Breaking

Friday, September 25, 2020

September 25, 2020

नारनौल:मिर्च झोंक बैंककर्मियों को लूटने का प्रयास करने वाला हिस्ट्रीशीटर लूट की बाइक समेत गिरफ्तार

नारनौल:मिर्च झोंक बैंककर्मियों को लूटने का प्रयास करने वाला हिस्ट्रीशीटर लूट की बाइक समेत गिरफ्तार

नारनौल : अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जिला पुलिस अब एक्शन मोड में आ गई है। अन्ना गैंग के बाद अब पुलिस ने राजस्थान के हिस्ट्रीशीटर व उसके साथी को लूट की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। बायल गांव के निकट 8 दिन पहले इन्होंने नारनौल के एक प्राइवेट बैंक के मैनेजर व फील्ड अधिकारी की बाइक के आगे अपनी मोटर साईकिल लगा उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल पैसे लूटने का प्रयास किया था।
आरोपियों की पहचान राजस्थान के हिस्ट्री शीटर सतेंद्र उर्फ लीलू पुत्र नौरंग वासी डूंगा नांगल थाना पाटन व शक्ति उर्फ जनार्धन पुत्र रघुबीर वासी रावत की ढाणी के रूप में हुई है। सीआईए ने बुधवार शाम को इन्हें नारनौल के निजामपुर टी प्वाइंट के पास से लूटी गई बाइक सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए ने गुरुवार को दोनों आरोपियों को नारनौल अदालत में पेश किया। अदालत ने इस मामले में सुनवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में नसीबपुर जेल भेज दिया है।

लूट में करते मिर्च पाउडर का इस्तेमाल

पुलिस प्रवक्ता नरेश कुमार ने बताया कि 16 सितंबर को नारनौल के एक प्राइवेट बैंक का मैनेजर राजेश व फील्ड ऑफिसर रामपाल बाइक से बैंक की किश्त लेने फील्ड में गए थे। दोपहर करीब 11 बजे दोनों कर्मचारी किश्त के पैसे लेकर बाइक से वापस नारनौल आ रहे थे। इस दौरान रावता की ढाणी व बायल के बीच राजस्थान के हिस्ट्री शीटर सतेंद्र उर्फ लीलू ने अपने तीन साथियों विकास, नवीन व मनोज को साथ लेकर दो बाइकों पर सवार होकर वहां पहुंचे तथा बैंक कर्मचारियों के आगे अपनी बाइक लगा कर उन्हें रोक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंका, परंतु मिर्च पाउडर ठीक से बैंक कर्मचारियों की आंखों में नहीं गिरा।
तभी बैंक कर्मचारियों ने उनकी मंशा को भांपते हुए अपनी बाइक को वहीं छोड़ पैसे के बैग को लेकर वहां से भाग गए। इस दौरान आरोपियों ने पीछा भी किया, लेकिन दोनों कर्मचारी उनके पकड़ने से पहले ही नजदीक स्थित क्रेशर जा पहुंचे थे तथा वहां मौजूद लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद आरोपी वहां छोड़ी गई बैंक कर्मचारियों की मोटर साइकिल लेकर भाग गए थे। बैंक कर्मचारियों के अनुसार उनके पास बैग में 40 हजार रुपए थे।

बाइक को बेचने नारनौल आ रहे थे आरोपी

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ के दौरान बताया कि यह नारनौल के बैंक कर्मचारियों द्वारा घटनास्थल पर छोड़ी गई बाइक है। वे इस बाइक को बेचने के लिए नारनौल आ रहे थे। पूछताछ के बाद पुलिस ने गुरुवार को दोनों आरोपियों को नारनौल अदालत में पेश किया। अदालत ने इस मामले में सुनवाई करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में नसीबपुर जेल भेज दिया।

नांगल चौधरी एरिया में सक्रिय रहकर लूटपाट करने की थी योजना

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी सतेंद्र उर्फ लीलू राजस्थान के गांव डूंगा नांगल का रहने वाला है। इस आरोपी के खिलाफ राजस्थान में से ज्यादा मुकदमे लूट व डकैती चोरी के दर्ज हैं। राजस्थान पुलिस ने आरोपी को हिस्ट्रीशीटर बनाया हुआ है। ज्यादा मुकदमे पाटन थाना में दर्ज हैं। कई मुकदमों में आरोपी को राजस्थान कोर्ट ने पीओ घोषित किया हुआ है। इस आरोपी के साथ भी एक इसका भांजा शक्ति उर्फ जनार्धन व इसके तीन साथी विकास, नवींन व मनोज सभी राजस्थान के हैं, जो तीनों आरोपी अभी फरार हैं। ये सभी मिलकर अन्ना की तरह ही एक गैंग के रूप में कार्य करने की योजना पर काम कर रहे थे। जो पहली ही वारदात में पुलिस ने इनको पकड़ लिया बाकी आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
September 25, 2020

हांसी:डिप्टी सीएम बनने के बाद दुष्यंत ने पहली बार किए 2 बड़े प्रोजेक्ट के उद्घाटन, भयाना और गौतम नहीं हो सके शामिल

हांसी:डिप्टी सीएम बनने के बाद दुष्यंत ने पहली बार किए 2 बड़े प्रोजेक्ट के उद्घाटन, भयाना और गौतम नहीं हो सके शामिल

हांसी : दुष्यंत चौटाला गुरुवार को हांसी और नारनौंद आए। डिप्टी सीएम बनने के बाद पहली बार दो बड़ी योजनाओं का उद्घाटन किया। हांसी में शहर के पहले रेलवे ओवरब्रिज और नारनौंद के खेड़ी जालब में उपतहसील काॅम्प्लेक्स के नए भवन का उद्घाटन किया। दोनों उद्घाटन शिलालेखों में दुष्यंत चौटाला के अलावा राज्य मंत्री अनूप धानक और इलाके के विधायकों विनोद भयाना और रामकुमार गौतम के नाम लिखवाए गए।
मगर दोनों विधायक कार्यक्रमों में शिरकत नहीं कर सके। कारण क्वारेंटाइन होना बताया गया। दोनों कार्यक्रमों में भाजपा नेताओं ने भी दूरी बनाए रखी। विधायक भयाना बोले दुष्यंत चौटाला से बात हो गई है। उन्हें बता दिया है कि क्वारेंटाइन हूं। खेड़ी जालब में दुष्यंत ने खुद कहा-गौतम क्वारेंटाइन हैं।
रेलवे ओवरब्रिज, हांसी : हांसी के रेलवे ओवरब्रिज से यह मार्ग उमरा, सुल्तानपुर और खानक तक बिना किसी बाधा के कनेक्ट होगा। ओवरब्रिज से रेलवे फाटक बंद रहने से समय की बर्बादी नहीं होगी। दुष्यंत ने कहा कि जब वह सांसद थे तो उन्होंने हांसी में दो पुलों के निर्माण के लिए प्रयास शुरू किए थे। अब एक पुल का उद्घाटन हो गया है। तोशाम रोड पर बनने वाले दूसरे ओवरब्रिज पुल का निर्माण भी तेज गति से होगा। उन्होंने कहा कि 7.5 मीटर चौड़े व 752.58 मीटर लंबे इस दो मार्गी आरओबी क्षेत्र की वर्षों पुरानी मांग थी।
रेलवे लाइन के कारण इस रास्ते से गुजरने वाले लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। हरियाणा के विभिन्न जिलों के अलावा पंजाब को जाने वाले व भवन निर्माण की आवश्यक क्रेशर सामग्री ढोने वाले ट्रक आदि भारी वाहनों का यहां से गुजरना होता है। ट्रेन के आवागमन के दौरान प्रतिदिन कई बार फाटक बंद होने से यहां लंबा जाम लग जाता था। आरओबी के निर्माण से वाहनों का आवागमन निर्बाध गति से हो सकेगा। पुल के निर्माण से हांसी के साथ-साथ प्रेमनगर, उमरा, सुल्तानपुर, कंवारी, रतेरा, मुजादपुर, धमाना, ढाणी गोपाल व मामनपुरा आदि गांवों के लोगों को काफी लाभ होगा। उन्होंने कहा कि आरओबी के इस प्रोजेक्ट के लिए 25 करोड़ रुपए सेंक्शन हुए थे। आरओबी का काम 19 करोड़ 71 लाख रुपए में हुआ है। 5 करोड़ रुपए सरकार के अभी बचे हुए हैं। अगर कोई काम करवाना है जैसे कि लाइट आदि का तो बता दें। उन्होंने कहा कि प्रेम नगर, उमरा, सुल्तानपुर वाले काम बता दें। काम बची राशि में से हो जाएगा। लोगों ने उमरा रोड के लिए मांग की तो डिप्टी सीएम बोले कि बचा पैसा केवल आरओबी पर खर्च कर सकते हैं।

उपतहसील कॉम्प्लैक्स की तीसरी मंजिल पर बनाया डाटा सेंटर

खेड़ी जालब में उपतहसील काॅम्प्लेक्स 7 करोड़ 18 लाख 61 हजार रुपये की लागत से बना है। 1.33 एकड़ में बने तीन मंजिला उप तहसील काॅम्प्लेक्स की प्रथम मंजिल पर कोर्ट, डायस, ई-दिशा केंद्र, एडीओ कक्ष, माल खाना, स्ट्रॉन्ग रूम सहित 15 कमरे, दूसरी मंजिल पर नायब तहसीलदार व सब-रजिस्ट्रार के कार्यालय, पटवार खाना, डॉरमेट्री व टॉयलेट ब्लॉक्स सहित 12 कमरे तथा तीसरी मंजिल पर डाटा सेंटर, फिजिकल स्टोरेज एरिया सहित 6 कमरों का निर्माण किया गया है। दुष्यंत चौटाला ने बताया कि उप-तहसील कॉंप्लेक्स से 18 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। खेड़ी जालब, खेड़ी लोहचब, हैबतपुर, राखी शाहपुर, गामड़ा, राखी खास, लोहारी राघो, मिर्चपुर, किन्नर, कोथ खुर्द, नाड़ा, कोथ कलां, कापड़ो, गंडास, पनिहारी, सौथा, भाडाखेड़ा व सरसाना के लोगों को अपने तहसील संबंधी कार्यों के लिए नारनौंद के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उनका समय और पैसा बचेगा।

क्वारेंटाइन हूं, नहीं आ सका : भयाना

आरओबी के उद्घाटन को लेकर डीसी का फोन आया था। बीएंडआर डिपार्टमेंट से भी फोन आया। मैंने खुद दुष्यंत चौटाला को फोन कर बता दिया कि क्वारेंटाइन हूं। नहीं आ सकूंगा।-विनोद भयाना, विधायक, हांसी।
परिवार में संक्रमित हैं, नहीं गया : गौतम
पार्टी के हलका इंचार्ज, मीडिया प्रभारी ने फोन कर कार्यक्रम की जानकारी दी थी। एसडीएम ने भी फोन कर सूचित किया था। परिवार में कोरोना संक्रमित होने के कारण नहीं गया। -रामकुमार गौतम, विधायक, नारनौंद।
September 25, 2020

हांसी में व्यापारी से फोन पर मांगी एक करोड़ की फिरौती

हांसी में व्यापारी से फोन पर मांगी एक करोड़ की फिरौती

 हांसी : हांसी में व्यापारियों व दुकानदारों से फिरौती  मांगने की वारदात नहीं थम रही। एक के बाद एक कुछ दिन के अंतराल में यहां रंगदारी मांगने की घटनाएं होती रहती हैं। बृहस्पतिवार को फिर रंगदारी मांगने की वारदात हुई है। इस बार शहर के एक व्यापारी से फोन पर एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी गई है।
सिटी थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि शहर के प्रवीन कुमार गर्ग पुत्र ओमप्रकाश ने उनको एक शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने कहा है कि खरबला गांव के विक्रम राठी नाम के युवक ने उससे फोन पर एक करोड़ रुपए की फिरौती मांगी है। प्रवीन कुमार गर्ग की शिकायत पर आरोपित के खिलाफ मुकदमा  दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपित शख्स को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएचओ ने बताया कि फिरौती मांगने वाले शख्स को पकड़ने के लिए टीमें गठित कर दी हैं। बताते हैं कि जिस दुकानदार से फिरौती मांगी गई है, उसकी दुकान अंबेडकर चौक से बड़सी गेट की ओर जाने वाली सड़क पर है। फिरौती की इस घटना के बाद दुकानदार व उसका परिवार दहशत में हैं। शहर के अन्य व्यापारियों व दुकानदारों ने इस घटना की निंदा की है और जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार करने की मांग की है। 
September 25, 2020

तीन महिलाओं के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा:पत्नी-साली को नींद की गोली खिला कुल्हाड़ी से काटा, शवों के साथ किया दुष्कर्म

तीन महिलाओं के ब्लाइंड मर्डर का खुलासा:पत्नी-साली को नींद की गोली खिला कुल्हाड़ी से काटा, शवों के साथ किया दुष्कर्म

पानीपत : समालखा में तीन महिलाओं के ब्लाइंड मर्डर मामले का गुरुवार पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया। ये दो बहनों व उनकी मां की लाश थीं। मारने वाला एक ही युवक था। पुलिस ने उसे मनाना से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पत्नी को दूसरे युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में देखा था। साली भी किसी युवक से बात कर रही थी। यह देख वह आपा खो बैठा था। पत्नी व साली को नींद की गोली खिला कुल्हाड़ी से काट दिया।
फिर सास को धोखे से घर से बुलाकर ले आया और रास्ते में दुपट्‌टे से गला घोंटकर मार डाला। आरोपी ने साली व सास की हत्या के बाद उनके शवों से दुष्कर्म भी किया। साली व सास पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। पुलिस को तीनों के शव तीन दिन के अंदर 11 किमी. दायरे में मिले थे। डीएसपी सतीश वत्स ने बताया कि समालखा स्थित काली रमण कॉलोनी में रहने वाले नूर हुसैन को अरेस्ट कर लिया है।
उसने पूछताछ में कबूला कि वह पत्नी मधु और दो बेटों संग रहता था। पत्नी गांव गामड़ी, गोहाना (सोनीपत) की रहने वाली थी। पत्नी की तबियत ठीक नहीं थी। इसलिए वह 28 अगस्त को साली मनीषा को घर ले आया। 4 सितंबर की दोपहर 2 बजे अचानक वह फैक्ट्री से घर आ गया। देखा तो बाहर साली बच्चों के साथ थी। वह किसी युवक से बात कर रही थी। अंदर देखा तो पत्नी दूसरे युवक के साथ आपत्तिजनक हालत में थी। यह देख वह चुपचाप वहां से चला गया।

पिटाई के बाद कमरे में कर गया था बंद

आरोपी ने बताया कि शाम को वह घर पहुंचा और पत्नी व साली को कमरे में बंद कर पीटा। फिर कमरे में ही बंद कर चला गया। अगले दिन शाम को घर पहुंचा। 3-3 नींद की गोलियां कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर पत्नी व साली को पिला दी। रात करीब 11 बजे पत्नी के सीने व गर्दन पर कुल्हाड़ी से दो वार किए। वह मर गई। उसके बाद साली पर दो वार किए लेकिन वह मरी नहीं। उसने चाकू उसकी गर्दन में घुसेड़ दिया। चाकू की नोंक गर्दन में ही टूट गई।
September 25, 2020

देशभर में किसान करने चले चक्का जाम, पंजाब में रेल रोको अभियान को देखते हुए यहां से गुजरने वालीं ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया

देशभर में किसान करने चले चक्का जाम, पंजाब में रेल रोको अभियान को देखते हुए यहां से गुजरने वालीं ट्रेनों को रद्द या डायवर्ट किया गया

नई दिल्ली: केंद्र सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ देशभर के किसानों ने हल्ला बोल दिया है।किसान सड़क पर उतर आए हैं और केन्द्र सरकार के इन नए कानूनों का जोरदार तरीके से विरोध कर रहे हैं।वहीं, किसानों का यह विरोध अब एक बड़े स्तर तक जा पहुंचा है।दरअसल, देश के किसानों ने सरकार को अपने रोष का भयंकर रूप दिखाने के लिए देशभर में आज चक्का जाम की स्थिति पैदा करने का एलान कर दिया है।चक्का जाम करने में भारतीय किसान यूनियन समेत कुल 31 संगठन मुख्य रूप से भाग ले रहे हैं।इसके अलावा विपक्ष भी इनके साथ शामिल है।विपक्ष की कई पार्टियां किसानों का साथ देने उतरी हुई हैं।

पंजाब-हरियाणा में सबसे ज्यादा देखा जा रहा है विरोध…

नए कृषि कानूनों का वैसे तो हर जगह के किसान विरोध कर रहे हैं लेकिन सबसे ज्यादा विरोधाभास पंजाब और हरियाणा में देखने को मिल रहा है।यहां के किसान नए कृषि कानूनों को लेकर दमभर आवाज उठा रहे हैं।पंजाब में तो आलम यह है कि यहां नए कृषि कानूनों का विरोध जताते हुए अकाली दल कोटे से मोदी कैबिनेट में ही मंत्री रहीं हरसिमरत कौर बादल तो अपने पद से इस्तीफा तक दे चुकी हैं।इसके साथ आपको आश्चर्य होगा कि दिग्गज मशहूर पंजाबी सिंगर्स भी किसानों का साथ पुरजोर तरीके से दे रहे हैं।सिंगर्स किसानों के लिए सड़क पर उतरे हुए हैं।वहीं, पंजाब में तीन दिवसीय रेल रोको अभियान की गुरुवार से शुरुआत हो गई है।किसान रेलवे ट्रैक पर डटकर नए कृषि कानूनों के खिलाफ हुंकार भर रहे हैं।यहां के किसान मज़दूर संघर्ष कमेटी के महासचिव का कहना है कि सरकार के हमसे बातचीत न करने का मतलब इस आंदोलन को महत्व न देने से लगता है।ऐसे आंदोलन लंबा चलेगा।

पंजाब से गुजरने वाली कई ट्रेनें रद्द की गईं…

पंजाब में रेल रोको अभियान को देखते हुए पंजाब जाने वाली एवं वहां से होकर गुजरने वाली कई ट्रेनों को रद्द किया गया है।इसके अलावा कई ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन किया गया है।
पंजाब सरकार बोल रही है हमला…
पंजाब सरकार तो कृषि बिल को लेकर जबरदस्त हमला बोल रही है।मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि किसान विरोधी बिल से उद्योगपतियों को फायदा है।CM कैप्टन अमरिंदर सिंह ने किसानों से अपील की है कि वे कृषि बिल के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान कोविड सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करें।और हां विरोध प्रदर्शन के दौरान धारा 144 के उल्लंघन के लिए कोई FIR दर्ज नहीं की जाएगी।


क्या है किसानों की चिंता…

किसानों की असली चिंता MSP को लेकर है।कृषि मंडियों को लेकर है। उन्हें डर है कि नए बिल के प्रावधानों की वजह से कृषि क्षेत्र पूंजीपतियों और कॉर्पोरेट घरानों के हाथों में चला जाएगा।परंतु सरकार साफ-साफ कह चुकी है कि MSP और मंडी व्यवस्था पहले की तरह ही जारी रहेगी।
चौकसी बढ़ी…
किसानों के रोष को देखते हुए देश के हर राज्यों में पुलिस सतर्क है।चौकस हो गई है।भारी मात्रा में पुलिस सड़कों पर तैनात है।
September 25, 2020

चंडीगढ़ :कृषि विधेयकों के विरोध में प्रदेश में किसानों का बंद आज, गृह मंत्री विज बोले- भीड़ इकट्ठी करने के लिए लेनी होगी परमिशन

चंडीगढ़ :कृषि विधेयकों के विरोध में प्रदेश में किसानों का बंद आज, गृह मंत्री विज बोले- भीड़ इकट्ठी करने के लिए लेनी होगी परमिशन

चंडीगढ़ : कृषि विधेयक के विरोध में हरियाणा में किसानों ने बंद का आह्वान किया है। किसान सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक सड़कों पर होंगे। इस दौरान सड़कों जाम करने और रेल रोकने का कार्यक्रम रखा गया है। किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने आह्वान किया है कि तीनों बिलों के विरोध में किसान आंदोलन करेंगे।


जहां पर किसान संगठनों की ताकत होगी, वहां रोड जाम किया जाएगा, जहां पर संख्या कम होगी वहां धरना प्रदर्शन और जुलूस निकाले जाएंगे। वहीं हरियाणा के स्वास्थ्य एवं गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है। परंतु कानून किसी को नहीं तोड़ने दिया जाएगा। कहीं भीड़ इकट्ठा की जाती है तो उसके लिए परमिशन लेनी होगी, जिसमें आयोजक का नाम भी बताना होगा।
कोविड-19 के नियमों का पालन करना होगा। किसी को भी कानून हाथ में नहीं लेने दिया जाएगा। विज ने डीजीपी को निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस व्यवस्था की तैनाती की जाए। उन्होंने कहा कि संपूर्ण स्थिति से निपटते हुए आमजन की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करना हमारा कर्तव्य है।
September 25, 2020

बीजेपी हिंसा की भाषा में विश्वास नहीं करती : जे पी दलाल

बीजेपी हिंसा की भाषा में विश्वास नहीं करती : जे पी दलाल

चंडीगढ़- हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री  जे.पी. दलाल ने स्पष्ट किया है कि बीजेपी हिंसा की भाषा में विश्वास नहीं करती।  लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात रखने का अधिकार है। जहां तक पीटीआई प्रकरण है,वो माननीय सुप्रीम कोर्ट का मामला है,सरकार का हटाने से कोई लेनादेना नहीं है।
 दलाल ने कहा कि आज वे जब बरौदा हलके के होने वाले उपचुनाव के लिए कुछ गांवों का दौरे पर थे तो उस समय मुंडलाना गांव में उनके समक्ष कुछ युवाओं ने ये बात आंदोलन तरीके से उन तक पहुंचाई। ये भी हो सकता है,ये युवा किसी नेता ने भेजे हो।  वे मारकाट की राजनीति में विश्वास नहीं रखते। बीजेपी इसका विरोध करती है, वे हिंसा फैलाने की बजाय लोगों के बीच अपनी बात रखने में विश्वास रखते हैं,बाकी फैसला जनता करेगी।
दलाल ने कहा कि अगर बरौदा के लोगों का सही लगेगा तो हमें आर्शीवाद मिलेगा। लोगों को झूठे बहकावे में नहीं आना चाहिए। राजनीति में जनता एक आईना होती है जो नेताओं को उनका चेहरा वोट के समय दिखा देती है। उन्होंने कहा कि बहकावे में नहीं आकर अपने विवेक से काम करे।
September 25, 2020

कोरोना के चलते राज्य में हुक्के पर पाबंदी मामला सामने आया तो होगी कार्रवाई

कोरोना के चलते राज्य में हुक्के पर पाबंदीमामला सामने आया तो होगी कार्रवाई

चंडीगढ़ : तंबाकू और हुक्के के चलते युवाओं का जीवन बर्बाद होने की दलील देते हुए इस पर हरियाणा में पूरी तरह से पाबंदी लगाने की अपील से जुड़ी याचिका पर हरियाणा सरकार ने बताया कि कोरोना के चलते प्रदेश में हुक्का पर पूर्ण प्रतिबंध है। यदि इस बारे में कोई शिकायत आएगी तो उस पर कार्रवाई की जाएगी।
पंचकूला निवासी विजय बंसल ने उच्च न्यायालय में याचिका दाखिल करते हुए बताया कि प्रदेश में रेस्टोरेंट, बार और विभिन्न स्थानों पर युवाओं को हुक्का परोसा जा रहा है। इसमें पानी के फिल्टर का प्रयोग होता और इसे पीकर युवा बर्बाद हो रहे हैं। पंजाब और महाराष्ट्र और पंजाब जैसे राज्य हुक्का और हुक्का बार को पूरी तरह से प्रतिबंधित कर चुके हैं लेकिन इस दिशा में हरियाणा सरकार ने कोई कदम नहीं उठाया है।  प्रदेश सरकार ने उच्च न्यायालय द्वारा जारी आदेश के बाद खाना पूर्ति करते हुए हुक्का बार पर कार्रवाई के लिए टास्क फोर्स का गठन किया था लेकिन यह सिर्फ दिखावे के लिए है। याची ने जब आरटीआई से जानकारी मांगी कि अब तक हुक्का बार पर लगाम लगाने के लिए क्या कार्रवाई की गई है तो इसकी जानकारी तक देने से इनकार कर दिया गया।  याची ने उच्च न्यायालय से अपील की कि इस दिशा में सरकार को ठोस कदम उठाने के आदेश दिए जाएं। सुनवाई के दौरान हरियाणा सरकार ने बताया कि कोरोना को लेकर केंद्र के दिशा-निर्देश के अनुरूप राज्य में हुक्का बार पूरी तरह से प्रतिबंधित हैं। इस पर उच्च न्यायालय ने याचिका का निपटारा करते हुए याची को यह छूट दी कि यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है जहां अवैध रूप से हुक्के से जुड़ी गतिविधियां होती हैं तो वह सरकार को सूचित करे और सरकार उस पर कार्रवाई करेगी। इसी आदेश के साथ ही उच्च न्यायालय ने याचिका का निपटारा कर दिया।
September 25, 2020

मिशन एडमिशन:आज से जांचेंगे दस्तावेज, आपत्तियों में 30 तक संशोधन न किया तो रद्द होगा आवेदन

मिशन एडमिशन:आज से जांचेंगे दस्तावेज, आपत्तियों में 30 तक संशोधन न किया तो रद्द होगा आवेदन

रोहतक : यूजी कोर्स में दाखिले के लिए डीएचई के पोर्टल पर आखिरी दिन गुरुवार रात 12 बजे तक आवेदन की संख्या बढ़ती रही। शुक्रवार से कॉलेजों में सिर्फ वेरिफिकेशन का कार्य होगा। दाखिला कमेटी की ओर से आवेदनों में जो आपत्तियां लगाई जाएगी, उसे ठीक करने के लिए आवेदकों के पास अब केवल 30 सितंबर तक का ही समय है। इसके बाद आपत्तियों में ना ही संशोधन होगा और आवेदन अमान्य माना जाएगा।
पहली मेरिट सूची 1 अक्टूबर को पोर्टल पर जारी होगी। जिले के 16 कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन करने की प्रक्रिया देर रात तक चली। हालांकि, विद्यार्थियों का रुझान ग्रामीण कॉलेजों के बजाय शहरी कॉलेजों की तरफ ज्यादा रहा। गुरुवार शाम तक नेकीराम कॉलेज में 19,520, जाट कॉलेज में 10,665 और आईसी कॉलेज में 7644 आवेदन आए। राजकीय नेकी राम शर्मा राजकीय कॉलेज में आवेदन बाकी कॉलेजों की तुलना में दोगुने ही रहे। वहीं, गौड़ ब्राह्मण कॉलेज में 2697, वैश्य डिग्री कॉलेज में 4172 और वैश्य महिला महाविद्यालय में 1407 आवेदन आए।

प्रदेश में आए 146027 आवेदन

प्रदेश के राजकीय, एडिड और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में अब तक 1,46,027 आवेदन आ चुके हैं। इसमें से 1,19,442 आवेदनों के दस्तावेजों की जांच हो चुकी है और 11,343 आवेदनों की जांच बाकी है। अभी 4984 आवेदनों के दस्तावेजों पर आपत्तियां लगी हुई है व 1913 आवेदकों ने अपने आवेदनों में आपत्तियों को संशोधित कर दिया है।

एमडीयू : एमएससी गणित की दूसरी मेरिट लिस्ट जारी

महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय के गणित विभाग में एमएससी आनर्स गणित पंच वर्षीय समेकित पाठ्यक्रम में सत्र 2020-2021 में प्रवेश के लिए गुरुवार को दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी गई। विभागाध्यक्ष प्रो. राजीव कुमार ने बताया कि यह पाठ्यक्रम की दूसरे मेरिट लिस्ट में चयनित अभ्यर्थी 28 सितंबर तक फीस जमा करवा कर सकते हैं। सीटें खाली रहने की सूरत में तीसरी मेरिट लिस्ट 30 सितंबर को जारी की जाएगी, फीस 3 अक्टूबर तक जमा करवानी होगी। ऑनलाइन कक्षाएं 28 सितंबर से प्रारंभ होंगी।

Thursday, September 24, 2020

September 24, 2020

रात में ढाई बजे लेडीज बाथरूम से निकला शख्स, जमकर हुआ हंगामा

लव के लिए कुछ भी करेगा:रोहतक में लड़की के कपड़े पहनकर प्रेमिका से मिलने पीजीआई पहुंचा युवक, लेडीज बाथरूम में पकड़ा गया; लोगों ने की धुनाई

रोहतक पीजीआई में बुधवार रात ढाई बजे अचानक से हंगामा खड़ा हो गया। वजह थी कि एक शख्स लेडीज बाथरूम से पकड़ा गया था वो भी महिला के कपड़े पहने हुए। बाथरूम में उसके साथ महिला थी या नहीं, अभी इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। बताया जा रहा है कि वह पीजीआई में अपनी प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। पकड़े जाने पर सिक्योरिटी स्टाफ ने उसकी जमकर धुनाई की और पुलिस को सौंप दिया। इस पूरी घटना का वीडियो भी बनाया गया।

आरोपी महिला बाथरूम में घुसा हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, पकड़े गए शख्स की प्रेमिका रोहतक पीजीआई आई हुई थी। उसके परिवार में से कोई रोहतक पीजीआई में भर्ती था। किसी को उस पर कोई शक न हो इस वजह से आरोपी महिला के कपड़े पहनकर वहां पहुंच गया। वह महिला बाथरूम में घुसा हुआ था। इसी दौरान उसे पकड़ लिया गया।

महिला के कपड़े पहनकर प्रेमिका से मिलने पहुंचा था आरोपी।

पीजीआई सिक्योरिटी ने उसे पकड़ने के बाद वीडियो भी बनाया। पकड़े जाने पर आरोपी ने एक-एक करके महिलाओं वाले कपड़े उतारे तो जींस और शर्ट पहने मिला। पीजीआई सिक्योरिटी ने उसकी जमकर धुनाई की। इसके बाद पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और मामले में कार्रवाई की जा रही है।
September 24, 2020

रोहतक में दर्दनाक वाकया:डॉक्टर ने जहर खाकर सुसाइड किया; पता चलते ही

रोहतक में दर्दनाक वाकया:डॉक्टर ने जहर खाकर सुसाइड किया; पता चलते ही पत्नी ने 2 बेटियों के साथ वाटर टैंक में छलांग लगाई, एक बेटी की जान बची

हरियाणा के रोहतक में एक डॉक्टर ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। इसका पता जैसे ही डॉक्टर की पत्नी को चला, वह दो बेटियों को लेकर वाटर टैंक में कूद गई। इसमें पत्नी और छोटी बच्ची की मौत हो गई, जबकि बड़ी बेटी बच गई। वह तैरकर टैंक से बाहर निकल आई।

पुलिस के मुताबिक, डॉक्टर प्रमोद सहारण रोहतक की हेल्थ यूनिवर्सिटी के नर्सिंग कॉलेज में प्रोफेसर थे। उन्होंने बुधवार शाम को 6 बजे कन्हेली गांव के पास जहर खाया लिया। शव उनकी कार से कुछ पड़ा मिला। डॉक्टर की जेब से जहर के 5 पाउच भी मिले। डॉक्टर ने मरने से पहले एक सुसाइड नोट भी छोड़ा था, लेकिन उसमें सुसाइड की वजह नहीं लिखी।

सोनीपत रोड के वाटर टैंक में डॉक्टर की पत्नी ने छलांग लगाई

प्रमोद के सुसाइड की खबर जैसे ही पत्नी मीनाक्षी को मिली तो वह दो बेटियों को स्कूटी पर बैठाकर घर से चली गई। सोनीपत रोड स्थित सेक्टर-2 के वाटर टैंक (जलघर) में अपनी दो बेटियों के साथ छलांग लगा दी। छोटी बेटी और मीनाक्षी की डूबने से मौत हो गई। बड़ी बेटी बच निकली। डॉक्टर की पत्नी और बेटी का शव गुरुवार सुबह वाटर टैंक से निकाला गया।

घटनास्थल पर पहुंची पुलिस टीम जांच करते हुए।

डॉक्टर ने ये लिखा था सुसाइड नोट में

डॉक्टर प्रमोद सहारण ने सुसाइड नोट में लिखा था- जिंदगी की भागदौड़ से तंग आ गए हैं। भगवान ही उनकी मौत का जिम्मेदार है। किसी दूसरे को पुलिस कसूरवार न ठहराए। डॉक्टर प्रमोद मूलरूप से राजस्थान के राजगढ़ जिले के रहने वाले थे। उनकी शादी चरखीदादरी की मीनाक्षी सांगवान से हो रखी थी। मीनाक्षी सरकारी स्कूल में बायोलॉजी की लेक्चरर थी।

September 24, 2020

कृषि विधेयक का विरोध:तीन दिन पंजाब जाने वाली 26 अप और डाउन ट्रेन रद्द, 9 पार्सल ट्रेन को भी किया गया रद्द

कृषि विधेयक का विरोध:तीन दिन पंजाब जाने वाली 26 अप और डाउन ट्रेन रद्द, 9 पार्सल ट्रेन को भी किया गया रद्द

संसद में पास हो चुके कृषि अध्यादेशों के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों के चलते भारतीय रेलवे की अंबाला मंडल ने पंजाब जाने वाली 26 अप-डाउन ट्रेन और 9 पार्सल ट्रेन को रद्द किया है। ये ट्रेन तीन दिन के लिए रद्द की गई हैं। पंजाब में कृषि विधेयक के विरोध में रेल रोको आंदोलन का ऐलान किया गया है। इसके चलते अंबाला से 24, 25 और 26 सितंबर को रेलगाड़ियां बंद रहेंगी। रद्द की गई ट्रेनों में मुंबई-अमृतसर, नांदेड़-अमृतसर जैसी कई लंबी दूरी की कई ट्रेनें भी शामिल हैं।

स्टेशन निदेशक बीएस गिल जानकारी देते हुए।

अंबाला स्टेशन के निदेशक बीएस गिल ने बताया कि अगर अगले तीन दिन में आप ट्रेन में सफर करने की सोच रहे हैं तो अपना ये सफर टाल दीजिए, क्योंकि किसान आंदोलन के चलते रेलवे ने 26 ट्रेनें रद्द कर दी हैं। ये ट्रेनें अगले 3 तीन दिन तक रद्द रहेंगी। बता दें कि किसानों के देशव्यापी बंद के एलान के चलते रेलवे ने 26 ट्रेनें रद्द करने का फैसला लिया है। जिसकी वजह से आज अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर पूरी तरह सन्नाटा पसरा नजर आया।

रद्द हुई ट्रेनों की जानकारी देते हुए रेलवे अधिकारियों ने बताया कि अगले तीन दिन तक आंदोलन के मद्देनजर मुंबई-अमृतसर, न्यू जलपाईगुड़ी-अमृतसर, नांदेड़-अमृतसर, हरिद्वार-अमृतसर, जन शताब्दी एक्सप्रेस, जय नगर एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, पश्चिम एक्सप्रेस, करम भूमि एक्सप्रेस, गोल्डन टेंपल एक्सप्रेस सहित 9 पार्सल ट्रेनें शामिल हैं।

September 24, 2020

सुसाइड:लव मैरिज के 14 साल बाद पत्नी दूसरे प्रेमी के पास गई, दुकानदार पति ने लगाया फंदा

सुसाइड:लव मैरिज के 14 साल बाद पत्नी दूसरे प्रेमी के पास गई, दुकानदार पति ने लगाया फंदा

AMBALA ; लव मैरिज के 14 साल बाद पत्नी दूसरे प्रेमी के पास चली गई ताे काला आम्ब की शिव कॉलोनी में रहने वाले उसके पति संजीव कुमार ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने सुसाइड नाेट बरामद किया है। नारायणगढ़ थाना पुलिस ने संजीव के पिता रणधीर सिंह की शिकायत पर संजीव की पत्नी रजनी उर्फ सबाना और राजमिस्त्री सतप्रकाश उर्फ बबला पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।

रणधीर सिंह ने पुलिस को बताया कि काला आम्ब में उसका बीड़ी-सिगरेट का खोखा है। छोटे बेटे संजीव ने करीब 14 साल पहले हिमाचल प्रदेश के नाहन निवासी रजनी उर्फ सबाना के साथ प्रेम विवाह किया था। संजीव काला आम्ब में करियाने की दुकान करता था। शादी के बाद संजीव की 12 साल की बेटी खुशी और 11 साल का बेटा वंश है। रणधीर के अनुसार संजीव का रजनी के साथ राजमिस्त्री का काम करने वाले गांव खारी निवासी सतप्रकाश उर्फ बबला की वजह से झगड़ा रहता था।

रजनी राजमिस्त्री से फोन पर काफी देर तक बातें करती थी। आराेप है कि रजनी के राजमिस्त्री के साथ नाजायज संबंध थे। संजीव के साथ झगड़ा करने के बाद रजनी राजमिस्त्री के साथ ही कई-कई दिन तक रहती थी। कई बार पंचायती तौर पर रजनी व राजमिस्त्री बबला को काफी समझाया भी गया। करीब 6 दिन पहले भी संजीव और रजनी में झगड़ा हुआ और रजनी सतप्रकाश राजमिस्त्री के पास चली गई थी। यह बात संजीव ने उसे बताई।

इसी वजह से संजीव परेशान रहने लगा। बुधवार सुबह 9 बजे संजीव उसके खोखे पर चाय व नाश्ता लेकर आया और दुकान पर चला गया। करीब 11 बजे पता चला कि संजीव ने घर में पंखे में फंदा लगा लिया है। सूचना पुलिस काे दी और कमरे की कुंडी तोड़ कर चेक किया तो संजीव की नब्ज चल रही थी। इसलिए वह अपने साले समे सिंह के साथ संजीव को नारायणगढ़ सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डाॅक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

'मेरे बेटे और बेटी की जिम्मेदारी मेरे मामा समे सिंह की'
मेरे मरने के बाद मेरा मकान बेटे वंश के नाम होना चाहिए। मेरे सुसाइड का कारण बबला मिस्त्री सतप्रकाश है, पिरथी का लड़का (बबला) और मेरी घर वाली रजनी जिसका नाम सबाना है। मेरे बेटे और बेटी की जिम्मेदारी मेरे मामा समे सिंह की है और मेरे पिता रणधीर सिंह की इसमें कोई गलती नहीं है। बबले ने घर खत्म कर दिया है। धन्यवाद मेरे बेटे वंश और बेटी खुशी मुझे माफ कर देना, मैं ओर ज्यादा जी नहीं सकता।

September 24, 2020

बैठक:पार्षदों ने समस्याओं काे लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष से की चर्चा

बैठक:पार्षदों ने समस्याओं काे लेकर भाजपा जिलाध्यक्ष से की चर्चा

 FATEHABAD ; नगर परिषद के कार्यालय में नवनियुक्त भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा का पार्षदों द्वारा स्वागत सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। पार्षदों ने नगर में आ रही समस्याओं के लिए भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा से चर्चा की। भाजपा जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा ने पार्षदों को आश्वस्त किया की समस्याओं का जल्द समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर मनोनीत पार्षद शम्मी धींगड़ा, नेहा मित्तल, किरण नारंग, विरेंदर, डाॅ. रणजीत, सतीश चराईपोत्रा, दीपू टूटेजा मौजूद थे।

गांव नागपुर में मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक ली

भाजपा जिला प्रधान बलदेव ग्रोहा ने मंगलवार को गांव नागपुर में मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती को लेकर रूपरेखा तैयार की। अध्यक्षता नागपुर मंडल अध्यक्ष निर्मल सिंह धालीवाल ने की। ग्रोहा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय अर्थशास्त्री, इतिहासकार व पत्रकार थे। इस मौके पर लक्ष्मण गेजी, राज कुमार, सुरजीत, दिनेश चंडेल, गोल्डी सिंह,सतनाम, अंकित, निखिल, नवजोत ग्रोहा, लव शर्मा मौजूद थे।
September 24, 2020

रोष:उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का कल दादरी में घेराव करेंगे शारीरिक शिक्षक

रोष:उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का कल दादरी में घेराव करेंगे शारीरिक शिक्षक

 BHIWANI ; नौकरी बहाली के समर्थन में हरियाणा शारीरिक शिक्षकों ने बुधवार को लघु सचिवालय के बाहर जनसंगठनों के पदाधिकारियों के साथ मिलकर सरकार विरोधी नारेबाजी कर रोष प्रकट किया। प्रदर्शनकारियों ने हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति के जिला प्रधान दिलबाग जांगड़ा कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 25 सितंबर को दादरी में उप-मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का घेराव किया जाएगा।

बुधवार को कमेटियों का गठन किया जिसमें तोशाम से पवन, संत लाल, बहल से पवन बडदू, लोहारू से राजेश श्योराण, कैरू से विजेंद्र चौहान, कुलदीप, भिवानी से मदन लाल सरोहा, बलजीत तालू की ड्यूटियां लगाई। एआईयूटीयूसी के जिला प्रधान राजकुमार जांगड़ा, शिक्षा बोर्ड प्रधान सुभाष कौशिक, सीटू जिला प्रधान रामेहर सिंह, इंटक का कृष्ण बडसी, एटक से फूल सिंह इंदौरा, एचएमएस से कविता दहिया, सीटू से रामेहर सिंह, एसकेएस नरेंद्र दिनोद, अखिल भारतीय किसान यूनियन करतार ग्रेवाल, राज्य प्रधान बलदेव घनघस, भवन निर्माण प्रदेशाध्यक्ष रत्न लोहिया, का. औम प्रकाश ने कहा कि सरकार सभी विभागों का निजीकरण कर पूंजीपतियों हाथों में सौंपना चाहती है।

बुधवार को क्रमिक अनशन पर विनोद वैद्य, सतीश सिवाना, सुनील हालुवास, मदन लाल सरोहा आदि थे। इस अवसर पर रामौतार खोरड़ा, ईश्वर शर्मा पूर्व प्रधान, सुदेश सिवाच, संदीप सांगवान, राकेश मलिक, राजेश लाम्बा, सहदेव रंगा, सुनील गोलपुरिया, अजीत, जगन्नाथ सांजरवास आदि उपस्थित थे
September 24, 2020

कमिश्नर का आदेश:अब पार्षदाें के लिए एक घंटे खुलेंगे टैक्स ब्रांच के गेट, बाहरी लाेगाें की नाे एंट्री

कमिश्नर का आदेश:अब पार्षदाें के लिए एक घंटे खुलेंगे टैक्स ब्रांच के गेट, बाहरी लाेगाें की नाे एंट्री

Hisar ; टैक्स ब्रांच में जनता के काम न हाेने की शिकायताें के बाद बुधवार काे नगर निगम कमिश्नर अशाेक कुमार गर्ग ने अधिकारियाें और कर्मचारियाें की मीटिंग ली। उन्हाेंने टैक्स ब्रांच के स्टाफ काे समझाया कि पहले स्टाफ कम था अब पूरा है। जनता के काम नियमानुसार व सिस्टम से निर्धारित समय में निपटाएं। किसी के दबाव में आकर कोई गलत काम न करें।

निगम कमिश्नर अशोक गर्ग ने कहा बाहरी व्यक्ति हाउस टैक्स शाखा के अंदर नहीं आना चाहिए। यदि ऐसा पाया जाता है तो उसे बुलाने वाले व सिफारिश करने वाले को चार्जशीट किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों के लिए विशेष रूप से शाम 4 बजे से 5 बजे तक का समय निर्धारित किया है।

सिस्टम सीरियल वाइनिपटाई जाएंज गी फाइलें


अकाउंटेंट अंशुल काे निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक फाइल सिस्टम के साथ चलनी चाहिए। जिस नंबर से फाइल आई है, उसी अनुरूप काम होना चाहिए। ऐसा नहीं हाेना चाहिए कि बीच में से काेई फाइल नंबर आप पहले कर दाे और जाे पहले आया वह नंबर बाद में किया बया।

लाेग गुस्सा दिलाएंगे आपकाे शालीनता से रहना है

नये क्लर्कों के साथ नगर निगम आयुक्त अशोक गर्ग ने अपने कार्यकाल के अनुभव सांझा किए। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी जनता व जनप्रतिनिधियों से शालीनता व प्रेम के साथ बात करें। कोई व्यक्ति यदि दबाव बनाकर आपको गुस्सा दिलाने की कोशिश करे तो आपको गुस्सा नहीं होना है।

शाखा में कर्मियों की सीटिंग में बदलाव हाेगा

निगम आयुक्त अशोक गर्ग ने हाउस टैक्स शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने जनता व कर्मचारियों की सुविधा के अनुरूप शाखा को अपग्रेड करने के निर्देश दिए। कर्मचारियों के बैठने, काउंटर, फर्नीचर व पंखे आदि सभी में बदलाव करने काे कहा।

पार्षद ग्राेवर व बंटी के समर्थन में आए लाेग

नगर निगम में हुए मंगलवार के घटनाक्रम काे लेकर सेक्टर 9-11 वासियाें ने बैठक की। इसमें पार्षद अमित ग्राेवर और पार्षद जगमाेहन मित्तल के खिलाफ शिकायत देने के मामले पर राेष प्रकट किया है। सेक्टरवासी संजीव राणा ने कहा कि दाेनाें पार्षदाें काे सेक्टरवासियाें ने चुना है। सेक्टर की समस्या निगम में लेकर जाना और उनका समाधान करवाना इनकी जिम्मेदारी है। निगम में उनके साथ अभद्र व्यवहार करने व उनके खिलाफ एफआईआर के लिए लिखना अनुचित है। सेक्टरवासियाें का कहना है कि अगर एफआईआर दर्ज हाेती है ताे वार्ड 12 और वार्ड 14 सहित पूरे शहर के लाेग निगम के बाहर धरने पर बैठेंगे।
पटेल नगर वाल्मीकि बस्ती निवासी सुरेंद्र बिड़लान, साेनू, भीखू, धर्मवीर, प्रवीण, अभिषेक, राजपाल, अनिल ने पार्षदाें के खिलाफ पुलिस को दी शिकायत का विराेध प्रकट किया है।

September 24, 2020

पार्षद और मेयर हुए एकजुट:1 घंटा चला मंथन, मीटिंग में बाेले- जिस अधिकारी ने एंट्री बैन की वो माफी मांगे

पार्षद और मेयर हुए एकजुट:1 घंटा चला मंथन, मीटिंग में बाेले- जिस अधिकारी ने एंट्री बैन की वो माफी मांगे

  HISAR ; टैक्स ब्रांच पर अंदर से ताला लगाकर बैठे कर्मचारियाें का विराेध करने वाले दाेनाें पार्षदाें पर नगर निगम के ईओ द्वारा एफआईआर के लिए पुलिस काे लिखे जाने के मामले में पार्षद व मेयर एकजुट हाे गए हैं। उन्हाेंने जनता व जनप्रतिनिधियाें के साथ हाे रहे दुर्व्यवहार पर कहा कि अधिकारियाें व कर्मचारियाें ने उनके मान सम्मान काे ठेस पहुंचाई है ऊपर से पुलिस काे कार्रवाई के लिए लिखा जाना निंदनीय है।

मेयर गाैतम सरदाना की अध्यक्षता में बुधवार शाम काे हुई मीटिंग में फैसला हुआ कि अगर एंट्री बैन करने वाले अधिकारी ने गलती नहीं मानी ताे अब आर-पास की लड़ाई हाेगी। वे इस मामले काे लेकर मंत्री अनिल विज के पास जाएंगे। सभी पार्षदाें ने एकजुट हाेकर कहा कि मेयर पूरे मामले का प्रतिनिधित्व करेंगे और सभी तरह के अधिकार उनके पास हैं।

पार्षद, अधिकारी एवं सभी कर्मचारी जनता की सेवा के लिए नगर निगम में आते हैं, सभी का कर्तव्य हो जाता है जनता की सभी समस्या का समाधान करें। पार्षदों की एंट्री बैन का आदेश देना गलत निर्णय है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। पार्षद जनता का चुना हुआ प्रतिनिधि होता है। जनता के कार्य के लिए ही निगम में आता है। पार्षद सभी ब्रांचों में जनता के काम के लिए जा सकते हैं। कमिश्नर से मिलकर मामला सुलझाया जाएगा। -गाैतम सरदाना, मेयर।

इधर पुलिस पहुंची निगम कर्मचारी के बयान दर्ज किए


एचएयू चाैकी पुलिस ने निगम कार्यालय पहुंचकर कर्मचारियाें के बयान दर्ज किए हैं। कर्मचारियाें ने इस मामले में पार्षदाें के खिलाफ बयान दिए हैं। ईओ कार्यालय में बैठकर कर्मचारियाें ने पुलिस काे लिखित बयान दिए हैं। नगर पालिका कर्मचारी यूनियन के प्रधान प्रवीन कुमार ने कहा है कि अब पुलिस कार्रवाई कर रही है जिससे कर्मचारी संतुष्ट हैं। ऐसे में 24 सितंबर काे स्ट्राइक नहीं की जाएगी।
September 24, 2020

टकराव:दो दिन में दूसरी बार पुलिस पर हमला, नाका और गाड़ी को टक्कर मार फरार होना चाहते थे तस्कर, पकड़े गए

टकराव:दो दिन में दूसरी बार पुलिस पर हमला, नाका और गाड़ी को टक्कर मार फरार होना चाहते थे तस्कर, पकड़े गए

सिरसा : जिला में नशा तस्करों का नेटवर्क तोड़ने में जुटी पुलिस को रोकने के लिए नशा तस्कर अब उनसे सीधी टक्कर लेने से भी नहीं घबरा रहे हैं। पिछले दो दिनों में दो बार पुलिस और नशा कारोबारियों के बीच टकराव हो चुका है। सोमवार की रात को डबवाली एरिया में शराब तस्करों के साथ टकराव हुआ। वहीं मंगलवार की शाम को ऐलनाबाद खंड के गांव कोटली के पास तस्करों के साथ टकराव हो गया।
सीआईए पुलिस की नाकाबंदी तोड़कर भागे कार सवार तस्करों ने पुलिस की गाड़ी को जबरदस्त टक्कर मारी। इस टक्कर की वजह से गाड़ी में बैठे सब इंस्पेक्टर सतबीर सिंह उछलकर खाल में जा गिरे। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इतने में सामने से एक और पुलिस की गाड़ी ने आकर तस्करों की गाड़ी को घेर लिया और उन्हें सरेंडर करने पर मजबूर कर दिया। खुद को चारों ओर से घिरे होने के बावजूद और हथियारों से लैस पुलिस के जवानों को देखकर गाड़ी रोक दी।
पुलिस ने गाड़ी में सवार दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। तालाशी लेने पर गाड़ी में 60 किलो डोडापोस्त बरामद किया है। इसके अलावा 70 हजार रुपये की नकदी भी बरामद हुई है। सीआईए ने कार सवार तस्करों से पूछताछ की तो उनकी पहचान हरी सिंह उर्फ सोनू पुत्र लाभ सिंह व विजय उर्फ बीजू पहलवान पुत्र सुरजाराम निवासी साहवा जिला चूरु राजस्थान के रूप में हुई है। ऐलनाबाद थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश व मादक पदार्थ अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है। इसके बाद घायल एसआई सतबीर सिंह को अस्पताल में दाखिल करवाया गया।

ऐलनाबाद के कोटली में होनी थी डोडापोस्त की सप्लाई

तस्करी के आराेपी हरी सिंह व विजय ने सीआईए को बताया कि वो पुलवामा निवासी तोता राम से डोडापोस्त साहवा से खरीदकर लाए थे। इसे ऐलनाबाद के गांव कोटली में सप्लाई करना था। जिस शख्स को डोडापोस्त दिया जाना था उसके खिलाफ पहले से ही केस दर्ज है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार तस्करों को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलवामा निवासी तोताराम के संबंध में पूछताछ की जाएगी। जम्मू एंड कश्मीर का रहने वाले तोताराम राजस्थान से सिरसा में किन-किन लोगों के पास नशे की सप्लाई कर रहा है, इसका पता भी आरोपियों से लगाया जाएगा।

राजस्थान और नई दिल्ली से आ रहीं नशे की खेप

जिला में नशा नेटवर्क को तोड़ने के लिए पुलिस की ओर से पूरी सख्ती बरती जा रही है। पिछले आठ महीने में ही एक हजार से अधिक तस्कर पुलिस ने पकड़कर जेल भेजे हैं। नशा तस्करों के नेटवर्क पर जब से सख्ती हुई है। उसके बाद वे हमलावर भी हो गए हैं। इसलिए पिछले कुछ ही दिनों में कई बार पुलिस के साथ तस्करों का टकराव हो गया है। जिला में नई दिल्ली से चिट्‌टा का नशा और राजस्थान से चूरापोस्त व अफीम का नशा आ रहा है। पुलिस तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है।

दो दिन पहले सीआईए कालांवाली पर शराब तस्करों ने किया था हमला

गत दिवस सीआईए कालांवाली पुलिस इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गुप्तचर से सूचना मिली की पन्नीवाला रुलदू निवासी जगदीप के घर आगे सरेआम शराब बेच रहा है। सीआईए कालांवाली पुलिस ने तुरंत मौके पर छापेमारी की। इस दौरान एक युवक सरेआम मकान के आगे गली में शराब बेचता हुआ दिखा। पुलिस ने युवक को हिरासत में लिया तो उसने बताया कि उसका नाम जगदीप सिंह है। जगदीप के पास पुलिस को 48 बोतल देसी शराब मिली। इसी दौरान एक युवक मकान के अंदर से बाहर आया और पुलिस कर्मचारियों से हाथापाई करने लगा। जगदीप सिंह ने भी पुलिस कर्मचारियों से लड़ाई झगड़ा शुरू कर दिया। दोनों ने भागने की कोशिश की तो पुलिस कर्मचारियों ने दोनों को दबोच लिया। इस दौरान पुलिस कर्मचारियों को चोट लगी। इसके बाद दोनों युवक पुलिस कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी देने लगे।

एसपी डॉ. अरुण नेहरा ने बनाया तस्करों को पकड़ने का रिकाॅर्ड

सिरसा में अपने 22 महीने के कार्यकाल में एसपी डॉ. अरूण नेहरा ने नशा तस्करों की कमर तोड़कर रख दी। हालांकि अब उनका तबादला हो गया है। मगर अपने कार्यकाल में उन्होंने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई का ऐसा रिकार्ड कायम कर दिया है कि अब नए एसपी को भी नशे को लेकर गंभीरता से काम करना पड़ेगा। 23 दिसंबर 2018 को डॉ. अरूण नेहरा ने सिरसा में एसपी का कार्यभार संभाला था। अपने 22 महीने के कार्यकाल में सिरसा के इतिहास में रिकार्ड 1176 केस दर्ज करके 2024 तस्करों को जेल भेजा है। अब नए एसपी को नशा खत्म करने के लिए उनकी राह पर ही चलना पड़ेगा।
September 24, 2020

किसान अध्यादेशों को लेकर नेताओं में बढ़ी नाराजगी:इनेलो पृष्ठ भूमि के भाजपा नेताओं के बगावती सुर, भाजपा के 5 और कांग्रेस के पूर्व विधायक में बैठक

किसान अध्यादेशों को लेकर नेताओं में बढ़ी नाराजगी:इनेलो पृष्ठ भूमि के भाजपा नेताओं के बगावती सुर, भाजपा के 5 और कांग्रेस के पूर्व विधायक में बैठक

चंडीगढ़ : हरियाणा की सियासत में अब नया मोड़ आने वाला है। भाजपा के 5 और कांग्रेस का एक पूर्व विधायक मिलकर अलग ही रणनीति बना रहे हैं। उन्होंने बगावत की तैयारी कर ली है। इन पूर्व विधायकों में ज्यादा इनेलो की पृष्ठभूमि से है। सभी अंदरखाने योजना बनाने में लगे हैं। बुधवार को भाजपा समर्थित पांच पूर्व विधायकों समेत छह नेताओं ने मंथन किया है। जिसमें कहा गया है कि सभी पार्टियों में उपेक्षित पूर्व विधायकों को जोड़ा जाएगा और जल्द ही हरियाणा के मध्य में दूसरी मीटिंग बुलाई जाएगी।
बुधवार को गुपचुप की गई मीटिंग में पिछले साल ही इनेलो छोड़कर भाजपा में शामिल हुए पूर्व विधायक परमिंद्र सिंह ढुल, रामपाल माजरा, बलवान सिंह दौलतपुरिया के अलावा बूटा सिंह शामिल हैं। पिछली सरकार में संसदीय सचिव रहे श्याम सिंह राणा और कांग्रेसी नेता एवं पूर्व विधायक भाग सिंह छातर भी मीटिंग में शामिल रहे। दावा किया गया है कि दूसरी पार्टियों के दो दर्जन नेता इनके संपर्क में हैं, जिन्हें वे साथ जोड़कर एक मंच पर लाएंगे। इधर, बता दें कि जजपा में भी रामकुमार गौत्तम, देवेंद्र बबली भी खुलकर पार्टी की खिलाफत कर चुके हैं।

उपेक्षित पूर्व विधायकों को जोड़ा जाएगा : माजरा

पूर्व संसदीय सचिव रामपाल माजरा का कहना है कि सभी पार्टियों में जितनी भी राजनीतिक तौर पर उपेक्षित पूर्व विधायक या नेता हैं, उन्हें जोड़ा जाएगा। सभी को जल्द ही एक मंच पर लाया जाएगा। हम जनता के मुद्दे उठाएंगे। आज प्रदेश में बेरोजगारी बढ़ी है। कारखाने नहीं लग रहें हैं। अध्यादेशों पर किसानों और विपक्ष से बातचीत होनी चाहिए थी, लेकिन ऐसा नहीं किया गया। प्रदेश में आत्महत्या के मामले इसलिए बढ़ते जा रहें हैं। माजरा ने कहा कि अध्योदशों में कहीं भी एमएसपी का जिक्र नहीं है।

किसान संगठनों से होनी चाहिए थी बातचीत: ढुल

पूर्व विधायक परमिंद्र सिंह ढुल ने कहा कि हमने मिलकर सभी समस्याओं पर विचार किया है। सभी नेताओं को मुख्यधारा में लाया जाएगा। कृषि बिलों पर पता नहीं कि हम भ्रम में हैं या भ्रमित किया जा रहा है। हमारा प्रयास होगा कि हमारे जैसे लोगों को जोड़ा जाए। सरकार को किसान संगठनों से बातचीत की जानी चाहिए थी। अभी भी उसमें सुधार किया जा सकता है। अडियल रवैया नहीं रखना चाहिए।
September 24, 2020

भाभी के भाई ने की युवती से दुष्कर्म की कोशिश, मामला दर्ज

भाभी के भाई ने की युवती से दुष्कर्म की कोशिश, मामला दर्ज

जींद : ( गौतम सत्यराज ) हरियाणा के जींद जिले में फिर से रिश्तों को शर्मसार करने वाली खबर आई है। जिले के अर्बन एस्टेट में रिश्तेदारी में आए युवक ने रिश्ते की साली के साथ दुष्कर्म की कोशिश की। युवती ने शोर मचाया तो आरोपित ने बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। पीडि़ता की भाभी ने अपने आरोपित भाई का साथ दिया। महिला थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपित व उसकी बहन के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
अर्बन एस्टेट निवासी एक युवती ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका भाई पालम कालोनी दिल्ली में विवाहित है। गत दिवस उसके भाई का साला संजय अर्बन एस्टेट उनके घर आया हुआ था। रात को परिवार के सदस्य नीचे थे, वह कार्यवश दूसरी मंजिल पर गई हुई थी। संजय ने उसे पकड़ लिया और उसके साथ दुष्कर्म की कोशिश की। जब उसने विरोध किया तो उसे संजय ने बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी। शोर मचाए जाने पर परिजन मौके पर पहुंच गए। युवती ने आरोप लगाया कि उसकी भाभी शिक्षा ने अपने भाई संजय का साथ दिया। घटना के बाद आरोपित फरार हो गया।
महिला थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर उसके भाई के साले संजय तथा भाभी शिक्षा के खिलाफ दुष्कर्म की कोशिश समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। महिला थाना की जांच अधिकारी राजेश कुमारी ने बताया कि पीडि़ता आरोपित की रिश्ते में साली लगती है। आरोपित पीडि़ता के घर आया हुआ था। फिलहाल आरोपित व पीडि़ता की भाभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
September 24, 2020

मॉडल को शूटिंग के बहाने लेकर किया रेप, फिर पार्क में छोड़ हुआ फरार, मामला दर्ज

मॉडल को शूटिंग के बहाने लेकर किया रेप, फिर पार्क में छोड़ हुआ फरार, मामला दर्ज

जींद : ( गौतम सत्यराज ) जींद जिले में एक ही दिन में तीन दुष्कर्म के मामले दर्ज हो चुके है। जिला अपराधियों का शहर बनता जा रहा है। आज दिल्ली की मॉडल को शूटिंग का झांसा दे उसके साथ दुष्कर्म करने का मामला दर्ज हुआ है। दुष्कर्म के बाद आरोपित पीडि़ता को बस अड्डा के निकट पार्क में छोड़कर फरार हो गया। महिला थाना पुलिस ने मॉडल की शिकायत पर एक युवक के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रताप नगर निवासी 26 वर्षीय महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मॉडलिंग करती है। मॉडलों का ग्रुप भी बना हुआ है। उस गु्रप में अनिल नाम का शख्स भी है। अनिल ने 21 सितम्बर को उससे संपर्क साधा और शूटिंग की बात कही। मेहनताना तय होने के बाद वह रोहतक पहुंच गई। अनिल उसे अपने मामा के यहां गांव हसनपुर ले गया। जहां पर उसके साथ अनिल ने दुष्कर्म किया।
विरोध करने पर उसे बुरा अंजाम भुगतने की धमकी दी गई। जिसके बाद अनिल उसे वापस दिल्ली छोडऩे की बात कहते हुए जींद ले आया और बस अड्डा के निकट पार्क में ले गया। फिर कुछ समय बाद जल्द आने की बात कहता हुआ पार्क से चला गया। काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा, जिस पर पीडि़ता महिला थाना पहुंची और दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी। महिला थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर अनिल के खिलाफ दुष्कर्म समेत विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी।
महिला थाना की जांच अधिकारी नीलम ने बताया कि पीडि़ता को मॉडलिंग का झांसा देकर बुलाया गया था। जिसके साथ दुष्कर्म करने के बाद आरोपित उसे पार्क में छोड़कर फरार हो गया। फिलहाल आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
September 24, 2020

जल्द होगी नियुक्तियां:खनन विभाग में आउटसोर्सिंग पर भर्ती होंगे 32 इंस्पेक्टर, 100 अंकों की होगी लिखित परीक्षा

जल्द होगी नियुक्तियां:खनन विभाग में आउटसोर्सिंग पर भर्ती होंगे 32 इंस्पेक्टर, 100 अंकों की होगी लिखित परीक्षा

चंडीगढ़ : हरियाणा के खनन विभाग में जल्द ही 32 इंस्पेक्टरों की भर्ती की जाएगी। भर्ती के लिए खनन विभाग ने पूरी योजना बना ली है। इसके लिए फाइल जल्द ही सीएम मनोहर लाल को भेजी जाएगी। सीएमओ से अनुमति मिलने के बाद ही इन इंस्पेक्टरों की भर्ती आउटसोर्सिंग के आधार पर होगी। इंस्पेक्टरों को प्रति माह 35000 से अधिक वेतन मिलेगा। इन इंस्पेक्टरों के लिए योग्यता बीएससी जोलॉजी, डिप्लोमा इन माइनिंग व हिंदी का ज्ञान होना चाहिए।
उम्र 17 से 42 साल निर्धारित की गई है। भर्ती के लिए 100 अंकों की लिखित परीक्षा भी होगी। फिलहाल विभाग में 61 सीटें खाली हैं और इन इंस्पेक्टरों की आउटसोर्सिंग से भर्ती होने के बाद विभाग में काफी लाभ मिलेगा। सबसे बड़ा फायदा अवैध रुप से की जा रही माइनिंग को रोकने में मदद मिल सकेगी।
प्रदेश सरकार पहले ही निर्णय ले चुकी है कि खनन कार्य की निगराने के लिए ड्रोन खरीदे जाएंगे। इन ड्रोन के जरिए विभाग के अधिकारी पता लगा सकेंगे कि किस इलाके में माइनिंग किस तरह से हो रही है। मौजूदा कार्यकाल के दौरान विभाग को खनन से तकरीबन 574 करोड़ रुपए का राजस्व प्राप्त हुआ है।
111 भूतपूर्व सैनिक देंगे गार्ड की सेवाएं, सीएम दे चुके मंजूरी
खान एवं भू-विज्ञान विभाग में माइनिंग गार्ड के 111 पद सृजित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान सीएम मनोहर लाल दे चुके हैं। माइनिंग गार्ड के इन 111 पदों को आउटसोर्सिंग नीति के तहत भूतपूर्व सैनिकों में से भरा जाएगा। इन पदों के सृजन से उत्पन्न खर्च को विभाग द्वारा अपने स्वीकृत बजट से वहन किया जाएगा।
मंत्री बोले- मुख्यमंत्री से अनुमति मिलते ही शुरू होगी भर्ती
खनन विभाग जल्द ही 32 इंस्पेक्टरों की भर्ती करेगा। यह भर्ती आउटसोर्सिंग के आधार पर की जाएगी। सीएम मनोहर लाल को फाइल भेजी जाएगी, वहां से अनुमति मिलने के बाद ही इनकी भर्ती होगी। -मूलचंद शर्मा, खान एवं भूविज्ञान मंत्री, हरियाणा।
September 24, 2020

नए कृषि विधेयकों का विरोध तेज:पानीपत से 250 ट्रैक्टरों पर निकला काफिला पुलिस ने पानी की बौछार कर समालखा में रोका, जीटी रोड 3 घंटे रहा जाम

नए कृषि विधेयकों का विरोध तेज:पानीपत से 250 ट्रैक्टरों पर निकला काफिला पुलिस ने पानी की बौछार कर समालखा में रोका, जीटी रोड 3 घंटे रहा जाम

पानीपत : नए कृषि विधेयकों के विरोध में बुधवार को पानीपत अनाज मंडी से दिल्ली में संसद कूच के लिए निकली यूथ कांग्रेस की ट्रैक्टर यात्रा समालखा में ही रोक ली गई। 250  ट्रैक्टरों-टालियों में 1000 से ज्यादा कांग्रेसी, किसान सवार थे। पानीपत से दोपहर 12:20 बजे चला काफिला करीब 1:30 बजे समालखा ओवरब्रिज के पास पहुंचा। वहां सात डीएसपी 1000 पुलिस जवानों के साथ बेरिकेट लगाए खड़े थे।
नेताओं व किसानों ने बेरिकेट लांघने की कोशिश की तो पुलिस ने वाटर कैनन से पानी की बौछार कर दी। 3 घंटे से ज्यादा समय तक जीटी रोड जाम रहा। पुलिस ने कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लिया, तब जाम खुला। बाद में इन्हें छोड़ दिया गया। उधर, पंजाब के विधायक सिमरजीत बैंस अपनी लोक इंसाफ पार्टी के समर्थकों के साथ दिल्ली कूच के लिए निकले।
अम्बाला बॉर्डर पर हरियाणा पुलिस ने काफिले को रोक दिया। बॉर्डर पार करने की कोशिश पर पुलिस पानी की बौछारों से उन्हें धकेलती रही। दोपहर 12 बजे से लेकर शाम 6.30 बजे तक अम्बाला-अमृतसर रोड जाम रहा। बॉर्डर सील होने से आम लोगों को घग्गर नदी के पानी में से गुजरना पड़ा।

राष्ट्रपति से गुहार- बिल मंजूर न करें

राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से मिले। आजाद ने बताया, 'राष्ट्रपति से अनुरोध किया है कि कृषि विधेयकों को मंजूरी नही दें और इन्हें लौटा दिया जाए। रविवार को राज्यसभा में हंगामे के लिए सरकार जिम्मेदार है।'

किसानों का 25 को भारत बंद

भाकियू के प्रवक्ता व यूपी के किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि कृषि विधेयकों के विरोध में पूरे देश में 25 सितंबर को चक्का जाम रहेगा। इसमें पंजाब, हरियाणा, यूपी, एमपी छत्तीसगढ़ समेत देशभर के किसान संगठन भाग लेंगे।

किसानों की आत्महत्या का ग्राफ बढ़ा:श्रीनिवास

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास ने कहा कि किसान सड़कों पर हैं। भाजपा की प्रदेश व केंद्र सरकार को किसान, आढ़ती व मजदूर की दहलीज पर घुटने टिकवाकर ही दम लेंगे। नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के साथ ही देश में किसानों की आत्महत्याओं का ग्राफ दोगुना हो गया है।

किसानों को गिरवी रख रही है भाजपा : कृष्णा

अखिल भारतीय युवा कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अलावरू ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों को पूंजीपतियों पास गिरवी रखने का काम कर रही है। किसान प्रदर्शन करते हैं तो उनका सामना देश की सुरक्षा में लगे जवानों से कराया जा रहा है। किसानों पर लाठियां भांजी जाती हैं।

प्रदेश का युवा, किसान वर्ग परेशान है : कुंडू

हरियाणा प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रधान सचिन कुंडू ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी व भाजपा सरकार ने संसद में तीनों अध्यादेश लोकतंत्र के खिलाफ पास कराए हैं। तीनों ही अध्यादेश किसान व देश के विरोध में हैं। प्रदेश का युवा व किसान वर्ग निराश है।

7 डीएसपी की निगरानी में तैनात किए 1000 से ज्यादा पुलिस कर्मचरी

समालखा में 7 डीएसपी की निगरानी में 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए। डीएसपी हैड क्वार्टर सतीश वत्स ने बताया कि उनके अलावा डीएसपी पूजा डावर, डीएसपी संदीप कुमार, डीएसपी नरेश अहलावत समेत अन्य तैनात रहे। एएसपी समालखा पूजा वशिष्ठ, एसडीएम समालखा विजेंद्र हुड्‌डा की निगरानी में पूरी कार्रवाई चली। प्रदर्शनकारियों पर किसी भी सूरत में लाठीचार्ज नहीं करना था। इसके निर्देश पहले ही सभी पुलिस अधिकारियों व कर्मियाें को दिए जा चुके थे। मंगलवार को एसपी मनीषा चौधरी ने सुबह समालखा का दौरा करने के दौरान इन आदेशों से अवगत करवा दिया था। समालखा में जीटी रोड ओवर ब्रिज शुरू होने से पहले ही यूथ कांग्रेस का काफिला रोकना था। इसलिए एसपी मनीषा चौधरी ने मौके पर पहुंच सारी व्यवस्थाएं देखीं।
September 24, 2020

पेपर देने घर से निकला था रोहन, दो दिन बाद शव झाड़ियों में मिला

पेपर देने घर से निकला था रोहन, दो दिन बाद शव झाड़ियों में मिला

रोहतक: राजीव गांधी खेल स्टेडियम के पास एक युवक की तेजधार हथियार से हत्या कर दी गई। युवक का शव बुधवार को झाड़ियों से बरामद हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने कई घंटे की मशक्कत के बाद देर रात मृतक के दोस्त को ही हत्या के आराेप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपित सेना भर्ती की तैयारी करता है। उसके और रोहन के बीच कई बार विवाद हो चुका था। रोहन उसे मारपीट में हरा देता था जिसका बदला लेने के लिए आरोपित ने साजिश के तहत हत्या की।
मामले के अनुसार, कश्मीर सिंह निवासी कथूरा जिला सोनीपत हाल निवासी सेक्टर 4 ने शिकायत दी कि वह एयरफोर्स से सेवानिवृत्त है। उसका छोटा भाई छतीसगढ़ में परिवार के साथ रहता है। वह खेती करता है। उसके पास एक बेटा एक बेटी है। 18 वर्षीय रोहन का 12वीं कक्षा में कंपार्टमेंट आया हुआ है। वह 16 सितम्बर को ही पेपर देने के लिए आया था। 21 सितम्बर को उसे सोरखी हिसार से अपना रोल नम्बर लेना था। वह सुबह नौ बजे बस स्टैंड पर हिसार की बस में बैठाया था। वह न तो सोरखी ही पहुंचा और न ही घर वापस आया। उसका मोबाइल भी इस दौरान बंद हो गया। वह तभी से उसकी तलाश कर रहे हैं। पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। इस दौरान उसका कुछ पता नहीं चल सका।

पुलिस ने देखा शव

बुधवार को पुलिस राजीव गांधी खेल स्टेडियम के पास गश्त कर रही थी। इस दौरान झाड़ियों में एक युवक का शव पड़ा हुआ मिला। सूचना मिलने पर डीएसपी सज्जन कुमार, एफएसएल एक्सपर्ट डाॅ. सरोज दहिया, एसएचओ शमशेर सिंह मौके पर पहुंचे और छानबीन शुरू कर दी। इस दौरान परिवार काे मौके पर बुलाया गया। परिवार ने शव की शिनाख्त रोहन के तौर पर कर ली।
न मोबाइल मिला न बैग
पुलिस ने शव की तलाशी ली। उसके पास न तो बैग मिला और न ही मोबाइल मिला। कुछ रुपये जेब में मिले हैं। पर्स भी नहीं मिला। इसके अलावा उसकी शर्ट फटी हुई मिली जिससे लगता है उसे बचाव के लिए वह हत्यारों से भिड़ गया होगा। पेट, छाती पर तेजधार हथियारों के निशान मिले हैं।

पुलिस ने ये किया खुुलासा-पहले हो चुका था झगड़ा

डीएसपी सज्जन कुमार ने बताया कि हत्याकांड को लेकर पुलिस ने गहनता से जांच की। सीआईए 1 और अर्बन एस्टेट पुलिस की दो टीमें तैयार की गई। जांच के दौरान बस अड्डा व आस-पास के एरिया की सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई। बस अड्डा के पीछे निजी संस्थान पर लगे सीसीटीवी फुटेज में 21 सितंबर को सुबह रोहन मोटरसाइकिल पर सवार दिखा। जिसके पीछे एक अन्य युवक भी बैठा हुआ था। फुटेज के आधार पर पीछे बैठे युवक व मोटरसाइकिल को लेकर छानबीन की गई। युवक की पहचान आकाश निवासी गांव मकड़ौली के रूप में हुई। युवक को शामिल जांच किया गया। पूछताछ में आकाश ने रोहन की हत्या की वारदात को कबूल किया है।

उन्होंने बताया पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों अच्छे दोस्त हैं। 21 सितंबर को रोहन को पेपर का रोल नम्बर लेने के लिए सोरखी (हिसार) जाना था। रोहन का ताऊ कश्मीर सिंह रोहन को बस अड्डा पर छोड़कर गया था। रोहन ने बस में सवार होने की बजाए अपने दोस्त आकाश को बस अड्डा पर बुला लिया। आकाश ने रोहन से कार द्वारा सोरखी जाने की हुई थी। आकाश बाइक पर बस अड्डा के पीछे गेट पर आया। दोनों बाइक पर सवार होकर गाड़ी लेने के लिए चल दिए। राजीव गांधी स्पोर्टस कॉम्प्लेक्स के पास आकाश रोहन को धोखे से झाड़ियों में ले गया। जहां मौका पाकर चाकू से रोहन पर वार कर दिया। रोहन ने बीच बचाव करने के प्रयास किया लेकिन आकाश ने चाकू से चोटें मारकर रोहन की हत्या कर दी। आकाश वारदात के बाइक पर मौके से फरार हो गया।
September 24, 2020

सोनाली फौगाट का नया कांड, अब मंडल अध्यक्ष की धुनाई

सोनाली फौगाट का नया कांड, अब मंडल अध्यक्ष की धुनाई

हिसार : हमेशा चर्चाओं में रहने वाली भाजपा नेत्री सोनाली फौगाट फिर से चर्चाओं में है। इस बार उन पर आरोप है कि उन्होंने अपनी ही पार्टी  के मंडल अध्यक्ष  पर हाथ साफ किया है और पुलिस  तक को भी शिकायत नहीं देने दी है। हालांकि अभी पूरी पिक्चर साफ नहीं हुई है लेकिन इतना तय है कि सोनाली फौगाट के चर्चे फिर से शुरू होने वाले हैं। मार्केट कमेटी सचिव सुल्तान सिंह की पिटाई के वायरल वीडियो के बाद उन पर केस दर्ज हुआ था और वो जमानत पर हैं।
ताजा मामले के अनुसार भाजपा के मंडल अध्यक्ष ने बताया कि वह 19 सितंबर को नेत्री के घर गया था वहां पर पार्टी के नेत्री और पीए दोनों ने उसके साथ मारपीट की और हथियार दिखाकर भी उसे डराया गया। इस मामले में उसने पुलिस को भी शिकायत दी लेकिन पुलिस ने शिकायत ही नहीं ली। मामला पीए के बारे में कुछ कह देने से जुड़ा बताया जा रहा है। उधर सोनाली फौगाट के अनुसार मंडल अध्यक्ष ने उनके खिलाफ थाने में झूठी शिकायत देनी चाही थी जो पुलिस ने नहीं ली। सोनाली ने इस मामले में एक-दो दिन बाद मीडिया के सामने आने की बात कही है।

बार-बार मिल रही थी पैसे मांगने की शिकायतें

इस मामले में सोनाली फौगाट का पक्ष है कि उन्होंने ही उसे मंडल अध्यक्ष बनवाया था और उसने काम करवाने के नाम पर लोगों से पैसे मांगने शुरू कर दिए। इस तरह की काफी शिकायतें बार-बार मिली। बार-बार शिकायतें मिलेन के बाद पार्टी हाईकमान को सूचित किया, लेकिन फिर भी मंडल अध्यक्ष ने अपना काम जारी रखा। जिसको लेकर सोनाली फोगाट के घर पर हो रही एक बैठक के अंदर इसे धमकाया गया और ठीक से हिंदी में समझाया गया। बताया जा रहा है कि मंडल अध्यक्ष ने बैठक में किसी को गंजा कह दिया था। हालांकि अभी दोनों पक्ष ठीक से सामने नहीं आए हैं तो इस मामले में कुछ भी साफ तौर पर नहीं कह जा सकता है कि असली मामला क्या था। दोनों ही पक्ष अभी तो संभलकर बयान दे रहे हैं और पुलिस भी इस मामले में चुप है तो कुल मिलाकर ये सब अफवाहें और कयास ही कहे जा सकते हैं।
September 24, 2020

12 साल के बच्चे ने दो साल के छोटे भाई को मालगाड़ी के आगे खड़ा किया, इमरजेंसी ब्रेक लगाने पर भी इंजन में फंसा बच्चा; खरोंच तक नहीं आई

फरीदाबाद:12 साल के बच्चे ने दो साल के छोटे भाई को मालगाड़ी के आगे खड़ा किया, इमरजेंसी ब्रेक लगाने पर भी इंजन में फंसा बच्चा; खरोंच तक नहीं आई

फरीदाबाद : जाको राखे साइयां, मार सके न कोय। ये कहावत चरितार्थ होने का बुधवार को एक मामला सामने आया। यहां एक 12 साल के बड़े भाई ने 2 साल के छोटे भाई को मालगाड़ी के सामने खड़ा कर दिया। गनीमत यह रही कि लोको पायलट ने दूर से देख लिया और इमरजेंसी ब्रेक लगा दी। ब्रेक लगने के बाद भी बच्चा इंजन के अगले हिस्से में फंस गया, हालांकि उसे बाद में सुरक्षित निकाल लिया गया, उसे कोई चोट नहीं आई। लोको पायलट ने उसके बड़े भाई को पकड़ लिया और फिर उसके परिवार वालों के हवाले किया। घटना बल्लभगढ़ और पलवल के बीच रेलवे ट्रैक की है। लोको पायलट ने आगरा डिविजन को इसकी शिकायत की है।



घटना बुधवार की है। बल्लभगढ़-पलवल रेलवे ट्रैक पर एक मालगाड़ी दिल्ली से आगरा की तरफ जा रही थी। एक 12 साल के बड़े भाई ने अपने 2 साल के छोटे भाई को खेल-खेल में रेलवे ट्रैक पर उस मालगाड़ी के सामने खड़ा कर दिया और खुद दूर खड़ा हो गया। लोको पायलट दीवान सिंह ने इमरजेंसी ब्रेक लगाए तो इसके बाद भी बच्चा इंजन के नीचे फंस गया।

गनीमत यह रही कि बच्चा जहां फंसा था, वहां वह बिल्कुल सुरक्षित था। लोको पायलट दीवान सिंह ने बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाला और उसे व उसके बड़े भाई को उनके परिजनों को सौंप दिया। दीवान सिंह ने इसकी शिकायत आगरा डिविजन में दी है।

Wednesday, September 23, 2020

September 23, 2020

जनसुई हेड के पास हादसा:अम्बाला से पिता का शव घर लाते वक्त बेटे की कार नहर में गिरी, सौतेली मां की मौत, खुद तैर कर बचा

जनसुई हेड के पास हादसा:अम्बाला से पिता का शव घर लाते वक्त बेटे की कार नहर में गिरी, सौतेली मां की मौत, खुद तैर कर बचा

अम्बाला : सोमवार रात को करीब साढ़े 11 बजे अम्बाला के जनसुई हेड के पास नहर में ऑल्टो कार गिरने से 44 वर्षीय जरनैल कौर की मौत हो गई। जबकि करीब 25 वर्षीय सौतेला बेटा सुखबीर सिंह लाडी तैर कर बाहर निकल आया। कार की पिछली सीट पर जरनैल कौर के पति 59 वर्षीय कुलदीप सिंह की लाश पड़ी थी। सुखबीर ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात को पिता कुलदीप को दिल का दौर पड़ा था।
इस्माइलाबाद से पिता व मां को कार में लेकर अम्बाला सिटी के डॉ. संतराम अरोड़ा के अस्पताल में आए थे। डॉक्टर ने कुलदीप को मृत घोषित कर दिया। उसके बाद जब शव लेकर जा रहे थे तो जनसुई हेड के पास अचानक कार के आगे कुत्ता आ गया और कार नहर में गिर गई। नग्गल पुलिस के मुताबिक सुखबीर ने बताया कि वह तैर कर निकल गया था। जरनैल कौर व कुलदीप के शव मंगलवार सुबह निकाले गए।
क्रेन से कार निकाली तो कुलदीप का शव उसी में फंसा था जबकि जरनैल कौर का कुछ दूरी पर बरामद हुआ। एसएचओ धर्मवीर सिंह ने बताया कि मंगलवार को शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल इत्तफाकिया हादसे की कार्रवाई की गई है। यह परिवार मूल रूप से शाहबाद के गांव दामली का रहने वाला है। जो काफी समय से इस्माइलाबाद में रह रहा था। कुलदीप कुछ समय पहले ही बिजली निगम में फोरमैन पद से रिटायर हुए थे। जिन्हें सोमवार रात में हार्ट अटैक आया था। बेटा पहले इस्माइलाबाद लेकर गया था। बाद में पिता को दिखाने के लिए सिटी चला गया था। पिता के शव को पिछली सीट पर रखा हुआ था और बेटा गाड़ी चला रहा था। मां अगली सीट पर बैठी हुई थी।

दूसरे बेटे की छत से गिरकर मौत हुई थी

कस्बे में एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से मातम पसर गया। दुर्घटना में एक बेटा बाल बाल बच गया। पिता की हार्ट अटैक व माता की कार नहर में गिरने के बाद डूबने से मौत हो गई। मंगलवार को गमगीन माहौल में दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ दो चिताओं से हर किसी की आंख नम हो गई। बता दें कि कुछ वर्ष पूर्व इस दंपति के छोटे बेटे की भी हादसे में मौत हो गई थी। सुखबीर सिंह उर्फ लाडी ने बताया कि उसके पिता की सोमवार की रात को अचानक तबीयत खराब हो गई। वह और उनकी मां उन्हें अम्बाला के एक प्राइवेट अस्पताल में ले गए। वहां पर डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे जब अपने पिता के शव लेकर आ रहे थे तो जनसुई हेड के निकट अचानक कार के आगे जानवर आ गया। कार का संतुलन बिगड़ गया। इसके चलते कार नहर में जा गिरी। वह तैरकर किनारे पर आ गया। जबकि उसकी सौतेली मां करीब 44 वर्षीय जरनैल कौर की डूबने से मौत हो गई।

कुलदीप की साढ़े चार माह पहले हुई थी दूसरी शादी

कुलदीप सिंह की पहली पत्नी की कुछ साल पहले मौत हो गई थी। करीब साढ़े चार साल पहले कुलदीप ने जरनैल कौर से दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से दो लड़के सुखबीर सिंह और प्रभजोत सिंह हुए। बताया जाता है कि कुछ साल पहले प्रभजोत की घर की छत से गिरने से मौत हो गई थी। सुखबीर सिंह की करीब साढ़े चार महीने पहले ही शादी हुई थी। कुलदीप की दूसरी पत्नी जरनैल कौर से कोई संतान नहीं थी।
September 23, 2020

कार्रवाई पर घमासान:उद्यमी सचदेवा की अवैध फैक्ट्री बचाने के लिए सांसद-विधायक करते रहे फोन, डीटीपी ने किसी सेे नहीं की बात, चलवा दी जेसीबी

कार्रवाई पर घमासान:उद्यमी सचदेवा की अवैध फैक्ट्री बचाने के लिए सांसद-विधायक करते रहे फोन, डीटीपी ने किसी सेे नहीं की बात, चलवा दी जेसीबी

पानीपत : श्री राम दशहरा कमेटी बरसत रोड प्रधान एवं उद्यमी भीम सचदेवा की फैक्ट्री को अवैध बताकर जिला योजनाकार अधिकारी (डीटीपी) ने मंगलवार को तुड़वा दिया। कार्रवाई के दौरान डीटीपी ने न सांसद संजय भाटिया की सुनी, न ही विधायक  प्रमोद विज और विधायक महिपाल ढांडा की। सरकार के नेता व विभिन्न राजनैतिक दलों के पदाधिकारी डीटीपी को फोन करते रह गए। प्रधान सचदेवा के फोन पर आई कॉल भी डीटीपी ने नहीं सुनी। जब तक विधायक प्रमोद विज, भाजपा नेता एवं उद्यमी तरुण गांधी व कांग्रेसी नेता मुकेश टुटेजा पानीपत पहुंचे तब तक फैक्ट्री तोड़कर तहस नहस कर दी गई थी।
डीटीपी की इस कार्रवाई के विरोध में उद्योगपति सचदेवा समेत अन्य उद्यमियों में रोष है। पानीपत इंडस्ट्रियल एसोसिएशन एवं हरियाणा व्यापार मंडल का कहना है कि कोरोना महामारी में फैक्ट्रियां पहले ही भारी मंदी के दौर से गुजर रही हैं ऐसे में फैक्ट्री मालिकों को आर्थिक रूप की बजाय सरकार व इसके अधिकारी तोड़ने में लगे हैं। विधायक प्रमोद विज का कहना है कि ऐसे अधिकारी को शहर में एक मिनट भी नहीं रहने देंगे।
फैक्ट्री मालिक भीम सिंह सचदेवा का कहना है कि मैंने सीएलयू के लिए अप्लाई किया हुआ है। डीटीपी विभाग ने कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के लिए बोला है। इनमें प्रमुख रूप से जमाबंदी देनी है। इसके लिए तहसील में अप्लाई नहीं हो पाया, क्योंकि कोरोना महामारी चली हुई है। डीटीपी ने अकेले मुझे ही टारगेट बनाया है, क्योंकि मैं विधायक महिपाल ढांडा का आदमी हूं।

अधिकारी ने सरकार को बदनाम किया : चुघ

हरियाणा व्यापार मंडल के युवा प्रदेशाध्यक्ष राकेश चुघ का कहना है कि फैक्टरियों का तोड़ा जाना किसी भी सूरत में सहन नहीं किया जाएगा। पानीपत डीटीपी जानबूझकर ईमानदार सरकार को बदनाम करने का काम कर रहा है। ऐसे अधिकारी का पानीपत में रहना सही नहीं है। उसके तबादले को लेकर शहर के उद्यमी बुधवार को शहरी विधायक प्रमोद विज से मिलेंगे। यदि प्रदेश सरकार ने डीटीपी का जल्द ही तबादला नहीं किया तो शहर के उद्यमी सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। इस तरह से अफसरशाही को नहीं चलने देंगे।
10 बार कॉल किया, डीटीपी ने एक बार भी फोन नहीं उठाया, यह अच्छी बात नहीं : विज
विधायक विज का कहना है कि डीटीपी को मैंने कई फोन किए। मैंने भीम सचदेवा के फोन पर काॅल की। अधिकारी ने मेरा भी फोन सुनने से मना कर दिया। सांसद संजय भाटिया व विधायक महिपाल ढांडा ने भी फोन किए, फिर भी कार्रवाई नहीं रोकी। विज का कहना है कि ऐसे अधिकारी को पानीपत में नहीं रहने देंगे। विज ने कहा कि मैंने और विधायक ढांडा ने सीएम से मुलाकात कर मांग की थी कि जो फैक्ट्रियां पूरी बन चुकी हैं या निर्माणाधीन हैं उन्हें रेगुलाइज किया जाए। जब तक रेगुलाइज नहीं हो जाती, तब तक तोड़ा न जाए। मैंने खुद डीटीपी को 10 बार फोन किए लेकिन उसने नहीं उठाए। यह डीटीपी के लिए अच्छी बात नहीं है। मैं इस अधिकारी से पूछना चाहता हूं कि इसे अगर विधायक से बात नहीं करनी तो किससे करनी है।

फाइल दिखाई,लेकिन नहीं देखी :सचदेवा

उद्यमी भीम सिंह सचदेवा का कहना है कि 7 माह पहले दोनों विधायकों ने भरोसा दिलाया था कि शहर में कोई भी फैक्ट्री नहीं तोड़ने दी जाएगी। मैंने सीएलयू के लिए आवेदन किया हुआ है। कोविड के चलते तहसील से जमाबंदी नहीं मिल पाई है। मैंने आवेदन फाइल भी दिखाई, लेकिन नहीं देखी। मैं सरकार से पूछना चाहता हूं कि फैक्ट्री में काम करने वाले ये लोग कहां जाएंगे। यहां काम करने वाले रोटी कहां से खाएंगे।

कई नोटिस दिए, जवाब नहीं आया : डीटीपी

यह फैक्ट्री अवैध थी तो तोड़ी है। इसके आसपास बनी कॉलोनियां भी अवैध है। यहां पर कॉलोनी का नाम कुछ नहीं है। यहां पर कुछ फैक्ट्रियां भी अवैध हैं। फैक्ट्री मालिक को हमने कई बार नोटिस दिए, लेकिन उसका कोई जवाब नहीं आया। हमने विभागीय कार्रवाई की है। अवैध फैक्ट्रियों या कॉलोनियों पर कार्रवाई जारी रहेगी। -ललित कुमार, डीटीपी, पानीपत।
September 23, 2020

स्कूल खुलने का दूसरा दिन बच्चों की संख्या हुई आधी

स्कूल खुलने का दूसरा दिन बच्चों की संख्या हुई आधी

भिवानी: प्रदेश में छह  महीने  बाद खुले स्कूलों में लगातार दूसरे दिन भी विद्यार्थी आए। हैरानी की बात ये रही कि पहले दिन के मुकाबले दूसरे दिन विद्यार्थियों की संख्या आधी  रह गई। भिवानी में जहां पहले दिन 133 बच्चे स्कूल पहुंच थे वहीं दूसरे दिन मात्र 67 बच्चों ही पहुंचे यानि की बच्चों की स्ट्रैंथ आधी रह गई। स्कूलाें में मास्टर जी बच्चों का इंतजार करते रहे, लेकिन प्रदेश में जहां-जहां स्कूली छात्र पहुंचे, वहां शिक्षकों ने पूरी सतर्कता बरती। मंगलवार को भी स्कूल में बच्चों की एंट्री करवाने से पहले उनका थर्मल स्क्रीनिंग से तापमान जांचा, हाथो को स्निटाइज किया गया उसके बाद स्कूल में एंट्री करवाई।

सोनीपत में शिवा शिक्षा सदन में स्कूल में दो दिनों में 162 विद्यार्थी परामर्श लेने के लिए स्कूल पहुंचे। इनमें सोमवार को जहां 76 विद्यार्थी स्कूल में आए, वहीं मंगलवार को 86 विद्यार्थी स्कूल पहुंचे। बच्चों को कोरोना संक्रमण से बचाने के लिए स्कूल प्रबंधन द्वारा पुख्ता प्रबंधन किए गए थे।
स्क्रीनिंग और हैंड सेनिटाइजिंग कर किया प्रवेश

उचाना। शिक्षा निदेशक डा. जितेंद्र कुमार ने बताया कि पूरे संस्थान को हपले सेनिटाइज करवाया गया है। कार्यवाहक प्राचार्य रणधीर शास्त्री ने बताया कि सभी विद्यार्थियों, स्कूल स्टॉफ को फेस मास्क पहनना अनिवार्य है। सभी विद्यार्थियों को घर से पानी की बोतल लाने के निर्देश दिए गए है। समय-समय पर हैंडवॉश करने के लिए सेनिटाइजर एवं साबुन की व्यवस्था की गई है। सोशल डिस्टेसिंग का विशेष रूप से पालन किया जा रहा है।

बच्चों की सुरक्षा के दिखे स्कूलों में व्यापक प्रबंध

बढ़ती महामारी को देखते हुए अभी बच्चों को स्कूल भेजने के लिए अभिभावकों में बच्चों की सुरक्षा को लेकर जहां डर है, उसका मंगलवार को भी असर देखने को मिला। अभिभावकों ने बच्चों को कम स्कूल भेजने में कम ही रूचि दिखाई, परिणाम यह रहा कि बच्चे विद्यालयों में पहुंचे हैं। वहीं दूसरी ओर स्कूल प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यापक प्रबंध किए हुए थे। ताकि अभिभावकों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया जाए। स्कूल प्रबंधन की ओर से पहले दिन किए व्यापक सुरक्षा के प्रबंध दूसरे दिन कम असरदार दिखे। परिणाम यह रहा कि दूसरे दिन स्कूलों में बच्चों की संख्या घटकर आधी रह गई। 
September 23, 2020

हांसी में डीएसपी और चेयरमैन भिड़े:चेयरमैन बोले- डीएसपी ने गाली दी, एफआईआर की धमकी भी, डीएसपी ने अभद्र भाषा बोलने की शिकायत दी

हांसी में डीएसपी और चेयरमैन भिड़े:चेयरमैन बोले- डीएसपी ने गाली दी, एफआईआर की धमकी भी, डीएसपी ने अभद्र भाषा बोलने की शिकायत दी

हांसी : नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में स्टेटस रिपोर्ट लेने के लिए आए विमुक्त घुमंतू जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन डॉ. बलवान सिंह ने डीएसपी धर्मबीर सिंह पर गाली-गलौज व जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। चेयरमैन का कहना है कि जब उन्होंने डीएसपी से कहा जब उन्होंने मामले की स्टेटस रिपोर्ट जाननी चाही तो डीएसपी धर्मबीर सिंह ने उनके साथ गाली-गलौज की और केस दर्ज करने की धमकी दी। वहीं, डीएसपी का कहना है कि चेयरमैन ने उन्हें धमकी दी व गलत भाषा का प्रयोग किया।
मामले के बाद विमुक्त घुमंतु जाति विकास बोर्ड के चेयरमैन बलवान सिंह ने रेस्ट हाउस में पत्रकार वार्ता की। उन्होंने कहा कि वह शहर की एक काॅलोनी में 14 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म मामले में जानकारी लेने के लिए आए थे। दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने 1 महीना पहले मामला दर्ज किया था। इसमें अभी तक गिरफ्तारी नहीं हुई। 5 आदमी नामजद हैं और मामला महिला थाना में दर्ज है। वह मामले में स्टेट्स रिपोर्ट लेने के लिए आए थे व डीएसपी धर्मबीर से मिले। चेयरमैन के अनुसार डीएसपी ने उन्हें कहा कि डीएनए टेस्ट की रिपोर्ट आएगी तो गिरफ्तारी करेंगे, उससे पहले किसी को गिरफ्तारी नहीं करेंगे।
उन्होंने कहा कि डीएसपी से मामले में गिरफ्तारी की रिक्वेस्ट की और कहा कि सभी की बेटी बराबर होती है कल को ऐसा किसी की बेटी के साथ भी हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस बात पर डीएसपी भड़क गए और उन्हें धमकी देने लगे। उनके साथ गाली-गलौज किया और कहा कि वह उन पर मुकदमा दर्ज करवा देंगे।
उन्हें ऑफिस से जाने के लिए कहा। चेयरमैन ने कहा कि जब ऑफिस से बाहर आए तो 3-4 पुलिसकर्मी उनके पास आए और उन लोगों ने भी धमकी दी। चेयरमैन बलवान सिंह ने कहा कि वह इस मामले में गृह मंत्री अनिल विज से मिलेंगे और आईजी से मिलेंगे। उनकी मांग है कि डीएसपी धर्मबीर के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए और उन्हें सस्पेंड किया जाए। डीएसपी ऑफिस के बाहर जिन पुलिसकर्मियों ने उन्हें धमकी दी, उन पर भी कार्रवाई हो। नाबालिग से दुष्कर्म के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी हो।

महिला आयोग तक भी पहुंच चुका है मामला

शहर की एक काॅलोनी में 14 वर्षीय नाबालिग के साथ उसकी बुआ के बेटे व अन्य ने दुष्कर्म किया। वह कई दिनों तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा व जान से मारने की दी। जब नाबालिग को पेट में दर्द हुआ तो परिजन उपचार के लिए अस्पताल में लेकर गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें बताया कि नाबालिग गर्भवती है। 8 महीने की गर्भवती होने पर परिजनों को इसका पता चला। मामले में पंचायत हुई तो नाबालिग के फूफा ने कहा कि वह अपने बेटे के साथ विवाह करवा देगा। बाद में मना कर दिया। जिस पर पुलिस में शिकायत दी गई। पुलिस ने मामले में नाबालिग की मां की शिकायत पर उसके फूफा, फूफा के बेटे व बेटी व अन्य के पिछले महीने खिलाफ विभिन्न धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। मामला महिला आयोग तक भी पहुंच चुका है। महिला आयोग ने मामले में जांच जल्द करने के लिए कहा था। इसको लेकर परिजनों द्वारा पुलिस पर पहले भी ढीली कार्रवाई का आरोप लगाया गया।

आठ माह की गर्भवती है नाबालिग

पीड़ित नाबालिग गर्भवती है। उसकी डिलीवरी का समय नजदीक है। नाबालिग अस्पताल में दाखिल है। चेयरमैन बलवान सिंह का कहना है कि परिजनों द्वारा उसे अपने स्तर पर दाखिल करवाया गया है। पुलिस प्रशासन की तरफ से कोई मदद नहीं मिल रही। उन्होंने ऑनर किलिंग होने का अंदेशा भी जताया।
डीएसपी ने दी है शिकायत : एसपी
डीएसपी धर्मबीर सिंह ने चेयरमैन बलवान सिंह के खिलाफ शिकायत दी है। शिकायत में उन्होंने चेयरमैन पर बदतमीजी करने और आपत्तिजनक शब्द प्रयाेग करने की बात कही है। चेयरमैन की तरफ से कोई शिकायत नहीं आई है। -लोकेंद्र सिंह, एसपी, हांसी।
September 23, 2020

जुनून:लॉकडाउन का पंचिंग बॉय, 1 मिनट में 500 बॉक्सिंग पंच मार बनाया एशिया बुक रिकॉर्ड, दो महीने की थी प्रैक्टिस

जुनून:लॉकडाउन का पंचिंग बॉय, 1 मिनट में 500 बॉक्सिंग पंच मार बनाया एशिया बुक रिकॉर्ड, दो महीने की थी प्रैक्टिस

सोनीपत : विपरीत परिस्थिति को अवसर में बदलने का यह उदाहरण है। मूलरूप से बिधल गांव के और अब अशोक विहार कॉलोनी में रह रहे 7 वर्षीय बच्चे मॉर्टिन मलिक ने लॉकडाउन के दो महीनों में बॉक्सिंग पंच मंगवाकर खूब प्रेक्टिस की। अब वे इंडिया ही नहीं एशिया के ऐसे पंचिंग बॉय बन गए हैं जिसने 1 मिनट में 500 से अधिक पंच लगाने का रिकॉर्ड बनाया है। पहले इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और अब एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में मार्टिन नाम दर्ज हुआ है।
एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की तरफ से उन्हें सर्टिफिकेट और मेडल भेजा गया है। इससे पहले दो सितंबर को इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स में उसका नाम दर्ज हुआ था। सुभाष स्टेडियम में बच्चा सत्येंद्र कुमार फेंसिंग प्रशिक्षक के पास प्रशिक्षण एवं जर्नल फिटनेस का प्रशिक्षण प्राप्त करता है। मंगलवार को मार्टिन मलिक को जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी रमेश कुमार हुड्डा ने मेडल पहनाकर आशीर्वाद दिया। कार्यालय में कार्यरत सरोज, माया देवी, मंजू देवी, पंकज कुमार, विकास कुमार, सीनियर कुश्ती प्रशिक्षक राज सिंह छिकारा, सुनील कुमार फुटबॉल प्रशिक्षक एवं सत्येंद्र कुमार मौजूद रहे।

लॉकडाउन में ही की पहली शुरुआत

बच्चे मार्टिन के पिता संजय मलिक ने बताया कि लॉक डाउन के बाद सब घर पर एक तरह से बंद हो गए थे। बच्चे तनाव तनाव में चिड़चिड़ा ना हो जाए इसके लिए उन्होंने बच्चे के मांगने पर बॉक्सिंग के पंचिंग ग्लॉब्ज ला कर दिए। प्रेक्टिस करने के लिए पूरा सेट लगाया गया। मार्टिन हर दिन बॉक्सिंग पंच लगाकर प्रेक्टिस करता था। एक दिन वह देखकर हैरान रह गए कि उसकी पंचिंग स्पीड बहुत तेज थी। इस पर उन्होंने पंचिंग को रिकॉर्ड किया तो 1 मिनट में वह 500 से अधिक पंच लगा रहा था।

ऑनलाइन भेजी डिटेल

एशिया बुक टीम की तरफ से वीडियो तैयार करवाई गई। जरूरी डिटेल ली गई और ऑनलाइन पंचिंग भी देखी। इसके बाद अब एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स की तरफ से मेडल और सर्टिफिकेट भेजा गया है। मार्टिन के पिता संजय मलिक भी नेशनल एथलीट रहे हैं। 100 मीटर दौड़ में वे नेशनल मेडल हासिल कर चुके हैं।
रिकाॅर्ड
मार्टिन मलिक ने एक मिनट में 500 पंच लगाए हैं, जो अब तक का रिकाॅर्ड है। इससे पहले उत्तर प्रदेश निवासी 35 वर्षीय विनोद राणा था। जिन्होंने एक मिनट में 360 पंच लगाए।