Breaking

Thursday, September 10, 2020

September 10, 2020

राम रहीम के अस्पताल की नर्सों का वीडियो वायरल, बैड के नीचे लगी दिखाई चिप

राम रहीम के अस्पताल की नर्सों का वीडियो वायरल, बैड के नीचे लगी दिखाई चिप

सिरसा : सिरसा के डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरुमीत राम रहीम इंसा के जन्म स्थान गुरुसर मोडिया में बने अस्पताल की लड़कियों की एक वीडियो तेजी से वायरल हो रही है। ये लड़कियां खुद को शाह सतनाम अस्पताल की नर्सें बता रही है और वीडियो के जरिये इंसाफ मांगा है।

वायरल वीडियो में लड़कियां बता रही है कि उनके साथ ज्यादती हो रही है और उनके साथ यहां पर छेड़खानी होती है। इतना ही नहीं लड़कियों ने कमरे में बैड के नीचे लगी चिप को भी दिखाया है, जिसमें उनकी बातों को रिकॉर्ड करने की बात कही है।
लड़कियों ने वीडियो के अंदर बाथरुम में भी रिकॉर्डिंग करने के आरोप लगाए हैं। वहीं लॉकडाउन के दौरान उन्हें जबरन रखने और एफिडेविट पर साइन करवाने के आरोप लगा रही है।
वायरल हुई वीडियो में पांच लड़कियां दिखाई दे रही है जो खुद को नर्स बता रही है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि पांचों लड़कियां काफी डरी सहमी हुई है और लगातार अस्पताल प्रबंधन और होस्टल मैनेंजमेंट पर आरोप लगा रही है।

लड़कियों ने बैड के नीचे लगी चिप को वीडियो के जरिये दिखाया और बताया कि यह चिप ऑन है। इससे पहले इस प्रकार की चिप बाथरुम में भी लगी मिली थी। उन्होंने कहा कि उनकी रिकॉर्डिंग की जा रही है।
बताया जा रहा है कि वीडियो वायरल होने के बाद सूरतगढ़ सदर थाना एसएचओ मौके पर पुहंचे और लड़कियों ने पैन ड्राइव दी है, जो उनको मौके पर मिली है। इसके बाद जांच की जा रही है वहीं लड़कियों के बयान भी दर्ज किये गए हैं।
September 10, 2020

विभाग ने मुख्यमंत्री को भेजी फाइल:असिस्टेंट प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर को मिलेगा ग्रुप ए अधिकारी का दर्जा

विभाग ने मुख्यमंत्री को भेजी फाइल:असिस्टेंट प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर को मिलेगा ग्रुप ए अधिकारी का दर्जा

चंडीगढ़ : कॉलेजों के असिस्टेंट प्रोफेसरों और एसोसिएट प्रोफेसर के आईएएस बनने में आ रही दिक्कत अब समाप्त की जाएगी। विभाग की ओर से इस मामले को लेकर फाइल मुख्यमंत्री को भेजी है, ताकि ग्रुप ए का दर्जा मिलने के बाद नॉन एचसीएस से आईएएस बनने की प्रक्रिया में बाधा न आए। पिछले माह हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) द्वारा नॉन एचसीएस से आईएएस चयन प्रक्रिया के अंतर्गत शॉर्टलिस्टिंग के लिए आयोजित स्क्रीनिंग परीक्षा की गई, लेकिन असिस्टेंट प्रोफेसरों और एसोसिएट प्रोफेसर के ग्रुप ए का दर्जा न मिलने पर शामिल कर लिया गया।
चयन प्रक्रिया में केवल राज्य सरकार के ग्रुप ए अधिकारी ही योग्य हैं, जिनकी न्यूनतम 8 वर्ष की नियमित क्लास-1 सेवा हो चुकी हो। हरियाणा के राजकीय कॉलेजों में कार्यरत वरिष्ठ लेक्चरर को कई वर्षों पूर्व असिस्टेंट प्रोफेसर और एसोसिएट प्रोफेसर का पदनाम दिया गया, लेकिन कानूनी एवं आधिकारिक रूप में सरकार के क्लास-1 अर्थात ग्रुप-ए अधिकारी नहीं है, क्योंकि आज तक इन पर लागू होने वाले सेवा नियमोंं में इनके ग्रुप-बी वर्ग का ही उल्लेख है।
हाईकोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार ने इस विषय पर 10 अगस्त को उच्च शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव अंकुर गुप्ता और विभाग के महानिदेशक अजित बालाजी जोशी आदि को अलग अलग ईमेल याचिकाएं भी भेजी थीं, जिसके जवाब में अब उन्हें सूचित किया कि उनके द्वारा नॉन एचसीएस से आईएएस चयन प्रक्रिया में कॉलेज प्रोफेसरों की योग्यता पर जो सवाल उठाए गए एवं जो बताया गया, उस संबंध में मिसल (फाइल ) सेवा नियमों में संशोधन के लिए मुख्यमंत्री को प्रस्तुत कर दी गयी है।
September 10, 2020

सात माह से पीजीआई में बंद पड़ी है सीटी स्कैन मशीन, रोजाना 50 से ज्यादा मरीज निजी सेंटर में करा रहे जांच

सात माह से पीजीआई में बंद पड़ी है सीटी स्कैन मशीन, रोजाना 50 से ज्यादा मरीज निजी सेंटर में करा रहे जांच

रोहतक : पीजीआईएमएस के रेडियोलॉजी विभाग के रूम नंबर 21 में रखी करीब 17-18 साल पुरानी सीटी स्कैन मशीन सात माह से बंद है। रोहतक सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले गंभीर मरीजों को सीटी स्कैन मशीन पर जांच की सुविधा नहीं मिल पा रही है। 24 घंटे के अंतराल में इमरजेंसी विभाग व ओपीडी से औसतन 60 से ज्यादा मरीजों के परिजन सीटी स्कैन की जांच के लिए न्यू ओपीडी ब्लॉक में संचालित निजी सेंटर पर पहुंच रहे हैं।
रूम नंबर 21 में रखी सीटी स्कैन मशीन यदि चालू होती तो मरीजों को महज ढाई सौ और पांच सौ रुपए में जांच की सुविधा मिल जाती और जिन्हें सुविधा मिल भी रही है उन्हें आठ से 10 दिन की वेटिंग का इंतजार न करना पड़ता। निजी सेंटर पर मरीजों को रियायती दर के बावजूद दो से पांच हजार रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं। ऐसा नहीं है कि रेडियोलॉजी विभाग में सीटी स्कैन मशीन बंद होने की जानकारी पीजीआईएमएस डायरेक्टर डॉ. रोहतास यादव और विभाग की हेड डॉ. सरिता मग्गू को भी है।
यूएचएस कुलपति डॉ. ओपी कालरा पिछले माह में हुई बैठकों में भी सीटी स्कैन मशीन बंद होने के बाबत जवाब तलब कर चुके हैं। लेकिन इस सबके बावजूद पीजीआई प्रशासन ने मशीन संचालन शुरू कराने के लिए प्रयास नहीं किए। लिहाजा मरीजों को निजी सेंटर में सीटी स्कैन जांच के लिए जेब ढीली करनी पड़ रही है। इस बाबत पीजीआई डायरेक्टर कार्यालय के अधिकारी से बात की गई तो उन्होंने कोरोना महामारी में अधिकारियों के व्यस्त होने की वजह से नई मशीन की खरीद न किए जाने का तर्क दिया। रेडियोलॉजी विभाग की हेड डॉ. सरिता मग्गू ने इस बाबत कुछ भी कहने से मना कर दिया। अब ऐसे में सवाल यह है कि आखिरकार प्रदेश की जनता को सरकारी जांच सुविधा से कब तक वंचित रहना पड़ेगा।
करनाल-चंडीगढ़ में नहीं इलाज, अब पीजीआई में जेब ढीली करनी पड़ रही
पानीपत निवासी राजपाल ने बताया कि उनके 75 वर्षीय पिता को पैरालिसिस का अटैक पड़ा है। करनाल, चंडीगढ़ सहित कई शहरों के अस्पतालों में इलाज कराया लेकिन राहत नहीं मिली। पीजीआई में चिकित्सक ने ब्रेन सीटी स्कैन की जांच कराने को कहा। वो पिता को स्ट्रेचर पर लिटाकर पहले रेडियोलॉजी विभाग में ले गए यहां पर उन्हें सीटी स्कैन मशीन बंद होने का पता चला। कर्मचारियों ने उन्हें न्यू ओपीडी में जाकर सीटी स्कैन करवाने की सलाह दी। वो स्ट्रेचर खींचते हुए पिता को न्यू ओपीडी में संचालित निजी सेंटर में ले गए और शाम तक सीटी स्कैन जांच कराने के लिए नंबर आने का इंतजार करते रहे।
छाती में दर्द के लिए इलाज कराने आया, सीटी स्कैन के लिए निजी सेंटर में भेज दिया
दिल्ली रोहिणी निवासी 55 वर्षीय विनोद ने बताया कि वो उसकी छाती में दर्द की शिकायत है। पीजीआई में चिकित्सकों ने सीटी स्कैन सहित अन्य कई जांचें लिखी। सीटी स्कैन कराने को पुरानी इमरजेंसी ब्लाॅक के रूम नंबर 21 में पहुंचे तो यहां पर जांच न होने का पता चला। वहां से बताया गया कि जल्दी सीटी स्कैन कराना है तो न्यू ओपीडी ब्लाॅक में चले जाओ। वहां भी नंबर में देरी थी तो प्राइवेट सेंटर में जांच करानी पड़ी।
सीटी स्कैन मशीन बंद होने पर निजी सेंटर में जाकर जांच कराने को कहा 2 हजार रुपए लगेंगे
झज्जर के किसान राजकुमार ने बताया कि उसकी तीन बेटियां हैं। एक 12 साल की बेटी को फीवर, आंखों में सूजन और उल्टियां आ रही हैं। झज्जर से चिकित्सकों ने पीजीआई रेफर किया। यहां इमरजेंसी विभाग में चिकित्सक ने सीटी स्कैन लिख दिया। रेडियोलॉजी विभाग में कर्मचारी ने सीटी स्कैन मशीन बंद होने की बात कहते हुए न्यू ओपीडी में भेजा। न्यू ओपीडी में पहुंचे तो यहां पर निजी सेंटर में रियायती दर पर सीटी स्कैन का शुल्क दो हजार रुपए के करीब बताया गया।
अनुबंधित डायग्नोस्टिक सेंटर में करीब ढाई साल में एक लाख से ज्यादा हुई एमआरआई व सीटी स्कैन
न्यू ओपीडी ब्लाॅक में पीपीपी मॉडल पर संचालित निजी सेंटर के अधिकारी ने बताया कि सरकारी अनुबंध के तहत मरीजों को रियायती दर पर एमआरआई व सीटी स्कैन की जांच की जाती है। इस सेंटर की ओर से करीबन ढाई साल में अब तक एक लाख से ज्यादा मरीजों को सीटी स्कैन और एमआरआई जांच की सुविधा दी जा चुकी है। उन्होंने बताया कि ओपीडी ब्लॉक के ग्राउंड फ्लोर पर 24 घंटे जांच सुविधा दी जा रही है। मरीजों को दो से तीन दिन में रिपोर्ट दे दी जाती है। उन्होंने बताया कि सीटी स्कैन में कंट्रास्ट में उपयोग किया जाने वाला केमिकल महंगा पड़ता है। फिर भी रियायती दर पर वर्तमान समय में रोजाना 90 के करीब मरीजों को एमआरआई और सीटी स्कैन जांच की जा रही है।
September 10, 2020

45 हजार लेकर की भ्रूण लिंग जांच, 2 दलाल पकड़े

45 हजार लेकर की भ्रूण लिंग जांच, 2 दलाल पकड़े

अम्बाला : स्वास्थ्य विभाग अम्बाला और कुरुक्षेत्र की संयुक्त टीम ने बुधवार को भ्रूण के लिंग जांच से जुड़े इंटर स्टेट रैकेट का भंडाफोड़ कर महिला समेत 2 दलालाें काे पकड़ा है। डिकॉय गर्भवती महिला व इन्फाॅर्मर के साथ जंडली की दलाल सुनीता ने 45 हजार रुपए में लिंग जांच कराने का सौदा किया था। जिसमें 15 हजार रुपए 2 सितंबर को एडवांस दिए थे। 30 हजार रुपए बुधवार सुबह लिंग जांच के लिए चलने से पहले दिए। सुनीता पंजाब के पटियाला के महताबगढ़ के रहने वाले दलाल जसदेव सिंह की गाड़ी में डिकॉय महिला काे लेकर पंजाब गई। रास्ते में इन्फाॅर्मर व महिला का मोबाइल बंद करवाया और इन्फाॅर्मर को पटियाला ही उतार दिया।
संगरूर में धूरी कस्बे के आसपास एक घर में अल्ट्रासाउंड से लिंग जांच कराई। टीम ने आते वक्त महिला व पुरुष दलाल को सदर थाना एरिया की सीमा में घनौर रोड पर दबोच लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पटियाला में इन लोगों ने अपनी गाड़ी बदली थी और वहां से जसदेव का पटियाला में रहने वाला बेटा तरणजीत सिंह व बहू प्रदीप कौर इनके साथ गए। लिंग जांच करने वाला डॉक्टर महिला प्रदीप कौर के ही कांटेक्ट में था। आरोपियों के खिलाफ सदर थाना में पीएनडीटी एक्ट में केस दर्ज कराया गया है। जो राशि दी गई थी उसमें से दो हजार का नोट बरामद हुआ है।
टीम को लीड कर रही पीएनडीटी अधिकारी एवं डिप्टी सिविल सर्जन डाॅ. बलविंद्र कौर के मुताबिक स्थानीय डॉक्टरों की पहचान आसानी से हो जाती, इसलिए कुरुक्षेत्र की टीम को आगे किया गया। अम्बाला की टीम में डॉ. बलविंद्र कौर के अलावा डॉ. हितार्थ मार्कण्डेय शामिल थे। वहीं, कुरुक्षेत्र की टीम में डॉ. केके सहाय, डॉ. गौरव व डॉ. ऋषि को शामिल किया गया था।
वहीं, जिस इन्फाॅर्मर व डिकॉय महिला के जरिए जाल बिछाया गया वे दोनों पिहाेवा के रहने वाले हैं। इन्फाॅर्मर के जरिये लक्ष्मी नगर की महिला दलाल से संपर्क साधा गया। जिसने 45 हजार रुपए में बात पक्की करते हुए पेशगी ली थी। इससे पहले यह पूरा मामला डीसी अम्बाला व सिविल सर्जन अम्बाला के संज्ञान में लाया गया था।
सब कुछ फिल्मी अंदाज में हुआ, फिर भी पकड़े गए
स्वास्थ्य विभाग की टीमें डिकॉय महिला व इन्फाॅर्मर की ट्रैकिंग कर रहीं थी। दूसरी तरफ दलाल सुनीता डिकॉय महिला व इन्फाॅर्मर को जलबेहड़ा रोड व आसपास के इलाके में ही भटकाती रही। पहले अम्बाला में ही लिंग जांच कराने की योजना थी। बाद में पंजाब का दलाल इन सभी को अपनी स्विफ्ट गाड़ी में बिठाकर तेजी से निकल लेता है। इन्फाॅर्मर व डिकॉय महिला के फोन बंद कराने से टीम के लिए ट्रैकिंग मुश्किल हो गई और संपर्क टूट गया। डॉ. बलविंद्र के मुताबिक पटियाला में इन लोगों ने इन्फाॅर्मर महिला को दुख निवारण साहिब गुरुद्वारा में उतारकर इंतजार करने को कहा और निकल लिए।
जहां से जसदेव अपने बेटे व बहू के साथ दूसरी गाड़ी से डिकॉय महिला को लेकर संगरूर में धूरी की तरफ ले गया। वहां लिंग जांच कराते हुए गर्भ में लड़की बताई और डिकॉय को गर्भपात कराने का भरोसा भी दिया। बाद में इन लोगों ने इन्फाॅर्मर को फोन किया कि वे उसे लेने आ रहे हैं। इन्फाॅर्मर ने इससे पहले टीम को सूचित कर दिया। जिसके बाद इनकी ट्रैकिंग शुरू कर दी। शंभू बाॅर्डर व घनौर रोड पर एक-एक टीम थी। डॉ. बलविंद्र कौर के मुताबिक जब वे घनौर की तरफ से आए तो उसने गाड़ी इनके आगे खड़ी कर पुलिस की मदद से महिला व पुरुष दलाल को पकड़ लिया। डॉ. बलविंद्र कौर के मुताबिक जो महिला दलाल पकड़ी है वह बताती है कि दोखंभा चौक के पास एक निजी अस्पताल में काम करती रही है। जो स्विफ्ट इस्तेमाल हुई वह जसदेव के नाम से रजिस्टर्ड है।
September 10, 2020

हाईप्रोफाइल गैंगरेप मामला:पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम, जांच टीम पर केस दर्ज करने की मांग

हाईप्रोफाइल गैंगरेप मामला:पुलिस को दो दिन का अल्टीमेटम, जांच टीम पर केस दर्ज करने की मांग

करनाल : हाईप्रोफाइल गैंगरेप मामले में आरोपी स्कूल संचालक, प्रिंसिपल और तहसीलदार की गिरफ्तारी के लिए ब्राह्मण समाज एकजुट हो गया है। गुरुवार को ब्राह्मण धर्मशाला में आयोजित जिला करनाल ब्राह्मण सभा के पदाधिकारियों ने प्रशासन को शुक्रवार तक का अल्टीमेटम दिया है। शुक्रवार तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो दोपहर को सड़कों पर प्रदर्शन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी प्रशासन और प्रदेश सरकार की होगी।
सभा के जिला प्रधान सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि पीड़ित ब्राह्मण समाज से है और उस पर झूठे आरोप लगे हैं। पहली बार देखा जा रहा है कि गैंगरेप के आरोपियों की गिरफ्तारी के बजाए उन्हें सेफ रखा जा रहा है। तहसीलदार को सस्पेंड करने की बात दूर उसे सीट से हटाया तक नहीं है। आरोपी लगातार पुलिस से मिलीभगत करके पीड़िता पर दबाव बना रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस टारगेट करके कार्रवाई कर रही है। जुलाई में गठित की गई एसआईटी की जांच सितंबर तक पूरी नहीं हुई। विधायक के लड़के शिव गोंदर ने पुलिस पर 25 से 30 लाख रुपए देने का आरोप लगाया तो पुलिस ने इस केस की जांच करने से ही इंकार कर दिया। आईजी भारती अरोड़ा ने कैथल पुलिस को जांच सौंप दी है, लेकिन आरोपियों की गिरफ्तारी सबसे पहले होनी थी।
जिला प्रधान सुरेंद्र शर्मा बड़ौता ने लगभग डेढ़ घंटा चली मीटिंग में उक्त मामले में पुलिस द्वारा अब तक की गई कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा की। सभा के प्रतिनिधियों, सदस्यों व ब्राह्मण समाज के लोगों ने कहा कि पुलिस प्रशासन के कारण पीड़ित महिला मानसिक तौर पर भी तनाव में आ गई है। रसूखदार लोगों को पुलिस ने बचाने की साजिश रची है। मीटिंग में कहा गया कि मामले की जांच के लिए जो एसआईटी गठित की गई थी उसके सभी सदस्यों के खिलाफ केस दर्ज किया जाए। जिला प्रधान सुरेंद्र शर्मा ने कहा कि महिला को न्याय दिलवाकर रहेंगे। आरोपियों को जेल की सलाखों के पीछे जाना ही होगा। मीटिंग में जिला प्रधान ने सभी ब्लाॅक अध्यक्षों, कार्यकारिणी सदस्यों व कॉलेजियम सदस्यों को ड्यूटियां सौंपी।
September 10, 2020

धोखाधड़ी:गैस एजेंसी के नाम पर रिटायर्ड सेना अधिकारी से 24. 85 लाख ठगे, रिटायरमेंट के बाद बिजनेस करना चाहता था पीड़ित

धोखाधड़ी:गैस एजेंसी के नाम पर रिटायर्ड सेना अधिकारी से 24. 85 लाख ठगे, रिटायरमेंट के बाद बिजनेस करना चाहता था पीड़ित

फतेहाबाद : सेना से रिटायर्ड जूनियर कमिश्नर गांव चौबारा निवासी सुरेश कुमार से गैस एजेंसी दिलवाने के नाम पर 24 लाख 85 हजार रुपये ठग लिये। सुरेश कुमार 28 फरवरी 2020 को ही सेना में जेसीओ पद से सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृति पर उन्हें आर्मी फंंड, एजीआई फंंड, ग्रेच्युटी आदि से करीब 45 लाख रुपए मिले थे।
वह रिटायरमेंट के बाद कारोबार करना चाहते थे। उन्होंने गैस एजेंसी लेने को लेकर वेबसाइट की मदद ली, जिसके जरिए ठगी की गई। शिकायत में रिटायर्ड सेना अधिकारी सुरेश कुमार ने बताया कि उन्होंने 7 अगस्त 2020 को भारत पेट्रोलियम गैस की वेबसाइट पर गैस एजेंसी लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। 10 अगस्त को उनके मोबाइल पर कॉल आई कि आपका आवेदन स्वीकार हो गया।
वहीं गैस एजेंसी लेने सेे संबंधित कागजात मांगे गए। जिसके चलते सब कागजात भेज दिए। उनसे अलग-अलग बहाने बनाकर 24.85 लाख रुपए ले लिए। इसके बाद उन्हें फर्जीवाड़े की आशंका होने लगी, जिसके बाद ई-मेल पर भेजे गए सभी दस्तावेजों की जांच उच्च स्तर पर करवाई गई तो मामला फर्जीवाड़े का निकला। पुलिस ने केस दर्ज किया है।
September 10, 2020

रोष:बर्खास्त पीटीआई का धरना 87वें दिन भी रहा जारी

रोष:बर्खास्त पीटीआई का धरना 87वें दिन भी रहा जारी

कुरुक्षेत्र : 1983 पीटीआई व हरियाणा शारीरिक शिक्षक संघर्ष समिति का लघु सचिवालय के सामने चल रहा धरना बुधवार को 87वें दिन भी जारी रहा। सबसे पहले चार सदस्य सरोज, कमला, सुभाष और श्याम सुंदर क्रमिक अनशन पर बैठे। बर्खास्त पीटीआई ने मिलकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। समिति के जिला प्रधान रणधीर सैनी ने कहा कि सरकार ने षड्यंत्र रचकर पीटीआई को बर्खास्त किया है।
उन्होंने कहा कि जब तक बर्खास्त पीटीआई का रोजगार बहाल नहीं होगा तब तक धरना जारी रहेगा। बुधवार को धरने पर सर्व कर्मचारी संघ, रोडवेज यूनियन की जिला कार्यकारिणी, हरियाणा विद्यालय अध्यापक संघ, हेमसा, पुरानी पेंशन बहाली संघ, बिजली विभाग व अन्य संगठनों के सदस्यों ने पहुंचकर समर्थन दिया। धरना देने वालों में उर्वशी, ममता, निर्मला, उषा, नीरज, मनोज पांचाल, नरेंद्र, प्रवीण कुमार, सुखविंदर, बलजिंदर और जोगिंद्र राणा शामिल रहे।
September 10, 2020

होम गार्ड भर्ती मामला:गृह मंत्री ने कहा-शराब घोटाले की विजिलेंस ने शुरू कर दी है जांच

होम गार्ड भर्ती मामला:गृह मंत्री ने कहा-शराब घोटाले की विजिलेंस ने शुरू कर दी है जांच

चंडीगढ़ : होम गार्ड एनरोलमेंट (भर्ती) मामले को लेकर मिल रही शिकायतों की अब स्टेट विजिलेंस ब्यूरो जांच करेगा। गृह विभाग की ओर से इसकी सिफारिश कर दी गई है। कुछ शिकायतें मिलने के बाद विभाग ने होम गार्ड डीजी से छह सालों में नए एनरोलमेंट करने और हटाए गए होमगार्डों को लेकर पूरी रिपोर्ट मांगी थी। गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि रिपोर्ट में कई अनियमितताएं सामने आई हैं।
भर्ती को लेकर कई शिकायतें मिली थी। इनकी विजिलेंस से जांच कराई जाएगी। विज ने कहा कि विजिलेंस ने शराब घोटाले की जांच भी शुरू कर दी है। जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा। विजिलेंस को अब तक दी गई जांचों को लेकर भी प्रोग्रेस रिपोर्ट भी मांगी गई है। साथ ही केसों की जांच में तेजी लाने के लिए ब्यूरो को अतिरिक्त स्टाफ भी दिया जाएगा।

चुन-चुन कर प्रताड़ित करना ठीक नहीं : विज

इधर, शिव सेना व अभिनेत्री कंगना के बीच चल रहे विवाद में प्रदेश के गृह मंत्री अनिल विज एक बार फिर उनके पक्ष में खड़े हुए हैं। विज ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने कंगना के ऑफिस का अवैध निर्माण गिराया है, वह ठीक है। परंतु चुन-चुन कर प्रताड़ित करना ठीक नहीं है।

Wednesday, September 9, 2020

September 09, 2020

हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, संपर्क में आए लोगों से चेकअप कराने का आग्रह

हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर की रिपोर्ट आई पॉजिटिव, संपर्क में आए लोगों से चेकअप कराने का आग्रह

यमुनानगर : हरियाणा में कोरोना की महामारी आए दिन भयावह हो रही है। इसी बीच बुधवार को प्रदेश के शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर को भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। उन्होंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। ट्वीट के जरिये सेल्फ क्वारैंटाइन की जानकारी देते हुए गुर्जर ने अपने संपर्क में आ चुके लोगों को कोविड-19 जांच कराने की सलाह दी है। ध्यान रहे, हाल ही में चार दिन पहले गुर्जर ने हिसार जिले में कई कार्यक्रमों में शिरकत की थी। उधर, पहले उनके बेटे को भी संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है।
जानकारी के अनुसार, शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर ने कोरोना संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर मंगलवार को ही टेस्ट करवाया था। बुधवार सुबह टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्होंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। गुर्जर ने खुद अपने ट्वीटर हैंडलर पर यह जानकारी सांझा की है। साथ ही उन्होंने अपने संपर्क में आए लोगों से आग्रह किया है कि वो खुद का टेस्ट करवाएं और संक्रमण को आगे फैलने से रोकने के लिए आइसोलेट हो जाएं।
दरअसल, कंवरपाल गुर्जर के बेटे को कई दिन पहले कोरोना संक्रमण की पुष्टि हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कंवरपाल विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हुए। पिछले दिनों कंवरपाल रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, भिवानी और हिसार जिलों में कार्यक्रमों व्यस्त रहे। यहां उन्होंने शिक्षक सम्मान समारोह के अलावा और भी कई कार्यक्रमों में भाग लिया है। हिसार में ही स्कूल में शिलान्यास समारोह के अलावा चार कार्यक्रमों में उन्होंने शिरकत की थी। ऐसे में वह कोरोना के वाहक बन सकते हैं
September 09, 2020

पानीपत में नहर के किनारे झाड़ियों में मिला महिला का अर्द्धनग्न शव, पहचान छिपाने को चेहरा जलाया

पानीपत में नहर के किनारे झाड़ियों में मिला महिला का अर्द्धनग्न शव, पहचान छिपाने को चेहरा जलाया

पानीपत : जिले के गांव बुड़शाम से दिवाना रोड पर किनारे बुधवार को झाड़ियों में एक महिला का शव अर्धनग्न हालत में मिला है। पता तब चला, जब खेत जा रहे लोगों ने झाड़ियों से धुआं उठता देखा। पुलिस के मुताबिक हत्या के बाद महिला के शव को यहां फेंका गया है। पहचान मिटाने के मकसद से कपड़े और घास-फूस डालकर चेहरे को जला दिया गया। अब इलाके की पुलिस इस असमंजस में है कि पिछले तीन दिन में किसी महिला का शव मिलने की यह तीसरी घटना है। दो में एक ही तरह पहचान मिटाने के लिए चेहरा जलाया गया है।
पुलिस को दी शिकायत में बुड़शाम के राजकुमार ने बताया कि बुधवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे उनकी सरपंच पत्नी को कर्मवीर ने फोन किया। उसने सूचना दी कि गांव से दिवाना जाने वाली सड़क किनारे झाड़ियों में एक महिला का अर्धनग्न हालत में शव पड़ा हुआ है। वह (राजकुमार) मौके पर पहुंचा। महिला के शव में चेहरे व छाती के पास आग लगी हुई थी। देखने से लग रहा था कि किसी ने हत्या करके शव की पहचान मिटाने के लिए यहां डालकर आग लगा दी।
राजकुमार की शिकायत के आधार पर थाना सदर समालखा की पुलिस ने आरोपियों का पता लगाने की कार्रवाई शुरू कर दी है। शव को शिनाख्त के लिए पानीपत सिविल अस्पताल स्थित मोर्चरी में भिजवा दिया है।

तीन दिन में तीन जगह मिले शव

समालखा थाना एरिया में पिछले तीन दिन में किसी महिला का शव मिलने की यह तीसरी घटना है। सोमवार को चुलकाना रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के पास नाले में करीब 23 वर्षीय युवती का अर्धनग्न शव मिला था। अगले दिन मंगलवार को चुलकाना रेलवे फ्लाईओवर हैफेड गोदाम के पास रेलवे लाइन किनारे झाड़ियों में युवती का कंकाल मिला। उसे भी पहचान मिटाने के लिए आग लगा जलाया गया था। तीनों में से किसी की भी शिनाख्त नहीं हो पाई है।

केस दर्ज कर लिया है

थाना प्रभारी हरविंदर सिंह का कहना है कि महिला सरपंच पति के बयान पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, सबूत मिटाने सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। प्राथमिकता महिला की शिनाख्त है, ताकि जांच को आगे बढ़ा आरोपितों को गिरफ्तार किया जा सके।
September 09, 2020

दो दोस्तों ने एक साथ खाया जहर; एक की मौत, दूसरा गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती

दो दोस्तों ने एक साथ खाया जहर; एक की मौत, दूसरा गंभीर हालत में पीजीआई में भर्ती

रोहतक : रोहतक जिले के गांव खिडवाली में बुधवार को दो युवकों ने जहर खा लिया। दोनों आपस में गहरे दोस्त बताए जा रहे हैं। इनमें से एक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में रोहतक स्थित पीजीआई में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही रोहतक सदर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है।
मृतक युवक की पहचान गांव खिडवाली के संदीप पुत्र रामनिवास के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार करीब 20 साल के संदीप की अपने ही हमउम्र मुकेश के साथ गहरी दोस्ती थी। बुधवार दोपहर बाद दोनों ने साथ मिलकर गांव के सरकारी स्कूल में सल्फॉस (अनाज के कीड़े मारने वाले जहर) की एक डिब्बी से गोलियां खा ली।
पता चलने के बाद आनन-फानन में दोनों को परिजनों ने पीजीआईएमएस में भर्ती कराया। वहां संदीप को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया, जबकि मुकेश की हालत भी गंभीर बनी हुई है। उधर, इस बारे में सूचना मिलते ही रोहतक की थाना सदर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हालांकि, दोनों ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया इस बारे में अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
September 09, 2020

शिक्षा विभाग ने भेजे प्रदेश के 119 मुख्याध्यापकों को नोटिस , क्यों न उन्हें मूल पदों पर भेजे

शिक्षा विभाग ने भेजे प्रदेश के 119 मुख्याध्यापकों को नोटिस , 'क्यों न उन्हें मूल पदों पर भेजें'

नारनौल : एक तरफ जहां शिक्षा विभाग  अध्यापकों को पदोन्नति के तोहफे डे रहा है वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के 119 मौलिक स्कूल मुख्याध्यापकों पर पदावनत होने की तलवार लटक रही है। शिक्षा विभाग के 119 मुख्याध्यापकों  को 15 दिनों का कारण बताओ नोटिस (Notice) जारी करते हुए उनसे पूछा है कि क्यों न उन्हें पदावनत (रिवर्ट) करते हुए उनके मूल पदों पर वापस भेज दिया जाए।
उल्लेखनीय है कि विभाग द्वारा 10 फरवरी 2014 को आदेश क्रमांक 04/9 - 2013 एचआरजी-11 (1) के अनुसार प्रदेश भर में 860 मौलिक स्कूल मुख्याधापक को प्रमोशन देकर हाई स्कूलों में मुख्य अध्यापक बनाये थे। इनमें से अनेक सी एवं वी अध्यापक शामिल थे। बाद में एक सिविल रिट संख्या 2884/2014 में इस लिस्ट को अंजू कुमारी एवं अन्य बनाम हरियाणा सरकार मामले में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायलय में चुनौती दी गई। याचिकाकर्ता अंजू कुमारी का तर्क था कि इस लिस्ट में अनेक अध्यापक सर्विस रूल 2012 के नियमों के अनुसार योग्य नहीं है। तब न्यायालय ने इन्हें रिवर्ट करने के आदेश दे दिए थे। इसके बाद जब पदोन्नत शिक्षकों को भी कोर्ट से स्टे मिल गया था। अब हरियाणा सरकार ने इन्हें 15 दिन का नोटिस जारी करते हुए इनसे पूछा है कि क्यों न इन्हें पदावनत (रिवर्ट) कर दिया जाए।
September 09, 2020

किसानों ने अर्धनग्न होकर किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

किसानों ने अर्धनग्न होकर किया सरकार के खिलाफ प्रदर्शन

सिरसा : हाल ही में हुई बारिश से खराब हुई नरमा कपास की फसल  की विशेष गिरदावरी करवाने व उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर किसानों  ने बुधवार को लघु सचिवालय के समक्ष अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। 
किसानों का कहना है कि पिछले दिनों प्राकृतिक आपदा के चलते जहां सफेद मक्खी के प्रकोप से नरमा कपास की फसल खराब हो गई वही नरमा की फसल जलने से किसान बिल्कुल बर्बाद हो गया अब सरकार के आदेश पर अधिकारी नाम मात्र का नुकसान दिखा कर किसानों को बरगलाने में लगे हुए हैं। प्रदर्शन कर रहे किसानों ने सरकार को चेतावनी में कहा कि अगर वास्तविक नुकसान का आंकलन कर किसानों को मुआवजा नहीं दिया गया तो वे सरकार के प्रतिनिधियों का घेराव करेंगे। 
उल्लेखनीय है कि पिछले शुक्रवार से सिरसा जिला के किसान अलग-अलग कस्बों में खराब हुई नरमा फसल के मुआवजे की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। इसी कड़ी में बुधवार को सिरसा के लघु सचिवालय में किसानों ने अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया। सरकार से किसानों की पीड़ा को समझने का अनुरोध किया साथ ही चेतावनी डाल दे डाली कि अगर उनकी मांग पर कोई गौर नहीं किया गया तो वह शुक्रवार से मंत्रियों व सरकार के प्रतिनिधियों का घेराव करने से भी नहीं नहीं रुकेंगे। 
September 09, 2020

हजारों नम आंखों ने दी शहीद भूपेंद्र को अंतिम विदाई

हजारों नम आंखों ने दी शहीद भूपेंद्र को अंतिम विदाई

चरखी दादरी : भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह, दादरी के विधायक एवं हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन सोमबीर सांगवान, पूर्व मंत्री सतपाल सांगवान, भाजपा जिलाध्यक्ष सतेंद्र परमार, उपायुक्त  शिवप्रसाद शर्मा एवं पुलिस अधीक्षक बलवान सिंह राणा ने पुष्प चक्र अर्पित कर शहीद भूपेंद्र सिंह को श्रद्घासुमन अर्पित किए। सेना की ओर से मेजर जार्ज फर्नांडीज प्रिंस ने शहीद को श्रद्धांजलि दी। पुलिस व थल सेना के सिपाहियों ने बिगुल बजाकर तथा हवाई फायर कर शहीद को नमन किया।
गांव बास के किसान मलखान सिंह के दो पुत्रों में ज्येष्ठ भूपेंद्र सिंह 26 दिसंबर 2015 को भारतीय सेना में भर्ती हुआ था। उसका जन्म तीन मार्च 1997 को हुआ था। भूपेंद्र ने गांव के ही स्कूल से दस जमा दो कक्षा तक पढ़ाई की। उसका एक ही सपना था कि वह सेना में भर्ती होकर अपने देश की सेवा करे। करीब डेढ़ साल पहले भूपेंद्र का विवाह गांव झिंझर निवासी रेखा से हुआ था। भूपेंद्र और रेखा का एक बेटा है, जिसका उन्होंने प्यार से नाम पूर्व रखा हुआ है। ग्रामवासियों ने बताया कि भूपेंद्र काफी होनहार युवक था और वह छ: माह पहले गांव में छुट्टी पर आया हुआ था। गांव में उसके जाने का सभी को दु:ख है। उन्होंने बताया कि बड़े भाई की राह पर चलते हुए भूपेंद्र का छोटा भाई दीपक भी सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा है।
September 09, 2020

ईओ-प्रधान पति विवाद :पुलिस : भाजपा नेता व षार्षद की गिरफ्तारी के लिए कर रहे छापेमारी, नहीं मिल रहे; वकील : कल धनखड़ ने जवाहर के घर लिया था लंच

ईओ-प्रधान पति विवाद :पुलिस : भाजपा नेता व षार्षद की गिरफ्तारी के लिए कर रहे छापेमारी, नहीं मिल रहे; वकील : कल धनखड़ ने जवाहर के घर लिया था लंच

कोर्ट ने एसपी के माध्यम से मांगी स्टेटस रिपोर्ट, 15 सितंबर को फिर होगी सुनवाई

जींद : ईओ डॉ. एसके चौहान व भाजपा नेता जवाहर सैनी और पार्षद हरेंद्र उर्फ काला सैनी के विवाद के मामले में मंगलवार को जिला कोर्ट में सुनवाई हुई। कोर्ट ने इस मामले में पुलिस से स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी। सिविल लाइन पुलिस की तरफ से कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। इसमें पुलिस की तरफ से कोर्ट को बताया गया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जल्द उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
इस पर ईओ के वकील प्रमोद गहलावत की तरफ से पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाया गया और कोर्ट को बताया गया कि सोमवार को इस मामले में आरोपित जवाहर सैनी के घर पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ का लंच था। इस दौरान काफी पुलिस भी तैनात थी। क्या पुलिस को आरोपित वहां दिखाई नहीं दिया और पुलिस ने रेड मारकर उसे गिरफ्तार क्यों नहीं किया गया? इस पर संज्ञान लेते हुए कोर्ट ने आदेश दिए कि इस मामले में अगली स्टेटस रिपोर्ट एसपी के माध्यम से दी जाए। इसके अलावा जांच अधिकारी इस मामले में शपथ पत्र कोर्ट में दाखिल करे। इस मामले में अब अगली सुनवाई 15 सितंबर को निर्धारित की गई है।

दो बार पहले भी स्टेटस रिपोर्ट की प्रस्तुत

इस मामले में पुलिस की तरफ से पहले भी दो बार कोर्ट में स्टेटस रिपोर्ट दाखिल की गई है। इसमें मामले को पुलिस की तरफ से बेसलेस बताया गया है। साथ ही आरोपित की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी करने की बात भी कही गई है, लेकिन आरोपितों का अब तक पता नहीं चल सका है।

धनखड़ ने सैनी के घर पर किया लंच, वहां पुलिस भी थी

इस मामले में आज माननीय कोर्ट ने स्टेटस रिपोर्ट मांगी थी। इसमें पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है, लेकिन अब तक उनका पता नहीं चला है। इस पर हमने सवाल उठाए थे कि सोमवार को भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने जवाहर सैनी के घर पर लंच किया। उस समय पुलिस भी मौजूद थी, लेकिन रेड कर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की। इस पर कोर्ट ने एसपी के माध्यम से 15 सितंबर को दोबारा स्टेटस रिपोर्ट मांगी है। प्रमोद गहलावत, वकील ईओ।

इधर, प्रधान के साइन न होने पर 250 से अधिक कर्मचारियों का वेतन रुका, डेढ़ करोड़ के बिल अटके

नगर परिषद में चल रहे विवाद का असर अब कर्मचारियों के वेतन व अन्य कार्यों के आए बिलों पर भी नजर आने लगा है। इस मामले में 11 अगस्त से लेकर अब तक कर्मचारियों के वेतन के बिल के अलावा बिजली, पानी सहित अन्य के बिल भी पास नहीं हुए हैं। ऐसे में कर्मचारियों की पिछले माह की सैलेरी अटक गई है। लगभग डेढ़ करोड़ से अधिक के बिलों पर प्रधान के साइन नहीं हुए हैं। साइन नहीं होने के कारण वेतन व अन्य बिलों का भुगतान नहीं हो पा रहा हैं। ऐसे में स्पष्ट है कि अब विवाद का असर कर्मचारियों व अन्य कार्यों पर दिखने लगा है। डेढ़ करोड़ में लगभग 1 करोड़ रुपए के बिल अकेले कर्मचारियों के वेतन के ही बनते हैं, जिसमें स्थाई व अस्थाई कर्मचारी शामिल हैं।

सरकार को बताएंगे सारा मामला

कर्मचारियों के वेतन व अन्य बिल रुकने का मामला मेरे संज्ञान में है। सैलरी व बिल निकालने की पावर ईओ और प्रधान की है। ऐसी स्थिति में वह सरकार को लिखकर पूरे मामले से अवगत कराएंगे। जैसे निर्देश मिलेंगे, उसी के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। डॉ. सुशील कुमार, जिला नगर आयुक्त, जींद।
September 09, 2020

घर में घुसकर जमानत पर बाहर आए हत्यारोपी को गोली मारी, हालत गंभीर; ब्लॉक समिति मेंबर के पति की हत्या के केस में है आरोपी

घर में घुसकर जमानत पर बाहर आए हत्यारोपी को गोली मारी, हालत गंभीर; ब्लॉक समिति मेंबर के पति की हत्या के केस में है आरोपी

रोहतक : जिले के गांव सुंदरपुर में बीती रात हत्या के एक आरोपी को घर में घुसकर गोली मार दी गई। मामला करीब डेढ़ साल पहले ब्लॉक समिति की सदस्य के पति की हत्या से जुड़ा है। बताया जा रहा है कि हत्या का आरोपी इन दिनों जमानत पर बाहर आया था। उस पर रात करीब डेढ़ बजे उस वक्त गोली चला दी गई, जब सब सो रहा था। फिलहाल घायल को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। थाना सदर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, 22 मार्च 2019 को देर रात सुंदरपुर में मामूली कहासुनी के बाद ब्लॉक समिति की मेंबर किरण बाला के पति मनजीत की चाकू और डंडों से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में जयभगवान समेत कई के खिलाफ सदर थाने में केस दर्ज कराया गया था। जयभगवान तभी से जेल में था और फिलहाल कुछ दिनों से जमानत पर आया हुआ है।
बीती रात करीब डेढ़ बजे जयभगवान के घर में कुछ शोर सुनाई दिया। जब जयभगवान गेट खोलकर कमरे से बाहर निकला तो वहां खड़े दो युवकों में से एक ने गोली चला दी। गोली जयभगवान के दाएं हाथ में लगी। गोली की आवाज सुनकर परिवार के लोग जागे, तब तक हमलावर भाग निकले।
घटना के बाद आनन-फानन में घायल जयभगवान को पीजीआई में भर्ती कराया गया, वहीं सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शिकायत के आधार पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज करके जांच की जा रही है। टिटौली पुलिस चौकी के एसआई जसवंत का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
September 09, 2020

जिला में कोरोना संक्रमण को लेकर सैम्पलिंग बढ़ाने की कवायद आईटीआई स्टाफ का किया गया कोरोना संक्रमण टैस्ट

जिला में कोरोना संक्रमण को लेकर  सैम्पलिंग बढ़ाने की कवायद,आईटीआई स्टाफ का किया गया कोरोना संक्रमण टैस्ट

जींद : ( संजय तिरँगाधारी ) डीसी डा. आदित्या दहिया तथा सीएमओ डा. मनजीत सिंह के निर्देशानुसार बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला के नेतृत्व में आईटीआई पहुंची और स्टाफ के कोरोना संैपल लिए। इस दौरान टीम द्वारा लगभग 102 सैंपल लिए गए। गौरतलब है कि स्वास्थ्य अधिकारियों द्वारा कोरोना को लेकर सैंपलिंग बढ़ाए जाने के आदेश दिए गए हैं। इन्हीं दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार सरकारी तथा निजी विभागों में पहुंच कर वहां कार्यरत कर्मियों के कोरोना सैंपल ले रही है। इस दौरान स्टाफ को कोरोना संक्रमण के लक्ष्ण व बचाव को लेकर जानकारी भी दी जा रही है। डिप्टी एमएस डा. राजेश भोला ने बताया कि कोरोना महामारी से इस वक्त पूरा विश्व परेशान है और इससे बचने के लिए लगातार प्रयास जारी हैं। अगर कोरोना से बचना है तो हमें कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी हैं। कोरोना से बचाव के लिए सबसे अहम सामाजिक दूरी बना कर रखना जरूरी है। इसलिए प्रत्येक को व्यक्तिगत स्वच्छता और शारीरिक दूरी बनाए रखनी चाहिए। हाथों को बार-बार धोना चाहिए और सफाई का पूरा ध्यान रखना है। चेहरे और आंखों पर हाथों से टच नहीं करना है। छींकते और खांसते समय अपनी नाक और मुंह को रूमाल या टिश्यु से ढकना चाहिए। वरिष्ठ दंत चिकित्सक डा. रमेश पांचाल ने कहा कि अपने इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखने के लिए पौष्टिक आहार व योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना चाहिए। गुनगुने पानी पीने की आदत डालें। अपने तापमान और श्वसन लक्षणों की जांच नियमित रूप से करें। आईटीआई के प्राचार्य रमेश गोयल ने कहा कि कोरोना संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए हर तरह की अहतियात बरती जा रही है। जो भी स्टाफ प्रतिदिन आता है उस सख्त हिदायत दी गई है कि वो नियमों की पालना करे। इस मौके पर स्वास्थ्य विभाग की टीम में डा. विशाल पोरस, लैब टैक्रीशियन दीपक, केवल सिंह, मंगल सिंह, विरेंद्र कौशिक, श्रीकृष्ण दहिया, सुरेंद्र रेढू, रिषीपाल, सुरेश मलिक मौजूद थे।
September 09, 2020

अधिकारीयों की सुस्ती से गुस्से में डिप्टी सीएम, दी कार्रवाई की चेतावनी

अधिकारीयों की सुस्ती से गुस्से में डिप्टी सीएम, दी कार्रवाई की चेतावनी  

चंडीगढ़ : हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने अधिकारियों को निर्देश दिए है कि जमीनों की ऑनलाइन रजिस्ट्रियों के मामले में आ रही दिक्कतों को यथाशीघ्र दूर करें ताकि लोगों का तत्काल कार्य हो सके। उन्होंने कार्य में सुस्ती दिखाने वाले अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि अगर वे अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर नहीं हुए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डिप्टी सीएम ने ऑनलाइन 'रजिस्ट्रेशन डीड' में आ रही समस्याओं को सुनने के बाद अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन समस्याओं का जल्द से जल्द निवारण करने के लिए एक समर्पित-टीम की जिम्मेवारी लगाएं ताकि लोगों को सुविधा हो व सिस्टम में पारदर्शिता आए।  
उपमुख्यमंत्री को जानकारी दी गई कि जमीनों की रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमैंट लेने की प्रक्रिया शुरू की गई थी परंतु कुछ स्थानों पर कलेक्टर रेट का चयन करने में परेशानी आई है, इस मामले में उपायुक्तों को हिदायतें दी जा रही हैं। बैठक में पोर्टल लिंक, कन्वीयन्स-डीड, औद्योगिक क्षेत्रों में अलॉटी-आई.डी, कंट्रोल्ड एरिया में 7-ए का नोटिफिकेशन तथा नगर एवं आयोजना विभाग की वेबसाइट पर आ रही कुछ परेशानियों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।
बैठक में यह भी जानकारी दी गई कि 'रजिस्टे्रशन डीड' ऑनलाइन कैसे की जाए, इस बारे में लोगों को समझाने के लिए एक वीडियो तैयार की जाएगी जिससे कि रजिस्टरी करवाने की पूरी प्रक्रिया समझ में आ जाए। यह वीडियो यू-ट्यूब पर अपलोड की जाएगी। इसके अलावा, यह बताया गया कि रजिस्ट्री के लिए उपायुक्त व जिला राजस्व अधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो कि वे आगे प्रोपर्टी डीलरों को प्रशिक्षित करेंगे ताकि पात्र लोगों को रजिस्ट्री करवाने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। 
September 09, 2020

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने विकसित की मूंग की रोग प्रतिरोधी किस्म एमएच-1142

हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों ने विकसित की मूंग की रोग प्रतिरोधी किस्म एमएच-1142

हिसार : चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों ने इस वर्ष मूंग की नई रोग प्रतिरोधी किस्म एमएच 1142 को विकिसत कर एक और उपलब्धि को विश्वविद्यालय के नाम किया है। मूंग की इस किस्म को विश्वविद्यालय के अनुवांशिकी एवं पौध प्रजनन विभाग के दलहन अनुभाग द्वारा विकसित किया गया है।
विश्वविद्यालय द्वारा विकसित इस किस्म को भारत सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के कृषि एवं सहयोग विभाग की 'फसल मानक, अधिसूचना एवं अनुमोदन केंद्रीय उप-समिति' द्वारा नई दिल्ली में आयोजित 84वीं बैठक में अधिसूचित व जारी कर दिया गया है। बैठक की अध्यक्षता भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के फसल विज्ञान के उप-महानिदेशक डॉ. टी.आर. शर्मा ने की थी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर समर सिंह ने कृषि वैज्ञानिकों द्वारा इस उपलब्धि पर बधाई दी और भविष्य में भी निरंतर प्रयासरत रहने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी विश्वविद्यालय के कृषि वैज्ञानिकों द्वारा मूंग की आशा, मुस्कान, सत्त्या, बसंती, एमएच 421 व एमएच 318 किस्में विकसित की जा चुकी हैं।

उत्तर भारत के मैदानी इलाकों के लिए की गई है विकसित

खरीफ मौसम में बोई जाने वाली मूंग की एमएच 1142 किस्म को भारत के उत्तर-पश्चिम व उत्तर-पूर्व के मैदानी इलाकों में काश्त के लिए अनुमोदित किया गया है। इन क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तराखंड, बिहार, झारखंड, पश्चिमी बंगाल व असम राज्य शामिल हैं।

ये होगी किस्म की खासियत

विश्वविद्यालय के अनुसंधान निदेशक डॉ. एस.के. सहरावत ने बताया कि खरीफ में काश्त की जाने वाली मूंग की इस किस्म की खासियत यह है कि इसकी फसल एक साथ पककर तैयार होती है। इस किस्म की फलियां काले रंग की होती हैं व बीज मध्यम आकार के हरे व चमकीले होते हैं। इसका पौधा कम फैलावदार, सीधा एवं सीमित बढ़वार वाला है, जिससे इसकी कटाई आसान हो जाती है। यह किस्म विभिन्न राज्यों में 63 से 70 दिनों में पककर तैयार हो जाती है और इसकी औसत पैदावार भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार 12 क्विंटल से 20 क्विंटल प्रति हेक्टेयर तक आंकी गई है।

इन रोगों के प्रति होगी रोगरोधक क्षमता

इस किस्म की खास बात यह है कि इसमें पीला मौजेक, पत्ता झूरी, पत्ता मरोड़ जैसे विषाणु रोग तथा सफेद चुर्णी जैसे फफूंद रोगों की प्रतिरोधी है। इसके अतिरिक्त मूंग की इस किस्म में सफेद मक्खी व थ्रिप्स जैस रस चूसक कीट एवं अन्य फली छेदक कीटों का प्रभाव भी पहले वाली किस्मों की तुलना में बहुत कम होगा।

किस्म विकसित करने में इन वैज्ञानिकों की मेहनत लाई रंग

मूंग की एमएच 1142 किस्म विश्वविद्यालय के अनुवांशिकी एवं पौध प्रजनन विभाग के दलहन अनुभाग के कृषि वैज्ञानिक डॉ. राजेश यादव, श्रीमति डॉ. रविका, डॉ. नरेश कुमार, डॉ. पी.के. वर्मा और ए.के. छाबड़ा की अथक मेहनत का परिणाम है। इस उपलब्धि को प्राप्त करने में डॉ. एस.के. शर्मा, डॉ. ए.एस. राठी, डॉ. तरूण वर्मा व डॉ. रोशन लाल का भी विशेष योगदान रहा।

अगले वर्ष से होगा बीज उपलब्ध : डॉ. ए.के. छाबड़ा

पादप एवं पौध प्रजनन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. ए.के. छाबड़ा ने बताया कि खरीफ के मौसम के लिए सिफारिश की गई इस किस्म का बीज अगले वर्ष किसानों के लिए उपलब्ध करवा दिया जाएगा।
September 09, 2020

हरियाणा सरकार जमीनों की रजिस्ट्री के मामले में मॉडल स्थापित करेगी

हरियाणा सरकार जमीनों की रजिस्ट्री के मामले में मॉडल स्थापित करेगी

चंडीगढ़।  हरियाणा के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला  ने कहा कि राज्य सरकार जमीनों की रजिस्ट्री के मामले में ऐसा मॉडल स्थापित करेगी जो कि नागरिकों के लिए परेशानीमुक्त हो, पारदर्शी हो। इस मामले में प्रदेश सरकार द्वारा अपनाई जा रही ऑनलाइन प्रणाली की चर्चा देशभर में है और तेलंगाना समेत कई अन्य राज्य हरियाणा के मॉडल  का अनुशरण करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उपमुख्यमंत्री ने राज्य के सभी जिला उपायुक्तों को अगले सप्ताह तक कलेक्टर-रेट को स्टेंडर्डाइज करने के भी  निर्देश दिए हैं।
उपमुख्यमंत्री वीडियो कान्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी जिलों के उपायुक्तों से हरियाणा सिविल सचिवालय,चंडीगढ़ से रूबरू हो रहे थे। इस अवसर पर चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव वी.उमाशंकर, हरियाणा के आपदा, राजस्व प्रबंधन एवं चकबंदी विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव  विजय वर्धन, नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के प्रधान सचिव  ए.के सिंह,भूमि-जोत एवं भू-अभिलेखों की चकबंदी विभाग की निदेशक आमना तसनीम, उपमुख्यमंत्री के ओएसडी  कमलेश भादू समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

डिप्टी सीएम ने उपायुक्तों को निर्देश दिए कि वे रजिस्टरी के मामले में लगातार मॉनिटरिंग करें तथा तहसील स्तर पर भी एक कॉर्डिनेटर लगाएं जो रजिस्ट्री से संबंधित विभागों में जिला स्तर से समन्वय स्थापित करते रहें ताकि रजिस्ट्री करवाने वाले लोगों को किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। एक उपायुक्त द्वारा एनआरआई की रजिस्ट्री के मामले में पूछे गए सवाल के जवाब में उपमुख्यमंत्री ने बताया कि ऐसे मामलों में पासपोर्ट नंबर भी ऑनलाइन प्रक्रिया में दर्ज करना पड़ेगा। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने राज्य के वरिष्ठ अधिकारियों को जिला उपायुक्तों द्वारा ध्यान में लाई गई ऑनलाइन रजिस्ट्री के मामले में आ रही छोटी-मोटी त्रुटियों को शीघ्रातिशीघ्र दूर करने के निर्देश दिए।
September 09, 2020

हरियाणा से जुड़ेगा दिल्ली-वड़ोदरा मुंबई एक्सप्रेसवे, इन जिलों को मिलेगा फायदा

हरियाणा से जुड़ेगा दिल्ली-वड़ोदरा मुंबई एक्सप्रेसवे, इन जिलों को मिलेगा फायदा

चंडीगढ़ : केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 148 बी को पनियाला मोड़ से सीधा आगे बढ़ाते हुए अलवर के साथ से निर्माणाधीन दिल्ली बड़ोदरा मुंबई एक्सप्रेस वे मार्ग से जोड़ने का निर्णय लिया है। यह सूचना भूतल परिवहन मंत्रालय ने अपने पत्र दिनांक 8 सितम्बर 2020 द्वारा नांगल चौधरी के विधायक डॉ अभय सिंह यादव को 9 अगस्त 2020 को केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री गडकरी को उनके द्वारा लिखे गए अर्ध सरकारी पत्र के जवाब में भेजी है।

नांगल चौधरी के विधायक डॉ अभय सिंह यादव ने प्रेस को जारी एक विज्ञप्ति में इसका विस्तार से विवरण देते हुए बताया कि पिछले कई महीनों से वह इसके लिए केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्रालय के अधिकारियों से लगातार संपर्क में थे तथा इसी कड़ी में 9 अगस्त को उन्होंने माननीय गडकरी जी को भी इस सड़क का महत्व एवं आवश्यकता का विवरण देते हुए एक पत्र लिखा था।
मंगलवार सायं काल उन्हें इस पत्र के जवाब में मंत्री के मंत्रालय से उक्त निर्णय की जानकारी मिली। डॉ यादव ने इस रोड़ का विस्तार से महत्व बताते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग 148बी का दिल्ली- वडोदरा- मुंबई एक्सप्रेस मार्ग से जोड़ने का मतलब है न केवल महेंद्रगढ़ जिला अपितु पूरे उत्तरी भारत का सीधे मुंबई से जुड़ना।

यह मार्ग निर्मित होने के बाद पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर एवं साथ लगते राजस्थान समेत पूरे उत्तरी भारत का मुंबई सहित पश्चिमी भारत के शहरों के लिए सबसे छोटा मार्ग होगा। इन राज्यों से आने वाले वाहन अंबाला से सीधा राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 152डी से नारनौल होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 148 बी से दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस मार्ग पर पहुंच जाएंगे। इससे धन एवं समय दोनों की बचत के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में वाहनों के प्रदूषण में कमी आएगी तथा के एम पी समेत दिल्ली की सीमा से लगते हुए मार्गों पर भी यातायात का बोझ घटेगा ।

महेंद्रगढ़ जिले के आधारभूत ढांचे के विकास की श्रंखला में यह एक और महत्वपूर्ण कड़ी होगी। यह मार्ग भविष्य में उत्तरी भारत के व्यस्ततम मार्गो में से एक होगा जो दक्षिणी हरियाणा एवं विशेषत: महेंद्रगढ़ जिले को उत्तरी भारत को जाने वाले वाहनों के प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने में सहायक होगा।

सीधा मुंबई मार्ग से जुड़ने से हरियाणा के बीचो-बीच गुजरने वाला यह मार्ग पूरे हरियाणा की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है। महेंद्रगढ़ जिले में इस रोड की लंबाई 80 किलोमीटर से अधिक है जो अपार विकास की संभावनाओं का द्योतक है। डॉक्टर यादव ने केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री का इसके लिए हृदय से आभार व्यक्त किया।
इसके साथ ही भिवानी महेंद्रगढ़ के सांसद चौधरी धर्मवीर एवं अलवर के सांसद महंत बालक नाथ व हरियाणा एवं राजस्थान की सरकारों का भी डॉ यादव ने उनके सक्रिय सहयोग के लिए धन्यवाद किया। उन्होंने आशा व्यक्त की कि अब हम उज्जवल भविष्य के प्रवेश द्वार तक पहुंच गए हैं।
September 09, 2020

निकाह को एक महीना भी पूरा नहीं हुआ कि मियां-बीवी दोनों ने फंदा लगा लिया, दरवाजा तोड़कर निकाले गए शव

निकाह को एक महीना भी पूरा नहीं हुआ कि मियां-बीवी दोनों ने फंदा लगा लिया, दरवाजा तोड़कर निकाले गए शव

पानीपत : पानीपत में एक विवाहित दंपति ने आत्महत्या कर ली। बताया जाता है कि इन दोनों के निकाह को एक महीना भी गुरुवार को होगा, लेकिन इसके एक दिन पहले ही दोनों ने फंदा लगाकर जान दे दी। शव पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़कर निकाला गया। परिजनों के मुताबिक, युवक काम नहीं मिलने के चलते मानसिक दबाव में था। फिलहाल इस खौफनाक कदम की वजह अभी साफ नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
दूसरी ओर आसपास के लोगों की मानें तो अभी तो बधाइयां मिलने का दौर ही चल रहा था, लेकिन अब सुबह-सुबह मौत की खबर ने सभी को हिलाकर रख दिया। घटना पानीपत के राजनगर की है। मृतक आवेद के भाई जावेद ने बताया कि छोटा भाई आवेद वेल्‍डिंग की दुकान पर काम करता था। लॉकडाउन के बाद उसका काम छूट गया। इन्हीं हालात के बीच 28 साल के आवेद का निकाह 10 अगस्‍त को ही विकास नगर की 19 वर्षीय नज्मा के साथ हुआ था।
बकौल जावेद, बुधवार सुबह जब मैं नीचे उतरा तो आवेद और उसकी पत्‍नी नज्मा दिखाई नहीं दिए। खिड़की से झांककर देखने पर पता चला कि दोनों ने फंदा लगाया हुआ था। तभी पड़ोसियों को बुलाया। दरवाजा तोड़कर इन्‍हें नीचे उतारा। जब तक अस्‍पताल लेकर गए, तब तक मौत हो चुकी थी।
सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा मामले की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। हालांकि मृतक आवेद के भाई जावेद की मानें तो वह काम नहीं मिलने से मायूस था। कुछ महीने पहले वेल्‍डिंग का काम छूट गया। बीच-बीच में थोड़ा काम मिल जाता था। अनलॉक में उसे उम्‍मीद थी कि काम चल जाएगा। इसी बीच, निकाह भी हो गया, पर कई दिन से काम नहीं मिल रहा था। घर से सुबह जाता और शाम को खाली लौट आता। परिवार को लगा कि नई-नई गृहस्‍थी है, जल्द ही सब ठीक हो जाएगा, लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
September 09, 2020

रुका काम:2 पिलर बनाने के लिए मौजूदा 16 हजार क्यूसिक पानी के 6-7 हजार होने का इंतजार, इंजीनियर बोले- जनवरी में तैयार कर देंगे बाड़ीमाजरा पुल

रुका काम:2 पिलर बनाने के लिए मौजूदा 16 हजार क्यूसिक पानी के 6-7 हजार होने का इंतजार, इंजीनियर बोले- जनवरी में तैयार कर देंगे बाड़ीमाजरा पुल

यमुनानगर : दर्जनों कॉलोनियों समेत सैकड़ों गांवों को शहर से जोड़ते पुराने बाड़ीमाजरा पुल के साथ नए पुल का काम डेटलाइन खत्म होने के तीन माह बाद भी अधूरा है। इसे पश्चिमी यमुना नहर पर जून-2020 तक बनकर तैयार होना था लेकिन लॉकडाउन में 25 दिन और फिर जुलाई में रेनी सीजन के चलते काम रुका है। कंस्ट्रक्शन कंपनी को अभी पुल पर काम लगाने के लिए पश्चिमी यमुना नहर में जलस्तर कम होने का इंतजार है।
क्योंकि मौजूदा 15-16 हजार क्यूसिक पानी के 6-7 हजार क्यूसिक होने पर ही नहर के बीच दो पिलर बन सकेंगे। कंपनी के इंजीनियर की मानें तो अक्टूबर में भी काम लगे तो जनवरी तक पुल तैयार हो जाएगा। यानी पुल पार बसे लोगों को अगले साल की शुरुआत में पुराने जर्जर हो चुके पुल व उस पर जाम की दिक्कत से छुटकारा मिल पाएगा।
पुराने वन-लेन पुल पर ट्रैफिक जाम के बीच चलते राहगीर, नए दो-लेन पुल पर अलग से होंगे फुटपाथ| सितंबर-2018 में सीएम खट्टर ने 10.50 करोड़ से बाडीमाजरा में पुराने पुल से 100 मीटर दूरी पर नए पुल की आधारशिला रखी थी। पुराना पुल जर्जर होने के साथ संकरा है, जिस पर वन-लेन ट्रैफिक निकल पाता है। इस कारण सुबह से शाम तक पुल पर ट्रैफिक जाम रहता है, जिसके बीच से निकलते पैदल राहगीर को जोखिम रहता है। कई जगह से रेलिंग भी टूटी है जबकि नया पुल दो मीटर ज्यादा ऊंचा होने के साथ 135 मीटर लंबा व 11.50 मीटर चौड़ा बनाया जा रहा है। इसमें 7.50 मीटर कैरिज-वे (जिस पर दोनों ओर से ट्रैफिक निकलेगी) और दोनों ओर पैदल चलने वालों के लिए दो-दो मीटर के फुटपाथ भी हैं।
नहर का बहाव मोड़कर बनेंगे बीच के दो पिलर
पुल का निर्माण कर रही कुरुक्षेत्र की कृष्णा कंस्ट्रक्शन कंपनी के इंजीनियर चरणजीत सिंह ने बताया कि नहर का जलस्तर अभी 15-16 हजार क्यूसिक है, जो 6-7 हजार क्यूसिक होने पर पुल पर काम लगेगा। पुल 10 पिलर पर खड़ा होगा, जिसमें एक ओर छह व दूसरी ओर दो पिलर बनाकर ढांचा खड़ा कर दिया गया है। नहर के बीच के दो पिलर का काम जलस्तर कम होने पर शुरू करेंगे। इसके लिए सामग्री व मशीनरी तैयार है। अगर अक्टूबर में भी काम लगता है तो जनवरी तक पुल तैयार हो जाएगा।
September 09, 2020

सिरफिरा पड़ोसी दो बार तुड़वा चुका था रिश्ता, शादी के लिए बना रहा था दबाव, तंग आकर युवती ने फंदे पर लटक दे दी जान

सिरफिरा पड़ोसी दो बार तुड़वा चुका था रिश्ता, शादी के लिए बना रहा था दबाव, तंग आकर युवती ने फंदे पर लटक दे दी जान

पानीपत : दीनानाथ कॉलोनी की रहने वाली 18 साल की लड़की ने सिरफिरे पड़ोसी से तंग आकर फंदा लगाकर जान दे दी। आरोपी ने दो साल से उसका जीना मुहाल कर दिया था। शादी के लिए दबाव बना रहा था। आते-जाते रास्ता रोककर छेड़छाड़ करता था। भाई ने उसे समझाने का प्रयास किया लेकिन नहीं माना। शादी की जिद पर अड़ा रहा। इस कारण भाई ने तीन महीने के अंदर दो बार बहन का रिश्ता तय कर दिया। आरोपी ने उस रिश्ते को तुड़वा दिया। तंग आकर युवती ने जीवनलाल समाप्त कर ली। पुलिस आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने का केस दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुट गई है।
युवती के बड़े भाई ने थाना किला में शिकायत दी। बताया कि वे एक भाई और 3 बहनें हैं। मां की तीन साल पहले मौत हाे गई थी। पिता लकवाग्रस्त हैं। इसलिए परिवार की जिम्मेदारी उनके ऊपर है। सबसे छोटी बहन 18 साल की थी। सोमवार दोपहर को वह खाना खाने के लिए घर पर आया था। उस वक्त बहन ऊपर कमरे में थी। उन्होंने पत्नी को उसे लाने के लिए भेजा। पत्नी ने कमरे में देखा ताे बहन का शव गाडर पर फंदे से शव झूल रहा था। यह देख पत्नी ने उन्हें आवाज लगाई। ऊपर कमरे में पहुंच गए। शव को फंदे से उतार लिया। वह उसे लेकर सिविल अस्पताल में पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि मामले की पड़ताल जारी है।

दो साल से कर दिया था जीना दुश्वार

भाई ने आरोप लगाया कि पड़ोसी अमरीश ने पिछले दो साल से बहन का जीना दुश्वार कर दिया था। शादी के लिए जिद कर रहा था। उसे आते-जाते रोक लेता। छेड़छाड़ करता। उन्होंने उसे आरोपी को समझाने की कोशिश की तो उसने कह दिया कि शादी तुम्हारी बहन से ही करूंगा। इस कारण उन्होंने उसकी शादी करने का फैसला कर लिया। ताकि आरोपी उसे परेशान न कर सके। उन्होंने दो बार उसका रिश्ता तय किया। आरोपी ने दोनों बार तुड़वा दिया। इस कारण बहन काफी तनाव में आ गई।

चार दिन पहले की थी मारपीट

पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले बहन दिल्ली में अपनी बड़ी बहन के पास गई थी। 4 सितंबर को वह वापस पानीपत के लिए निकली थी लेकिन वह रात 8 बजे घर पहुंची। घर आकर बहन ने यह बात अपनी सबसे छोटी बहन को बताई थी। बताया कि अमरीश ने उसे जबरन बाइक पर बिठाकर अपने साथ ले गया। रात 8 बजे तक बंधक बना रखा। मारपीट भी की। उसने चोट के निशान भी दिखाए। उसने किसी को न बताने की कसम भी दिलाई। यह घटना होने के बाद सबसे छोटी बहन ने उन्हें इस बारे में बताया।

संदूक में मिले 3 फूल, चिप और सिम

भाई ने बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने बहन का संदूक खोलकर देखा तो उसमें 3 गुलाब के फूल, आरोपी का फोटो, तीन चिप और एक सिम मिला है। आरोप है कि आरोपी ने यह जबरन ही बहन को दिया होगा।
चिप-सिम की कराई जाएगी जांच : एसएचओ
शिकायत पर आरोपी के खिलाफ धारा 306 के तहत केस दर्ज कर लिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है। वहीं संदूक से बरामद चिप और सिम की जांच शुरू कर दी है।
-दलबीर सिंह, एसएचओ- थाना किला
September 09, 2020

बीमा असली, लेकिन मौत का कारण फर्जी:कैंसर पीड़ित की हादसे में मौत दिखा 25 लाख का लिया क्लेम

बीमा असली, लेकिन मौत का कारण फर्जी:कैंसर पीड़ित की हादसे में मौत दिखा 25 लाख का लिया क्लेम

मृतक की पत्नी और एजेंट पर केस दर्ज

जींद : ( गौतम सत्यराज ) कैंसर पीड़ित का 25 लाख का प्राइवेट बीमा कंपनी से बीमा करवा कर और बाद में सड़क हादसे में मौत दिखाकर 25 लाख रुपए की बीमा राशि ली गई। शहर थाना पुलिस ने बीमा कंपनी के मैनेजर की शिकायत पर मृतक की पत्नी व बीमा करने वाले हिसार जिले के धर्मखेड़ी निवासी एवं हाल आबाद हाउसिंग बोर्ड काॅलोनी जींद के अमित के खिलाफ धोखाधड़ी सहित कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
एचडीएफसी ईरगो हेल्थ इंश्योरेंस अपोलो मयुनिच प्लाट गुरुग्राम के चीफ मैनेजर विनित जैन ने पिछले दिनों डीजीपी को दी शिकायत में बताया कि उसकी कंपनी और अन्य दूसरी इंश्योरेंस कंपनियों से एक गिरोह कैंसर पीड़ित मरीजों की पॉलिसी बनवाकर करोड़ों रुपए की पॉलिसी बनवा रहा है और फिर कैंसर पीड़ित के मरने के बाद सड़क हादसे में मौत होने के झूठे कागजात पेश कर पॉलिसी के करोड़ों रुपए हड़पे जा रहे हैं।
ऐसा ही एक मामला जींद के रोहतक रोड रामनगर का है। भाना राम नामक व्यक्ति कैंसर बीमारी से पीड़ित था। उसकी पत्नी बाला देवी और हिसार जिला धर्मखेड़ी गांव हाल आबाद हाउसिंग बोर्ड जींद निवासी अमित ने अपोलो म्युनिच कंपनी से 25 लाख रुपए की पॉलिसी बनवा ली। जबकि भाना राम का इलाज पीजीआई एम्स रोहतक और लाडवा गाेशाला में चला हुआ था। कैंसर होने के बाद भी भाना राम के नाम पर एजेंटों से संपर्क कर कई बीमा पॉलिसी बनवाई। इसके कुछ दिनों बाद भाना राम की मौत हो गई। मृतक की पत्नी बाला देवी और अमित ने मिलकर भाना राम का फर्जी पोस्टमार्टम करवाकर, मौत भी फर्जी बताकर पॉलिसी की राशि हड़प ली। बाद में जांच की तो पता चला कि भाना राम कैंसर से पीड़ित था। पुलिस का कहना है कि मृतक की पत्नी समेत दो लोगों पर केस दर्ज किया है।
September 09, 2020

महामंत्री पद के 6 जिलों के दावेदारों को जींद बुलाकर प्रदेश अध्यक्ष ने पूछा- कैसे करोगे संगठन काे मजबूत

महामंत्री पद के 6 जिलों के दावेदारों को जींद बुलाकर प्रदेश अध्यक्ष ने पूछा- कैसे करोगे संगठन काे मजबूत

जींद  : भाजपा के जिलाध्यक्ष राजकुमार मोर पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट का स्वागत करते हुए। भिवानी, दादरी, हिसार, सिरसा, जींद और फतेहाबाद से 6 से 8 दावेदारों को बुलाया मीटिंग में

जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के बाद अब महामंत्रियों की नियुक्ति पर जोर है। जींद में कैथल रोड स्थित भाजपा कार्यालय में आयोजित 6 जिलों के चुनिंदा कार्यकर्ताओं की बैठक इसी मकसद से बुलाई गई थी। बैठक में हर जिले से 6 से 8 दावेदारों को बुलाया गया था। सितंबर के अंत या अक्टूबर माह के पहले सप्ताह में उनकी घोषणा हो सकती है। माना जा रहा है कि जिला अध्यक्षों की नियुक्ति जातीय समीकरणों का खयाल रखा गया था वह यहां भी होगा।
चूंकि जिलाध्यक्ष यहां जाट समुदाय से हैं तो महामंत्री के लिए पिछड़ा व अनूसचित जाति को प्राथमिकता दी जा सकती है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने अपने दो दिवसीय दौरे में न केवल कार्यकर्ताओं का मन टटोला बल्कि उनमें जोश भी भरा। बैठक में प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ के अलावा संगठन महामंत्री सुरेश भट्ट व प्रदेश महामंत्री एडवोकेट वेद पाल ने संबोधित किया।
प्रदेशाध्यक्ष व दोनों नेताओं ने दावेदारों से उनके जिले में पार्टी की स्थिति और उसको मजबूत करने को लेकर चर्चा की। बुधवार को जिला अध्यक्ष राजू मोर की तरफ से मंडल अध्यक्षों की घोषणा हो सकती है। उधर महामंत्री पद पर नियुक्ति की प्रक्रिया तेज हो गई है। पार्टी सूत्रों की मानें तो जिला अध्यक्ष का पद जाट समुदाय से जुड़े नेता को मिलने के बाद महामंत्री के लिए नॉन जाट को प्राथमिकता मिल सकती है। इसको लेकर हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, दादरी व जींद जिले की बैठक हुई।
गुटबाजी से दूर रहें कार्यकर्ता: धनखड़
प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने कार्यकर्ताओं को जनता से जुड़ने के टिप्स देते हुए कहा कि पार्टी में तालमेल से आगे बढ़ें और गुटबाजी से दूर रहें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता को मिलनसार और मृदुभाषी होना चाहिए। अधिक से अधिक लोगों से जुड़ें। भाजपा पहले देश, फिर पार्टी और फिर स्वयं के हित का ध्यान रखती है। भाषण देना, ज्ञापन लिखना तथा मीडिया मैनेजमेंट आना चाहिए।
September 09, 2020

प्रदेश में आरटीए और जीएम की टीमें होंगी गठित, 24 घंटे चलेगा अभियान: मूलचंद शर्मा

प्रदेश में आरटीए और जीएम की टीमें होंगी गठित, 24 घंटे चलेगा अभियान: मूलचंद शर्मा

अवैध वाहनों पर होगी छापेमारी, हर जिले में चल रहे अवैध वाहन चंडीगढ़ में परिवहन विभाग के अफसरों ने बैठक में लिया निर्णय

प्रदेश में गैर-कानूनी तरीके से सवारियां ढोने में लगे निजी वाहनों पर शिकंजा कसने के मकसद से विभाग के अधिकारियों को रोडवेज महाप्रबंधकों और आरटीए सचिवों की एक संयुक्त जांच टीम बनाई जाएगी। ये टीमें प्रदेश-भर में बिना कागजात के, नियमित तौर पर टैक्स न भरने वाले और क्षमता से अधिक सवारियां बैठाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करेंगी।
परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने मंगलवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में आरटीए स्टाफ द्वारा किए गए वाहन चालानों या जुर्माने की रिपोर्ट दैनिक आधार पर मुख्यालय को देने, 20 साल से ज्यादा पुराने वाणिज्यिक वाहनों के संबंध में नीति बनाने, अन्तर्राज्यीय मार्गों पर बसों की चैकिंग करने, बस-अड्डों से बसों के उचित संचालन, अब तक कंडम हुई बसों की संख्या और उनकी नीलामी करने, ई-टिकटिंग की वस्तुस्थिति, किलोमीटर स्कीम के तहत बसों की स्थिति, बसों का बीमा, महाप्रबंधकों के प्रदर्शन जैसे कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई।
परिवहन मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि प्रदेश में अवैध तरीके से सवारियां ढोने के काम में लगी बसों और मैक्सी कैब समेत सभी निजी वाहनों की नियमित जांच के लिए टीमें बनाई जाएं। इन टीमों को प्रदेश से गुजरने वाले सभी राष्ट्रीय राजमार्गों और राज्य राजमार्गों पर चैकिंग के लिए लगाया जाए। उन्होंने कहा कि सभी आरटीए सचिव निजी तौर पर सप्ताह में कम से कम दो या तीन बार वाहनों की जांच करें और इसकी रिपोर्ट मुख्यालय को भेजें। इसके साथ ही, उन्होंने आरटीए सचिवों नियमित तौर पर कार्यालय में बैठने और रात के समय भी चैकिंग करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने दूसरे राज्यों के साथ लगने वाले बॉर्डर पर ऑनलाइन टैक्स भरने के नाम पर होने वाली ठगी के कुछ मामले उजागर होने पर अधिकारियों को इस तरह के खोखे चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की ताकीद करते हुए कहा कि ऐसे सभी खोखों का जिलावार फ्री पंजीकरण किया जाए ताकि इनकी आसानी से जांच की जा सके। परिवहन मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि डिपो स्तर पर बसों की समय-सारणी बनाकर उसका समुचित पालन सुनिश्चित किया जाए और रोडवेज की बसों को उनका पूरा समय दिया जाए ताकि विभाग को किसी तरह का नुकसान न हो। विभाग की हर महीने बैठक बुलाई जाएगी जिसमें खास तौर पर, अवैध तरीके से सवारियां ढोने वाले वाहनों पर की गई कार्रवाई की समीक्षा की जाएगी।
September 09, 2020

प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे:अक्टूबर तक शहर की सभी प्रॉपर्टी को ऑनलाइन दर्ज करने का है टारगेट, अभी 40% काम अटका

प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे:अक्टूबर तक शहर की सभी प्रॉपर्टी को ऑनलाइन दर्ज करने का है टारगेट, अभी 40% काम अटका दस्तावेज मांगने पर लोग दे रहे पुलिस बुलाने की धमकी

कुरुक्षेत्र : शहर का प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे लॉकडाउन के बीच भी जारी है, लेकिन शहरवासियों के सर्वे टीम को सहयोग न करने के कारण सर्वे सिरे चढ़ाना टीम के लिए मुसीबत बना है। हालात ऐसे बने हैं, सर्वे टीम द्वारा दस्तावेज मांगने पर लोग पुलिस बुलाने की धमकियां तक दे रहे हैं। उधर अक्टूबर 2020 तक पूरे शहर का सर्वे पूरा करने का टारगेट टीम को दिया है। लिहाजा ऐसे हालात में सर्वे पूरा कैसे हो यह टीम को समझ नहीं आ रहा है।

45 हजार प्रॉपर्टी हुई दर्ज, 40 प्रतिशत काम बाकी

प्रॉपर्टी सर्वे करने में जुटी कंपनी यासी कंसल्टेंसी के अर्बन प्लानर रुचिर मिस्त्री ने बताया लॉकडाउन शुरू होते ही करीब तीन माह शहर का प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे रोकना पड़ा था। जुलाई में फिर से शहर का प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे शुरू किया था। सेक्टर्स से लेकर यूनिवर्सिटी एरिया, वार्ड- 26 व 27 सहित अभी 40 फीसदी एरिया कवर करना रहता है। 45 हजार प्रॉपर्टी को टीम ऑनलाइन दर्ज कर चुकी है, लेकिन अब हालात ऐसे बने हैं, जैसे ही टीम लोगों के घर पहुंच उनके दस्तावेज मांगती है, तो लोग टीम को पुलिस बुलाने की धमकियां दे रहे हैं। इस कारण शहर का प्रॉपर्टी टैक्स सर्वे सिरे नहीं चढ़ पा रहा है।

शहरवासी करें सहयोग, मिलेगा फायदा

नगर परिषद के एओ मनोज चहल ने शहरवासियों से सर्वे टीम को सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा किसी भी शहरवासी को सर्वे टीम पर किसी तरह की शंका होती है। तो वह उसका पहचान पत्र देख सकता है। बाकायदा नप की ओर से सर्वे में लगी टीम को आईकार्ड इश्यू किए गए हैं। प्रत्येक प्रॉपर्टी धारक को एक आईडी दी जाएगी। लोग घर बैठे ही ऑनलाइन अपनी प्रॉपर्टी टैक्स कितना बना, उसकी प्रॉपर्टी कितनी एरिया में है, हर तरह की जानकारी ऑनलाइन ही घर बैठे देख सकेंगे। लेकिन जो लोग अब सर्वे में सहयोग नहीं करेंगे, उन्हें बाद में खुद नप कार्यालय पहुंच अपनी प्रॉपर्टी दर्ज करवानी पड़ेगी।

सर्वे टीम मांगती ये तीन दस्तावेज

इंचार्ज रूचिर मिस्त्री ने बताया सर्वे टीम प्रत्येक प्रॉपर्टी धारक से उसका आधार कार्ड, बिजली का बिल या कई बार जरूरत पड़ने पर रजिस्ट्री मांगती है। साथ ही टीम उस प्रॉपर्टी के साथ मालिक की फोटो भी खिंचकर उसे स्पॉट से ही ऑनलाइन दर्ज करती है।
September 09, 2020

शिक्षा:सेकंडरी, सीनियर सेकंडरी परीक्षा के लिए 13 तक बढ़ाई आवेदन की तिथि

शिक्षा:सेकंडरी, सीनियर सेकंडरी परीक्षा के लिए 13 तक बढ़ाई आवेदन की तिथि

भिवानी : सेकंडरी, सीनियर सेकंडरी (शैक्षिक) एवं हरियाणा मुक्त विद्यालय परीक्षा सितंबर के लिए परीक्षार्थी ऑनलाइन आवेदन 13 सितंबर तक कर सकते हैं। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. जगबीर सिंह एवं सचिव राजीव प्रसाद ने बताया कि जो परीक्षार्थी सेकंडरी, सीनियर सेकंडरी परीक्षा सितंबर के लिए निर्धारित अंतिम तिथि तीन सितंबर तक कम्पार्टमेंट, आंशिक अंक सुधार, पूर्ण विषय अंक सुधार एवं अतिरिक्त विषय के लिए आवेदन नहीं कर पाए थे।
ऐसे परीक्षार्थी जिन द्वारा आवेदन तो किया था किन्तु ऑनलाइन शुल्क जमा नहीं करवा पाए थे, वे परीक्षार्थी 9 सितंबर से 13 सितंबर तक बोर्ड वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक में 1000 रुपये विलम्ब शुल्क सहित ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि जिन परीक्षार्थियों का पुनर्मूल्यांकन, पुन: जांच उपरांत परीक्षा परिणाम कम्पार्टमेंट एवं उत्तीर्ण घोषित हुआ है, ऐसे परीक्षार्थी भी 13 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
September 09, 2020

उचाना के मिनी सचिवालय पर करोना का कहर

जींद : उचाना के मिनी सचिवालय पर करोना का कहर 


मिनी सचिवालय में एक विभाग के अधिकारी की रिपोर्ट करोना पोजिटिव आने के कारण उचाना मिनी सचिवालय में सभी कार्यालयों को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है
September 09, 2020

सरकार का बड़ा निर्णय:प्रदेश के हर गांव में बनेंगे युवा क्लब, 10 से 15 युवा होंगे शामिल, विभाग के एसीएस ने जारी किए आदेश

सरकार का बड़ा निर्णय:प्रदेश के हर गांव में बनेंगे युवा क्लब, 10 से 15 युवा होंगे शामिल, विभाग के एसीएस ने जारी किए आदेश

चंडीगढ़ : हरियाणा खेल एवं युवा मामले विभाग द्वारा प्रदेश के सभी जिला खेल अधिकारियों को प्रत्येक गांव में 10-15 युवा सदस्य वाले एक-एक युवा क्लब की स्थापना जल्द से जल्द किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। खेल एवं युवा मामले विभाग के प्रधान सचिव योगेंद्र चौधरी ने बताया की विभाग द्वारा सभी जिला खेल अधिकारियों को पत्र जारी किया गया है।
हरियाणा सरकार द्वारा निर्णय लिया गया है कि जिला के प्रत्येक गांव मे एक संगठित युवा संगठन अति आवश्यक है जिसमें गांव के हर कोने से हर वर्ग से उन युवक, युवतियों का चयन किया जाए, जिनमें समाज सेवा की भावना कूट-कूट कर भरी हो और अपने गांव अपने जिले और अपने राज्य व जरूरत पड़े तो राष्ट्रीय स्तर पर भी समाजसेवा प्रदान कर सके। जिला के हर गांव मे जहाँ पर युवा मंडल पहले से कार्य कर रहा है व जहां युवा मंडल नहीं हैं वहां नए युवा मंडलों का गठन किया जाए।
पुराने युवा मंडलों को पुर्नजागृत कर उनका पंजीकरण प्रमाण पत्र, कार्यकारिणी के सदस्यों की सूची को जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी के कार्यालय की युवा शाखा मे सूचीबद्ध कराएं ताकि नव गठित युवा मंडलों को समय-समय पर प्रशिक्षित किया जा सके। इस कार्य को पूर्ण करने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पंचायती राज, खंड एवं पंचायत विकास अधिकारी, नेहरू युवा केंद्र व जिला प्रशासन की विभिन्न इकाईयों से सहायता ली जाएगी।
September 09, 2020

बैठक:डिप्टी सीएम की अधिकारियों के साथ चंडीगढ़ में बैठक, वीडियो से बताएंगे प्रदेश में कैसे होगी रजिस्ट्रेशन डीड ऑनलाइन

बैठक:डिप्टी सीएम की अधिकारियों के साथ चंडीगढ़ में बैठक, वीडियो से बताएंगे प्रदेश में कैसे होगी रजिस्ट्रेशन डीड ऑनलाइन एनओसी जारी करने के लिए ऑनलाइन एप्लीकेशन लाॅन्च

चंडीगढ़ : जमीनों की रजिस्ट्री के लिए ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट लेने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन कुछ स्थानों पर कलेक्टर रेट का चयन करने में परेशानी आ रही है। इस मामले में उपायुक्तों को हिदायतें दी जा रही हैं। अब रजिस्ट्रेशन डीड ऑनलाइन कैसे की जाए, इस बारे में लोगों को समझाने के लिए एक वीडियो तैयार होगा, ताकि लोगों को रजिस्ट्रियां करवाने की पूरी प्रक्रिया समझ में आ जाए। यह वीडियो यू-ट्यूब पर अपलोड किया जाएगा।
रजिस्ट्री के लिए डीसी और जिला राजस्व अधिकारियों को भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे प्रॉपर्टी डीलरों को प्रशिक्षित कर सके। मंगलवार को चंडीगढ़ में डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें पोर्टल लिंक, कन्वीयन्स-डीड, औद्योगिक क्षेत्रों में अलॉटी-आईडी, कंट्रोल्ड एरिया में 7ए का नोटिफिकेशन और नगर एवं आयोजना विभाग की वेबसाइट पर आ रही कुछ परेशानियों के मुद्दे पर भी चर्चा हुई।

रजिस्ट्रियों में दिक्कतों को दूर करें अधिकारी : दुष्यंत

डिप्टी सीएम ने निर्देश दिए कि जमीनों की ऑनलाइन रजिस्ट्रियों के मामले में आ रही दिक्कतों को जल्द दूर करें, ताकि लोगों का तत्काल कार्य हो सके। कार्य में सुस्ती दिखाने वाले अधिकारी यदि अपनी जिम्मेदारियों के प्रति गंभीर नहीं हुए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। शहरी क्षेत्र अधिनियम 1975 की धारा 7ए के तहत एनओसी जारी करने में और अधिक पारदर्शिता लाने के उद्देश्य से नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग ने मंगलवार से ऐसे आवेदन ऑनलाइन प्रारूप में स्वीकार करने का निर्णय लिया है।
विक्रेता और खरीदार के सभी विवरणों के साथ भूमि की जानकारी ऑनलाइन फॉर्म पर ली जाएगी, जिसके लिए एनओसी की आवश्यकता है। इधर, डिप्टी सीएम ने कहा कि 7 सितंबर को राज्य की 80 तहसीलों में 1787 अप्वाइंटमेंट हुई और 881 लोगों की डीड रजिस्टर की गई। इससे 4 करोड़ 46 लाख 88 हजार की स्टांप ड्यूटी व करीब 44 लाख फीस राजस्व के रूप में मिली है।
September 09, 2020

कोरोना की लड़ाई में खट्टर सरकार के "गुमशुदगी के लगे पर्चे" : रणदीप सुरजेवाला

कोरोना की  लड़ाई में खट्टर सरकार के "गुमशुदगी के लगे पर्चे" : रणदीप सुरजेवाला

चौ. रणदीप सिंह सुरजेवाला, मुख्य प्रवक्ता, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का बयान :-
 
कोरोना महामारी में खट्टर सरकार पीठ दिखाकर भाग खड़ी हुई
 
गांव-कस्बों तक फैली कोरोना महामारी - खट्टर सरकार की क्या है तैयारी
 
कोरोना की  लड़ाई में खट्टर सरकार के "गुमशुदगी के लगे पर्चे"
 
कांग्रेस कोरोना काल में कर रही सेवा - भाजपा जजपा खा रही सत्ता का मेवा
 
जींद : ( संजय तिरँगाधारी )उचाना-सफीदों में "सेवा ही संकल्प" अभियान में जनसेवा की एक बार फिर नई मिसाल - एक बार फिर से जींद जिले सहित सफीदों, जींद शहर, नरवाना, सफीदों,जुलाना व उचाना के सभी सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों, प्राईवेट अस्पतालों व प्राईवेट क्लिनिक चलाने वाले हर डॉक्टर तक पीपीई किट, हैंड सैनिटाइजर की बोतलें व सोडियम हाईपोक्लोराईट का सफाई सॉल्यूशन पहुंचाएगी कांग्रेस
 
24 मार्च, 2020 को मोदी जी व भाजपा ने कहा था, ''महाभारत का युद्ध 18 दिन चला था। कोरोना से युद्ध जीतने में 21 दिन लगेंगे।'' 167 दिन बाद भी समूचे देश में 'कोरोना महामारी की महाभारत' छिड़ी है, लोग मर रहे हैं, पर मोदी जी मोर को दाना खिला रहे हैं। कोरोना से युद्ध तो जारी है, पर सेनापति नदारद हैं। कोरोना से लड़ाई में मोदी सरकार व खट्टर सरकार पूरी तरह निकम्मी व नाकारा साबित हुई है। महामारी की विभीषिका में भाजपा ने देश के लोगों को अपने हाल पर बेहाल छोड़ दिया है।भारत आज दुनिया की 'कोरोना कैपिटल' बन गया है। आज समूचे देश में कोरोना महामारी के संक्रमण में भारत दुनिया में अब दूसरे स्थान पर है। पिछले 24 घंटे में भारत में कोरोना संक्रमण के 90,633 केस आए हैं। आज भारत प्रतिदिन कुल कोरोना संक्रमण में,प्रतिदिन कोरोना मृत्यु दर में व कोरोना संक्रमण डबल होने की दर में नंबर 1 पर है।
 
हरियाणा में कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या 79,774 हो गई है और इस कोविड19 महामारी से अब तक 878 मौतें हो चुकी है लेकिन हरियाणा की भाजपा-जजपा सरकार बेखबर है। देश में संक्रमण की दर बढ़ने में हरियाणा पांचवे पायदान पर पहुंच गया है। सत्तासीन मुख्यमंत्री,  मनोहर लाल खट्टर तो 63 दिन मुख्यमंत्री निवास से ही नहीं निकले। न तो मुख्यमंत्री,  खट्टर ने करनाल जिले में और न ही उपमुख्यमंत्री,  दुष्यंत चौटाला ने जींद जिले में जनसेवा का यह बीड़ा उठाया व न ही प्रदेश के लोगों की आगे बढ़ मदद की और अब भी हरियाणा की गठबंधन सरकार जनसेवा में नदारद है तथा पूरे प्रांत मेंखट्टर सरकार की गुमशुदगी के पर्चे लगे हैं। जहां कांग्रेस सेवा कर रही है, वहाँ भाजपाई-जजपाई सत्ता का मेवा खा रहे हैं।
 
नेतृत्व की इस विफलता का मोदी जी व खट्टर - दुष्यन्त चौटाला सरकार जवाब दें। देश को बताएं कि कोरोना पर नियंत्रण कैसे पाया जाएगा? कोरोना संक्रमण की विस्फोटक स्थिति पर कैसे काबू पाएंगे? कोरोना संक्रमण को करोड़ों में जाने से कैसे रोकेंगे? कोरोना से हो रही बेतहाशा मौतों पर कैसे नियंत्रण होगा? डूबती अर्थव्यवस्था को कैसे उबारेंगे? क्या कोई हल है या फिर भगवान पर इल्जाम लगा देंगे?
 
हरियाणा में कोरोना महामारी को नष्ट करने में पिछले 6 महीने से "जनसेवा ही संकल्प" अभियान की कड़ी के तहत जनसेवा व समर्पण की एक अनूठी मिसाल कांग्रेसजन पेश कर रहे है। 'नर ही नारायण है' के भारतीय संस्कृति के सिद्धांत को अपना हरियाणा के इन तीन जिलों -जींद, कैथल व कुरुक्षेत्र में कोरोना से लड़ाई की अनूठी पहल भी की तथा जनसेवा का एक विशिष्ट उदाहरण भी पेश किया।
 
इसके साथ ही पहले भी हम दो बार कैथल जिले, कुरुक्षेत्र जिले व एक बार जींद जिले, बरवाला और उकलाना के सभी सरकारी अस्पतालों के डॉक्टरों, प्राईवेट अस्पतालों व प्राईवेट क्लिनिक चलाने वाले हर डॉक्टर तक पर्सनल प्रोटेक्शन ईक्विपमेंट (पीपीई किट), एन-95 मास्क, सोडियम हाईपोक्लोराईट का सफाई सॉल्यूशन व पुलिसथानों में पुलिसकर्मियों तक व पत्रकार साथियों तक भी एन-95 मास्क पहुंचाने का सराहनीय कार्य कांग्रेस के साथियों द्वारा किया जा चुका है।
 
कोविड-19 से मुकाबला करने के लिए तीन बार नरवाना शहर व पूरे कैथल जिले व एक बार पिहोवा, जींद शहर, जुलाना, बरवाला, उकलाना कोर 'चार्ली टोर्नेडो एयरो ब्लास्ट स्प्रे मशीन' द्वारा 'सोडियम हाईपोक्लोराईट' दवाई से भी सैनिटाइज कर चुके हैं और आगे भी इस अभियान को जारी रखा जायेगा।
 
खेद की बात यह है कि सत्ता में रहते हुए भी भाजपा-जजपा सरकार सेवा के इस भाव से पूरी तरह से उदासीन है। भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक व पदाधिकारी अपने-अपने घरों में दुबके बैठे हैं व जनता की सेवा के लिए घर से बाहर ही नहीं निकले। हां, मुख्यमंत्री, श्री मनोहर लाल खट्टर ने लगभग 200 करोड़ रु. हरियाणा के कर्मचारियों व जनता से जबरन वसूली कर मुख्यमंत्री कोरोना फंड के नाम से एकत्रित कर लिया। उस फंड के खर्चे तक का हिसाब देने से इंकार कर रहे हैं।
 
उम्मीद है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं के इस सेवा भाव का खट्टर सरकार अनुसरण करेगी।
September 09, 2020

डीएल-आरसी नहीं दिखाने पर तत्काल चालान नहीं काट सकती ट्रैफिक पुलिस, ये है कानून

डीएल-आरसी नहीं दिखाने पर तत्काल चालान नहीं काट सकती ट्रैफिक पुलिस, ये है कानून

नई दिल्ली : ट्रैफिक पुलिस की मनमानियों पर अब रोक लगने जा रही है। सुप्रीम कोर्ट गाइडलाइंस के अनुसार अब ट्रैफिक पुलिस डीएल-आरसी नहीं दिखाने पर तत्काल चालान नहीं काट सकती। सुप्रीम कोर्ट के सीनियर एडवोकेट विनय कुमार गर्ग और एडवोकेट रोहित श्रीवास्तव ने बताया कि सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स के नियम 139 में प्रावधान किया गया है कि वाहन चालक को दस्तावेजों को पेश करने के लिए  15 दिन का समय दिया जाएगा।

जब से नया मोटर व्हीकल एक्ट लागू हुआ था तब से वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टीफिकेट, इंश्योरेंस सर्टीफिकेट, पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस और परमिट सर्टिफिकेट तत्काल नहीं दिखाने पर ताबड़तोड़ चालान करने की खबरें आम हो चुकी है।  लेकिन अब इन चालानों पर रोक लगने वाली है।

नई गाइडलाइंस के अनुसार ट्रैफिक पुलिस के मांगने पर फौरन रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट, इंश्योरेंस सर्टिफिकेट, पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट, ड्राइविंग लाइसेंस और परमिट सर्टिफिकेट नहीं दिखाते हैं, तो यह जुर्म नहीं है। सेंट्रल मोटर व्हीकल रूल्स के नियम 139 में प्रावधान किया गया है कि वाहन चालक को दस्तावेजों को पेश करने के लिए 15 दिन का समय दिया जाएगा।

आपकी जानकारी के लिए बता दें कि ट्रैफिक पुलिस तत्काल चालान नहीं काट सकती है। अगर चालक 15 दिन के अंदर इन दस्तावेजों को दिखाने का दावा करता है, तो ट्रैफिक पुलिस या आरटीओ अधिकारी वाहन का चालान नहीं काटेंगे। इसके बाद चालक को 15 दिन के अंदर इन दस्तावेजों को संबंधित ट्रैफिक पुलिस या अधिकारी को दिखाना होगा

लेकिन अगर इसके बावजूद ट्रैफिक पुलिस तत्काल नहीं दिखाने पर चालान काटती है, तो चालक के पास कोर्ट में इसको खारिज कराने का विकल्प रहता है। अगर ट्रैफिक पुलिस गैर कानूनी तरीके चालान काटती है, तो इसका मतलब यह कतई नहीं होता है कि चालक को चालान भरना ही पड़ेगा। ट्रैफिक पुलिस का चालान कोई कोर्ट का आदेश नहीं हैं। इसको कोर्ट में चुनौती दी जा सकती है।