोच के किराये के मकान पर पुलिस गई तो पता चला कि वह कई दिन पहले ही इस मकान को छोड़ चुका है।
इसके बाद सोनीपत के पैतृक गांव माहरा में छापेमारी तो कोच वहां से भी गायब मिला। ऐसे में पुलिस का शक गहराता गया। पुलिस ने कोच और महिला खिलाड़ी के मोबाइल नंबर ट्रेस किया। उसकी लोकेशन हरिद्वार की मिली। इसके बाद पुलिस ने हरिद्वार में आरोपी की लोकेशन ट्रेस कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
February 22, 2021

सीएम और पूर्व सीएम डीजल-पेट्रोल की कीमतों पर आमने-सामने:सीएम बोले- तेल पर केंद्र सरकार की ड्यूटी, महंगा-सस्ता होता रहता है; हुड्‌डा का जवाब- वैट कम करें

सीएम और पूर्व सीएम डीजल-पेट्रोल की कीमतों पर आमने-सामने:सीएम बोले- तेल पर केंद्र सरकार की ड्यूटी, महंगा-सस्ता होता रहता है; हुड्‌डा का जवाब- वैट कम करें

करनाल : प्रदेश में बढ़ रही डीजल-पेट्रोल के दामों पर रविवार को सीएम मनोहरलाल ने कहा कि डीजल-पेट्रोल अपने देश में तो बनता नहीं है। इंपोर्ट होने पर सेंटर गवर्नमेंट की ड्यूटी होती है। यह महंगा-सस्ता होता रहता है। वहीं, पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा ने पलटवार करते हुए कहा कि तेल के बढ़ते दाम से किसान और आम जनता पर असर पड़ता है। इससे खाद, पेस्टीसाइड के रेट बढ़ेंगे। महंगाई और ज्यादा होगी।
सीएम मनोहरलाल ने कर्ण लेक पर कहा कि पेट्रोल-डीजल के इंपोर्ट पर सेंटर गवर्नमेंट की ड्यूटी होती है। उन सबको मिलाकर मार्केट के अनुसार रोजाना अप-डाउन होता है। कभी महंगा और कभी सस्ता भी होता है। बाकि स्टेट से हमारे यहां रेट कम है। हमारा वैट इतना नहीं है कि इसमें कम किया जा सके।
संतुलन बिठाकर रखना पड़ता है। सीएम ने कहा कि निगम में फर्जी टेंपरी आईडी में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। कुछ राइस मिलर्स ने चावल वापस नहीं दिया है, इसकी भी जांच कराई जा रही है। इसमें भी जाे दोषी होगा उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
किसान आंदोलन पर सीएम ने कहा कि आंदोलन में राजनीतिक लोग पहुंच गए हैं, जो किसानों को समझने नहीं दे रहे हैं। तीन कृषि कानून किसान हित में हैं।

नगर निगम टेंपरेरी आईडी पर हुड्‌डा बोले- हर जगह हो रहे घोटाले

पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा भी रविवार को पूर्व सांसद महेंद्र सिंह लाठर के निधन पर करनाल शहर में शोक जताने आए थे। उन्होंने कहा कि डीजल-पेट्रोल की बढ़ती कीमतों पर विपक्ष चुप नहीं है। हर जगह आवाज उठा रहे हैं। रोजाना कीमत बढ़ रही है। प्रदेश सरकार को इससे आमदनी का जरिया नहीं बनाना चाहिए, किसान और आम आदमी पर मार पड़ रही है।
सरकार ने भी डीजल-पेट्रोल पर वैट डबल से ज्यादा कर दिया है। मांग करते हैं कि सरकार वैट न बढ़ाए। यह कमाई का साधन न मानकर पब्लिक को राहत देनी चाहिए। इससे खाद, पेस्टीसाइड के रेट बढ़ेंगे। नगर निगम में टेंपरेरी आईडी के फर्जीवाड़े पर पूर्व सीएम ने कहा कि प्रदेश में हर जगह घोटाले हो रहे हैं, यह घोटाले की सरकार है, मिलीभगत से सारा खेल चल रहा है।
February 22, 2021

आंदोलन:किसान ने फसल पर चलाया ट्रैक्टर, टिकैत बोले- मैंने ऐसा नहीं कहा, अभी ऐसा न करें

आंदोलन:किसान ने फसल पर चलाया ट्रैक्टर, टिकैत बोले- मैंने ऐसा नहीं कहा, अभी ऐसा न करें

नई दिल्ली / जींद : किसानों ने दिल्ली की सीमाओं पर आंदोलन तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए 11 दिन बाद रविवार को कुंडली बॉर्डर पर संयुक्त मोर्चा की बैठक हुई, जिसमें चार बड़े निर्णय हुए। अब 28 फरवरी को आंदोलन के तीसरे चरण का ऐलान होगा।
वहीं दूसरी तरफ, जींद के गुलकनी गांव के किसान राममेहर ने दो एकड़ गेहूं की फसल को ट्रैक्टर चलाकर नष्ट कर दिया। इसकी वजह उन्होंने किसान नेता राकेश टिकैत के आह्वान को बताया है। टिकैत ने कहा था कि सरकार यह नहीं समझे कि किसान कटाई करने चले जाएंगे और आंदोलन खत्म हो जाएगा।
जरूरत हुई तो किसान एक फसल जलाने को भी तैयार हैं। उनके ऐसा कहने के बाद 10 एकड़ के मालिक राम मेहर ने रविवार को यह कदम उठाया। राममेहर ने बताया कि अभी मैंने 2 एकड़ फसल नष्ट की है। टिकैत कहेंगे तो खाने के लिए दाने छोड़कर बाकी फसल भी नष्ट कर देंगे। ऐसी ही एक घटना यूपी में भी सामने आई है। ऐसे में अब टिकैत ने कहा, ‘किसानों से ऐसा करने के लिए नहीं कहा था।
मैं अपील करता हूं कि किसान ऐसा न करें। मैंने कहा था कि अगर फसल कटाई के कारण सरकार आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश करती है तो हम एक फसल त्यागने के लिए तैयार हैं। उस समय क्या करना है और कैसे करना वह बताया जाएगा, तब तक कोई किसान इस तरह फसल नष्ट न करे।’ उधर, अमृतसर में संयुक्त मोर्चा के नेता दातार सिंह की हार्ट अटैक से मौत हो गई।
जींद का किसान बोला-टिकैत के आह्वान पर लिया फैसला,मोर्चा का 27 को बॉर्डर कूच का आह्वान
23 फरवरी: मोर्चा के अनुसार 23 को किसान पगड़ी संभाल दिवस मनाएंगे, जिसमें सभी किसान मंचों पर अपने-अपने क्षेत्र की पगड़ी पहनकर आएंगे।
24 फरवरी: किसानों ने कहा कि सरकार 26 जनवरी के बाद से लगातार किसानों को गिरफ्तार कर रही है। किसानों का दमन हो रहा है। इसलिए 24 फरवरी को दमन विरोधी दिवस मनाया जाएगा। देशभर में तहसील और जिला मुख्यालय स्तर पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
26 फरवरी: महिला किसान दिवस की तर्ज पर 26 को आंदोलन के तीन माह पूरे होने पर युवा किसान दिवस मनाया जाएगा। तब मंच युवा किसान संभालेंगे।
27 फरवरी: मोर्चे ने 27 फरवरी को संत रविदास की जयंती और चंद्रशेखर आजाद के शहादत दिवस पर मजदूर-किसान एकता दिवस मनाने का निर्णय लिया है। इसके तहत किसानों से बड़ी संख्या में अलग-अलग बॉर्डर पर पहुंच कर आंदोलन मजबूत करने की कॉल दी गई है।

*महापंचायतों पर विवाद*

मोर्चा की मीटिंग में मुद्दा उठा कि बार-बार मना करने के बावजूद मोर्चे के कुछ सदस्य हरियाणा व पंजाब में महापंचायतें कर रहे हैं। प्रेसवार्ता में भी इस बारे में सवाल पूछा गया कि जब मोर्चा मना कर चुका है तो उसके बाद भी रविवार को पंजाब में बलबीर राजेवाल, और हरियाणा में गुरनाम चढ़ूनी ने कार्यक्रम किस आधार पर किए। इस पर किसान नेताओं ने कहा कि हम पहले हरियाणा-पंजाब में महापंचायत नहीं करने की अपील कर चुके हैं और जो लोग कर रहे हैं, उनसे हम कहेंगे कि ऐसा न करें।
हाल ही में पंजाब के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसानों को सुझाव दिया है कि वो सरकार के दो साल तक कानून सस्पेंड करने के प्रस्ताव पर फिर से चर्चा करें। मोर्चे के नेताओं ने रविवार को उनके इस सुझाव की निंदा की और कहा कि वो किस आधार पर यह सुझाव दे रहे हैं। क्या वो केंद्र सरकार की तरफ से यह सुझाव दे रहे हैं। उन्हें ऐसे सुझाव नहीं देने चाहिए।
वार्ता को हमेशा तैयार: वार्ता पर गतिरोध के सवाल पर किसान नेताओं ने एक सुर में कहा कि हम वार्ता को हमेशा तैयार हैं। हम सड़क पर बैठे हैं और सरकार कुर्सी पर बैठकर देश चला रही है। इसलिए सरकार को प्रस्ताव भेजना चाहिए।
संयुक्त मोर्चा ने दातार को दी *श्रद्धांजलि*: मोर्चा सदस्य और कीर्ति किसान यूनियन पंजाब के प्रधान दातार सिंह का रविवार को अमृतसर में मंच पर भाषण के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। प्रेसवार्ता में किसानों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी।

Sunday, February 21, 2021

February 21, 2021

प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन का ऐलान, सरकार नहीं मानी तो एक मार्च से खोलेंगे स्कूल

प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन का ऐलान, सरकार नहीं मानी तो एक मार्च से खोलेंगे स्कूल

भिवानी : फेडरेशन ऑफ प्राइवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन ने हरियाणा सरकार से नर्सरी से पांचवी तक के स्कूलों को खोले जाने की मांग करते हुए कहा कि सरकार समय रहते इजाजत नहीं देगी तो भी स्कूल खोलेंगे। एसोसिएशन का कहना है कि वर्तमान में कोविड की परिस्थितियों को देखते हुए नर्सरी से पांचवी तक के स्कूल भी खोलने की इजाजत राज्य सरकार दें। केंद्र सरकार ने राज्य सरकारों को इस तरह के निर्णय लेने का अधिकार दिया हैं। वक्ताओं ने कहा कि अगर सरकार ने 28 फरवरी तक स्कूल खोलने के निर्देश जारी नहीं किए तो एक मार्च को मजबूरी वश वो स्कूल खोलने के लिए बाध्य होंगे। यह बात भिवानी में आयोजित फेडरेशन ऑफ प्राईवेट स्कूल वेलफेयर एसोसिएशन की राज्य स्तरीय मीटिंग में कही गई। 
 सार्वजनिक स्थानों को खोला गया है इस मीटिंग में एक मार्च से नर्सरी से पांचवी तक के स्कूल भी खोले जाने की इजाजत देने की मांग रखी गई। फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष कुलभूषण शर्मा व प्रदेश महासचिव रामोतार शर्मा ने भिवानी में राज्य स्तरीय मीटिंग के बाद पत्रकार वार्ता में कहा कि आज छठीं से 12वीं तक के स्कूल, सिनेमा हॉल व अन्य सार्वजनिक स्थानों को खोला जा चुका है। ऐसे में प्राइमरी स्कूलों के बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए प्राईमरी स्कूल भी खोले जाने की मांग उनकी एसोसिएशन करती है। इसको लेकर उनकी फेडरेशन का एक प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री से मिलकर नर्सरी से पांचवी तक के स्कूल खोले जाने की मांग करेगा, ताकि प्राथमिक स्कूलों के बच्चों की पढ़ाई भी हो सकें। उन्होंने कहा कि उनकी मीटिंग में यह फैसला लिया गया है कि एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल शिक्षा मंत्री व मुख्यमंत्री से इस संबंध में अपील करेगा। 

 विद्यार्थियों ने की है ऑनलाइन पढ़ाई उन्होंने अब तक ऑनलाइन माध्यम से नर्सरी से पांचवी तक के बच्चों की पढ़ाई की है। एक अप्रैल से नया सत्र शुरू होने से पहले उनकी एसोसिएशन से जुड़े सभी स्कूल यह चाहते है कि एक मार्च से स्कूल खोलकर बच्चों की परीक्षाएं लेकर उन्हें अगली कक्षा में प्रमोट करने की प्रक्रिया अपना ली जाए, ताकि नए शैक्षणिक सत्र को एक अप्रैल से शुरू किया जा सकें। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्कूल खोलने के जो भी नियम या समयावधि तय करेगी, वह प्राइवेट स्कूलों को मंजूर होगा। हर प्रकार के प्रोटोकॉल अपनाने में प्राइवेट स्कूल तैयार है। इस अवसर पर कुलभूषण शर्मा, रामअवतार शर्मा, बलदेव सैनी, सुनील शर्मा, देशराज, रामबीर भड़ाना, मीना नरवाल, संजय पठानिया, कुलदीप पूनिया, जोगिन्द्र ढुल, रोमी रतिया, पुरूषोतम, सुनीता रेढू आदि उपस्थित रहे।
February 21, 2021

सोनीपत जिला कारागार में गैंगवार, कैदी की हत्या

सोनीपत जिला कारागार में गैंगवार, कैदी की हत्या

सोनीपत :  सोनीपत जिला कारागार में गैंगवार में जगबीर नाम के कैदी की हत्या का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार जिला कारागार में एक दिन पहले लाए गए गांव कासंडी के जगबीर की बैरक में गला दबाकर व चक्की में सिर मारकर हत्या कर दी गई। उसे 16 फरवरी को सीआईए की टीम ने अवैध हथियार सहित गिरफ्तार किया था। आरोपी ने गांव खानपुर के सुधीर की हत्या किए जाने का षड्यंत्र रचने की बात कबूल की थी। जिसके बाद उसे चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की गई। आरोपी को शनिवार को रिमांड पूरा होने के बाद अदालत में पेश किया गया था, जहां से उसे जेल भेज दिया गया था। जसबीर ने वर्ष 2008 में जिला न्यायालय में पेशी के लिए आए गांव बुटाना के संजय की गोली मारकर हत्या कर दी थी। जिसमें जगबीर को अदालत ने दोषी करार देते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। वह उमकैद की सजा के दौरान पैरोल पर आने के बाद फरार हो गया था।मामले को लेकर कारागार प्रशासन अभी कुछ कहने से बच रहा है। हत्या आरोपी के साथ बैरक में बंद बंदियों ने की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
February 21, 2021

अब हरियाणा रोडवेज के बस चालकों को ये गलती करना पड़ेगा भारी, विभाग ने उठाया सख्त कदम

अब हरियाणा रोडवेज के बस चालकों को ये गलती करना पड़ेगा भारी, विभाग ने उठाया सख्त कदम

कैथल : हादसों पर रोक लगाने के उद्दशेय से हरियाणा रोडवेज ने सख्त कदम उठाया है जिसके तहत अब चालक बस चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर पाएंगे। रोडवेज विभाग के राज्य कार्यालय की तरफ से एक पत्र जारी करते हुए सभी रोडवेज जीएम को भेजा गया है और कहा गया है कि अगर चालक मोबाइल फोन बस चलाते वक्त इस्तेमाल करता है या फिर परिचालक मोबाइल फोन पर बात करवाता है तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। विभाग की ओर से ये आदेश 18 फरवरी को जारी किए गए । इस संबंध में चेकिंग स्टाफ को भी निर्देश दिए गए हैं और कहा गया है कि बसों की चेकिंग के दौरान वो इस बात पर भी ध्यान दें कि चालक फोन का इस्तेमाल तो नहीं कर रहा।
अक्सर देखा जाता है कि हरियाणा रोडवेज के चालक बस चलाते वक्त फोन का इस्तेमाल करते हैं जो कि कभी-कभी हादसों का कारण भी बनता है। इसलिए ही विभाग ने ये सख्त कदम उठाया है। वहीं लोगों ने मांग की है कि ड्यूटी के दौरान चालक और परिचालक वर्दी भी पहनें।
मोबाइल फोन के इस्तेमाल ना करने को लेकर जीएम अजय गर्ग ने बताया कि विभाग की तरफ से पत्र जारी कर ऐसे आदेश जारी किए गए हैं । उन्होंने सभी चालकों और परिचालकों को ड्यूटी के समय मोबाइल का प्रयोग न करने के आदेश दिये हैं।

हाल ही में एक वीडियो भी सामने आया था जब चालक बस चलाते वक्त मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था । ऐसे मामले फिर से सामने ना आएं इसके लिए अधिकारी निगरानी रखेंगे।
February 21, 2021

अपने विभाग की मुलाजिम के लिए पुलिस ने बिना चालान काटे जाने दिया।

शहर में दो कानून:जिंदल चौक पर युवक का चालान काटा, स्कूटी पर सवार युवतियों को छोड़ा, बोले-ये तो स्टाफ से हैं

हिसार : कहते हैं कि कानून सभी के लिए एकसमान है लेकिन शहर में दो कानून देखने को मिले। एक आमजन के लिए ताे दूसरा कानून की पालना करने वाले पुलिस कर्मी के लिए। जिंदल चौक पर पुलिस मास्क व यातायात निमयों की उल्लंघना का चालान काट रही थी।
इस दौरान स्कूटी पर सवार होकर एक युवक व दो युवतियां आईं। पहला रूल तो बिना हेलमेट पहने तोड़ा, दूसरा ट्रिपल राइडिंग थे और तीसरा मास्क नहीं पहना हुआ था। पुलिस कर्मियों ने स्कूटी सवारों को रुकवा लिया।
तब पीछे बैठी युवती ने अपनी जेब से आइकार्ड दिखाकर कहा कि मैं भी पुलिस कर्मी हूं। अपने विभाग की मुलाजिम के लिए पुलिस ने बिना चालान काटे जाने दिया। वहीं, नागरिकों के धड़ाधड़ चालान कटते गए। बिना मास्क करीब 156 लोगों के चालान काटे गए।
February 21, 2021

आंदोलन का 88वां दिन:सर्दी सिर से गुजरी, अब तपिश झेलने की तैयारी शुरू, झोपड़ियों में बदलने लगे तंबू

आंदोलन का 88वां दिन:सर्दी सिर से गुजरी, अब तपिश झेलने की तैयारी शुरू, झोपड़ियों में बदलने लगे तंबू

नई दिल्ली : कृषि कानूनों के विरोध में किसान संगठन लंबी लड़ाई के लिए तैयार हैं। पूरी सर्दी सिर से गुजर चुकी है। अब किसानों ने बदलते मौसम की रणनीति तैयार कर ली है।
कुंडली, टिकरी और खेड़ा बॉर्डर पर गर्मी की दस्तक के साथ ही हाईवे के बीच में गाड़े तंबुओं ने झोपड़ियों का आकार लेना शुरू कर दिया है। किसान संगठन पंखे व कूलरों की एडवांस बुकिंग कर चुके हैं। मार्च के पहले सप्ताह में आंदोलन स्थलों पर बड़े पंखे व कूलर पहुंचने शुरू हो जाएंगे।
कुंडली में पानी की खपत बढ़ने से आसपास के आरओ प्लांट से संपर्क किया है। आंतिल खाप 12 के प्रधान जयभगवान आंतिल, बाल्याण खाप के दर्शन सिंह बाल्याण ने कहा कि किसानों के पास तमाम व्यवस्था है। किसान के पास बड़े फर्राटा पंखे हैं, जिनसे फसल बरसाते हैं। उन पंखों को आंदोलन में लाया जाएगा। ट्राॅलियों को मच्छरदानी से कवर किया जाएगा।

टिकरी बॉर्डर पर किसान गुरुचरण सिंह ने बताया कि 24 घंटे पेयजल की व्यवस्था है। किसानों के लिए वाटर ट्रीटमेंट प्लांट भी लगाया है। रेवाड़ी के खेड़ा बॉर्डर पर झोपड़ियां बनाने के लिए राजस्थान से झूंडों की पूलियां (फूस) मंगाई जा रही हैं।
हौसलों की कारीगरी, तीन माह से डटे किसान बोले- अगली सर्दी-गर्मी भी यहीं निकालेंगे
*खेड़ा में घटी संख्या को माना बोले- शादी-ब्याह और लामणी के चलते कई टेंट खाली हैं*
खेड़ा बॉर्डर पर मोर्चा राजस्थान की सीमा में एक किलोमीटर से ज्यादा में फैल गया था। अभी भी टेंट तो उतनी ही दूरी पर लगे हैं, मगर आंदोलनकारियों की संख्या घट गई है। कई टेंट तो अब खाली हो चुके हैं। किसान कहते हैं कि कइयों को बच्चों और रिश्तेदारी में शादी-ब्याह तो किसी को लावणी के चलते जाना पड़ रहा है। 10-15 दिन के रोटेशन में लोग आ-जा रहे हैं।
सभा का संचालन कर रहे डॉ. संजय माधव का कहना है कि अगली गर्मी-सर्दी भी यहीं गुजारने को तैयार हैं। सरकार हमारी तैयारी देखकर हौसले समझ ले, हमारी लड़ाई लंबी है। 27 फरवरी तक राजस्थान में किसान सभाएं होंगी। यहां भी अपने हाथों से जितनी व्यवस्थाएं कर पाएंगे करेंगे।
हरियाणा के तीनों बॉर्डरों पर पानी की मांग बढ़ी, लगवाए आरओ वाटर कूलर
*खेड़ा बॉर्डर* : पानी की पूर्ति के लिए जनसहयोग से अब आरओ प्लांट लग चुका है। वाटर कूलर भी लगाने की तैयारी हो गई है। नागौर के धनसुखराम कहते हैं कि 12 महीने गर्मी, सर्दी, बरसात में खेतों में काम कर मिट्‌टी में सो जाने वालों को सुविधाओं की परवाह नहीं है। सरकार से केवल कानून रद्द करने की मांग करते हैं।
*टिकरी बॉर्डर* : किसान गुरुचरण सिंह ने बताया कि पेयजल का कोई संकट नहीं है। अब 24 घंटे तक पानी की व्यवस्था के लिए ट्रीटमेंट वाटर प्लांट भी लगाया गया है। एक मार्च के बाद मौसम में परिवर्तन होने के बाद फ्रिज, कूलर की भी व्यवस्था होगी। किसान लंबे खिंच रहे आंदोलन के अनुसार तैयारी कर रहे हैं।
*कुंडली बॉर्डर* : पंजाब के गुरदासपुर के किसान राज मान ने कहा कि किसान जब पंजाब से दिल्ली के लिए चला था तो उसे पता था कि आंदोलन ज्यादा लंबा चलेगा। इसलिए किसान हर मौसम के लिए पहले से अलर्ट है। कूलर-पंखे मार्च के पहले सप्ताह में पहुंच जाएंगे। किसान मौसम के सामने घुटने नहीं टेकेगा।
February 21, 2021

खुलासा:योग के बहाने 9वीं की छात्रा से कराते थे गलत काम, सुसाइड के 6 माह बाद वीडियो से खुलासा

खुलासा:योग के बहाने 9वीं की छात्रा से कराते थे गलत काम, सुसाइड के 6 माह बाद वीडियो से खुलासा

यमुनानगर : 9वीं कक्षा की छात्रा के सुसाइड के 6 माह बाद बड़ा खुलासा हुआ है। योग सिखाने के बहाने मृतक छात्रा की सहेली व उसका भाई गलत काम करवाते थे। यमुनानगर पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर आजाद नगर के जतिन व उसकी बहन ज्योति पर धारा-306, 120बी, 506, 13 और 14 पोक्सो एक्ट में केस दर्ज किया है।
शहर निवासी 9वीं कक्षा की छात्रा ने जून 2020 में सुसाइड कर लिया था। तब परिवार ने किसी पर आरोप नहीं लगाए थे। पुलिस ने भी मामले में 174 की कार्रवाई की थी, लेकिन एक युवक के मोबाइल में मृतका की अश्लील फोटो और वीडियो पहुंचा तो उसने लड़की के परिजनों को दिखाई। इसके बाद परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी तो भी पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया था। इसके बाद पीड़ित पक्ष ने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। अब कोर्ट के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
आजाद नगर निवासी महिला ने शिकायत दी है कि उसकी सबसे छोटी बेटी 9वीं क्लास में पढ़ती थी। आरोपी ज्योति उनके पड़ोस में रहती है व योग सिखाती है। उसकी बेटी की सहेलियों ने योग सिखाने के लिए ज्योति के पास ले जाना शुरू कर दिया। ज्योति ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया था।
आरोप है कि वह अक्सर उनकी बेटी के फोन पर बातें करती थीं और उसे अपने पास बुलाती रहती थी। उसे पता चला कि ज्योति ने उसकी बेटी का अपने भाई जतिन के साथ संपर्क कराया हुआ था। उस दौरान उसकी बेटी काफी डरी-सहमी रहती थी। जब भी आरोपी उसे बुलाते थे तो वह रोने लगती थी। कई बार पूछने पर कुछ नहीं बताया।
आरोप है कि बेटी से गलत काम कराया जाता था। उसका अश्लील वीडियो और फोटो आरोपियों के पास हैं। इसी के दम पर उसकी बेटी को दूसरे लोगों के साथ संबंध बनाने पर मजबूर किया जाता था। इस बात से परेशान होकर उसकी बेटी ने 9 जून को सुसाइड कर लिया था।

मकान मालिक के बेटे के फोन पर आई वीडियो

महिला का आरोप है कि उसकी बेटी की अश्लील वीडियो और फोटो एक दिन उनके मकान मालिक के बेटे दमन के मोबाइल पर आई। उसने उसकी बड़ी बेटी को यह बात बताई कि उसके पास उसकी छोटी बहन की कुछ फोटो और वीडियो आए हैं। इसके बाद परिवार ने यह फोटो और वीडियो देखी। जिससे परिवार को पूरा यकीन हो गया कि उसकी बेटी से गलत काम कराया जा रहा था। जिससे मजबूर होकर उसने सुसाइड किया।
February 21, 2021

रोजाना 15 गांवों के किसान बैठते हैं धरने पर-खटकड़ टोल पर भीड़ बढ़ाने की रणनीति

रोजाना 15 गांवों के किसान बैठते हैं धरने पर-खटकड़ टोल पर भीड़ बढ़ाने की रणनीति

जींद : खटकड़ टोल पर किसानोंं के धरने में भीड़ बढ़ाने के लिए हर रोज धरने के आस-पास के 15 गांवों से किसान धरने पर पहुंचेंगे। शनिवार को घासो खुर्द, घासो कलां, सफा खेड़ी, तारखां, काब्रच्छा, सुदकैन कलां, सुदकैन खुर्द, लोधर, अलीपुरा, गुरूकुल खेड़ा, करसिंधु, पालवां, खरकभूरा से किसान पहुंचे। धरने की अध्यक्षता अध्यक्षता गजे सिंह लोधर ने की। संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर किसानों के धरने पर 23 फरवरी पगड़ी संभाल दिवस मनाने,  27 फरवरी को गुरू रविदास महापर्व मनाने को लेकर चर्चा की गई। आजाद पालवां ने कहा कि भगत सिंह के चाचा अजीत सिंह 1907 में किसानों के हक के लिए पगड़ी संभाल आंदोलन चलाया था। 23 फरवरी को पगड़ी संभाल दिवस मनाया जाएगा। शुक्रवार को किसान सेवा केंद्र में जो किसानों के साथ धक्का-मुक्की की गई है वो पूरी तरह से गलत है। किसानों को कमजोर, अकेला सरकार में बैठे लोग न समझे। जिले में कोई भी भाजपा, जजपा का मंत्री, विधायक सहित उनका नुमाइंदा आता है तो उसका विरोध किया जाएगा। हर रोज 15 गांवों के किसान धरने पर आएंगे। 105 गांव ऐसे है जो धरने के आस-पास है। सप्ताह में एक बार में एक गांव से किसान आएंगे।  
सतबीर पहलवान ने कहा कि किसान शांति पूर्वक तरीके से आंदोलन कर रहे है। सत्ता में बैठे लोगों के चाटुकार न बने बल्कि किसानों का साथ दे क्योंकि ये फसल, नस्ल की लड़ाई है आज किसान मुसीबत है में है जो किसान का नहीं है वो किसी का नहीं हो सकता है। किसान अगर सच में है तो वो किसानों के साथ धरने पर बैठे। डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला सरकार से समर्थन वापिस ले, सांसद बृजेंद्र सिंह पद से इस्तीफा देकर किसानों के साथ आए क्योंकि वो जहां है उन्हें वहां किसानों ने पहुंचाया है। सत्ता में बैठे लोग किसानों के अंदर फूट डालने की कोशिश न करें, किसानों के भाईचारे को खराब करने की कोशिश न करें। 
इस मौके पर बिजेंद्र सिंधु, भरत सिंह, जयप्रकाश, अनीष, अमरजीत, ईश्वर सिंह, धर्मबीर, हरिकेश, जंगीर पालवां, महेंद्र खरक, ओमप्रकाश शर्मा घासो, अनुराग खटकड़, पप्पू गुरूकुल खेड़ा, मेवा, रामनिवास करसिंधु, भगत धनखड़ी, सिक्किम सफा खेड़ी, कविता, कमला जुलानी, कृष्णा देवी मौजूद रही।
February 21, 2021

हमें अपने जीवन में जल के महत्व को समझना चाहिए : डॉ. भोला

हमें अपने जीवन में जल के महत्व को समझना चाहिए : डॉ. भोला

जींद : उचाना कलां के गांव लोधर व लोमश स्कूल में मिस ग्रैंड इंडिया मनिका श्योकंद के पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम में नागरिक अस्पताल के डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने भी शिरकत की। कार्यक्रम में मनिका श्योकंद के साथ उनके पिता तथा माता ममता श्योकंद को भी सम्मानित किया गया। हरियाणा सरकार द्वारा मेरा पानी मेरा विरासत योजना का मिस ग्रैंड इंडिया मनिका श्योकंद को ब्रॉड एम्बैसेडर बनाया गया है। उन्होंने इस मौके पर जल बचाने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत किसानों को धान की खेती छोडऩे के कोई परेशानी न हो इसलिए राज्य सरकार उन्हें आर्थिक सहायता प्रदान कर रही है।
डार्क जोन में शामिल क्षेत्रों में रहने वाले जो किसान धान की खेती छोड़ देंगे उन्हें सरकार द्वारा 7000 रूपये प्रति एकड़ की प्रोत्साहन धनराशि प्रदान की जा रही है। किसान धान को छोड़ कर अन्य वैकल्पिक फसलों जैसे मक्का, अरहर, मूंग, उड़द, तिल, कपास, सब्जी आदि की खेती कर सकते हैं। इसलिए जल भगवान का एक सुंदर उपहार है जो उन्होंने हमें दिया है। पृथ्वी पर जीवन को जारी रखना बहुत जरूरी है। पानी के बिना किसी भी गृह पर जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने कहा कि यह हमारे लिए गौरव की बात है कि मनिका ने राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रही है। इसके अलावा वो जल बचाने का भी संदेश दे रही हैं। उन्होंने भी कार्यक्रम में मौजूद लोगों से आह्वान किया कि 
हमें अपने जीवन में जल के महत्व को समझना चाहिए और जल को बचाने के लिए हर संभव प्रयास करने चाहिए। इस मौके पर अनुराग खटकड़, शैलेंद्र भी मौजूद रहे।
February 21, 2021

छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति के कार्यक्रम में दीपक के चित्र की हुई नीलामीचित्रों की नीलामी से मिले 56500 राम मंदिर समर्पण निधि में भेजे जाएंगे

छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति के कार्यक्रम में दीपक के चित्र की हुई नीलामी

चित्रों की नीलामी से मिले 56500 राम मंदिर समर्पण निधि में भेजे जाएंगे

हिसार : छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति हिसार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जींद के युवा चित्रकार संस्कार भारती हरियाणा प्रांत के चित्रकला प्रमुख दीपक कौशिक ने श्री राम जन्मभूमि में बनने वाले भव्य राम मंदिर के निर्माण के लिए चल रहे निधि समर्पण अभियान के लिए अपने चित्र समिति को दान किए। इस कार्यक्रम में इन चित्रों की खुली बोली का आयोजन किया गया। इस बोली से प्राप्त धनराशि मंदिर निर्माण के पुनीत कार्य के लिए जाएगी। कार्यक्रम में शहर के प्रबुद्ध नागरिकों ने इन चित्रों की बोली लगाई। 

चित्रों की बोली से 56500 रुपए राशि प्राप्त हुई। 
दीपक कौशिक ने बताया कि ऐसे आयोजन समाज में नई चेतना, समर्पण की भावना को और ज्यादा बढ़ाते हैं और मेरी कला आज इस अभियान के काम आई यह मेरे लिए गौरव का विषय है। इस कार्यक्रम में चित्रकार अभिमन्यु सोनी, संजय कुमार ने भाग लिया। बच्चों ने छत्रपति शिवाजी महाराज के सुंदर रेखा चित्रों में रंग भर कर अपने मनोभावों को उजागर किया। 
कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि बीआर कंबोज कुलसचिव एच ए यू व कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग संघचालक कमल सराफ ने की। उन्होंने अपने संबोधन में महाराज छत्रपति शिवाजी के जीवन पर प्रकाश डाला और सफल आयोजन के लिए छत्रपति शिवाजी स्मारक समिति व आए हुए चित्रकारों की सराहना के साथ ही कहा कि कला राष्ट्र निर्माण में अहम भूमिका निभा सकती है। यह तभी संभव है जब चित्रकारों की तूलिका में राष्ट्र चिंतन नजर आए। यह सब आज इस कार्यक्रम में देखने को मिला। श्रीराम जन्मभूमि के भव्य मंदिर के लिए हम सब को बढ़-चढ़कर समर्पण करना चाहिए। कार्यक्रम में अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Saturday, February 20, 2021

February 20, 2021

पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला रिहाई के लिए पहुंचे दिल्ली HC

पूर्व सीएम ओम प्रकाश चौटाला रिहाई के लिए पहुंचे दिल्ली HC



नई दिल्ली : टीचर भर्ती घोटाला मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काट रहे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने राहत के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है।  हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला ने रिहाई की मांग को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में याचिका दायर की है। न्यायमूर्ति योगेश खन्ना की पीठ ने याचिका को दो सदस्यीय पीठ के समक्ष सुनवाई के लिए स्थानांतरित कर दिया।
याचिका पर अगली सुनवाई 23 फरवरी को होगी। पीठ ने इसके साथ ही ओपी चौटाला की पैरोल को 23 फरवरी तक के लिए बढ़ा दिया, जोकि 21 फरवरी को समाप्त हो रही है। अधिवक्ता अमित साहनी के माध्यम से दायर याचिका में ओपी चौटाला ने कहा है कि उनकी रिहाई के संबंध में हाई कोर्ट ने नवंबर 2019 व फरवरी 2020 में दिल्ली सरकार को उचित फैसला लेना का निर्देश दिया था। हालांकि, अब तक इस पर कोई फैसला नहीं हो सका है। ओम प्रकाश चौटाला ने अपनी उम्र और दिव्यांगता के आधार पर जेल से रिहाई की मांग की गई है।

*दिल्ली सरकार ने रिहाई का किया विरोध*

इससे पहले दायर याचिका में चौटाला ने केंद्र सरकार की 18 जुलाई, 2018 की अधिसूचना का हवाला दिया था। अधिसूचना के तहत 60 वर्ष की उम्र पार कर चुके पुरुष, 70 फीसद दिव्यांग व बच्चे अगर आधी सजा काट चुके हैं, तो राज्य सरकार रिहाई पर विचार कर सकती है। याचिका में चौटाला ने कहा था कि उनकी उम्र 86 वर्ष है और भ्रष्टाचार के मामले में वे सात साल की सजा काट चुके हैं। चौटाला ने यह भी दावा किया था कि वह अप्रैल 2013 में 60 फीसदी दिव्यांग हो चुके थे और जून 2013 में पेसमेकर लगाए जाने के बाद से वे 70 फीसदी से ज्यादा दिव्यांग हो चुके हैं। इस तरह से वे केंद्र सरकार के जल्दी रिहाई की सभी शर्तो को पूरा कर रहे हैं। हालांकि, दिल्ली सरकार ने इसका विरोध करते हुए कहा था कि यह भ्रष्टाचार का मामला है और भारत सरकार की अधिसूचना इस पर लागू नहीं होती।
February 20, 2021

अम्बाला का वैभव अराेड़ा खेलेगा आईपीएल, केकेआर की टीम ने 20 लाख में खरीदा

उपलब्धि:मां ने कमेटियां जोड़ और पिता ने कर्ज लेकर कराई तैयारी; अब बेटा वैभव अराेड़ा खेलेगा आईपीएल, केकेआर की टीम ने 20 लाख में खरीदा

अम्बाला : कैंट के 23 साल के तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा ने अपनी शानदार गेंदबाजी की बदौलत पहली बार आईपीएल का कांट्रेक्ट मिला है। बीते माह सैय्यद मुश्ताक अली ट्राॅफी में उसने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 मैच में 10 विकेट लेकर सभी का ध्यान खींचा था। इसी प्रदर्शन की बदौलत उन्हें 20 लाख रुपए के बेस प्राइस में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने खरीदा है।
अब अप्रैल में होने वाले आईपीएल-2021 में वह अंतरराष्ट्रीय स्तर के बल्लेबाजों के समक्ष तेज व स्विंग से गेंदबाजी का जलवा दिखाएगा। पहली बार आईपीएल में चुने जाने पर वैभव के अम्बाला कैंट में रहने वाले माता-पिता व परिवार में खुशी का माहौल है। मां ममता अरोड़ा बताती हैं कि चंडीगढ़ अकादमी में वैभव की 2012 में सवा लाख कोचिंग फीस थी, उन्होंने वैभव को क्रिकेट सिखाने के लिए कमेटियां उठाई, कर्जा लिया और अपनी जरूरतों को कम कर बेटे को क्रिकेट सिखाया।
आज 20 लाख के प्राइज पर जब उनका बेटा केकेआर की टीम में चुना गया तो उनकी आंखें खुशी से भर आईं। वैभव के पिता गोपाल कृष्ण अरोड़ा बीडी स्कूल के समक्ष पुश्तैनी मकान में संयुक्त परिवार में रहते हैं। वे दूध की डेयरी चलाकर परिवार सदस्य अपना गुजारा चलाते हैं और घर में ही गायों का एक छोटा तबेला भी है।
तीन टीमों के लिए दिए थे ट्रायल
वैभव अरोड़ा ने बीते माह मुश्ताक अली ट्राॅफी में शानदार प्रदर्शन किया। कोलकाता नाइट राइडर्स में चयन से पहले उसने मुंबई इंडियंस व राजस्थान रॉयल टीम के लिए भी ट्रायल दिए थे। वह किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) टीम से नेट बॉलर के रूप में भी जुड़ चुका है। लेकिन अब कोलकाता नाइट राइडर्स ने अम्बाला के इस युवा खिलाड़ी पर भरोसा दिखाया।

वैभव अरोड़ा।

मुश्ताक अली ट्रॉफी में किया था शानदार प्रदर्शन

वैभव ने 8वीं तक की पढ़ाई लार्ड महावीर जैन स्कूल से ली। पहले उसे स्केटिंग का शौक था, 7वीं कक्षा में उसने स्केटिंग की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ब्रांज मेडल जीता। इसके बाद वैभव क्रिकेट के प्रति आकर्षित हुआ। वैभव को बेहतर कोचिंग के लिए चंडीगढ़ डीएवी स्कूल क्रिकेट अकादमी में दाखिल कराया गया।
परिवार तब वैभव का इतना खर्च नहीं उठा सकता था, मगर वैभव के माता-पिता ने प्रति वर्ष अकादमी फीस सवा लाख जुटाकर एडमिशन दिलवाया। इसके बाद वैभव ने पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह हिमाचल प्रदेश की टीम में चुना गया। पिछले रणजी सीजन में उसने हिप्र की ओर से सबसे अधिक 29 विकेट लेकर सबका ध्यान खींचा था।
दिसंबर में वैभव कोरोना पॉजिटिव भी हुआ, मगर जल्द रिकवर होकर मैदान में लौटा। पिता गोपाल अरोड़ा ने कहा कि उम्मीद है कि बेटा भविष्य में अच्छा प्रदर्शन कर देश की टीम में अपनी जगह बनाएगा। वैभव इस समय जयपुर में है जहां विजय हजारे ट्राॅफी के लिए वह हिमाचल प्रदेश की ओर से खेल रहा है। पहला मुकाबला 21 फरवरी को होगा। परिवार में वैभव का छोटा भाई नवीन, दादी कृष्णा देवी एवं ताया और अन्य परिजन भी रहते हैं।
February 20, 2021

बिजली कर्मियों को पहुंचाया अस्पताल:फतेहाबाद में चोरी पकड़ने गई थी टीम

बिजली कर्मियों को पहुंचाया अस्पताल:फतेहाबाद में चोरी पकड़ने गई थी टीम; ग्रामीणों ने लाठी डंडों से मारपीट करके भगाया, SDO समेत कई कर्मचारी घायल


फ़तेहाबाद : हरियाणा के फतेहाबाद जिले के उपमंडल टोहाना के गांव फतेहपुरी में बिजली चोरी पकड़ने गई बिजली निगम की टीम के साथ ग्रामीणों ने मारपीट की। टीम पर लाठी डंडों से हमला किया गया है। हमले में SDO देशराज समेत कई कर्मचारियों को चोट आई है। उन्हें सामान्य अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मामले की सूचना पुलिस को भी दी गई है।

वहीं कर्मचारियों की यूनियन ने पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदर्शन किया जाएगा।
SDO देशराज ने जानकारी देते हुए बताया कि शनिवार सुबह उनकी टीम बिजली चोरी पकड़ने के लिए गांव फतेहपुरी गई थी। इस दौरान जैसे ही एक जगह पर उन्होंने बिजली चोरी पकड़ने के लिए जांच शुरू की, तभी वहां मौजूद लोगों ने उन पर लाठी से हमला कर दिया। उनके साथ जो कर्मचारी थे, उनसे भी मारपीट की गई। इस हमले में उनका मोबाइल भी टूट गया। किसी तरह ग्रामीणों से बचते हुए उन्होंने सहकर्मियों और पुलिस को सूचना दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थित को संभाला। पुलिस ने ही घायलाें को अस्पताल में भर्ती कराया। हमले की सूचना जैसे ही बिजली निगम के अन्य कर्मचारियों को मिली तो वे इकट्ठे होकर सामान्य अस्पताल पहुंचे। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर इस मामले में 24 घंटे के भीतर कार्रवाई नहीं हुई तो वह आंदोलन करेंगे।